Tuesday, March 31, 2009

किस कदर सख़्त है रफ़्तारे-ज़माना कुछ सोच



हाल ही में कबाड़ी बने योगेश्वर सुयाल का लिखा यह परिचय और उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई यह सामग्री दुर्लभ और ऐतिहासिक है. अभी कुछ दिन पहले मुनीश भाई ने कुछ पुरानी अंग्रेज़ी कविताएं यहां लगाने का अनुरोध किया था. इत्तेफ़ाक देखिये यह सब कल ही मुझ तक पहुंच भी गया. हर लिहाज़ से यह पोस्ट भाई योगेश्वर की है.

कविता ढाई सौ साल पुरानी। तर्जुमा 1959 का। मूल कवि हैं विलियम कूपर। अनुवादक - रोलैंड लॉरेंस।

परिचय बस इतना कि लॉरेंस साब कभी मुरादाबाद की नाक रहे पारकर कालेज में करीब चालीस साल गणित पढ़ाने के बाद अब उसी के धोरे जॉर्डन बॉयज़्‌ होम कैंपस में अपनी पत्नी शीला वाजयेपी के साथ रहते हैं।

हमें भी यह कालेज छोड़ने के बाद ही पता चला कि लॉरेंस साब कविताएं भी लिखते हैं, वो भी उर्दू में। अभी पिछले दिनों मुरादाबाद जाना हुआ तो मुद्दत बाद उनके दर्शन हुए और लगे हाथ हम उनकी कुछ कविताएं देवनागरी में उतरवा लाए। सुनाई उन्हीं ने थी।


यह अंग्रेज कवि विलियम कूपर की एक कविता का भावानुवाद है। कवि को अपनी कज़न से प्रेम हो गया था मगर विवाह की इजाजत नहीं मिली। तब कवि ने उसे भावपूर्ण पत्र लिखे थे। ये उन्हीं का अनुवाद है। यह उनकी पुस्तक 'गाहे-गाहे' में संकलित है, जिसे उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी का पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।

देवनागरी में पहली बार इनका लिप्यंतरण पेश है.


तजदीदे-वफ़ा
(रिवाइवल ऑव फ़ेथ)

किस कदर सख़्त है रफ़्तारे-ज़माना कुछ सोच
इसके धारे पे मुसर्रत का गुजर भी तो नहीं
गमो-अन्दोह के तारीक घने सायों में
कहीं हम प्यार की घड़ियों को न जाया कर दें

अपनी सीमाबिए-फितरत से कनारा कर ले
चंद लम्हे हैं यही प्यार भरे अपने रफीक
इनको ठुकरा के हमें चैन न मिल पाएगा
दामने-गम का कोई चाक न सिल पाएगा

तेरी आंखें कि जिन्हें प्यार किया है हमने
जिन पे ठहरी हैं निगाहें मेरी अक्सर जाकर
मेरी जुर्रत पे न रूठेंगी यकीं है मुझको
उनके आंचल में कोई गम नहीं लहराएगा

मेरी बेबाकियां मालूम हैं मुझको ऐ दोस्त!
तुमको नफरत पे न मजबूर करेंगी हरगिज
आज भी तेरे करम पर है भरोसा मुझको
आज फिर तेरी इनायत का तलबगार हूं मैं

आ शबो-रोज को रंगीन बना लें कुछ देर
सारी बेकैफिए-अय्याम मिटा लें कुछ देर
तुझसे दूरी में तबाही के सिवा कुछ भी नहीं
एक शिकायत की सियाही के सिवा कुछ भी नहीं

जबकि आलाम-ओ-मसाइब है मुकद्दर अपना
दामने-ज़ब्त को हम हाथ से क्यूं जाने दें
वक्त ने हमको संभलने की इजाजत दी है
क्यूं गुजर जाएं जमाने से कनारा कर के।


विलियम कूपर (१७३१-१८००) अठारहवीं सदी के बड़े अंग्रेज़ कवि माने जाते थे. उनकी कविताएं साधारण जन के रोज़मर्रा दुख सुख के अनन्य दस्तावेज़ों में शुमार की जाती हैं. अंग्रेज़ी में मूल कविता इस तरह है.

Revival of Faith

Think, Delia, with what cruel haste
Our fleeting pleasures move,
Nor heedless thus in sorrow waste
The moments due to love.

Be wise, my fair and gently treat
These few that are our friends;
Think thus abus'd what sad regret
Their speedy flight attends!

Sure in those eyes I lov'd so well,
And wis'd so long to see,
Anger I thought could never dwell
Or anger aim'd at me.

No bold offence of mine I knew
Should e'er provoke your hate;
And, early taught to think you true,
Still hop'd a gentler fate.

With kindness bless the present hour;
Or oh! we meet in vain!
What can we do in absence more
Than suffer and complain?

