Tuesday, December 23, 2008

लम्हे... नीलेन्द्र सिंह कुशवाह की कविता

मेरा खास दोस्त है नीलेन्द्र. मेरे भागलपुर से दिल्ली आने और जामिया मिल्लिआ इस्लामिया मे एडमिशन के दौरान शायद पहली दोस्ती उसी से हुई. रायपुर से दिल्ली आना और फ़िर आजकल आस्ट्रेलिया पहुंचना हम दोस्तों के लिये कम रोमांचकारी नही है. कभी झगड़ा तो कभी मारपीट और फ़िर एक दूसरे के बिना घंटे भर भी बिता पाना दोनों के लिये मुश्किल रहा है.जब हम लोगों ने जामिया से जनसंचार का कोर्स पास कर "सेंटर फ़ार पीस एंड कान्फ़लिक्ट" में दखिला लिया तो उसकी लिये अंग्रेजी सिरदर्द था. कहता जिस दिन यह कोर्स खत्म होगा उस दिन मैन दूल्हा बनूंगा और मेरे सिर पर सेहरा होगा. सभी दोस्तों के हर दुख-सुख मे साथ रहने वाला नीलेन्द्र आजकल आस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन शहर में रह रहा है. इतनी दूर रहते हुए भी जिस दिन उससे बात नही होती वह दिन अधूरा सा लगता है. "संडे पोस्ट" दिल्ली में काम करने वाला एक पत्रकार नीलेन्द्र की काबिलियत कई रूपों में है, लेकिन पहचान पाना कठिन है दूसरों के लिये.आज उसने एक कविता भेजी है. क्यों ना आज उसकी कविता और मन की आवाज से रूबरु हों. ...विनीत उत्पल

लम्हे...

कुछ मुँह चिढ़ाते
तो कुछ कुछ की
याद दिलाते लम्हे....

कुछ हाथ से छूट कर
छन से गिरे हुए,
मानो किसी ग़रीब
बीमार के हाथ से
दवा की शीशी फूटी हो | लम्हे...

कुछ ऐसे
मानो दूर कहीं
बादल के कुछ टुकड़े
ठठाकर हँस पड़े हों
और उनकी अट्टहास से
फूटते पानी ने
मुझे पूरा भिगो दिया हो |

भीगने का ये सिलसिला
चलता रहेगा...
यूँ ही अनवरत...
लेकिन हर बार
कुछ अलग
तरीके से भिगोएगी
ये बारिश...

हर बार
एक नया ही होगा
तरीका...
हर बार
एक नया ही होगा
बहाना...

ऐसे ही भीगते - भीगते
एक दिन
मै घुल जाऊँगा
मिट्टी का बना हूँ ना...
मिट्टी में ही मिल जाऊँगा |

Monday, December 22, 2008

एक कबाड़ी की सूक्ति

डांस क्या है?
Vertical demonstration of horizontal intention.


Sunday, December 21, 2008

मीडिया का जूता और राष्ट्रवाद

क्या मीडिया उस तरह से राष्ट्रवादी हो सकता है, या उसे होना चाहिए, जैसा चालू अर्थों में किसी राष्ट्रवादी से उम्मीद की जाती है। या फिर मीडियाकर्मी के लिए पेशे के प्रति प्रतिबद्धता राष्ट्रवाद से बड़ा मूल्य है। इधर भारत के बाहर दो ऐसी घटनाएं घटी हैं जिनकी वजह से ऐसे सवाल भारत के मीडियाकर्मियों को मथ रहे हैं।

पहली घटना पड़ोसी पाकिस्तान में घटी। जिओ टी.वी. ने स्टिंग आपरेशन के जरिये खुलासा किया कि मुंबई हमलों का गुनहगार अजमल कसाब दरअसल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में दीपालपुर कस्बे के पास फरीदकोट गांव का रहने वाला है। दूसरी घटना इराक की है, जहां एक टी.वी.पत्रकार ने दुनिया के सबसे ताकतवर समझे जाने वाले आदमी, अमेरिकी राष्ट्रपति पर जूते फेंके। पाकिस्तान में कथित राष्ट्रीय हित पर वहीं के चैनल ने चोट पहुंचाई तो इराक में राष्ट्रवाद का जुनून पेशे की मर्यादा पर भारी पड़ा। जाहिर है, दोनों के सही- गलत होने पर बहस हो रही है।

पहले बात जिओ टी.वी की। पाकिस्तान और भारत के बीच जारी शब्दयुद्ध के बीच इस चैनल ने सच्चाई जानने के लिए फरीदकोट गांव पहुंचकर स्टिंग आपरेशन किया। पता चला कि अजमल कसाब यहीं का रहने वाला है। कुछ समय पहले वो गांव आया भी था और बच्चों को कराटे के करतब दिखाए थे। साथ ही, अपनी मां से जेहाद पर जाने के लिए आशीर्वाद मांगा था। उसका पिता अमीर कसाब पकौड़े बेचता है और जब से अजमल कसाब के जिंदा पकड़े जाने की खबर आई है, ये गांव पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों की निगरानी में है। लोग पत्रकारों से बात न कर सकें और पत्रकार वहां तस्वीरें न खींच सकें, इसकी पूरी कोशिश की जा रही है।

ये सच सामने आते ही पाकिस्तान सरकार का वो दावा कमजोर पड़ गया कि मुंबई हमलों में पाकिस्तानियों का हाथ नहीं है और जिंदा पकड़े गए आतंकवादी के पाकिस्तानी होने का कोई सुबूत नहीं है। इसमें शक नहीं कि जिओ टी.वी. ने वही किया जो मीडिया का फर्ज है, यानी सच्चाई सामने लाना। लेकिन जरा गौर करें, उसके इस कदम से पाकिस्तान की कितनी किरकिरी हुई। दुनिया के सामने उसका दावा कमजोर पड़ गया। तो क्या जिओ ने गलत किया?

