Thursday, July 16, 2009

उदयप्रकाश या विरोधी : जवाब देना होगा

उदयप्रकाश का पुरस्कार लेना और इसके बाद उठे बवंडर से शायद ही साहित्य जगत अछूता रहे। लेकिन इतना तय है कि यह एक ऐसा गंभीर मसला है जो चुप्पी साधेगा इतिहास उसका भी अपराध लिखेगा। सवाल कई है। उनका जवाब वह नहीं जो हम चाहते हैं, वह भी नहीं जो हम नहीं चाहते हैं। मामला है आधा गिलास खाली है या आधा गिलास पानी भरा हुआ है।
पहले उदयप्रकाश की सफाई पर बात करें तो क्या वह यह मानने के लिए तैयार हैं कि गोरखपुर में हुए समारोह उनका निजी मामला था। योगी के सम्बन्ध उनके परिवार से अच्छे हैं या नहीं उससे साहित्य जगत को कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन यदि बतौर साहित्यकार वह योगी से पुरस्कार ग्रहण करते हैं, तो उस पर आपत्ति जताने का पूरा अधिकार साहित्यप्रेमियों और उनके लेखन के तमाम प्रशंसकों को है। यदि यह पुरस्कार उनका पारिवारिक या निजी मामला है तो क्या वे इस बात पर मुहर लगते हैं कि हर साल यह पुरस्कार उनके किसी परिवार के सदस्यों को दिया जाएगा। क्या वे इस बात पर मुहर लगते हैं उनको यह पुरस्कार इसलिए दिया गया कि वे उनके सम्बन्धी हैं और उन्हें व्यक्तिगत कारणों से सम्मानित किया गया न कि उनकी लेखनी के लिए।
हमाम में सब नंगे हैं। कोई देख लिया तो हम ग़लत साबित होते हैं नहीं देखा तो दुनिया के सबसे बेहतर। (बेहतर की परिभाषा अपने नैतिक और बौद्धिक आधार पर रच लें )। वही हाल इस मामले में भी है। यदि उदयप्रकाश की ही बात मान लें कि वह उनका निजी या पारिवारिक मामला है तो क्या वह इसका विरोध नहीं कर सकते थे कि योगी जैसे व्यक्ति को सम्मान देने के लिए क्यों बुलाया जा रहा है। हाँ, यदि वे यह कहते हैं कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं हैं तो वे साफ-साफ झूठ बोल रहे है।
दूसरा मुद्दा यह है कि जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं उनकी इस बारे में क्या गारंटी है कि उन्हें यदि इस तरह का सम्मान पाने का मौका मिले तो वह ग्रहण नहीं करेंगे। भले ही लोग इस मामले पर बात न करें लेकिन अपने गिरेबान में झाँकने की आदत डालनी चाहिए। तमाम विरोध करने वालों में ऐसे कई नाम शामिल हैं जिन्होंने जब भी कोई सम्मान ठुकराया है तो उन्हें इसके पीछे कई राज छुपाये रखा है , चाहे पोपुलारिटी पाने की चाहत क्यों न हो.

Wednesday, July 15, 2009

सुना है रात भर बरसा है बादल

महीने भर की हाड़ तोड़ व्यस्तता के के बाद कल जब अपने ठिए पर आया तो क्या देखता हूँ कि हियां तो लठ्ठम - लठ्ठ होय रही है और और दुनिया चैन से सोय रही है. सावन का महीना का चल्लिया है: कभी तेज धूप - कभी हल्की बारिश तो कभी धुंध - कोहरा.... ऐसे में क्या किया जाय ? जरा सोचो तो - 'सब ठाठ पड़ा रह जाएगा' फिर भी अपनी प्यारी 'ठेठ हिन्दी का ठाठ' जमावड़ा अपने हाथ में लुकाठ लिए 'चुभते चौपदे' गा रहा है और वक्त है कि निकला जा रहा है ..किसका फायदा - किसका नुकसान .. जरा सोचो सिरीमान .. मैं ठहरा मूढ़मति - मेरी क्या गति ! बातचीत चलती रहे...अजी किसने रोका है .. पर.. मगर.. इस ठिए पर कित्ते दिनों से गाना बजाना ना हुआ..गल्त बात है ... सो आज गाना... बस्स गाना....आइए सुनते हैं यह ग़ज़ल ...