Fated to ills beyond redress,
We must endure our woe;
The days allow'd us to possess,
'Tis madness to forego.

लॉरेन्स साहब द्वारा अनूदित कूपर की एक और कविता अगली पोस्ट में देखिये.

(सबसे ऊपर का चित्र: ब्रिटिश पेन्टर जॉर्ज फ़्रेडरिक वॉट्स (१८१७-१९१७) की कलाकृति 'होप')

Sunday, March 29, 2009

जीवन कितना भी बड़ा हो बायोडाटा छोटे ही अच्छे माने जाते हैं

शिम्बोर्स्का की कविताओं की सीरीज़ में फ़िलहाल में यह आख़िरी कविता लगा रहा हूं. दोबारा किसी उचित मौके पर उन पर एकाध और सीरीज़ यहां लगाने का विचार मन में पक्का किया हुआ है.



बायोडाटा लिखना

क्या किया जाना है?
आवेदनपत्र भरो
और नत्थी करो बायोडाटा

जीवन कितना भी बड़ा हो
बायोडाटा छोटे ही अच्छे माने जाते हैं.

स्पष्ट, बढ़िया, चुनिन्दा तथ्यों को लिखने का रिवाज़ है
लैंडस्केपों की जगह ले लेते हैं पते
लड़खड़ाती स्मृति ने रास्ता बनाना होता है ठोस तारीख़ों के लिए.

अपने सारे प्रेमों में से सिर्फ़ विवाह का ज़िक्र करो
और अपने बच्चों में से सिर्फ़ उनका जो पैदा हुए

तुम्हें कौन जानता है
यह अधिक महत्वपूर्ण है बजाए इस के कि तुम किसे जानते हो.
यात्राएं बस वे जो विदेशों में की गई हों
सदस्यताएं कौन सी, मगर किसलिए - यह नहीं
प्राप्त सम्मानों की सूची, पर ये नहीं कि वे कैसे अर्जित किए गए.

लिखो, इस तरह जैसे तुमने अपने आप से कभी बातें नहीं कीं
और अपने आप को ख़ुद से रखा हाथ भर दूर.

अपने कुत्तों, बिल्लियों, चिड़ियों,
धूलभरी निशानियों, दोस्तों, और सपनों को अनदेखा करो.

क़ीमत, वह फ़ालतू है
और शीर्षक भी
अब देखा जाए भीतर है क्या
उसके जूते का साइज़
यह नहीं कि वह किस तरफ़ जा रहा है-
वह जिसे तुम मैं कह देते हो
और साथ में एक तस्वीर जिसमें दिख रहा हो कान
- उसका आकार महत्वपूर्ण है, वह नहीं जो उसे सुनाई देता है.
और सुनने को है भी क्या?
-फ़क़त
काग़ज़ चिन्दी करने वाली मशीनों की खटरपटर.

-------------------------------
कबाड़ख़ाने पर विस्वावा शिम्बोर्स्का से सम्बंधित सारी पोस्ट्स देखने को यहां क्लिक करें.

(फ़ोटो: 'लिटरेरी लाइफ़' पत्रिका के दफ़्तर में विस्वावा शिम्बोर्स्का, जनवरी १९६१. १९५३ से १९८१ के दरम्यान शिम्बोर्स्का ने इस पत्रिका में बतौर कविता-सम्पादक और स्तंभकार कार्य किया)

क्या शानदार संख्या है पाई

दसवीं तक गणित पढ़े हर किसी शख़्स ने कभी न कभी पाई का इस्तेमाल करते हुए वृत्तों का क्षेत्रफल इत्यादि निकालने का काम किया होगा. वही पाई आर स्क्वायर वाले फ़ॉर्मूले से. पाई यानी २२/७ एक विकट संख्या है. गणित, विज्ञान और अभियांत्रिकी के कई महत्वपूर्ण फ़ॉर्मूले इस पर आधारित हैं.

पाई को दशमलव में तब्दील करने पर गणित पढ़ाने वाले गुरुवर एक ग़ज़ब बात बताया करते थे.

π = २२/७ = ३.१४१५९२६५३५८९७९३२३८४६२६४३३.........

यह दशमलव अनन्त तक खींचा जा सकता है और इसके अंक किसी भी नियमित पैटर्न को फ़ॉलो नहीं करते.

