Saturday, January 17, 2009

ग़ालिब बरास्ता रामनाथ सुमन


सिद्धेश्वर भाई ने इस बीच कुछ समय ग़ालिब की खुमारी में बिताया और उसका एक हिस्सा हम तक भी पहुंचाया। इसलिए यह पोस्ट उन्हीं नज़्र है।

मुझे ग़ालिब पर श्री रामनाथ सुमन की लिखी और 1960 में ज्ञानपीठ से छपी एक किताब मिली है। रामनाथ सुमन को हिंदी वाले उनके बेटे की वजह से भी जानते हैं, सो मैं चाहूंगा कि आपमें से कोई उनके बेटे का नाम भी बताए, जाहिर है कई लोग बता देंगे। इस किताब में ग़ालिब के साहित्य की व्याख्या है और मैं इसमें से कुछ चुनकर आपके सामने प्रस्तुत करूंगा।



आज का शेर

कहते हो न देंगे हम दिल अगर पड़ा पाया

दिल कहां कि गुम कीजे, हमने मुद्दआ पाया



सुमन - अगर किसी की खोई चीज़ किसी और को मिल जाती है तो वह छेड़ने के लिए कहता है कि अगर हमें मिल गई तो हम न देंगे। कभी दूसरे की चीज़ लेने की मन में आती है तो उसे छिपाकर कहते हैं कि तुम्हारी चीज़ हमें मिल गई तो हम न देंगे। यही स्थिति इस शेर में भी है।

"तुम कह रहे हो कि अगर तुम्हारा दिल हमें कहीं पड़ा मिल गया तो हम न देंगे। पर वह है कहां? हमारे पास तो है नहीं कि खोने का डर हो। हां, तुम्हारी बात से मैं तुम्हारा मतलब समझ गया कि तुम्हें मेरे दिल की कामना है या तुम उसे पहिले ही पा चुके हो। वह तो तुम्हारे पास ही है। तब मुझे क्यों नाहक छेड़ रहे हो?"

Thursday, January 15, 2009

सखी संवाद


प्रस्तावना :

आज से कई बरस पहले एक अदद पी-एच० डी० की डिग्री हासिल करने की तैयारी के सिलसिले में बी.एच.यू. के केन्द्रीय पुस्तकालय की खाक छानते - छानते १९६० -६५ के दौर के 'ज्ञानोदय' में छपी एक कविता पसंद आई थी जिसे डायरी में उतार लिया था. वक्त की मार से मुकाबला करने की जद्दोजहद में वह डायरी भी कहीं खो गई लेकिन उस कविता की शुरूआती पंक्तियाँ अब भी याद हैं -

रात कहने लगे मेरी बाँह पकड़ कर सैयाँ
तेरे जूड़े का किरनफूल बहुत सुंदर है .
ऐ सखी लाज से में मैं मर - मर गई
मेरा जूड़ा तो मुआ घास का इक जंगल है।

विषय प्रवेश :
इस नज्म को किसने लिखा है कुछ पता नहीं पर इसकी बहर बहुत अच्छी लगी थी. बाद में अपने शहर आकर इसी बहर की कापी करते हुए तब यार -दोस्तों के शुद्ध मनोरंजन के वास्ते एक नज्म लिखी थी - 'सखी संवाद'. मित्रों को शिकायत रहती थी कि मेरी कवितायें बहुत 'कैड़ी' होती है वाल मैगजीन पर लगने वाली कवितायें अधिकांश लोगों के सर के ऊपर से निकल जाती हैं. सो एक फरमाइशी कविता ने जन्म लिया और अपने व्यक्तित्व से गंभीरता की केंचुल कुछ उतरी. बात दरअसल यह थी कि विद्यार्थी समुदाय में भावी डाक्साब लोग, खासकर कला संकाय के शोधार्थी कुछ करते - धरते हुए दिखते नहीं थे . छात्रावास, विभाग , पुस्तकालय, कैंटीन और अंतत: चचा की चाय की दुकान पर ठलुआगीरी करते हुए दुनिया - जहान को बदल देने के मंसूबे बाँधते हुए भीतर हीतर कुछ पुष्पगंधी - प्रेमिल तंतुओं को लपेट -समेटकर शाम कर दे्ना और फिर मालरोड पर मटरगश्ती कर छात्रावास के घोंसले में वास , भोजन -पानी, खाना-पीना... कुछ गप्प - कुछ शप्प , कुछ पढ़ाई...नींद..सपने..सपनों में सजना.....जिन लोगों को झील, बादल , बारिश, धुंध वाले शहर नैनीताल की रूमानियत की याद हो और जिसने अपने कालेज - यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई के दिनों में पढ़ना - लिखना छोड़कर बाकी सारे करम किए हों उन्हें शायद इस नज्म के बहाने अपना विद्यार्थी जीवन याद आ जाए तो क्या कहने ! तो आइए देखे हैं वह नज्म जिसका शीर्षक था -'सखी संवाद' :

प्रथम सखी उवाच :

ऐ सखी वो जो मुझे कालेज के गलियारे में
ध्यान से देखकर कैंटीन में घुस जाता है.
अपने होस्टल की तरफ अक्सर निगाहें कर के
चाय पीते हुए सिगरेट भी पीता जाता है.
देखती हूं कि वो लाईब्रेरी में रोजाना सखी
किताबों- थीसिसों में कैद नजर आता है.
लेकिन जब सामने पड़ जाती हूँ तो जाने क्यों
प्यार से देखता है आहिस्ते से मुस्काता है.
सोचती हूँ कि कभी उससे कोई बात करूँ.
उसकी तन्हाई से तन्हा हो मुलाकात करूँ.