राष्ट्रवाद की चालू परिभाषा के लिहाज से देखा जाए तो वाकई जिओ ने अपने राष्ट्र को शर्मिंदा किया। पाकिस्तानी राष्ट्रवादियों की नजर में जिओ का ये काम देशद्रोह से कम नहीं। जाहिर है, उस पर हमले हो रहे हैं। जिओ के मशहूर पत्रकार हामिद मीर ने खुद की जान का खतरा बताया है। यही नहीं, लाहौर हाईकोर्ट ने जिओ के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की याचिका स्वीकार कर ली है।

भारत में जरूर जिओ की पीठ ठोंकी जा रही है। अखबार और चैनलों में इस बात का ढिंढोरा है कि पाकिस्तानी मीडिया ने ही पाकिस्तान के झूठ की पोल खोल दी। ये अलग बात है कि भारत में कोई जिओ जैसी हरकत करे, तो उसे भी वैसे ही देशद्रोही करार दिया जाएगा जैसे पाकिस्तान में जिओ को कहा जा रहा है। इस खतरे के आगे सभी दंडवत हैं।

लेकिन एक दूसरा पहलू भी है। जिओ ने सच उजागर करके एक तरह से वहां की सरकार को मजबूर किया कि वो आतंकवाद के मुद्दे पर कठोर रुख अपनाए। अगर पाकिस्तानी सरकार वाकई ऐसा करती है तो उसे दुनिया भर से सहायता और समर्थन मिलना तय है। तभी शायद वो आईएसआई के कचक्रों का मुकाबला कर पाएगी और सत्ता पर झपट्टा मारने को तैयार खड़ी सेना को कदम पीछे करने को मजबूर कर सकेगी। इस तरह जिओ ने पाकिस्तान में लड़खड़ाते लोकतंत्र को सहारा दिया है।
बतौर राष्ट्र पाकिस्तान को मजबूत होने का मौका दिया है। ऐसा करना जिओ के लिए जरूरी भी है। उसे अच्छी तरह पता है कि मीडिया के लिए लोकतंत्र के क्या मायने हैं। सैनिक शासन होता तो जिओ फरीदकोट में स्टिंग आपरेशन कतई न कर पाता। करता भी तो प्रसारण की नौबत न आती। यानी राष्ट्रहित वही नहीं है जो किसी देश की मौजूदा सरकार के हक में हो, राष्ट्रहित वो है जो उन मूल्यों के हक में हो, जिस पर किसी देश की बुनियाद पड़ी है। इस तरह देखा जाए तो सच्चाई के प्रति मीडिया का आग्रह कभी भी राष्ट्रहित के विरुद्ध नहीं हो सकता, क्योंकि झूठ की बुनियाद पर सरकारें खड़ी रह सकती हैं, देश नहीं।
पर अफसोस की बात ये है कि दुनिया भर में राष्ट्रहित के नाम पर मीडिया को अपने तरीके से चलाने की कोशिश हो रही है। सरकारों को 'एम्बेडेड जर्नलिज्म' ही चाहिए। यानी ऐसी बंधुआ पत्रकारिता, जो किसी सरकार के फौरी हित के हिसाब से ही खबरें लिखें। इराक युद्ध के दौरान यही हुआ। पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से देखने-सुनने की मनाही थी। अमेरिकी सेना के साथ नत्थी पत्रकारों ने सेना से मिली सूचनाओं को ही परोसा। और जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई में सदियां खप जाएंगी। कल्पना करिए कि अमेरिकी पत्रकारों ने स्वतंत्र ढंग से जांचकर ये बताया होता कि इराक में जैविक हथियार नहीं हैं तो क्या होता। जनदबाव के चलते जार्ज बुश शायद ही इराक को तबाह करने की हिमाकत करते और बगदाद के विदाई समारोह में उनपर जूते न चलते।

पर ये नहीं भूलना चाहिए कि ये जूते एक पत्रकार ने चलाए जो उनकी प्रेस कांफ्रेंस कवर करने गया था। मुंतजिर अल जैदी ने जूते फेंककर पेशे की मर्यादा और भरोसे के साथ खिलवाड़ किया है। ये अलग बात है कि उसके साहस से अमेरिकी साम्राज्यवाद से संघर्ष करने वालों में खुशी की लहर है औऱ मुंतजर उनका नया नायक है। इसमें भी शक नहीं कि मेसोपोटामिया के जरिये दुनिया को सभ्यता का शुरुआती पाठ पढ़ाने वाले इराक को बुश ने इस कदर बर्बाद किया कि पुरानी हैसियत पाना अब सपना ही है। लोगों में स्वाभाविक ही इसके खिलाफ भारी गुस्सा और नफरत है। लेकिन असल राष्ट्रवादी पत्रकार इस गुस्से को आवाज देगा, जुल्म के खिलाफ लोगों का आह्वान करेगा, उम्मीद करेगा कि निहत्थे लोग किसी दिन जूता लेकर उठ खड़े होंगे। बुश पर जूता फेंकने के लिए पत्रकार होना जरूरी नहीं, लेकिन मुंतजिर उस राष्ट्रवाद का शिकार हो गया जो अंधा बना देता है। उसने जूता उठाकर एक आसान रास्ता चुना।

कौन तय करता है कि मरेगा कौन और किस क़ीमत पर

आज सुबह अभिनव कुमार ने फ़ोन पर वरिष्ठ आई पी एस अधिकारी श्री तजेन्द्र लूथरा की लिखी एक कविता पढ़कर सुनाई. अक्सर हाशिये पर डाल दिए जाने वाले दृष्टिकोण को सामने लाने वाली यह कविता बम्बई में हुए हालिया बम धमाकों की पृष्ठभूमि में बहुत ध्यान से पढ़े जाने की दरकार रखती है. अभिनव कुमार मेरे अच्छे मित्रों में हैं और उनका बड़प्पन इस बात में भी है कि जब भी कोई अच्छी पढ़ने-गुनने लायक चीज़ उनकी निगाह में आती है तो उसे शेयर करने में ज़रा भी देर नहीं करते. हाल ही में उनका एक विचारोत्तेजक लेख आउटलुक में छपा है. समय मिले तो निगाह डालियेगा.



मैं आभारी हूं आपका

मैं आभारी हूं आपका
कि आपने मुझे शहीद मानकर
एक सुन्दर पत्थर पर
मेरा बारीक नाम मेरे साथियों के साथ
लिखवा दिया है.

पर मुझे सैल्यूट कर
नम आंखों से मेरा बारीक धुंधला नाम पढ़कर
मुझे शर्मिन्दा न करें
उसे साफ़ पढ़ने की कोशिश
आपकी आंखों में कई परेशान सवाल खड़े कर देगी
और उनके जवाबों में
पसीना, अचकचाहट, लरज़ती ज़बान.
और झांकती बगलों के सिवा कुछ नहीं
आप नाहक परेशान परेशान न हो.