क्या पाई कविता का विषय बनाया जा सकता है? हां, अगर शिम्बोर्स्का चाहें तो वे कुछ भी कर सकती हैं:




पाई

क्या शानदार संख्या है पाई:
तीन दशमलव एक चार एक.
आगे के सारे अंक भी शुरुआती हैं
पांच दो नौ क्योंकि कभी खत्म नहीं होना इस संख्या को
एक निगाह में नहीं समझ सकते इसे आप छः पांच तीन पांच
न गणना से आठ नौ
न कल्पना से सात नौ
न तर्कशास्त्र से तीन दो तीन आठ या तुलना से
चार छः या दुनिया की किसी भी चीज़ से
दो छः चार तीन

करीब चालीस फ़ीट के बाद दुनिया का सबसे बड़ा सांप
इस से हार मान लेता है.
इसी तरह किया करते हैं गाथाओं में आने वाले सांप -
अलबत्ता वे थोड़ा ज़्यादा देर तक ठहर पाते होंगे
पाई संख्या बनाने वाले अंकों का नृत्य
पृष्ठ के कोने पर पहुंच कर भी नहीं थमता
वह मेज़ से होता, हवा से गुज़रता हुआ
दीवार पर से, एक पत्ती, चिड़िया के घोंसले और बादलों से होता
सीधा आसमान में जा पहुंचता है
तमाम अतल स्वर्गों से गुज़र कर.
ओह, कितनी छोटी होती है पुच्छलतारे की पूंछ -
किसी चूहे या सूअर की पूंछ जितनी
कितनी कमज़ोर होती है एक तारे की किरण
जो शून्य में टकराते ही मुड़ जाती है!
जबकि यहां हमारे पास हैं - दो तीन पन्द्रह तीन सौ उन्नीस
मेरा फ़ोन नम्बर
तुम्हारी कमीज़ का साइज़
साल
उन्नीस सौ तिहत्तर और छ्ठी मंज़िल
लोगों की संख्या पैंसठ सैंट
कूल्हों की नाप, दो उंगलियां
एक गीत के बोल
एक कोड जिसमें हमें मिलते हैं "तुम्हारा स्वागत ओ फ़रिश्ते"
"चिड़िया तुम कभी नहीं थीं"
और इनकी बग़ल में "देवियो और सजानो, डरने की ज़रूरत नहीं"
और साथ ही "धरती और स्वर्ग दोनों ही गुज़र जाएंगे"
लेकिन पाई नहीं गुज़रेगी.
ना जी, कोई मतलब ही नहीं होता.
वह बनाए रखती है अपने उल्लेखनीय पांच को
अपने ख़ास आठ को
जो दूर रखता है आख़िरी सात को
कोहनी मारता
जारी रखता हुआ
एक अलसाई अनन्तता को.

Saturday, March 28, 2009

लंका चल्यो राम



दिल्ली में एक परिचित के सौजन्य से मुझे एक डॉक्यूमेन्ट्री प्राप्त हुई - 'खयाल दर्पण'. विभाजन के बाद भारतीय शास्त्रीय संगीत की परम्परा को कितने बदलावों और ग़ैरज़रूरी विभाजनों से जूझना पड़ा, यही इस फ़िल्म की मुख्य थीम है. फ़िल्म आपको आज के पाकिस्तान के संगीत परिदृश्य से परिचित कराती भी चलती है.

सन २००५ में दिल्ली में रहने वाले फ़िल्म निर्माता यूसुफ़ सईद ने पाकिस्तान में कोई छः महीने बिता कर संगीत से सम्बन्ध रखने वाले तमाम लोगों, विशेषज्ञों से मुलाकातें कीं और एक ज़बरदस्त दस्तावेज़ तैयार किया.

व्यक्तिगत रूप से मुझे इस फ़िल्म में क़व्वाल बच्चे घराना से सम्बन्ध रखने वाले उस्ताद नसीरुद्दीन सामी साहब की आवाज़ और अदायगी ने इस कदर प्रभावित किया कि मैं दिन -रात उनकी एक कम्पोज़ीशन के दो-ढाई मिनट के टुकड़े को सुनता रहता हूं. कुछ जुगाड़तन्त्र बना तो आपको तुरन्त सामी साहब की वह क्लिप दिखला रहा हूं. ज़रा बोल तो सुनिये:

लंका चल्यो राम
जीत लियो रणसमर
धूम मची जग में
बाज गयो डंका




( नसीरुद्दीन सामी साहब के फ़ोटो और वीडियो क्लिप के लिये जनाब यूसुफ़ सईद को कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए लगा रहा हूं यह पोस्ट)

Friday, March 27, 2009

आतंकवादी देखता है

किसी तेज़ फ़िल्म की तरह चलती है यह डरा देने वाली कविता. शिम्बोर्स्का की यह कविता दुनिया भर में अपने कथ्य की वजह से बहुत बहुत मशहूर हुई.