अन्य सखी उवाच :

ऐ सखी तू अभी कमसिन भी है नादान भी है
जमाने की हवा में बह गई तो क्या होगा !
मैंने देखा है इस कैंपस का हर इक मंजर
सीख ले इससे शायद तेरा ही भला होगा !
राह चलते हुए यहाँ सैकड़ों मिल जाते हैं
देखकर तितलियों को प्यार लुटाने वाले.
आहें भरने वाले - बातें बनाने वाले
सीधी नजरों के तिरछे तीर चलाने वाले.
तेरा वो भी मुझे कुछ ऐसा ही - सा लगता है
सँभल - सँभल के कदम अपने बढ़ाना प्यारी
अगर वो रिसर्च स्कालर है तो और भी चौकन्नी रह
उनका तो काम है बस दिल ही लगाना प्यारी !

उपसंहार :

( दोस्तों , तब मुहब्बत नामक एक शै हुआ करती थी. कोई बताओ तो-
१. आज वह कहाँ है ?
२.कैसी है ?
३. किधर है ?
*** क्या आपको कुछ खबर है ? )

मां की बनाई गई घुघुतों की माला



आज हमारे यहां काले कव्वा था. 'है' इस लिए नहीं बोल रहा कि त्यौहार सुबह सुबह निबट गया है. हल्द्वानी में ही रहने वाली मेरी छोटी बहन को एक जनवरी के दिन पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई थी. फ़िलहाल मां उसी के घर गई है. नए आए पोते और उससे बड़े आदित्य के लिए घुघुतों की मालाएं ले कर. बाकी भाई बहनों के बच्चों की मालाएं मन्दिर के बगल में टांग दी गई हैं. जब भी वे यहां आएंगे उनका इन्तज़ार होता रहेगा.

घुघुती बासूती जी ने एक उम्दा पोस्ट इस बाबत आज लगाई है. इस कुमाऊंनी त्यौहार के बारे में उन्होंने बहुत चाव से लिखा है और बहुत अच्छा लिखा है. यह त्यौहार क्या होता है यह जानने की इच्छा हो तो एक दफ़ा उनके ब्लॉग पर जाने का कष्ट ज़रूर करें.

Wednesday, January 14, 2009

अपनी मौत भी मरता है कैंसर

'अमर उजाला' के बरेली संस्करण में कार्यरत भाई योगेश्वर सुयाल इस साल कबाड़ियों की जमात में शामिल होने वाले पहले हैं. अच्छे पढ़े-लिखे आदमी हैं और हम आशा कर सकते हैं कि वे जब-तब हमें अपनी रचनात्मकता से रू-ब-रू होने का मौका देंगे. कबाड़ख़ाना उनका स्वागत करता है और इस मौके पर प्रस्तुत करता है उन्हीं के द्वारा उपलब्ध कराई गई उनकी एक बिल्कुल ताज़ा रपट:

लखीमपुर के बुजुर्ग किसान ने `लाइलाज´ कैंसर को बिना इलाज हराया

कैंसर अपनी मौत भी मरता है। इसके लिए न दवा या चीरे की जरूरत है, न ही कष्टकारी कीमो या रेडियो थेरेपी की। मगर कैंसर को हराने वाले ऐसे भाग्यशाली लड़ाके करोड़ों में एक होते हैं। लखीमपुर खीरी के किसान परागी लाल लोधी उन्हीं में से एक हैं। दाएं फेफड़े में कैंसर की गांठ के कारण डाक्टरों ने उन्हें आठ-दस महीनों का मेहमान मान लिया था। करीब छह सेमी लंबी यह गांठ बिना किसी इलाज के खत्म हो गई है।

जन साधारण भले ही इसे `चमत्कार´ माने मगर डाक्टर कहते हैं, कैंसर बिना किसी इलाज के भी ठीक होता है। पिछले अस्सी साल के चिकित्सा इतिहास में दुनिया भर में ऐसे 216 केस सामने आए हैं। सामान्यता इसका श्रेय प्रतिरोधक क्षमता को जाता है मगर परागी लाल में तो यह चमत्कार सत्तर बरस की उम्र में हुआ, जबकि प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है।
लखीमपुर में नई बस्ती निवासी धूम्रपान के शौकीन परागी लाल को 2007 की शुरुआत में बलगम में खून आने की शिकायत हुई। डाक्टरों ने उन्हें टीबी की दवाइयां खिलाईं। सीने में शूल के कारण दिल की दवाइयां भी दीं। महीने गुजर गए। वह ठीक नहीं हुए। नवंबर 2007 में यहां शील अस्पताल पहुंचे। एक्सरे और सीटी स्कैन से उसके दाएं फेफड़े में छह सेमी की गांठ दिखाई दी। ब्रोंकोस्कोपी से कैंसर की पुष्टि हुई और फिर दिल्ली की लाल पैथोलाजी ने भी बायोप्सी में छोटी कोशिकाओं का कैंसर पकड़ा, जो तेजी से बढ़ने के कारण `अतिघातक´ माना जाता है।