मेरे सवाल
मेरा मकान, मेरी पेंशन
और मेरे बच्चों की पढ़ाई नहीं हैं
मैं इनके जवाब तो वैसे भी उम्र भर नहीं ढूंढ पाया था
पर इनसे बेख़ौफ़ आंखें मिलाकर
मैंने जी हल्का कर लिया था.
मेरे पास कुछ और सवाल हैं
जो मेरे सहमे हुए बच्चों से भी
ज़्यादा मासूम हैं
कि जैसे कौन तय करता है कि मरेगा कौन
और किस क़ीमत पर
कौन तय करता है कि बचेगा कौन
और उसकी बोली कैसे लगती है
किसके हाथ में है कि
बचे हुओं को रोज़ तिल तिल मारा जाए
कौन है जो किसी का मरना और किसी का मारना
बस दूरबीन लगाकर देखता रहता है
किसने दिया उसे ये किरदार
और देकर चुप क्यूं नहीं
जीते जी मैं इनको भाता क्यूं नहीं
मैं सचमुच अपना भाग्य विधाता क्यूं नहीं.

आपके जुलूस आपके उबाल
आपकी मोमबत्ती और आपका लिखवाया
मेरा मेरा बारीक नाम
मैं शतशत आभारी हूं आपका
पर मुझे चाहिए ये सब जवाब.

और भी हैं लेकिन
मैं ज़्यादा सवाल पूछकर
आपको शर्मिन्दा नहीं करना चाहता.

(तजेन्द्र लूथरा की फ़ोटो ट्रिब्यून से साभार)

वीरेन दा को समर्पित विजयशंकर चतुर्वेदी की एक कविता

मृत्यु को देखना जरूरी है
वह तुम्हें जोतों में दिखाई देगी
जूतों में दिखाई देगी
जोतों का अब जूतों में दिखाई देना जरूरी है.

-विजयशंकर चतुर्वेदी

Saturday, December 20, 2008

सुरीली क्लेओपेट्रा स्ट्राटन


क्लेओपेट्रा स्ट्राटन एक चमत्कार का नाम है। ६-७ साल का यह चमत्कार प्रसिद्ध गायक पावेल स्ट्राटन की बेटी का नाम है। क्लेओपेट्रा को ज़रूर ही सुर अपने गायक पिता से जीन्स में मिले होंगे जो बगैर किसी ट्रेनिंग के उसने यकायक एक दिन गाना शुरु कर दिया।
इस छोटी सी गायिका के नाम गायकी के कई रिकार्ड हैं; वह भी तब जबकि वह अभी जुम्मा जुम्मा ६ साल की हुई है।
उन रिकार्डों में से कुछ की बानगी देखिये:
१ सबसे छोटी उम्र की प्रोफ़ेशनल गायिका।
२ सबसे कम उम्र गायिका जिसके नाम किसी देश में नंबर एक पर कोई गीत रहा है।
३ दो घंटे तक लाइव गाने वाली सबसे छोटी गायिका।
४ कम उम्र की कलाकारों में सबसे ज़्यादा कमाने वाली गायिका।
उसका सबसे मशहूर गाना "गिता" मैनें पहले यहां लगाया था। एक दूसरा गीत "Oare cat" भी उतना ही कर्णप्रिय है। इस गीत का अंग्रेजी तर्जुमा नीचे दिया है और नीचे ही गीत का लिंक भी है।
"how much"
I wonder how much is gonna tell me papa
to go to bed when night falls
mom isn't glad when she sees that
I put my dolls to sleep instead of me.

It comes through one ear and passes
through the other
when she tells me what I am supposed to do
and what I am not
she tells me to wash my hands after I play
with the dog


maybe I'll get luckier and I'll do
what I am not supposed to do
after all daddy isn't beating me
he just talks to me
I know that you don't like this but
remember you were like me
and I don't think you were different.

I wonder how much is gonna tell me papa..."


प्रगति और परम्परा



(फ़ोटो के लिए आशुतोष उपाध्याय का आभार)

Friday, December 19, 2008

रोटीपानी की फ़िक्र से परे सोनापानी में









दिल्ली में नौकरी आपसे बहुत कुछ छीन लेती है। मेरे साथ यही हो रहा है। सृजन स्रोत सूखने लगे हैं। परिवार को समय नहीं दे पा रहा। सुबह ग्यारह से रात नौ-दस तक की नौकरी - फिर समय ही कितना बचता है! सोचिए प्रिंट में ये हाल है तो चैनलों में क्या हो रहा होगा!

बहरहाल, दीवाली के मौके पर जब बेटी को स्कूल से छुट्टी मिली, तो पत्नी ने भी हफ्ते भर की छुट्टी ले ली। मुझे यह दिल्ली की दहशत से निकलकर पहाड़ों की खुली हवा में जाने का अच्छा मौका लगा, सो मैंने भी तीन दिन की छुट्टी ले ली। आनन-फानन हलद्वानी में अशोक पांडे को फोन लगाया गया। उसने सुझाव दिया कि हम एक रात आशीष की खोज 'सोनापानी' में जरूर बिताएं। मैंने दिल्ली से रेल के टिकट करवा लिए।

शशि (पत्नी) और हितू (बेटी) दोनों खुश थे। मगर हमारी खुशी पर जल्दी ही रिजर्वेशन का ग्रहण लगा। पत्रकार होने के नाते बने संपर्क भी काम नहीं आए और पता चला कि रेल के छूटने से कुछ घंटे पहले तैयार होने वाले अंतिम चार्ट में भी हमारा नाम वेटिंग लिस्ट में ही था। एक अंतिम प्रयास के रूप में अशोक ने किसी भाटिया का नाम लेते हुए बताया कि वह हमें सीट दिलवा देगा, मगर हमें उसकी फीस देनी होगी। मगर भाटिया साहब ने भी हाथ खड़े कर लिए - साहब, अगर सिर्फ आज जुम्मा न होता - भविष्य में याद रखिएगा कि जुम्मे के दिन रेल से यात्रा न करें।

घर में सारा सामान बेतरह बिखरा हुआ था। मैंने जैसे ही भाटिया की हिदायत सार्वजनिक की, शशि और हितू दोनों के चेहरे मुरझा गए। शशि मेरी लेटलतीफी को कोसने से खुद को नहीं रोक सकी - कब से कह रही थी, टिकट बुक करवा लो, मगर आपका कोई प्लान टाइम पर बनता ही नहीं। अब खुद चुप कराओ अपनी बेटी को।

बेटी बिस्तर पर औंधे मुंह गिरी सुबक रही थी। उसने अपनी मां की तरह मुझ पर शब्दों का प्रहार नहीं किया, मगर उसके आंसू शब्दों से कहीं ज्यादा मारक थे। स्थिति को संभालने के लिए मैंने फैसला किया कि रेल से न सही, हम अपनी गाड़ी से जाएंगे। करीब डेढ़ हजार किलोमीटर ड्राइविंग करना आसान न था। खासकर यह देखते हुए कि गई रात से मेरी पीठ की मांसपेशी खिंची हुई थी, लेकिन मैं पत्नी और बेटी को खुश करने के लिए पीठ का दर्द सहन कर सकता था।