तेरे आने का धोका - सा रहा है.
दिया सा रात भर जलता रहा है.

अजब है रात से आँखों का आलम,
ये दरिया रात भर चढ़ता रहा है.

सुना है रात भर बरसा है बादल,
मगर वह शहर जो प्यासा रहा है.

वो कोई दोस्त था अच्छे दिनों का,
जो पिछली रात से याद आ रहा है.

किसे ढूँढोगे इन गलियों में 'नासिर',
चलो अब घर चलें दिन ढल रहा है.



शब्द : नासिर काज़मी
स्वर : आबिदा परवीन

उदय जी ... यह व्यक्तिगत क्या होता है?

कई दिनों से बड़े दुखी मन से देख रहा था यह सब...
आज रहा नही गया। यह व्यक्तिगत क्या होता है? उदय जी आपको दिवंगत कुंवर साहब के प्रति पूरा आदर रखने की आजादी है पर उसके लिए सार्वजनिक समारोह में एक हत्यारे के साथ बैठना? इन व्यक्तिगतों से लड़कर ही लेखक विचार की राह पर आगे बढ़ता है। आप आज अपने ख़िलाफ़ बोलने वालों को जातिवादी कह रहे हैं। बहुत विनम्रता से बता दूँ किजिस कालेज में आपके दिवंगत अग्रज पढाते थे वह उसी गोरखनाथ मन्दिर द्वारा संचालित होता है जिसका मठाधीश आदित्यनाथ है और इस कालेज पर एक विशेष जाति का शतप्रतिशत वर्चस्व है...उसी जाति का जिसका होना योगी बनने के लिए ज़रूरी है। आप यायावर नही हैं - हिन्दी के तमाम लेखकों से ज्यादा बेहतर स्थिति है आपकी। कृपया इसे महिमामंडित ना करें...त्रिलोचन जी और विष्णु प्रभाकर को गए बहुत दिन नही गुज़रे। आप जैसी गरीबी और वंचना "मौला" सबको दे कुंअर साहब...
आपने गौ पट्टी पर भरपूर कीचड़ उछाला तो यहाँ के एक और आदमी की याद आ गयी। गोरख पांडे नाम था उसका ...
शायद लोगों को पता नहीं कि आप वहां कह चुके हैं कि साहित्यकारों को विचार के चौखटे में क़ैद नहीं होना चाहिये और योगी ने उसी मंच से कुंवर साहब को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का प्रतीक बताया था। आपका बयान अमर उजाला में छपा है और यह बयान जिन उदय प्रकाश सिंह के नाम से छपा उन्हे हम अब तक बस उदय प्रकाश ही मानते थे। पेपर कटिंग मेरे पास है।आप सबको गरियाईये … आपको यह अधिकार है कुंवर साहब। जो परमानंद जी ने कहा वह फिर कभी…इस पाप में आपके वह इकलौते भागीदार थे। सांप्रदायिकता के विरोध के झण्डाबरदार कमला प्रसाद क्या इस घटना के बाद उन्हें सज़्ज़ाद ज़हीर के संगठन से बाहर निकालेंगे? किसी को उम्मीद नहीं…मुझे भी नहीं।
उदय जी एक खुला सच है कि आज हिन्दी का पूरा लेखन कास्मेटिक विरोध और सुविधा का लेखन है पर आप तो ख़ुद को हमेशा से पार्टी विथ ऐ डिफरेंस बताते रहे ना...
इसीलिए तो ज्यादा दुःख हुआ था...
पर अब नहीं…अब कोई भ्रम नहीं रहा।
(कब सोचा था इस ब्लाग पर पहली पोस्ट ऐसी लिखनी होगी)

Tuesday, July 14, 2009

ये सूरत बदलनी चाहिए...