आतंकवादी देखता है

तेरह बीस पर बम फटेगा शराबख़ाने के भीतर
अभी बजा है बस तेरह सोलह.
अभी समय है कुछ लोग भीतर जा सकते हैं
कुछ आ सकते हैं बाहर.
आतंकवादी सड़क पार कर चुका है.
वह ख़तरे से पर्याप्त दूरी पर है और
क्या नज़ारा है! - बिल्कुल फ़िल्मों जैसा
पीली जैकेट वाली एक औरत - वह भीतर जा रही है
काला चश्मा लगाए वह आदमी - वह बाहर आ रहा है
जीन्स पहने लड़के बतिया रहे हैं
तेरह सत्रह और चार सेकेंड
तकदीर वाला है वह ठिगना - स्कूटर पर बैठ कर जा रहा है
और वह लम्बा वाला - वह भीतर जा रहा है.
तेरह सत्रह और चालीस सेकेंड.
वह लड़की - वह चहलकदमी कर रही है, उसके बालों में हरा रिबन
लेकिन तभी एक बस रुकती है उसके सामने.
तेरह अठारह.
अब नहीं है वह लड़की वहां.
क्या वह इतनी बेवकूफ़ थी!
पता नहीं वह भीतर गई या नहीं.
हम देख लेंगे जब उन्हें बाहर लाया जाएगा.
तेरह उन्नीस.
फ़िलहाल कोई नहीं जा रहा भीतर.
एक और मोटा-गंजा बाहर आ रहा है अलबत्ता.
एक सेकेंड, लगता है वह कुछ ढूंढ़ रहा है जेबों में
और तेरह बीस से दस सेकेंड पहले
वह भीतर जा रहा है
अपने घटिया दस्तानों के लिए.
ठीक तेरह बीस.
उफ़ यह इन्तज़ार! कितना लम्बा!
अब.
किसी भी पल.
नहीं.
अभी नहीं.
हां, अब.
बम फटता है.

Thursday, March 26, 2009

जोशिम को पुत्रशोक

अभी अभी आए एक एस एम एस ने मुझे भीतर तक तोड़ कर रख दिया है: "Kartik passed away in delhi day before yesterday night suddenly and peacefully. Manish"

प्रिय मित्र मनीष जोशी जिन्हें ब्लॉगजगत के लोग जोशिम के नाम से जानते हैं, का छोटा बेटा कार्तिक नहीं रहा. चट्टान जैसा कलेजा रखने वाले मनीष भाई ने लम्बे समय तक असाध्य रोग से ग्रस्त कार्तिक के बारे में जितना बतलाया था, उस से स्पष्ट था कि बच्चे के पास सीमित सांसें बची हुई हैं. उनके ब्लॉग पर यदाकदा लगने वाली उनकी बेचैन कर देने वाली कविताओं से सम्भवतः बहुत कम लोग अनुमान लगा पाते होंगे कि परदेस में रह रहा उनका पूरा परिवार कितने जीवट से एक अवश्यंभावी त्रासदी का इन्तज़ार किया करता था.

लेकिन अब जब होनी हो गई है तो मेरे गले में बहुत बड़ी फांस अटक गई है. टेलीफ़ोन पर बात करने की हिम्मत नहीं हो रही उनसे.

इसी ब्लॉगजगत के माध्यम से इस कदर संजीदा और ज़िन्दादिल इन्सान से परिचय हुआ था. मुलाकातें हुई थीं. इसी के माध्यम से आप सब को सूचित करना अपना फ़र्ज़ समझता हूं.

मनीष भाई के दुख में हम सब शामिल हैं.

और क्या कहा जा सकता है

हमारी साझा सम्वेदनाएं.

उफ़, मुक्केबाज़ नहीं बल्कि कवि होना

विस्वावा शिम्बोर्स्का की कविताओं में एक अद्वितीय ह्यूमर भी पाया जाता है, जो उनकी कविताओं को महान बनाता है. ठोस वास्तविक चीज़ों की सतह के बस थोड़ा सा नीचे कितनी विद्रूपताएं छिपी रहती हैं, यह पहचानना उन्हें बख़ूबी आता है. ज़रा देखें जिस कव्यकर्म में उन्होंने अपना पूरा जीवन लगाया, जिसके लिए उन्हें साहित्य का सबसे बड़ा सम्मान दिया गया, उसे वे कितनी फ़र्क निगाह से देख पाने की आंख रखती हैं



काव्यपाठ

या तो आप एक मुक्केबाज़ हों या हों ही नहीं उस जगह
बस. हे कला की देवी! कहां है 'हमारी' जनता?
कमरे में बारह लोग, आठ सीटें ख़ाली -
समय हो चला है इस साम्स्कृतिक कार्यक्रम को शुरू किया जाए.
आधे लोग इसलिए भीतर हैं कि बाहर बारिश चालू है
बाक़ी रिश्तेदार हैं. हे कला की देवी!

यहां मौजूद स्त्रियों को चीख़ना और उत्तेजित होना अच्छा लगता,
पर वह मुक्केबाज़ी की चीज़ है. यहां उनका व्यवहार शालीन होना चाहिये.
दान्ते* की 'इन्फ़र्नो' इन दिनों रिंग के सबसे नज़दीक है
उसकी 'पैराडाइज़' भी. हे कला की देवी!