चिकित्सा शास्त्र के हिसाब से इलाज होता या नहीं, उनकी आठ-दस महीने से ज्यादा बचने की उ मीद नहीं थी, थोरेसिक सर्जन डा. पवन अग्रवाल कहते हैं। बूढ़ा मरीज होने के कारण सिर्फ कीमो और रेडियो थेरेपी करवाने को कहा, ताकि वह `चंद महीनोंं की बची-खुची जिंदगी´ थोड़े आराम से जी सकें। परागी लाल ने ऐसा कुछ नहीं करवाया। डाक्टर भी उसे भूल गए और इन नौ-दस महीनों में चमत्कार हो गया।

पिछले अगस्त में वह मूत्र संबंधी नई समस्या के कारण दुबारा यहां आए तो उन्हें `अन्यथा स्वस्थ´ पाकर डाक्टर भी चौंक गए। पुराने लक्षण गायब। सीटी स्कैन में फेफड़े की गांठ भी गायब। दिल्ली की लैब में सुरक्षित बायोप्सी की स्लाइडों की दुबारा जांच करवाई गई तो उसमें कैंसर ही था। मरीज में किसी भी प्रकार की सर्जरी या कीमो या रेडियो थेरेपी के चिह्न भी नहीं मिले।
हमने ऐसा सिर्फ किताबों में पढ़ा था, केजीएमयू लखनऊ से थोरेरिक सर्जरी में एमसीएच कर चुके डा. पवन बताते हैं। लंग कैंसर के प्राकृतिक रूप से ठीक होने के सिर्फ आठ केस ज्ञात हैं।

खुद परागी लाल कहते हैं : मैं ठीक हूं। मैंने बीड़ी, शराब और मांस छोड़ दिया था। सुबह जल्दी उठकर खेतों पर टहलना हमेशा की तरह जारी रखा। योग या जड़ी बूटियों के बारे में भी वह नहीं जानते हैं।

कई बीमारियां होती हैं और ठीक भी हो जाती हैं, मदीना में प्रिंस आफ सऊदी अरबिया के फिजीशियन रह चुके डा. सरकार हैदर कहते हैं। सारा खेल इम्यून सिस्टम का है। इतना जरूर है कि कैंसर जैसे रोग का अपने आप ठीक होना विरल मामला है।
ऐसे में परागी की कहानी यहीं खत्म नहीं होती है। व्यापक जनहित का सवाल यह है कि मानव शरीर में ऐसी कौन सी प्रक्रिया है, जो कैंसर को ठीक कर देती है? इसका वैज्ञानिक प्रयोग कैसे अन्य कैंसर रोगियों में हो सकता है? परागी का खून यह पता लगाने के काम आ सकता है। इसे हमेशा के लिए सुरक्षित रखते हुए यह केस ब्रिटिश मेडिकल जर्नल को भी भेजा गया है।
----

कैंसर पर नई दृष्टि

अमेरिकी के बाल्मीटोर में चिकित्सा, जनस्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में अनुसंधान में रत जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी ने कैंसर शोध में नई दृष्टि प्रदान की है :
१. हर व्यक्ति के शरीर में कैंसर कोशिकाएं होती हैं मगर करोड़ों गुणा बढ़ने पर ही ये किसी जांच में पकड़ी जा सकती हैं।
२. अगर व्यक्ति की प्रतिरोधी प्रणाली मजबूत है तो कैंसर कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं।
३. कैंसर होने का मतलब है, व्यक्ति में बहुपोषणीय कमियां - वजहें कई हो सकती हैं - जेनेटिक, आबोहवा, भोजन या लाइफस्टाइल। भोजन और जीवनशैली बदलने से भी इससे उबर सकते हैं।
४. कीमो और रेडियोथेरेपी में अगर कैंसर कोशिकाएं खत्म होती हैं तो अच्छी कोशिकाएं भी। इनसे शुरुआती लाभ हो सकता है, मगर लंबे इस्तेमाल से इम्यून सिस्टम बैठने के कारण आदमी दूसरे संक्रमणों से मर सकता है।
५. कीमो और रेडियोथेरेपी से शरीर में विष बढ़ सकता है, जो अंतत: कैंसर कोशिकाओं के लिए खाद का काम करता है।
६. बेहतर है कैंसर कोशिकाओं को बढ़ने का मौका न दिया जाए। चीनी कैंसर के लिए सबसे बढ़िया भोजन है, इसे बंद करें। इसका विकल्प है शहद, वह भी कम मात्रा में।
७. दूध से भी शरीर में यूकस बनता है, खासकर पेट और आंतों में, यूकस में भी कैंसर फलता है। दूध की बजाय बिना चीनी का सोया मिल्क लें।
८. अम्लीय माध्यम में कैंसर बढ़ता है। चाय, काफी, चाकलेट, धूम्रपान, शराब अम्ल बनाते हैं। मांस भी। इन्हें बंद करने का मतलब है कैंसर कोशिकाओं का भोजन बंद करना। परागीलाल ने भी यही किया।
९. कैंसर शरीर, मस्तिष्क और मन की बीमारी है। मन को चंगा रखें, घृणा, प्रतिस्पर्धा, तनाव से दूर रहें, कैंसर से लड़ने में मदद मिलेगी।
१०. आक्सीजन बहुल माहौल में कैंसर ज्यादा नहीं जी पाएगा। गहरी सांसें लें, सुबह शाम टहलें, कैंसर हारने लगेगा।



परागीलाल जी (ऊपर लगी तस्वीर उन्हीं की है) ने यही किया।

मकर संक्रांति पर गुलजार की प्रेम-पतंग!