(मुझे खुशी है कि मैं गलत साबित हुआ। हिंदी में गलत को गलत कहने वाले वीरों की कोई कमी नहीं है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण नीचे का विरोधपत्र है। हिंदी के 50 से ज्यादा महत्वपूर्ण लेखकों ने योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने के लिए उदयप्रकाश की निंदा की है। नीचे हस्ताक्षर करने वाले कुछ लेखकों ने सक्रियता दिखाते हुए बाकी लेखकों से टेलीफोन पर विरोधपत्र जारी करने पर सहमति ली है। क्या उदय प्रकाश अब भी कहेंगे कि उनकी आलोचना जातिवादी फासीवादियों की साजिश का नतीजा है...)



विरोध-पत्र
---------------

हमें इस घटना से गहरा आघात पहुँचा है कि कुछ दिन पहले हिन्दी के प्रतिष्ठित और लोकप्रिय साहित्यकार उदय प्रकाश ने गोरखपुर में पहला " कुँवर नरेंद्र प्रताप सिंह स्मृति सम्मान " योगी आदित्यनाथ जैसे कट्टर हिन्दुत्ववादी , सामन्ती और साम्प्रदायिक सांसद के हाथों से ग्रहण किया है , जो ' उत्तर प्रदेश को गुजरात बना देना है ' जैसे फ़ासीवादी बयानों के लिए कुख्यात रहे हैं . हम अपने लेखकों से एक ज़िम्मेदार नैतिक आचरण की अपेक्षा रखते हैं और इस घटना के प्रति सख्त-से-सख्त शब्दों में
अपनी नाखुशी और विरोध दर्ज करते हैं .

-------
ज्ञानरंजन ,
विद्यासागर नौटियाल ,
विष्णु खरे ,
मैनेजर पाण्डेय ,
लीलाधर जगूड़ी,
भगवत रावत ,
राजेन्द्र कुमार ,
राजेन्द्र राव ,
चंचल चौहान ,
आनंदस्वरूप वर्मा
पंकज बिष्ट ,
इब्बार रब्बी ,
नीलाभ ,
वीरेन डंगवाल ,
आलोक धन्वा,
मंगलेश डबराल ,
त्रिनेत्र जोशी,
मनीषा पाण्डेय,
रविभूषण ,
प्रदीप सक्सेना ,
अजय सिंह ,
जवरीमल्ल पारख ,
वाचस्पति ,
अतुल शर्मा,
विजय राय ,
मनमोहन
असद ज़ैदी ,
मदन कश्यप ,
रवीन्द्र त्रिपाठी ,
नवीन जोशी,
अजेय कुमार ,
वीरेन्द्र यादव ,
कुमार अम्बुज
देवीप्रसाद मिश्र ,
कात्यायनी ,
निर्मला गर्ग ,
अनीता वर्मा ,
योगेन्द्र आहूजा ,
शुभा,
बोधिसत्व,
संजय खाती ,
नवीन कुमार नैथानी ,
कृष्णबिहारी ,
विनोद श्रीवास्तव ,
प्रणय कृष्ण ,
राजेश सकलानी ,
इरफ़ान,
मुनीश शर्मा,
विजय गौड़ ,
आशुतोष कुमार ,
मनोज सिंह
सुन्दर चन्द ठाकुर ,
नीलेश रघुवंशी ,
आर. चेतनक्रान्ति ,
पंकज चतुर्वेदी ,
शिरीष कुमार मौर्य ,
रामाज्ञा शशिधर ,
प्रियम अंकित ,
अंशुल त्रिपाठी ,
प्रेमशंकर ,
मृत्युंजय ,
धीरेश सैनी ,
अनुराग वत्स ,
व्योमेश शुक्ल .
रविकांत

Monday, July 13, 2009

वकील के कोट में शुगर-फ्री बताशा

भाई मुनीश ने तो शराब के दो नामचीन ब्रांडों के काकटेल के साथ अखंड मैत्री की कामना करते हुए अपने कंधे पर रखा, मुहावरेदार काल्पनिक गंडासा (हैचेट) जमींन में दफना दिया। फिर उस पर वह किताब भी रख दी जिसके अध्याय सदा के लिए बंद कर दिए गए हैं, परदे भी खैंच दिए। यह कुछ और नहीं मुनीश की सदाशयता है जो इस विवाद का अंत चाहती है। मैं भी यही चाहता हूं।