उफ़, मुक्केबाज़ नहीं बल्कि कवि होना,
जीवन में बामशक्कत कविताई करते जाने की सज़ा पा चुकना
मांसपेशियों की कमी के कारण दुनिया को यह जतलाने पर विवश कर दिया जाना
कि हाईस्कूल के कवितापाठ्यक्रम में तकदीर की मदद से उसकी कविता जगह पा लेगी.
ओ कला की देवी!
ओ नन्ही चोटी वाले फ़रिश्ते पेगासस**!

पहली पंक्ति में, एक प्यारा सा बूढ़ा हल्के ख़र्राटे ले रहा है,
वह सपने में अपनी पत्नी को दुबारा जीवित देख रहा है. इसके अलावा
वह उसके लिए उसका पसन्दीदा केक बना रही है.
भट्टी सुलग चुकी, पर ध्यान से - उसका केक मत जला देना! -
हम काव्यपाठ शुरू कर रहे हैं, हे कला की देवी!

[*.दान्ते (१२६५-१३२१) इटली के महान कवि थे. 'इन्फ़र्नो' और 'पैराडाइज़' उनकि कालजयी रचनाओं में शुमार हैं.
**.पेगासस: यूनानी गाथाओं में कला की देवियों का वाहन, उड़ने वाला घोड़ा जो अतिकल्पनाशीलता का प्रतिनिधि माना जाता है]


(पेन्टिंग का नाम है 'पोइट्री रिसाइटल'. १९५९ में जन्मे ईराकी मूल के कलाकार सट्टा हाशिम की रचना.)

Wednesday, March 25, 2009

सारे कैमरे जा चुके दूसरे युद्धों की तरफ़

महान कवयित्री विस्वावा शिम्बोर्स्का की कविता- सीरीज़ की दूसरी कविता प्रस्तुत है.



अन्त और आरम्भ

-विस्वावा शिम्बोर्स्का

हर युद्ध के बाद
किसी न किसी ने चीज़ों को तरतीबवार लगाना होता है.
चीज़ें आख़िर
ख़ुद को उठा तो नहीं सकतीं.

किसी न किसी ने
मलबे को किनारे लगाना होता है
ताकि लाशों से भरी गाड़ियों के लिए
रास्ता बन सके.

किसी न किसी ने गुज़रना ही होगा
गंदगी और राख़,
सोफ़ों के स्प्रिंग,
कांच के टुकड़ों
और ख़ून सने चीथड़ों से हो कर.

किसी न किसी ने लादना होंगे खंभे
दीवार खड़ी करने के वास्ते
किसी ने साफ़ करना होगा खिड़की को
और चौखट में जमाना होगा दरवाज़ों को.

न कोई ध्वनियां, न फ़ोटो खिंचाने के मौके
और यह करने में सालों लग जाने होते हैं
सारे कैमरे जा चुके
दूसरे युद्धों की तरफ़.

पुलों को दोबारा बनाया जाना है
रेलवे स्टेशनों को भी.
आस्तीनें मोड़ी जाएंगी
तार-तार हो जाने तलक.

हाथ में झाड़ू थामे एक कोई
अब भी याद करने लगता है कि यह कैसा था.
एक कोई सुनता है, हिलाता हुआ
अपनी खोपड़ी, जो फूटने से बच गई.
लेकिन आसपास कोलाहल मचा रहे लोगों को
यह सब
तनिक उबाऊ लगेगा.

समय समय पर किसी एक ने
खोद निकालना होगा एक ज़ंग-लगा तर्क
किसी झाड़ी के नीचे से
और उछाल फेंकना होगा उसे मलबे की तरफ़.

उन्होंने
जो इस को तफ़सील से जानते हैं,
रास्ता बनाना होगा उनके लिए
जिन्हें बहुत कम मालूम है.
या उससे भी कम.
और अन्ततः कुछ नहीं से भी कुछ कम.

किसी न किसी को लेटना होगा यहां
घास पर
जो ढंके हुए है
कारणों और परिणामों को
मक्के के पत्ते से छांटा गया तिनका दांतों में दबाए
किसी मूर्ख की तरह बादलों को ताकते हुए.

हिटलर का पहला फ़ोटोग्राफ़


आज से मैं अपनी प्रियतम कवियों में से एक नोबेल पुरुस्कार प्राप्त पोलिश कवयित्री विस्वावा शिम्बोर्स्का की चुनिन्दा/ पसन्दीदा कविताओं की एक सीरीज़ शुरू कर रहा हूं. आशा है आप को आनन्द आएगा.