रोज रात छत पर तारे आते हैं और आंखें झपकाकर कहते हैं कि कह दे। रोज रात चंद्रमा सिर पर आकर खड़ा हो जाता है और मुंह बनाकर कहता है -कह दे। पता नहीं, ये हवाएं कहां से चली आती हैं और हलचल मचाती हुई कह जाती हैं कि कह दे। और तो और अधखुली खिड़की में वह पीला फूल बार-बार झांककर कहता है कि कह दे। गुलजार हमारे दिल में दबी और होठों पर रूकी इन्हीं बातों को बहुत सादा लफ्जों में लेकिन दिलकश अंदाज में बयां कर देते हैं। बसंत अभी दूर है लेकिन गुलजार के गीत से बहती हवाएं हमेशा ही इश्क के मौसम को गुलजार रखती हैं। उनके गीतों की रंगतें, अदा और अंगड़ाई अजब-गजब हैं। गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड की वजह से स्लमडॉग सुर्खियों में है लेकिन इसी फिल्म में गुलजार का लिखा गीत जय हो पर किसी का ध्यान नहीं गया है। मकर संक्रांति के ठीक पहले यह गुलजार की मोहक प्रेम-पतंग है। उन्होंने इसे अपनी कल्पना की नर्म -अो-नाजुक ठुनकियों से उठान दी है। उनके पास दिल का ऐसा उचका है जिसकी मोहब्बत की रंग-बिरंगी महीन डोर कभी न खत्म होती है न कभी आहत करती है। उनमें इश्क के पेंच लड़ाने की अदाएं तो हैं लेकिन किसी प्रेम पतंग को काटने की आक्रामकता नहीं। कटना मंजूर है, काटना हरगिज नहीं। इस गीत में भी वे अपनी महीन बात को कहने के लिए कुदरत का एक हसीन दृश्य चुनते हैं जिसमें तारों भरी रात को वे जरी वाले नीले आसमान में और भी खूबसूरत बना देते हैं। फिर इसी नीले आसमान के नीचे वे जान गंवाने, कोयले पर रात बिताने और तारों से उंगली जलाने की मार्मिक बात कहते हैं। उनकी इस अदा पर कौन न मर जाए। जरा गौर कीजिए-
आजा जरी वाले नीले आसमान के तले/रत्ती रत्ती सच्ची मैंने जान गवाई है/नाच नाच कोयलों पे रात बिताई है/अंखियों की नींद मैंने फूंकों से उड़ा दी/गिन गिन तारे मैंने ऊंगली जलाई है।
प्रेम और विरह का कितना सुंदर खयाल और किस किस मारू अंदाज के साथ। गुलजार के गीत रात, आसमान, तारे और चंद्रमा से मिलकर बनते हैं। इस गीत में भी वे हैं। लेकिन अपने शब्दों का महकता हार बनाने के लिए वे शब्दों को फूलों की तरह चुनते हैं। इस गीत में रत्ती रत्ती, नाच नाच औऱ गिन गिन शब्दों के जरिये वे लगभग न पकड़ में आने वाले अमूर्त भावों को कितनी सहजता से अभिव्यक्त कर जाते हैं। और फिर उनकी असल कविता तो सच्ची मैंने जान गंवाईं, कोयलों पे रात बिताई और तारे से उंगली जलाई पंक्तियों में जिंदा होती है। ये है अकेलेपन की तड़प, प्रेम की घनी उपस्थिति। और फिर इसमें रात को शहद मानकर चख लेने की और काले काजल को काला जादू कहने की बातें हैं। लेकिन रूकिए, असल बात तो अब है। आंखें झुकी हैं, और लब पे रुकी बात को कह डालने की यह नाजुक घड़ी है। देखिए तो सही-
कब से हां कब से जो लब पे रूकी /कह दे कह दे हां कह दे/अब आंख झुकी है/ऐसी ऐसी रोशन आंखे/रोशन दोनों हीरे हैं , क्या? / आजा जिंद नीले शामियाने के तले। जय हो, जय हो।
आंखें झुकी हैं और यह एक हसीन मौका है। इसलिए अपने दिल की , होठों पे रूकी बात कह की गुजारिश है। इस बार मकर संक्रांति पर गुलजार की यह प्रेम-पतंग कट कर हमारे आंगन में आई है। इसे अपने दिल की डोर से बांधिए, मोहब्बत से उडाइए। हवा भी मेहरबान है और सूरज भी। क्या पता, आप जिसे चाहते हैं, वह भी इस बदलते मौसम में मेहरबान हो जाए। मकर संक्रांति की शुभकामनाएं।

Tuesday, January 13, 2009

प्रेम भटी का मदवा पिला के मतवारी कर दीन्ही मोसे नैना मिलाय के



हज़रत अमीर ख़ुसरो की सम्भवतः सबसे ज़्यादा लोकप्रिय रचना है 'छाप तिलक सब छीनी रे'. रंगे-सुख़न पर जनाब एस. बी सिंह, कर्मनाशा और इसी कबाड़ख़ाने पर सिद्धेश्वर बाबू द्वारा और कई अड्डों पर अलग अलग मित्र-साथियों द्वारा यह रचना अलग अलग आवाज़ों में सुनवाई गई हैं.