अगले दिन सुबह ग्यारह बजते-बजते हम नैशनल हाइवे -24 पर थे। अशोक को मैंने फोन कर दिया था। अंदाजा यह था कि शाम 7 बजे तक हमें हलद्वानी में होंगे। ऐसा ही होता बशर्ते कि हमें बिलासपुर से पहले करीब 20-25 किलोमीटर की खस्ता रोड नहीं मिलती। लंबी यात्राओं में ऐसी ही सडक़ें अस्थिपंजर ढीले करने का काम करती है। अशोक के घर पहुंचने तक रात का 9 बज गया। हमारे लिए खुशी की वजह यह थी कि इस यात्रा के दौरान बेटी हितू की तबीयत खराब नहीं हुई। दो दिन पहले ही डॉक्टर ने उसे हल्का वायरल होने की बात की थी। उसे गले में बुखार वाला दर्द था और रुक-रुक कर खांसी उठ रही थी। वह दवा भी ले रही थी।

अशोक ने हमें (मेरी पत्नी को ज्यादा) इंप्रेस करने का पूरा इंतजाम किया हुआ था। उसके घर पहुंच जरा सुस्ताए भी नहीं कि उसने झटपट खाना लगवा दिया। चूंकि सारा खाना उसने अपने कुशल हाथों से बनाया था, वह शायद नहीं चाहता रहा हो कि वह ठंडा होकर अपना स्वाद खोए। उसकी हरकतों को देख मुझे अफसोस हुआ कि मैं उसके लिए स्कॉच की बोतल क्यों लाया। सोचा यह था कि साथ बैठकर इधर-उधर की पेटभरकर बातें करते हुए यह बोतल आधी तो हो ही जाएगी, पर यहां इस कम्बख्त ने सीधे ही खाना लगा दिया था। उस लजीज खाने की खुशबू ने यात्रा की थकान को और बढ़ा दिया। मैं किसी तरह उस बोतल से एक पैग बनाकर हलक पाया। वैसे मुझे यह भी स्वीकार कर लेना चाहिए कि खाने की महक ने मेरी पीने की इच्छा को मार डाला था। वाकई, क्या खाना था भई, वाह! मुरगी (मुर्गा नहीं, वह इतना लजीज नहीं हो सकता) के टुकड़ों को भूनकर बनाया गया शोरबा, गोभी और पनीर की सब्जी, पीली दाल और रायता। खाने के बाद शशि ने शिकायत की कि वह ज्यादा खा गई। खाने के बाद हम जल्दी ही सो गए। हां, मैं हितू को रात का आसमान दिखाना न भूला, जो दिल्ली की बनिस्बत ज्यादा साफ और उजला था हालांकि उतना भी नहीं, जितना हम सोनापानी में देखने वाले थे।

अगले दिन सुबह हमने अपने इस चार दिन तीन रातों के ट्रिप का खाका तैयार किया। पहले सोनापानी फिर रामनगर में वाइल्ड लाइफ सफारी और अगले दिन वापस दिल्ली रवानगी।

हम सुबह बिना ज्यादा समय गंवाए सोनापानी की ओर चल पड़े। अशोक ने हमें उसकी लोकेशन के बारीक ब्यौरे लिखवा दिए थे। हलद्वानी से पहले हम भवाली पहुंचे। दिन में पहाड़ की ठंड में ड्राइविंग का मजा ही कुछ और था। अशोक से मैंने एक स्वेटर मार ली थी। हम जितना ऊपर जा रहे थे, ठंड बढ़ती जा रही थी। रास्ते में मैंने शशि की पहाड़ों की खास चटनी के साथ गर्म गर्म पकौड़े खाने की इच्छा पूरी की। गई रात अशोक ने जिस तरह जल्दी खाना खिलाकर मुझे छुट्टी मनाने के मेरे अपने ढंग से महरूम किया था, उसकी कसर पूरी करने के लिए मैंने भवाली में अंग्रेजी शराब की दुकान से बीयर का एक कैन ले लिया। रामगढ़ पहुंचते पहुंचते हम जल्दी सोनापानी पहुंचने को बेसब्र होने लगे थे। उसके बारे में हमें बातें ही ऐसी बताई गई थीं। हम खुश इस बात पर भी थे कि अभी तक बेटी को पहाड़ी सफर से कोई दिक्कत नहीं हुई थी। वह यह सोचकर भी बहुत उत्तेजित थी कि उसे सोनापानी में खेलने को एक दोस्त (आशीष की बेटी) और बहुत सारे झूले मिलेंगे।

सोनापानी पहुंचने के लिए आपको करीब एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। यह दूरी आपकी उत्सुकता को और बढ़ाने का काम करती है क्योंकि आशीथ का रेजॉर्ट पहाड़ की ओट में इस तरह छिपा हुआ है कि अंतिम कुछ कदमों की दूरी रहने पर ही इसकी पहली झलक दिखाई पड़ती है। हमें भी अंतत: उसकी झलक दिखाई दी। झलक ऐसी कि हम तीनों के मुंह से ओह वाउ! जैसे शब्द निकले। अगले कुछ क्षणों तक उस जगह की खूबसूरती को आत्मसात करते हुए हम ऐसी ही अभिव्यक्ति के पयार्यवाची दुहराते रहे। बांज के पेड़ों की ठंडी छायाओं से भरे जंगल से घिरी वह जगह वाकई अनायास ही आपके सामने खुलती है और आप फलों और फूलों से लदे पेड़ों से पटी उस जगह से सामने दूर हिमालय की बर्फीली चोटियां देखकर कुछ देर तक स्तब्ध रह जाते हैं - जैसे अचानक किसी ने आपके सम्मुख बंद स्वर्ग का द्वार खोल दिया हो। यह स्वर्ग फिल्मों में दिखने वाले स्वर्ग जैसा न था जहां स्वर्णजडि़त लिबास में सजे संवरे देवताओं के सामने धवल वस्त्रों में अप्सराएं नृत्य करती दिखें, बल्कि यहां सिर्फ और सिर्फ प्रकृति थी, नजर के छोर तक पसरी हुई। प्राकृतिक सुंदरता के साथ वहां माहौल में एक गहरा अपनापन भी लगा, जो अजनबियों को अजनबी नहीं रहने देता। आशीष अपनी पत्नी दीपा और बेटी वन्या के साथ हमारा ही इंतजार कर रहा था। मगर उन्हें कुछ ही देर में हलद्वानी की ओर निकल जाना था। उन्होंने हमारे लिए दिन का भोजन तैयार करवाया हुआ था। हितू वन्या के साथ खेलने लगी। साथ खेलने के लिए एक साथी पाकर वह वहां झूले न होने की निराशा से निकल आई। मैं इस बीच हाथ मुंह धोने का बहाना बना हमारे लिए तय की गई कॉटेज में चला गया और सामने हिमाच्छादित पहाड़ों को देखते हुए जल्दी जल्दी बीयर की बड़ी बड़ी घूंट लेने लगा। घूंट लगाते हुए मैं इस एहसास से भरा हुआ था कि मैं अपने जीवन के कुछ बेहतरीन पलों को जी रहा था।