उदय प्रकाश के कुछ भी बकने से अशोक का कभी कुछ नहीं बिगड़ेगा। वह हमारी नजरों में जो है वही रहेगा। वे लिटरेचर के अमिताभ बच्चन होंगे लेकिन अपना अशोक इंसान है। खरा इंसान। उन्होंने बस अपने पाठकों को निराश किया है जो उन्हें कलम को पेंचकस की तरह चलाने वाले, जबान के बेहद खराब और चित्त के डांवाडोल मिस्त्री की तरह देख रहे हैं।

बात बस इतनी नहीं थी...जरा सोचिए कि इन सवालों और भावनाओं का क्या होगा जो इन दोस्तों ने उठाए हैं।

---

सहिष्णु इतने कि एक हिन्दुत्ववादी गुंडे के तलवे चाटने के बाद हिंदी समाज को जातिवादी ब्राह्मणवादी और पिछड़ा होने के लिए गरियाने लगते हैं. हत्यारों से सम्मानित होने को एक वैयक्तिक और पारिवारिक जिम्मेदारी बताते हैं.

प्रश्न उठाते हैं कि हिंदी समाज में गाँधी और भगत सिंह क्यों नहीं पैदा हो पाए.

शायद इन्हें लगता है कि 'हिन्दू ह्रदय सम्राट' इसकी कमी पूरा करेंगे.

---

कई साल पहले इन्हीं उदय प्रकाश ने ग़ाज़ियाबाद में सफ़दर हाशमी के साथ मारे गए मज़दूर रामबहादुर के बारे में ख़बर लिखने के लिए मुझे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का आदमी कहा था. उनके दस्तख़त वाला बयान आज भी मेरे निजी कबाड़ख़ाने में कही पड़ा होगा. तब उदय प्रकाश ख़ुद को व्लादिमिर इल्यीच उल्यानोव का भारतीय अवतार समझते थे. अब ख़ुद जीभ लपलपाते हत्यारों के हाथों पुरस्कार प्राप्त करने में ख़ुश हैं.

---

कहीं भी आपको जानबूझकर छेड़ा या उधेड़ा जा रहा है, ऐसा मुझे तो नहीं लगा।

पर क्या कहूं, हो सकता है आप सच कह रहे हों? मैं ही मूर्ख हूं।

---

उदय प्रकाश ने अपनी उस पोस्ट के नीचे बहुत ढिठाई से लिखा था कि क्योंकि मैं एक राजनीतिक व्यक्ति नहीं हूँ इसलिए मेरी टिप्पणी का राजनीतिक पाठ न किया जाए !!

हमेशा हाशिए पर धकेले जाने की बात करने वाले उदय प्रकाश को हाशिए से केन्द्र तक के इस सफर की बधाई

---

सख्त से सख्त, तीखी से तीखी बहस का स्वागत है, लेकिन इसके लिए मोटिव इंप्लांट करना जरूरी नहीं है। बातें खुलकर होनी चाहिए लेकिन आगे और बात होने की जगह भी बनी रहनी चाहिए।

---

अपने पुरस्कार लेने को उचित ठहराने के लिए दयनीयता को ढाल बनाने की तो कोई ज़रूरत नहीं थी. और यह भी कि उदयप्रकाश जैसे समर्थ लेखक से बेहतर अभिव्यक्ति की भी उम्मीद करता था और करता हूं.

---

"वो बीड़ी सुलगाता आपका पूर्ववर्ती कवि आपसे पूछ रहा है -- तुम्हारी राजनीति क्या है पार्टनर?"--

---

अपनी हरकत पर अफसोस जाहिर करने की बजाए उदय जी दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने लगें..... दूसरों पर हमला करने लगे। ये कैसी बौद्धिकता है कैसा बड़प्पन ?