कल एक साहब मेरे वास्ते बहाउद्दीन क़ुतुबुद्दीन क़व्वाल एण्ड पार्टी का दुर्लभ कलेक्शन 'फ़्लाइट ऑव द सोल' कहीं से जुगाड़ लाए. इन क़व्वाल-बन्धुओं से मेरा परिचय फ़क़त एक ही (लेकिन क्या शानदार) क़व्वाली से था. कल रात भर इस अल्बम को कई मर्तबा सुना गया. आज लगा थोड़ा ज़्यादा सम्पन्न समृद्ध हुआ हूं. यह महज़ इत्तफ़ा़क़ है कि इस से ठीक पहले बाबा नुसरत विराजमान हैं और वे भी इसे गा चुके हैं.

सुनिये, लुत्फ़ लीजिये और हैरत कीजिये कि एक ही रचना कितनी कितनी बार कितने कितने तरीकों से गाई जा सकती है.



डाउनलोड लिंक: http://www.divshare.com/download/6311018-1df

फूल रही सरसों सकल बन



बाबा नुसरत फ़तेह अली ख़ान से सुनिये राग बहार में कम्पोज़ की गई यह अमर रचना.

Monday, January 12, 2009

कैलेण्डर, पतझड़, मौसमे-बहार वगैरह के बहाने मिलिए शम्भू राणा से

८ सितम्बर १९६९ को देहरादून में जन्मे हमारे प्रिय मित्र शम्भू राणा से इस नए साल में आप को बहुत बार मिलवाया जाएगा. जनाब पत्रकार हैं, लेखक हैं घुमक्कड़ हैं और सबसे ऊपर उम्दा इन्सान हैं. नैनीताल से कोई तीस सालों से लगातार निकलने वाले 'नैनीताल समाचार' नामक जनपक्षधर और सचेत पाक्षिक अखबार का मुझे इधर चस्का लगवाने का श्रेय शम्भू जी को जाता है. पिछले कई सालों में और ख़ासतौर पर पिछले एकाध साल में उन्होंने एक से एक चीज़ें लिखी हैं. उनकी शैली और कथ्य को बहुत करीब से पढ़ने समझने वाला पाठक यह भी जान जाता है वे बहुत पढ़े-लिखे आदमी हैं. इस साल उनके लेखों की एक पुस्तक किसी ठीकठाक जगह से ला पाना मेरा स्वप्न है क्योंकि यह शानदार लेखक इस वक्त हमारे देश में लिख रहे भले-भले लेखकों से सौ गुना बेहतर है और उसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को पढ़ाया जाना चाहिये. नए साल पर लिखा उनका एक पीस पेश है.



सभी को पता है फिर भी बताना ठीक रहता है कि नया साल आ गया। अपना मकसद नये साल की बधाई देना नहीं है। अपनी ज़बान में कुछ ऐसी तासीर है कि जिसे नया साल मुबारक कहा, उनमें से ज्यादातर की जेब साल की शुरूआत में ही कट गयी। इसी तरह लोगों की दुआ भी अपने लिये दुआ ही रही दवा नहीं बन पायी।

दरअसल मैं कुछ और कह रहा था, शुरूआत में ही भटक गया। कहना चाह रहा था कि दिसम्बर महीने का अंत और जनवरी की शुरूआत कैलेण्डरों के लिये पतझड़ भी है और मौसमे-बहार भी। पुराने कैलेण्डर उतर जाते हैं, उनकी जगह नये दीवारों में टाँक दिये जाते हैं। यह कैलेण्डर और डायरियाँ बटोरने का सीजन होता है। चाहे जहाँ से, जितने मिल जायें, न कहने का रिवाज नहीं है। कोई चाहे एक करोड़ कैलेण्डर छाप ले, शर्तिया कम पड़ेंगे और कई लोग नाराज मिलेंगे- भाई साहब हमें आपका कैलेण्डर नहीं मिला। हम आपको ऐसा नहीं समझते थे। आदमी कुछ इस अदा से शिकायत करता है जैसे कैलेन्डर रूपी पासपोर्ट के बिना उसे नये साल में दाखिल होने से रोक दिया गया हो। बेचारे की आपने जिंदगी तबाह कर दी। एक जरा सी कागज के टुकड़े के लिये। हद है कमीनेपन की भी।

कोई आदमी कैलेण्डर लेकर जा रहा हो तो, जरा देखूँ कैसा है कह कर भाग जाने की भी परम्परा है। लुटा हुआ आदमी भी कुछ खास बुरा नहीं मानता, लुटेरे को दो-चार गालियाँ देकर बात भूल जाता है।

जिस तरह कुछ लोगों को पानी भरने का खब्त होता है, वैसे ही कुछों को कैलेण्डर बटोरने का रोग होता है। जगह के अभाव में भले ही एक के ऊपर दूसरा-तीसरा टाँक देंगे पर कैलेण्डर के लिये खुशामद, सिफारिश और छीन-झपट से भी परहेज नहीं करेंगे।