आशीष ने खाने के लिए एक अलग डाइनिंग हॉल बनाया हुआ था। खाना जिन डोंगों में रखा था, वे भी खास बनावट के और कुछ प्राचीन दिखते थे। यह बंदोबस्त मुझे इसलिए भी अच्छा लगा कि यहां आने वाले लोग एक साथ खाना खाते हुए एकदूसरे से जान पहचान बढ़ा सकते थे। प्रकृति के ऐसे एकांत में आकर, जहां साल के आठ महीने ठंड रहती है, दूसरे लोगों से पहचान बढ़ाना जीवन की ऊष्मा पाने जैसा ही था। हमारे अलावा वहां दो दंपत्ति वहां थे। एक भारतीय युवती के साथ रह रहा अमेरिकी नागरिक था, जो वहां नजदीक ही स्थित एक एनजीओ से जुड़ा था और साल में छह महीने यहीं गुजारता था और दूसरा नोएडा से आया एक यंग कपल, करीब तीन वर्ष के बातूनी बेटे के साथ।

लंच के बाद आशीष को निकलना था। मुझे यह जानकर बहुत हैरानी हुई कि वन्या पैदल ही वहां से रोज करीब दो किलोमीटर दूर स्कूल जाती थी। हितू उससे उम्र में बड़ी थी मगर यहां आते हुए उसे एक किलोमीटर का पैदल रास्ता भी बहुत कठिन जान पड़ा था। तब मुझे एक पीड़ा भरा एहसास हुआ कि हितू पहाड़ी पिता की पुत्री जरूर थी मगर खुद वह शहरी हो गई थी और ज्यादा पैदल न चलना शहरी प्राणियों की आदत हो जाती है। तब एक पल को मैंने सोचा कि परिवेश और जरूरतों की हमारी शारीरिक सामथ्र्य के निर्माण में कितनी अहम भूमिका होती है।

लंच के बाद हम लोग अपने कॉटेज में आकर सो गए। शशि और हितू यात्रा की थकान से और मैं थकान और हेवर्ड 10000 के खुमार के सम्मिलित प्रभाव से।

जाड़ों में पहाड़ों में रात जल्दी हो जाती है। उठने तक अंधेरा घिर आया था। रजाई से बाहर निकलते ही हमें एहसास हुआ कि बाहर ठंड कितनी ज्यादा है। अंधेरे में हमें लगा कि हम पूरी दुनिया से कट गए हैं। सिर्फ बीच बीच में बजने वाले हमारे मोबाइल थे जो हमें बाहरी दुनिया से जुड़े होने का यकीन दिला रहे थे। इस बीच अशोक हमसे लगातार संपर्क में था। मूल योजना के मुताबिक तो उसे हमारे साथ होना था, मगर दीवाली में कई रिेश्तेदार उसके घर पधार रहे थे, उनकी खातिर उसे रुकना पड़ा। वह अपने न आ पाने की कमी को पूरा करना चाहता था, सो उसने रिजॉर्ट के अपने परिचित स्टाफ को कहकर हमारे लिए कैंप फायर की व्यवस्था करवा दी। एक खुली जगह पर बीच में आग जलाकर चारों ओर कुर्सियां रख दी गईं। मेरे लिए खासकर एक मेज और सोडा आदि की बोतलें लग गईं। भारतीय युवती के साथ वह अमेरिकी सज्जन और नोएडा से आया दंपत्ति भी वहीं आ गए। एक छोटे आकार का सफेद पहाड़ी कुत्ता भी आग सेकने वहां चला आया था। अब अगले दिन तक हितू ने उसे छोडऩा नहीं था।

छोटे बच्चों वाले दो परिवारों में जल्दी दोस्ती हो जाती है क्योंकि बड़ों को बच्चों के बहाने बातें करना ज्यादा सहज लगता है। नोएडा वाले दंपत्ति से हमने बहुत सी बातें साझा कीं। मुझे सोनापानी में ठंड का आइडिया था, सो मैं यहां के लिए रम की बोतल लेता आया था। चारों ओर फेले घुप अंधेरे के बीच आग की गर्मी महसूस करते हुए गर्म पानी के साथ रम के पैग लेना - यह एक ओर अनुभव था जिसे मैंने बहुत बोधपूर्ण होकर आत्मसात करने की कोशिश की, यह सोचते हुए कि इस माहौल की विरलता और ऊष्मा का मैं किसी कविता कहानी में जरूर उपयोग करूंगा। मैंने अमेरिकी टूरिस्ट को भी रम का पैग ऑफर किया - यह हमारे बहादुर सिपाहियों का सबसे पसंदीदा डिं्रक है - मैंने उसे बताया। उसने खुशी से मेरा ऑफर स्वीकार कर लिया। उस ठंड में कोई ऐसा ऑफर ठुकरह्वाए भी तो कैसे। उस अमेरिकी से अमेरिका में मंदी और राजनीति पर बातें हुई। मैं उसे अपने सोमालिया के अनुभव सुनाना न भूला, जहां मैंने अमेरिकी सेना के साथ काम किया था । मैंने उसे बताया कि किस तरह सोमाली लड़ाकुओं ने अमेरिकी सेना का विरोध किया और उनके ब्लैक हॉक हैलीकॉप्टर जमींदोज किए। कुल मिलाकर वह शाम बहुत यादगार रही। बेटी इस बीच उसी सफेद कुत्ते के साथ खेल रही थी बार-बार उसके मुलायम बालों पर हाथ फेरती हुई।

आग के पास से उठकर डाइनिंग हॉल में आए तो एकाएक मेरे दांत ठंड से किटकिटाने लगे। गर्म गर्म दाल सब्जी के साथ दो-तीन रोटियां और एक दो हरी मिर्च खा लेने के बाद ही दांतों ने किटकिटाना बंद किया। वापस कॉटेज में लौटते हुए मैं हितू को आसमान में जगमगाते तारे दिखाना नहीं भूला। तारों से भरा वह आसमान कैसा लग रहा था, इसे बयां करना मुश्किल है। हितू हवा में उछलकर कुछ तारे तोडऩे की कोशिश कर रही थी। मैंने अनेक दृश्यों की तरह इस दृश्य को भी अपने भीतर 'सेवÓ कर लिया।