हिटलर का पहला फ़ोटोग्राफ़

और कौन है ये बच्चा - इत्ती सी पोशाक में?
अडोल्फ़ नाम है इस नन्हे बालक का -
हिटलर दम्पत्ति का छोटा बेटा!
वकील बनेगा बड़ा होकर?
या वियेना के ऑपेरा हाउस में कोई गायक?
ये बित्ते से हाथ किसके हैं, किसके ये नन्हे कान, आंखें
और नाक?
हम नहीं जानते दूध से भरा किसका पेट है यह.
-छापाख़ाना चलाने वाले का, डाक्टर का, व्यापारी का
या किसी पादरी का?
किस तरफ़ निकल पड़ेगा यह मुन्ना?
बग़ीचे, स्कूल, दफ़्तर या किसी दुल्हन की तरफ़?
या शायद पहुंच जाएगा मेयर की बेटी के पास?
बेशकीमती फ़रिश्ता, मां की आंखों का तारा,
शहदभरी डबलरोटी सरीखा!
साल भर पहले जब वह जन्म ले रहा था
धरती और आसमान में कोई कमी नहीं थी शुभसंकेतों की -
वसन्त का सूरज, खिड़कियों पर जिरेनियम,
अहाते में ऑर्गन वादक का संगीत
गुलाबी काग़ज़ में तहा कर रखा हुआ सौभाग्य
सपने में देखा गया
कबूतर अच्छी ख़बर ले कर आता है -
अगर वह पकड़ लिया जाए तो कोई बहुप्रतीक्षित अतिथि
घर आता है,
खट्‌‍ खट्‌
कौन है
अडोल्फ़ का नन्हा हृदय दस्तक दे रहा है.
बच्चे को शान्त कराने को चीज़ें, लंगोटी, खिलौना,
हमारा तन्दुरुस्त बच्चा, भगवान का शुक्र करो, भला है
हमारा बच्चा, अपने लोगों जैसा
टोकरी में सोये बिल्ली के बच्चे सरीखा
श्श्श! रोओ मत मिठ्ठू!
अभी क्लिक करेगा कैमरा काले हुड के नीचे से -
क्लिंगर का स्टूडियो, ग्राबेनस्ट्रासे, ब्राउनेन!
छोटा मगर बढ़िया शहर है ब्राउनेन -
ईमानदार व्यापारी, मदद करने वाले पड़ोसी.
ख़मीर चढ़े आटे की महक, सलेटी साबुन की महक,

भाग्य की पदचाप पर भौंकते कुत्तों को कोई नहीं सुनता
अपना कॉलर ढीला करके
इतिहास का एक अध्यापक जम्हाई लेता है
और झुकता है होमवर्क जांचने को.

(फ़ोटो: हिटलर का पहला फ़ोटो)

Tuesday, March 24, 2009

कवि करता है और भी बहुत सारे काम

आज हमारे शीर्ष कबाड़ी उदय प्रकाश जी ने अपने ब्लॉग पर रूसी कवि आंद्रे वोज़्नेसेंस्की की एक कविता पोस्ट की है. सुबह उसे पढ़ने के बाद से मैं एक कविता को याद करने की कोशिश कर रहा था. कविता के बारे में बहुत ठोस कुछ याद नहीं आ रहा था. कागज़-पत्तर-कबाड़ इत्यादि के ढेरों को ख़ूब उलटने-पलटने के बाद वह अनुवाद मुझे हासिल हुआ. यह इत्तेफ़ाक़ है कि यह कविता भी राफ़ाल वोयात्चेक की ही है जिस पर कबाड़ख़ाने में पिछली पोस्ट लगी है.

फ़िलहाल यह रही कविता, जिसे मैं बहुत सम्मान के साथ अपने प्रिय कवि-कहानीकार-मनुष्य उदय प्रकाश जी के लिए ख़ास तौर पर पेश कर रहा हूं.


कवि के बारे में एक गीत

क्योंकि उसे हमेशा पीटा जाता है किसी बच्चे की तरह -
इस कला के बारे में कुछ न जानता हुआ कवि,
अपनी कविताओं की मुठ्ठी भींच लेता है और पीटना शुरू करता है.

वह एक स्त्री को पीटता है क्योंकि वह ख़ुद को साफ़ रखती है
अपने मुंहांसों को बढ़ने नहीं देती और मेकअप करती है.
वह अपनी पत्नी को पीटता है क्योंकि वह एक स्त्री है.

इसी वजह से वह अपनी मां को पीटता है.
वह अपने पिता को पीटता है क्योंकि वे उसकी मां के साथ हैं.
वह जल्दबाज़ उपमाओं के साथ थूकता है अधिकारियों पर.

अपने छन्दों से वह तोड़ डालता है खिड़कियां, और तनाव
की एक लात से वह गर्भ के भीतर एक भ्रूण के सिर को
घायल कर देता है, ताकि मां अपने बच्चे को
उसकी उस मूर्खता से न पहचान पाए जिसे लेकर वह पैदा होगा.