यह सब एक प्रकार का सोद्देश्य कर्मयोग है, जो कैलेन्डर रूपी फल की इच्छा से किया जाता है। इसकी शिक्षा गीता नहीं देती। उसका कारण है। श्रीकृष्ण के जमाने में कैलेण्डर नहीं होते थे। अगर होते तो महाभारत का युद्ध जनता की भारी माँग पर 19 दिन चलता और गीता 18+1 अध्याय की होती। कृष्ण ने अर्जुन से अवश्य यह कहा होता कि हे अर्जुन, सुन जरा ध्यान से और वेदव्यास, तू भी सुन इस अध्याय को जरा बड़े फोंट में लिखना। प्रूफ की गलती तो हरगिज मत करना। तो अर्जुन चाहे जो हो, तू दिसम्बर के महीने में न तो आखेट को जाना, न युद्ध करना और न ही किसी सुंदरी के अपहरण का प्लान बनाना। आउट ऑफ स्टेशन मत होना, शहर में ही रहना और हर लाले-बनिये, बैंक एल.आइ.सी. से कैलेण्डर और डायरी प्राप्त करने का जी तोड़ प्रयत्न करना। प्यार से माँगना, खुशामद करने में मत शर्माना। इस पर भी न मिले तो खड्ग दिखाना। फिर भी न मिले कैलेण्डर तो अपमान का घूँट पी जाना। थोड़ा धैर्य रखना। मार्च में होलियों से निपट कर कैलेण्डर न देने वाले के खिलाफ युद्ध छेड़ देना। धर्म और नीति यही कहती है। हे पार्थ, जो मनुष्य अपने इस कर्म से विमुख होता है उसकी आत्मा उसे बाकी के तीन सौ पैंसठ दिन कचोटती रहती है। मृत्यु के बाद ऐसे व्यक्ति के लिये द्वारपाल बावजूद सुविधाशुल्क के नरक के दरवाजे नहीं खोलते। हे महाबाहो, तू इस पाप का भागी मत बनना।

साधारण से कैलेण्डरों के लिये जब इतनी मारामारी है तो विजय माल्या के कैलेण्डर पाने के लिये कोई किसी का कत्ल कर दे या सरकार अल्पमत में आ जाये तो कम से कम अपने को कोई हैरानी नहीं होगी।

कैलेण्डरों की लोकप्रियता पर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिये। जो चीज लोकप्रिय होती है उसका अगर कोई रचनात्मक और लोक कल्याणकारी इस्तेमाल किया जाये तो क्या बुरा है। धंधे को प्रभावित किये बिना अगर थोड़ी समाज सेवा भी हो जाये तो किसे एतराज होगा। मसलन, मेरे दिमाग में एक आइडिया है जिसे जनहित में प्रकाशित करवाना चाहता हूँ। इससे लोगों का समय बचेगा और स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। आइडिया कुछ यूँ है- शेर की दहाड़ती हुई सजीव तस्वीर वाला कैलेण्डर छापा जाये। किसी फिल्म स्टार से ऐसे कैलेण्डर का प्रचार करवाया जाये कि इसे कमरे में नहीं, पाखाने में अपने बैठने के ऐन सामने टाँकें। फिल्म स्टार से कहलवाया जाय कि जब से मैंने इस कैलेण्डर को इसके उचित स्थान पर टाँका तब से मैं शूटिंग में समय से पहुँचता हूँ। मेरी रूठी हुई गर्ल फ्रैंड भी लौट आयी, मेरे कैरियर में टर्निंग प्वाइंट आया वगैरा-वगैरा...

यह तो एक मिसाल थी। ऐसे और भी बहुत से विचार हो सकते हैं, जिनसे कैलेण्डरों को और ज्यादा सार्थक और उपयोगी बनाया जा सकता है। कृपया सब मिल कर सोचें।

Friday, January 9, 2009

क्या तेरा बिगड़ता, जो न मरता कोई दिन और

मिर्ज़ा ग़ालिब से जुड़ा कोई तारीखी वाक़या जब भी पेश आता है अच्छे लोग दरपेश हो जाया करते हैं. इससे साबित होता है कि दुनिया भर में ग़ालिब के प्रशंसकों की तादाद में दिनों दिन इजाफ़ा हो रहा है. पिछले दिनों ग़ालिब की पुण्यतिथि के आसपास 'कबाड़खाना' और कुल मिलाकर ब्लॉगजगत में भी आपने इसका सबूत पाया है. चाहनेवाले ग़ालिब को तरह- तरह से याद किया करते हैं. उनका मर्सिया भी अक्सर पढ़ा जाता है. आज पढ़िए ख़ुद मिर्ज़ा ग़ालिब का लिक्खा अपने भानजे (ज़ैनुल आबदीन जो ईसवी सन १८५२ में महज ३६ वर्ष की अल्पायु में खुदा को प्यारे हो गए थे. इन्हें ग़ालिब ने गोद ले लिया था.) का मर्सिया-





लाजिम था कि देखो मिरा रस्ता; कोई दिन और
तन्हा गए क्यों अब रहो तन्हा कोई दिन और

मिट जाएगा सर, गर तिरा पत्थर न घिसेगा
हूँ दर प तिरे नासिय: फ़रसा कोई दिन और

आए हो कल और आज ही कहते हो कि जाऊं
माना, कि हमेशा: नहीं अच्छा, कोई दिन और

जाते हुए कहते हो, क़यामत को मिलेंगे
क्या ख़ूब, क़यामत का है गोया कोई दिन और

हाँ आय फ़लक-ए-पीर, जवाँ था अभी 'आरिफ़
क्या तेरा बिगड़ता, जो न मरता कोई दिन और

तुम माहे-ए-शब-ए-चारदहुम थे, मिरे घर के
फ़िर क्यों न रहा घर का वह नक्शा कोई दिन और