अगले रोज सुबह हम सूर्योदय से पहले ही उठ गए। शशि अपना कैमरा लेकर बाहर निकल गई और मैं सुबह दौड़ लगाने के अपने फितूर की राह पर। गई रात यहां के स्टाफ ने हमें बाघ के किस्से सुनाए थे। इसलिए मैं इतनी तडक़े अकेले ज्यादा दूर नहीं निकलना चाहता था। पर पता नहीं कहां से वह रात वाला सफेद कुत्ता मेरे पीछे हो लिया। कुत्ते का साथ पाकर मैं भी शेर हो गया। मैंने महसूस किया कि एक किलोमीटर के करीब दौड़ लगाकर ही मैं बहुत थकान महसूस करने लगा था। दिल्ली के मुकाबले यहां सांस भी ज्यादा फूल रही थी। साफ था मैं यहां समुद्र तल से काफी ज्यादा ऊंचाई पर था। मैं ज्यादा तो नहीं दौड़ा मगर जितना दौड़ा वह पसीना निकालने के लिए पर्याप्त था। पसीना न आए, ऐसा दौडऩा भी क्या दौडऩा!

इस बीच शशि ने हिम चोटियों पर सूर्य की पहली रश्मि के पहुंचने के कई फोटो खींच लिए थे। उसे विरल प्रजाति के पौधों और फूलों की तस्वीरें लेना भी बहुत उत्साहित कर रहा था। एक घंटे के दौरान उसने प्रकृति की करीब एक सौ तस्वीरें खींच ली होंगी। यही हाल नोएडा से आए युवक का था, जो बाकायदा ट्राईपोड लगाकर तस्वीरें खींच रहा था - महानगरों में रहने वाले लोग प्रकृति के कितने भूखे हो जाते हैं!

हमारी योजना सोनापानी से रामनगर जाने की थी, जो कि वहां से करीब चार-पांच घंटे के सफर की दूरी पर था। लेकिन चूंकि हमें दिन में जिम कॉर्बेट नैशनल पार्क में वाइल्ड लाइफ सफारी के लिए जाना था, यहां से जल्दी निकलना जरूरी थी। एक अच्छी बात यह हुई कि वहां एक घोड़े वाला मिल गया। घोड़े की सवारी हितू के मूड के लिए बहुत अच्छी रही। हमने एक बार फिर परिचित हो चुके डाइनिंग हॉल में स्वाद से भरपूर आलू की तरकारी और पूडिय़ों का नाश्ता किया और इस इरादे के साथ कि अगली बार वहां ज्यादा दिनों के लिए आएंगे वापस चल पड़े। हितू ने चलने से पहले अपने प्यारे उस सफेद कुत्ते को कई आवाजें लगाईं मगर वह न जाने जंगल में कहां चला गया था।

(अगली कड़ी में सफारी का किस्सा, जहां हमें एक विशालकाय हथिनी के दर्शन हुए, साक्षात यमदूत के रूप में। वह एक क्षण जब हथिनी सूंड उठाकर चिंघाड़ती हुई हमारी ओर लपकी थी, आज भी हमें थरथरा जाता है।)

इज्ज़त-ओ-तकरीम से देहली में दफ़नाएं उसे

'१८५७ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और बहादुरशाह ज़फ़र' पुस्तक का जिक्र मैंने ब्लॉग 'आज़ाद लब' में पिछले दिनों किया था, उसकी भूमिका है यह. पुस्तक के संकलनकर्ता-संयोजक और लेखक डॉक्टर विद्यासागर आनंद ने यह भूमिका लिखी है. इस भूमिका की यह आख़िरी कड़ी है- विजयशंकर चतुर्वेदी)


(पिछली कड़ी से जारी)

...यह एक अजीब पर इतिहास का विषम तथ्य है कि जिस प्रतापमयी व्यक्तित्व ने अपना देश स्वतन्त्र करने के लिए संघर्ष किया उसकी लाश यथासमय एक विदेशी धरती में दफ़न है. हम और इस पुस्तक में लिखने वाले सभी लोग भारत सरकार से मांग करते हैं कि भारतीय स्वतंत्रता-संग्राम में भाग लेने वाले जियाले सपूतों के महानायक तथा सम्मान योग्य भारतीय सपूत के साथ न्याय किया जाए और उनकी लाश को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक देश में लाकर दफ़न किया जाए. यह व्यक्तित्व निस्संदेह ही भारत के लिए गौरव का स्रोत है और स्वतन्त्र भारत को इसका आभारी और शुक्रगुज़ार होना चाहिए.

सन् १८५७ की याद में आयोजित किए गए एक सौ पचास वर्षीय समारोह के अवसर पर उर्दू के सुप्रसिद्ध शायर गुलज़ार ने लाल क़िला परिसर में हमारे मनोभाव का सीधा-सच्चा प्रतिनिधित्व करते हुए सरकार की ओर से आयोजित इस समारोह में यह इच्छा प्रकट की थी कि बहादुरशाह ज़फ़र की लाश को वापस दिल्ली लाया जाए. भारतीय राष्ट्र के विभिन्न चिंतन-समूह के प्रतिनिधियों ने उनके विचारों की खुले मन-मस्तिष्क से प्रशंसा व सराहना की. खेद का विषय है कि इस बड़ी ऐतिहासिक ग़लती के सुधार के लिए कोई क़दम नहीं उठाया गया.

आने वाली पीढियाँ इस बात का निर्णय करती हैं कि राष्ट्र अपने शहीदों के प्रति किस प्रकार का बर्ताव करता है. इस पृष्ठभूमि में देखा जाए तो लगता है कि भारतीय जनता बहादुरशाह ज़फ़र की लाश को भारत लाकर इस धरती में दफ़न करना चाहती है तथा उनके मज़ार पर उचित 'कत्बा' लगाना चाहती है परन्तु भारत के सत्ताधारी लोग इस 'जनमत' को महत्त्व नहीं दे रहे हैं

बहादुरशाह ज़फ़र हिन्दी, उर्दू, फ़ारसी और पंजाबी भाषाएँ धारा-प्रवाह बोलते थे. उन्होंने इन भाषाओं में अनेक नज़्में, ग़ज़लें कही हैं. इनमें उन्होंने धार्मिक सहिष्णुता का प्रबल शब्दों में समर्थन किया है तथा धार्मिक उन्माद, कट्टरता, घृणा और असहिष्णुता की खुली भर्त्सना व निंदा की है. आज भारत को ऐसे लोगों की बड़ी आवश्यकता है जो बहादुरशाह ज़फ़र जैसी सोच, व्यापक-हृदयता, सच्चाई और रोशन-ख़याली के प्रतीक हों. मौजूदा हालात में, जब धार्मिक कट्टरता से वातावरण दूषित किया जा रहा है बहादुरशाह ज़फ़र के व्यक्तित्व और कटिबद्धता से सहनशीलता के प्रचार-प्रसार की बड़ी आवश्यकता है.