---

उदय प्रकाश सदैव से ही घनघोर अवसरवादी रहे हैं. कभी अशोक वाजपेयी एंड कंपनी को 'भारत भवन के अल्शेशियंस' कहने वाले इस लेखक ने पिछले साल अशोक वाजपेयी के जन्मदिन पर अपने ब्लॉग पर उनको शुभकामना दी, कविता लगाई और इस साल अशोक वाजपेयी से वैद सम्मान ले लिया.

(--- मैंने खुद ही फ़ावड़ा उठाया और बोरियों में रेत भरने लगा। पत्नी और मंटू मदद के लिए आ गए थे। और तभी मेरा मोबाइल बजना शुरू हुआ। यह एक चमत्कार ही था क्योंकि मेरे गांव में एयरटेल नेट्वर्क काम नहीं करता। बहुत दिनों से मोबाइल गूंगा रहता था। ताज़्ज़ुब यह भी था कि उसमें थोडी-बहुत बैटरी बाकी थी। दो दिन पहले चार्ज किया था, शायद वही काम कर रहा हो। मैंने जैसे-तैसे फ़ावडे़ को घुटनों में टिका कर मोबाइल आन किया। दूसरी ओर अशोक जी की आवाज़ थी -'कैसे हैं आप? हमने इस साल कृष्ण बलदेव बैद सम्मान आपको देने का निर्णय लिया है। २७ जुलाई को कार्यक्रम रखा जा सकता है। बैद जी का जन्म दिन है। आप वैशाली में ही तो हैं ?'


मैं असमंजस में था। यह मेरे लिए बिल्कुल अप्रत्याशित था।

मैंने उनका आभार प्रकट किया। लेकिन फिर उन्हें अपनी स्थिति बतायी। दिल्ली से मेरा गांव एक हज़ार सत्तावन किलोमीटर दूर है। भोपाल से भी लगभग इतनी ही दूरी है।

'कोई बात नहीं। आप अपना काम पूरा करिए। आपके आने के बाद ही यह कार्यक्रम होगा।' अशोक जी ने कहा---------)

---

अच्छा होता कि वो योगी से पुरस्कार ग्रहण करने को सही ठहराते और उसके पक्ष में तर्क देते. अपने सार्वजनिक विचारों से अपने निजी जीवन की राह बनाने का साहस बहुत कर लोगों में होता है, हम बिना कोई शिकायत किये मान लेते की उदयप्रकाश भी हिंदी की 'कथित' प्रगतिशील जमात के सदस्य हैं. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. योगी से पुरस्कार लेने पर चुप लग गए और उनके दोहरे चरित्र से पर्दा हटाने वाले को न सिर्फ गरियाने बल्कि परोक्ष रूप से धमकाने भी लगे.

---

वे इस विषय पर कोई सीधी बात करने को तैयार नहीं हैं। प्रलाप यही कि उनके खिलाफ षड़यंत्र हो रहा है। बढ़ते-बढ़ते ये बात यहां तक पहुंचती है कि हिंदी पट्टी में कोई विभूति जन्मी ही नहीं। अब बुद्ध, महावीर की उन्हें याद दिलाना तो फिजूल है ही, कबीर की बात भी वे भूल गए। बहुत पुरानी बात है..?..तो प्रेमचंद क्या गऊपट्टी में नहीं नागपुर में पैदा हुए थे।

---

मेरे लिए विस्‍मयकारी प्रसंग ये है कि जो लेखक महाराष्‍ट्र के अमरावती में दलित आंदोलनकारियों के बीच नायक की तरह सम्‍मान पाता है, वह उत्तर भारत में एक दलित और मुसलमान विरोधी खलनायक के साथ खड़ा नज़र आता है! क्‍या कुछ हज़ार किलोमीटर की यात्रा में विचार और चिंतन का भी कायांतरण हो जाता है?