कवि करता है और भी बहुत सारे काम
मगर तब वह कवि नहीं होता.

-राफ़ाल वोयात्चेक

Monday, March 23, 2009

दुख ने मुझे भर दिया है साहस से : राफ़ाल वोयात्चेक की कुछ कविताएं और


कुच दिन पहले राफ़ाल वोयात्चेक (१९४५-१९७१) की चन्द कविताओं से आपका परिचय कराया था. उस पर आप लोगों का रेस्पॉन्स बहुत उत्साहवर्धक था. कुछ मित्रों की फ़रमाइश पर राफ़ाल की कुछ कविताएं और:

शब्दज्ञान

मेरा शब्दज्ञान इतना सीमित है! 'उम्मीद' का शब्द 'कल'
केवल तुमसे जुड़ा हुआ है
'प्रेम' नाम का शब्द मेरी जीभ को छका दिया करता है और
ख़ुद को 'भूख' शब्द के अक्षरों से नहीं बना पाता.

दुख ने मुझे भर दिया है साहस से, जाता हूं अब तुम्हारे ख़्वाबों को छोड़कर,
निराशा में मैंने अपने सपने को भींचा हुआ है अपने ही दांतों से
मुझे बतलाओ - क्या कुछ भी और करने को बचा हुआ है अब
जबकि खु़द 'मृत्यु' भी अपने कार्यों को ज़बान नहीं दे पा रही?

कितनी दराज़ें

कितनी दराज़ें हैं मृत्यु के पास! - पहली में
वह इकठ्ठा करती है मेरी कविताएं
जिनकी मदद से मैं उसकी आज्ञा का पालन करता हूं

दूसरी में तो निश्चय ही
उसने सम्हाली हुई है बालों की एक लट
तब से जब मैं पांच साल का था

तीसरी में - रात की मेरी
पहली दाग़दार चादर
और अन्तिम परीक्षा की मार्कशीट

चौथी में वह रखे है
निषेधाज्ञाएं और प्रचलित कहावतें
"गणतन्त्र के नाम पर"

पांचवीं में समीक्षाएं, विचार
जिन्हें वह उदासी के वक़्त
पढ़ा करती है

उसके पास निश्चय ही एक गुप्त दराज़ होनी चाहिये
जहां सबसे पवित्र वस्तु धरी हुई है
- मेरा जन्म प्रमाणपत्र

और सबसे नीचे वाली, जो सबसे बड़ी भी है
- उसे वह बमुश्किल खोल पाती है -
वह बिल्कुल मेरे नाप की होगी.

एक विशिष्ट स्थिति

स्पष्ट है, मेरे हाथ काटे जा चुके
मैं अपने दांएं ठूंठ पर
बंधी एक लकड़ी से लिखता हूं
मैं उस लकड़ी को डुबोता हूं भूरी स्याही में
मेरा कोई सिर नहीं
किसी ने मेरे लिंग के निशान धोकर
मेरी टांगों को छिपा दिया
हूं मैं, हां,
मैं तैर रहा एक स्नानागार में
अपने पशुओं के रक्त में.

ऑफ़ सीज़न

मैं समय पर नहीं आया
सीज़न अभी शुरू नहीं हुआ
और स्थानीय लोग कहते रहते हैं
यहां कुछ नहीं होगा

कल
मैंने देखा एक प्रोफ़ेसर को ले जाया गया
एक कूड़ेदान में - वह इतना नन्हा था -
हां सही है - यहां सिकुड़ जाया करते हैं लोग
भोजन और
ताबूत के तख़्तों के वास्ते पैसा बचाते हुए

वह प्रोफ़ेसर
वह प्रोफ़ेसर जो असल में पूरी शुरुआत था
वह घसीटता था अपनी टांगें
वह संकेत भर था अपनी नई रखैल का
एन्ड्रू नाम था उसका
हां सही है - यहां कुछ नहीं होगा

सही है, मैं समय पर नहीं आया
जो भी जीता है
जल्दी-जल्दी मर रहा है
एक कमरा अभी से स्टोर-रूम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है
निश्चय ही, बहुत जल्दी
वे वहां से सलाख़ों को हटा देंगे

बिल्कुल सही है - अन्त आ चुका है
गलियारों में पोंछा लगाया जा रहा है
पॉलिश की जा रही है फ़र्श पर.

मैं, काफ़्का

दिल उग कर मुझ से बड़ा हो चुका
मैं जड़ बन चुका भीतर से
पूरा

मेरे होठों पर उगती हैं
सफ़ेद घासें

एक हिजड़े की
प्रशिक्षित बेटी, जूलिया,
हल चलाती है मेरी बीमारी पर.