मेरे पास शब्द नहीं और मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि मैं उन सब महानुभावों को कैसे धन्यवाद दूँ जिन्होंने इस पुस्तक के लिए अपने बहुमूल्य समय में से वक़्त निकालकर हमारे निवेदन पर लेख लिखे और अपने सुझाव भी दिए, मेरी सहायता की और साहस बढ़ाया.

साहिर शीवी और सैयद मैराज जामी की पत्रिका 'सफ़ीरे उर्दू' के द्वारा हमें बहुत से लेख प्राप्त हुए. 'सफ़ीरे उर्दू' का बहादुर शाह ज़फ़र विशेषांक मेरे ही निवेदन पर प्रकाशित किया गया था. बारह वर्ष पूर्व मोइनुद्दीन शाह साहब (मरहूम) ने अपनी पत्रिका 'उर्दू अदब' का बहादुरशाह ज़फ़र विशेषांक प्रकाशित कर ज़फ़र को श्रद्धांजलि दी थी. इस पुस्तक में कुछ लेख उल्लिखित विशेषांक से भी लिए गए हैं. अंत में उर्दू के विश्वसनीय लेखक व प्रकाशक 'खादिम-ए-उर्दू' (उर्दू-सेवक) प्रेमगोपाल मित्तल साहब की सेवाओं को भी नहीं भुलाया जा सकता जिन्होंने प्रस्तुत पुस्तक की साज-सज्जा में अपना बहुमूल्य समय लगाया.(समाप्त)

-डॉक्टर विद्यासागर आनंद

पुस्तक: '१८५७ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और बहादुरशाह ज़फ़र', सम्पादक: डॉक्टर विद्यासागर आनंद, प्रकाशक: माडर्न पब्लिशिंग हाउस, ९ गोला मार्केट, दरियागंज, नई दिल्ली-११०००२. पृष्ठ ५७६, मूल्य ६०० रूपए.

Thursday, December 18, 2008

तारों की आकाशगंगा में मिलते रहें हम: चीनी कविताओं की श्रृंखला - अन्तिम भाग



ली पाइ (७०१-७६२), जिन्हें ली पो और ली थाइ पाइ के नाम से भी जाना जाता है, उत्तर पश्चिमी चीन के रहने वाले थे. बचपन में ही उनका परिवार सद्दवान प्रान्त चला गया था. वहीं उनका बचपन और कैशोर्य बीता. चालीस वर्ष के होने पर वे छांग आन (तब का एक समृद्ध चीनी नगर जिसे राजधानी का दर्ज़ा प्राप्त था) की शाही अकादमी में शामिल हुए. वे घुमक्कड़ प्रकृति के एक बहुत ही मस्त जीव थे. तभी चीन का प्रसिद्ध आन लू शान विद्रोह भड़क उठा. ली पाइ शाही कोप के शिकार बने और उन्हें उत्तर पश्चिम में निष्कासित कर दिया गया. बाद में उन्हें क्षमादान मिला और वे वापस आ गए. ७६२ में उनका देहावसान हो गया.

ली पाइ अपने समकालीनों में कवि के तौर पर सर्वाधिक काव्यप्रतिभासम्पन्न थे. उनकी कविता में, लगता है, जैसे उनके भीतर से ही प्रकृति के दृश्यरूप प्रकट हुआ करते थे. राजे-रजवाड़ों और अधिकारियों से उन्हें उबकाई आती थी. इसलिए जब आन लू शान का विद्रोह भड़का तो जाहिर है उनकी शामत आनी ही थी. एक बार उन्होंने लिखा : "मैं पूरे एक महीने शराब में डूबा रहा, रजवाड़ों और ज़मींदारों से एकदम विमुख. मैं कैसे अमीरज़ादों और महान लोगों की सेवा में हाज़िर हो सकता हूं." लेकिन जनता के दुःख-दर्द और जीवन के वे हमेशा समीप रहते थे. उन की कविता में शोक, मौज-मस्ती और प्रकृति से अभिन्न अनुराग गोया अलग अलग किया ही नहीं जा सकता.


चांदनी में एकान्त-पान

फूलों के बीच मदिरापात्र लिए हाथ में
पीता हूं अकेला मैं, नहीं कोई हमप्याला
उठाता हूं जाम, आमंत्रित करता हूं चांद को
और फिर साथ में मेरा साया, हम हो गए हैं तीन
चंद्रमा को नहीं मालूम पीने का मज़ा
और मेरा साया बस चलता है मेरे पीछे-पीछे
फिर भी हों वे मेरे साथ
कौन गंवाए आनन्द की यह घड़ी
मैं गाता हूं, चंद्रमा मटरगश्ती करता है
मैं नाचता हूं, उलझन में पड़ जाता है मेरा साया
होश तक पीता हूं उनके साथ
धुत्त होने पर लेता हूं विदा
आगे भी उड़ावें हम दावत साथ-साथ
तारों की आकाशगंगा में
मिलते रहें हम

सीढ़ियों की शिकायत

संगमरमरी सीढ़ियों पर प्रकट है शुभ्र ओस
और लम्बी रातों में निचुड़ आती हैं मेरी जुराबों में
अब मैं इस पारदर्शी पर्दे को गिराता हूं
इस से होकर ताकता हूं शरद के चांद को

एक पहाड़ी पर: सवाल जवाब

पूछते हो क्यों मैं रहता हूं इस हरी-भरी पहाड़ी पर
मुस्कराता हूं मैं, हृदय चुप और प्रशान्त
बहते जल पर जाते आडूपात कहीं सुदूर
एकदम अलग धरती, एकदम अलग आसमान
एक्दम अलग नीचे की दुनिया से



इस सीरीज़ के सारे अनुवाद श्री त्रिनेत्र जोशी के हैं. उन्होंने इनका इस्तेमाल करने की इजाज़त दी, इस के लिए कबाड़खाना उनका आभारी है.

दफ़न का स्थान आरक्षित कर रखा था ज़फ़र ने

'१८५७ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और बहादुरशाह ज़फ़र' पुस्तक का जिक्र मैंने ब्लॉग 'आज़ाद लब' में पिछले दिनों किया था, उसकी भूमिका है यह. पुस्तक के संकलनकर्ता और संयोजक डॉक्टर विद्यासागर आनंद ने यह भूमिका लिखी है. आपकी प्रतिक्रिया हमारे इस ब्लॉग पर उत्साहवर्द्धक रही है. इसी भूमिका की यह दूसरी कड़ी है- विजयशंकर चतुर्वेदी)



पिछली कड़ी से आगे...