---

और इस घनघोर जातिवादी, बड़ी डिजाइन के पुर्जे अधम कर्मचारी का क्या होगा जिसे वे जानते भी नहीं और वो नेमड्रापिंग करके मशहूर होने की होशियारी कर रहा है। यह दीगर बात है कि मेरे घर आ चुके हैं, शिल्पी की कहानी का जर्मन अनुवाद कराने में भूमिका निभा चुके हैं और रात-रात भर एसएमएस करके हिंदी साहित्य के भेड़ियों की शिनाख्त कराया करते थे।
और उन सवालों का क्या होगा जिन्हें करीब के एक शोकग्रस्त परिवार की आकांक्षा पूरी करने के ट्रैजिक बहाने से ढका जा रहा है। अगर यह सच होता तो भूमिका के तौर पर इतनी गालियां, धमकियां और कोसने देने की क्या जरूरत थी। क्या हम सबने अपने परिजन नहीं खोए और उनके तकाजों को पूरा करने को जायज ठहराने के लिए क्या हम किसी को धूर्त, अपढ़, लंपट, गिरोहबाज, कुकर्मी....आदि बताते हैं। ऐसे मौकों पर हथेली छू देते हैं या भर आंख देख लेते हैं और बात कनवे हो जाती है।....जिनसे प्यार किया जाता है, उनके न रहने पर उनके आश्रितों को सांप्रदायिक घृणा और दलित विरोधी राजनीति करने वाले योगी जैसों के संरक्षण में छोड़ दिया जाता है क्या? अनुकूल भावनाओं का झाग पैदा करने के लिए इन्हीं आश्रितों का इस्तेमाल करना कितना उचित है?

कहना था तो सीधे अपनी बात कहते। लेकिन पहले एक वकील का साथ जरूरी था जिसे कभी भारत भवन अल्शेसियन आप कहा करते थे और मेरे एक दोस्त की राय हैः

मुर्दों के साथ मरा नहीं जाता - अशोक वाजपेयी के बारे में मुझे और कुछ याद क्यों नहीं आता। भोपाल गैस कांड, तड़पते मरते बच्चे-परिवार, भारत भवन में कविता का सुंदर संसार और भारत भवन के कर्ताधर्ता और परम संवेदनशील कवि का वो बयान। उफ कितना घिनौना था वो सब। श्मशान के शोक में कविता का आस्वादन। वैसे अशोक जी अफसर न होते तो भी क्या इतने बड़े कवि होते। उनके लंबे सुखद स्वस्थ जीवन की कामना है।

बातचीत की शुरूआत तभी हो सकती है जब उदय प्रकाश कबाड़ी की हैसियत से कबाड़खाने पर अपना पक्ष रखें। तब समझा जाएगा कि इसे वे धूर्तों का पाखाना नहीं मानते। ये बताएं कि वो सरगना अशोक नहीं तो कौन है जो इलाकाई-जातिवादी नेक्सस का वह कुत्सित नाम है, जिसने देश और समाज की सारी नैतिकताओं के धुर्रे बिखेरते हुए अपनी कई हवसों को पूरा किया है।

सबसे ऊपर यह कि वे योगी की राजनीति और मुसलमानों, दलितों, औरतों के बारे में क्या सोचते हैं?

उन्हें हम किसी खास फर्मे में रख कर नहीं देखना चाहते। बस न्यूनतम साहस की अपेक्षा है जो खुद को ईमानदारी से व्यक्त करने के लिए जरूरी होता है।

अगर इतना भी नहीं है तो मैं इतनी गालियां खाकर भी मूर्खों की तरह अकारण उदय प्रकाश से माफी मांगने के लिए तैयार हूं। अपनी वाली किताब का अध्याय भी बंद करने को तैयार हूं। उस साहस का भी तमाशा बनाने को तैयार हूं जो ये सवाल उठाकर इस सुन्न होते समाज में इतने सारे दोस्तों ने दिखाया है।

बस यही कहूंगा कि अपनी महानता से उदय प्रकाश ने बेतरह निराश किया है।

पूर्ण- विराम

"अगर मैं क्षोभ या हताशा में कुछ ऐसा कह गया होऊं, जिससे आप में से किसी को कुछ अप्रिय लगा हो तो यह मान कर क्षमा करें कि इस उम्र और आपा-धापी में कभी-कभी ऐसा हो जाता है। रही 'कबाड़खाना' के अशोक पांडेय की बात, तो वे मेरे इसलिए प्रिय रहे हैं क्योंकि उनमें शायद वही संवेदना, अध्यवसाय और निस्संगता है, जो मैं अपने में पाता हूं। उन्हें समझने में भूल हुई है।"

With these lines of Mr. Uday Prakash, for me this chapter is hereby closed forever. I wish him and Ashok eternal friendship, good health and of course a shot each of Smirnoff and Absolut'. So far so good ! Bury the hatchet , draw the curtain and say good night!