Thursday, January 8, 2009

भाषा का बहता नीर और मुहावरों की पतली गली

पिछले महीने ५ -६ दिसंबर को ( अब तो पिछले साल भी कहना पड़ेगा ) 'पहाड़' के रजत जयंती कार्यक्रम मे शामिल होने के सिलसिले में पिथौरागढ़ जाना हुआ था. उस कार्यक्रम की रपट अखबारों में प्रमुखता से छपी है . व्यकिगत रूप से यह मेरे वास्ते मित्र मिलन भी था. आयोजनकर्ताओं ने प्रतिभागियों की खूब आवभगत की. किसी किस्म की दिक्कत नहीं हुई. मेघना रेस्टोरेंट के भोजन का स्वाद अभी तक जिह्वा के कोर पर उतराया हुआ है. ६ तारीख को नगरपालिका सभागार में संपन्न ' पहाड़ सम्मान' के अवसर पर कई लोगों को टोपी पहनाई गई- मतलब कि टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया. मंच से घोषणा होती रही और लोग टोपी पहनाकर -पहनकर खुश होते रहे, मुस्कराते रहे. निश्चित रूप से यह सम्मान - सौजन्य के प्रकटीकरण का एक बेहद सादा कार्यक्रम था- खुशनुमा और गर्मजोशी से लबरेज- न फूल , न माला , न बुके.. बस्स आदर से दोनो हाथों में सहेजी गई एक अदद टोपी और अपनत्व से नत एक शीश. उसी समय मुझे लगा कि घर पहुँचकर फुरसत से मुहावरा कोश खँगालना पड़ेगा , यह जानने के लिए कि हिन्दी में टोपी पर कितने व कितनी तरह के मुहावरे हैं . आपको यह नहीं लगता कि 'टोपी पहनाना' वाक्यांश मुहावरे की तरह इस्तेमाल होता है और उसका वह अर्थ तो आज की हिन्दी में भाषा नहीं ही होता है जो 'पहाड़' के आयोजकों की नेक मंशा थी. यही कारण था कि सभागर में विराजमान दर्शक - श्रोता टोपी पहनाने के बुलावे की घोषणा होते ही मंद-मंद मुस्कुराने लग पड़ते थे. मुहावरा कोश में मुझे टोपी पर कुल चार मुहावरे और उनके अर्थ कुछ यूँ मिले -

१. टोपी उछालना - इज्जत उतारना / अपमानित करना
२. टोपी देना - टोपी पहनाना , कपड़े देना / पहनाना
३. टोपी बदलना - भाई चारा होना
४. टोपी बदल भाई - सगे भाई न होते हुए भी भाई समान

ध्यान रहे कि इन मुहावरों का संदर्भ पगड़ी से भी जुड़ा है क्योंकि टोपी के मुकाबले पगड़ी से हिन्दी के भाषायी समाज का रिश्ता निकटतर है / रहा है.

इसी प्रसंग में मैंने जब अपने निकट की बोलचाल की हिन्दी को टटोलकर देखा तो पता चला कि कबीर ने सही कहा था कि 'भाखा बहता नीर'. कोश -थिसारस आदि किताबें हैं - दस्तावेज , प्रामाणिक संग्रह किन्तु इनकी सीमाओं के पार भाषा और उसकी प्रयुक्ति की एक ऐसी दुनिया है जो रोज बन रही है व बदल रही है. हमारी अपनी हिन्दी रोज नई चाल में ढल रही है और नए - नए मुहावरे अपनी नई नई अर्थछवियों के साथ नित्य उदित और उपस्थित हो रहे हैं. मैं कोई भाषाविद नहीं हूँ , इसलिए मेरे पास इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि बता सकूँ इनमें से कितने मुहावरा कोश ग्रंथों में सहेजे जा चुके हैं. आइए एक नजर उन दस मुहावरों पर डालते हैं जो हिन्दी के नये रंग में अपनी छटा बिखेर रहे हैं -

१. चिड़िया लगाना / चिड़िया बिठाना
२. चाय पानी करना / चाय पानी करवाना
३. सुविधा शुल्क देना / लेना
४. झंड होना / झंड करना
५. फंडे देना / फंडू होना
६. सेटिंग करना / सेटिंग करवाना
७. लाइन मारना / लाइन देना
८. गोली देना
९. सैट होना / टैट होना
१०. पतली गली पकड़ना / पतली गली से निकल लेना

ऊपर दिए गए मुहावरों का क्रम दस पर ही बस नहीं होता है.ऐसे ढेरों मुहावरे हैं / होंगे जिनका प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है. इसीलिए ऊपर जानबूझ कर उनके अर्थ भी नहीं दिए गए क्योंकि ये सब आज की बोलचाल की हिन्दी का हिस्सा हैं.शुद्ध हिन्दी ,मानक हिन्दी, परिष्कृत हिन्दी, परिनिष्ठित हिन्दी, संस्कारवान हिन्दी, चालू - चलताऊ हिन्दी, असली हिन्दी, हिंगलिश, जैसी कई तरह की हिन्दी हमारे निकट विद्यमान है. सवाल यह है कि हमें अपने जीवन संस्कार में भाषा के किस संस्कार को अपनाना है . जो भी हो मुहावरे हर तरह की हिन्दी में हैं .मैंने तो अपने आसपास सुनाई देने वाली हिन्दी से कुछ मुहावरेदार नमूने पकड़े और पेश किए हैं . अगर इनसे किसी को किसी तरह की असुविधा लगे तो क्षमा चाहते हुए इतना ही कहना है कि ये भाषा की परिधि में मौजूद हैं - ये आपकी, मेरी भाषा का अविभाज्य अंग बनें या न बनें यह चुनाव नितांत वैयक्तिक है परंतु उनकी सामाजिक उपस्थिति से कतई इनकार नहीं किया जा सकता.