--------------------

राफ़ाल की पिछली पोस्ट का लिंक:

मेरे सामने एक आदमी लाओ मैं उसकी महानता को पहचानूंगा

जल्द ही आपको राफ़ाल की कुछ और शानदार कविताओं से मिलवाऊंगा.

आज तेईस मार्च है - सरदार भगत सिंह सिंह की शहादत का दिन



... फांसी के बाद दिया गया गांधी का बयान पुनः जारी किया गया : "भगत सिंह और उनके साथियों को फांसी दी गई. वे अमर शहीद हो गए. उनकी मृत्यु बहुत से लोगों के लिए निजी क्षति की तरह है. मैं इन युवकों की स्मृति को नमन करता हूं. परन्तु मैं देश के नवयुवकों को इस बात की चेतावनी देता हूं कि वे उनके पथ का अनुसरण न करें, हमें अपनी ऊर्जा, आत्मोत्सर्ग की भावना, अपने श्रम और अपने अदम्य साहस का इस्तेमाल उनकी भांति नहीं करना चाहिये. इस देश की स्वतंत्रता रक्तपात के जरिये नहीं प्राप्त होनी चाहिये."

... कांग्रेस अधिवेशन के तीन दिन पहले कराची में प्रेस से साक्षात्कार में उन्होंने कहा: "मैं भगत सिंह और उसके साथियों के मत्युदंड को निरस्त करवाने में असफल रहा, इसलिये युवावर्ग ने मुझे अपने क्रोध का निशाना बनाया. मैं इसके लिए तैयार भी था. वे मेरे ख़िलाफ़ बुरी तरह भड़के हुए थे, इसके बावजूद उन्होंने अपने क्रोध का प्रदर्शन काफ़ी सौजन्यपूर्ण ढंग से किया. वे मुझे शारिरिक चोट भी पहुंचा सकते थे और दूसरे तरीकों से मेरा अपमान कर सकते थे. लेकिन उन्होंने सिर्फ़ मुझे काले कपड़े में बंधे फूल देने का निश्चय किया, जो संभवतः इन तीनों देशभक्तों की अस्थियों के प्रतीक थे. वे ये फूल भी मुझ पर दूर बरसा या फेंक सकते थे, लेकिन उन्होंने इन्हें मेरे हाथ में देने का निश्चय किया, जिन्हें मैंने कृतज्ञतापूर्वक स्वीकार किया. हां वे 'गांधीवाद हाय-हाय' और 'महात्मा गांधी वापस जाओ' के नारे ज़रूर लगाते रहे."

"मैं इसे उनके बहुत गहरे क्रोध की एक विनम्र अभिव्यक्ति के रूप में देख रहा था. मैं सिर्फ़ यह उम्मीद करता हूं कि वे अपने-आप पर थोड़ा नियन्त्रण रखते हुए - जैसा कि उन्होंने कल कांग्रेस की बैठक में भी किया - यह समझने की कोशिश करेंगे कि मेरा और उनका लक्ष्य एक ही है. सिर्फ़ मेरा रास्ता उनसे पूरी तरह भिन्न है. मुझे इस में ज़रा भी सन्देह नहीं है कि वक़्त के साथ उन्हें अपनी ग़लती का अहसास होगा. जो बात दूसरे देशों के लिए सत्य है, वह ज़रूरी नहीं कि हमारे देश के लिए भी सत्य हो. हमारे देश की आबादी और ग़रीबी को देखते हुए हिंसा का रास्ता पूरी तरह बेमानी है. आत्मदमन और लगभग कायरता को छूते दब्बूपन वाले इस देश में हम बहुत ज़्यादा साहस और आत्मत्याग की उम्मीद नहीं कर सकते. भगत सिंह की बहादुरी और त्याग के आगे किसी का भी सिर झुक जाएगा. लेकिन ऐसा कहते हुए मेरा अपने युवा मित्रों को भड़काने का कोई इरादा नहीं है - एक ऐसी बहादुरी जो किसी दूसरे को नुकसान पहुंचाए बिना सूली पर चढ़ने को तैयार हो."

... (गांधी से) दूसरा प्रश्न था: 'क्या वे हज़ारों व्यक्तियों की हत्या करने वाली सरकार को क्षमा करना राजनीतिक दृष्टि से ठीक समझते हैं?

(गांधी ने उत्तर दिया) "मेरे सामने एक भी ऐसा उदाहरण नहीं है जहां क्षमादान किसी राजनीतिक उद्देश्य से जुड़ा होता है."

... ... ... ... ...

कुलदीप नैयर की किताब The Martyr Bhagat Singh: Experiments in Revolution के हिन्दी अनुवाद 'शहीद भगत सिंह : क्रान्ति के प्रयोग' (अनुवादक: आलोक श्रीवास्तव) से एक अंश.

शहीद-ए-आज़म को कबाड़ख़ाने की विनीत श्रद्धांजलि