...स्वतंत्रता-दीप प्रज्ज्वलित रखने के लिए राष्ट्र को संगठित व अनुशासित रखना आवश्यक था अतः देश के राजनैतिक व धार्मिक पथ-प्रदर्शकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता आन्दोलन को भारत के कोने-कोने तक फैला दिया. इनमें कुछेक तो भारत से बाहर के अन्य देशों तक चले गए तथा वहाँ स्वतंत्रता-आन्दोलन को सुदृढ़ बनाने हेतु सहायता प्राप्त करने के प्रयत्न किए.

इस लंबे स्वतंत्रता-आन्दोलन का उद्देश्य अंततः नब्बे वर्ष बाद १५ अगस्त १९४७ को तब जाकर प्राप्त हुआ, जब पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बहादुरशाह ज़फ़र के पूर्वजों के लाल क़िले से स्वतन्त्र भारत की घोषणा की. उस ऐतिहासिक दिवस से अब तक साठ वर्ष का (भूमिका लिखे जाते समय) समय बीत चुका है लेकिन खेद की बात है कि इस बीच भारत के राजनेताओं ने इस स्वतंत्रता-संग्राम में देश के बाहर व भीतर शहीद होने वाले जियालों के सम्मान को बढ़ावा देने में ढिलाई बरती और उन्हें वह स्थान नहीं दिया जिसके वे अधिकारी थे.

यहाँ अधिक अफ़सोस की बात यह है कि स्वयं पंडित जवाहरलाल नेहरू ने ज़फ़र के अवशेष भारत लाने का समर्थन किया था पर नामालूम कारणों से इस दिशा में कोई क़दम नहीं उठाया गया. १ से ७ अक्टूबर के साप्ताहिक 'हमारी ज़बान' नई दिल्ली में इस विषय पर पंडित नेहरू का एक नोट प्रकाशित हुआ जिसके अनुसार उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री पंडित गोविन्द वल्लभ पन्त को लिखा था:-
"मौलाना साहब (आशय मौलाना अबुल कलाम आज़ाद से है) की राय है कि बहादुरशाह ज़फ़र की लाश को रंगून से लाकर हुमायूं के मक़बरे में दफ़नाया जाए क्योंकि स्वयं उनकी भी अन्तिम इच्छा यही थी. मैं इस विषय में अपनी कैबिनेट के कुछ मंत्रियों से बात कर चुका हूँ और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है."

नेहरू जी ने इसी नोट में आगे लिखा:-

"संभवतः बर्मा सरकार को भी इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी. मैं इस सुझाव के विषय में आपकी प्रतिक्रया जानना चाहता हूँ, तत्पश्चात् हम इस मामले की और अधिक तफ़्तीश कर सकते हैं."

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बहादुरशाह ज़फ़र की अन्तिम इच्छा का उल्लेख करते हुए हुमायूं के मक़बरे में दफ़न होने की इच्छा बताई है जो किसी भ्रम के कारण है वरना तथ्य यह है कि ज़फ़र ने अपने दफ़न के लिए क़ुतुबुद्दीन बख्तियार काकी के निकट ही अपने पूर्वजों के पहलू में अपने लिए एक स्थान आरक्षित किया हुआ था. मिर्ज़ा फ़रहतुल्ला बेग अपने बहुचर्चित लेख 'फूल वालों की सैर' (सन् १९३४) में लिखते हैं:-

'देहली के बादशाहों ने आप (हज़रत क़ुतुबुद्दीन बख्तियार काकी) के मज़ार के चारों ओर संगमरमर की जालियाँ, फर्श और दरवाज़े बनवा दिए. दीवारों पर काशानी ईंटों का काम करवाया तथा आसपास मस्जिदें अदि बनवाईं... एक ओर तो संगमरमर की छोटी मस्जिद है और उसके पहलू में अन्तिम समय के बादशाहों के कुछ मज़ार हैं. बीच में शाहआलम द्वितीय का मज़ार है और उसकी एक ओर अकबरशाह द्वितीय की क़ब्र का एक पहलू ख़ाली था, उसमें बहादुरशाह ज़फ़र ने अपना 'सरवाया' (सुरक्षित स्थान) रखा था. विचार था कि मरने के बाद बाप-दादा के पहलू में जा पड़ेंगे, यह क्या मालूम था कि वहाँ क़ब्र बनेगी, जहाँ पूर्वजों का पहलू तो दूर की बात, कोई फ़ातिहा पढ़ने वाला भी न होगा.' (मज़ामीन-ए-फ़रहत (द्वितीय) लेख 'बहादुरशाह ज़फ़र और फूल वालों की सैर', प्रकाशक सरफ़राज़ प्रेस लखनऊ, पृष्ठ ४२).

प्रथम स्वतंत्रता-संग्राम के एक सौ पचास वर्षीय जश्न के अवसर पर बहादुरशाह ज़फ़र के लाल क़िले (जिसका प्रथम स्वतंत्रता-संग्राम से निकट का सम्बन्ध रहा है) के समकालीन व्यवस्थापकों को इस विषय पर एक संदेश भेजा गया. इसके अतिरिक्त भारत के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों और प्रवासी भारतीयों से भी हमने संपर्क साधा तथा बहादुरशाह ज़फ़र के अवशेष वापस अपने देश में लाने की मांग पर ध्यान देने का निवेदन किया. हमें इसकी ख़ुशी है कि अनेक लेखकों, शायरों, इतिहासकारों, पत्रकारों तथा बुद्धिजीवियों ने हमारे निवेदन को सहर्ष स्वीकारते हुए हमें अपनी रचनाएं भिजवायीं. इसके साथ ही उन्होंने हमारी इस मांग का समर्थन भी किया कि बहादुरशाह ज़फ़र के अवशेष विदेश से वापस अपने देश लाये जाएँ.


अगली कड़ी में जारी...

Wednesday, December 17, 2008

जीवन से ग़ायब होते लोग: १



ये हैं बाबूलाल जी. सिल बट्टे ठीक किया करते हैं. हर साल एक बार हमारे घर आते हैं. बरेली के रहने वाले हैं. उमर बकौल उन्हीं के कोई पिचहत्तर अस्सी पिचहत्तर. बजाए मैं अपनी तरफ़ से कुछ जोड़ूं, एक छोटा सा वीडियो देखिये उनका. वीडियो लिया है रोहित उमराव ने और उनसे बातचीत भी वही कर रहे हैं.