खैर,आपने यह पोस्ट पढ़ी. आभार. अब तो भलाई इसी में है कि मैं पतली गली से निकल...नहीं नहीं फूट ही लेता हूँ

Wednesday, January 7, 2009

सुक्रे-शबाबो-यादे-यार, दर्दे- फ़िराक़ो-इंतज़ार

"ग़ज़ल शब्द के दो अर्थ होते हैं - एक ग़ज़ल, दूसरा बेग़म अख़्तर"।
ऐसा मानने वाले कैफ़ी आज़मी साहब की एक शुरुआती ग़ज़ल बेग़म अख़्तर ने गाई थी जो खासी मक़बूल है। इसी ग़ज़ल के बहाने दोनों को एक साथ याद कर रहा हूँ। हैरानी होती है कि बेग़म अख़्तर का ग़ज़लों का चुनाव इतना सटीक कैसे होता था। कोई भी ग़ज़ल निराश नहीं करती।
बहरहाल बकवाद बंद और ग़ज़ल चालू...




इतना तो ज़िन्दगी में किसी की खलल पड़े
हँसने से हो सुकून न रोने से कल पड़े।

जिस तरह हँस रहा हूँ मैं पी-पी के अश्क-ऐ- गम
यूँ दूसरा हँसे तो कलेजा निकल पड़े।

इक तुम कि तुम को फ़िक्रे-नशेबो-फ़राज़ है
इक हम कि चल पड़े तो बहरहाल चल पड़े।

मुद्दत के बाद उसने जो की लुत्फ़ की निगाह
जी खुश तो हो गया मगर आँसू निकल पड़े।

साकी सभी को है गम-ए-तश्ना:लबी मगर
मय है उसी के नाम पे जिसके उबल पड़े।

Saturday, January 3, 2009

अनदिखे -अनकहे टूटन की तसल्लीबख्श मरम्मत के वास्ते एक गीत

दिल लगाकर , लग गया उनको भी तन्हा बैठना,
बारे , अपनी बेकसी की हमने पाई दाद याँ.

भाई मीत ने 'कबाड़खाना' पर नए साल का आगाज़ अपने अंदाज में किया - 'आके सीधी लगी'. अच्छा लगा यह सीधा लगना-

ग़ालिब मेरे कलाम में क्यूँ कर मज़ा न हो,
पीता हूँ धोके खुसरू-ए-शीरीं-सुखन के पाँव.

इधर एकाध दिन से मैं देख रहा हूँ कि नए बरस में कबाड़ी संप्रदाय के सदस्य शायद छुट्टी के मूड में आए हुए हैं या फिर कुछ ऐसा लगता है (शायद) 'रूठु' गये हैं -

दिखा के जुंबिशे लब ही तमाम कर हमको,
न: दे जो बोस: तो मुँह से कहीं जवाब तो दे.

हालाँकि मुझे अच्छी तरह से पता है कबाड़ीगण 'रूठु' नहीं गए हैं -और भी काम हैं कबाड़ खँगालने के सिवा. यह भी पता है कि इस नाचीज को छोड़कर सारे के सारे कबाड़ी उम्दा कबाड़ के संग्रहकर्ता है और हाँ , प्रस्तुतकर्ता भी. हमारे ठिए पर आने वाले सहॄदय ही सचमुच के सहॄदय हैं.जैसा कि आप देख ही रहे हैं ऊपर दिए गए कुछ अशआर इस बत को बयाँ करने के वास्ते काफी हैं कि फिलहाल यह बंदा मिर्ज़ा ग़ालिब की शायरी की गिरफ़्त में चल रहा है.अतएव चलते-चलते सारे कबाड़ियों व इस मुकाम पर पधारने वाले सहॄदयों के लिए महाकवि ग़ालिब की एक मशहूर ग़ज़ल के ये दो शे'र -

नक्श को उसके , मुसव्विर पर भी क्या-क्या नाज़ है,
खेंचता है जिस कदर , उतना ही खिंचता जाए है.

हो के आशिक , वो परी रुख़ और नाज़ुक बन गया,
रंग खुलता जाए है, जितना के: उड़ता जाए है.

इस काव्य -चर्चा / कबाड़ चर्चा के बाद आइए सुनते हैं यह गीत जो किशोरावस्था को फँलांगने के दौर में अलग और 'कुछ हट के ' लगता था. तब क्या पता था कि कभी जीवन किसी कालखंड में ऐसे ही गीत 'नून -तेल - लकड़ी' की जद्दोजहद में भीतर के अनदिखे -अनकहे टूटन की तसल्लीबख्श मरम्मत का साधन बनेंगे. खैर...



स्वर : शोभा गुर्टू
संगीत : लक्ष्मीकांत प्यारेलाल
फ़िल्म : मैं तुलसी तेरे आँगन की