Sunday, July 12, 2009

जीतेंगे डोमा जी उस्ताद!

(बन्दर के हाथों कुत्ते की लेंडी को पुरुस्कार की तरह लेना बन्द करो दोस्तो! और अपनी भाषा का सम्मान करना सीखो!.....ब्राह्मणवाद मुर्दाबाद! ठाकुरवाद मुर्दाबाद!--योगी उदयप्रकाश प्रकरण पर कवि वीरेन डंगवाल की टिप्पणी)


चलिए दिल से बोझ कुछ कम हुआ। वरना लग रहा था कि गोबर पट्टी वाकई वीर विहीन हो गई है। वीरेन जी ने खुलकर जो बात कही है वो बहुत लोगों के दिल की बात हो सकती है। फिलहाल वे चुप हैं। चुप हैं क्योंकि उन्हें उदय प्रकाश के नाराज होने का डर है। वैसे उदय प्रकाश खुद को बेहद सताया हुआ बताते हैं लेकिन उनका क्या जलवा है, वो इसी से पता चलता है कि कबाड़खाने से उनका ब्लाग हटा नहीं कि वापस लगा दिया गया। ऐसे प्रतापी लेखक और योगी आदित्यनाथ के करकमलों से सम्मानित व्यक्ति से टकराने वाले अहमक ही हो सकते हैं।

क्या अद्भुत दृश्य है। लोग गिड़गिड़ा रहे हैं कि प्रभो माफी मांग नहीं सकते तो कोई ठीक-ठाक बहाना ही बता दो ताकि जान छूटे। किसी तरह ये प्रसंग समाप्त हो। लेकिन उदय हैं कि मानते नहीं। उलटा हुंकार कर कह रहे हैं कि कुछ भी ऐसा नहीं किया जिसकी सफाई दूं। पुरस्कार नहीं सम्मान ग्रहण किया है। हाय-हाय,इस सादगी पर कौन न मर जाए ऐ खुदा..!

ये कोई सामान्य घटना नहीं है। ये दृश्य बता रहा है कि लोगों के सामाजिक सरोकार किस तरह से छीज रहे हैं। किसी सवाल पर स्टैंड लेने की एक जो एक गर्वीली परंपरा थी, उसे दफ्न करने की कोशिशें हो रही हैं। कहां तो नोबेल पुरस्कार को आलू का बोरा कहने वालों के वंश का होने का दावा, और कहां रक्त सने बोरे के आलू से भी सम्मानित होने से परहेज नहीं। पहले कहा जाता था कि बुराई को खत्म नहीं कर सकते तो उसको गलत ही कहो। ये भी नहीं कर सकते तो उसके खिलाफ सोचते रहो। यानी हर हाल में दूरी तो बनानी ही होगी। पर इधर बुरे को बुरा कहने में खासा नुकसान होता है तो चुप रहना ही बेहतर।

वैसे इधर, दो महत्वपूर्ण घटनाएं हुई हैं जिनसे पता चलता है कि सब लोग उदयप्रकाश की ही राह नहीं चल रहे हैं। कवि नीलाभ ने साहित्य अकादमी का पुरस्कार ठुकराया और कवि पंकज चतुर्वेदी ने सलवाजूडम के संरक्षक छत्तीसगढ़ के आला पुलिस अफसर के दरबार में हो रहे साहित्यिक जमावड़े में जाने से इंकार किया। खास बात ये है कि दोनों ने पहले स्वीकृति दी थी, लेकिन पुनर्विचार किया और लगा कि उनका फैसला गलत है तो बदल दिया। लेकिन कवि सुंदरचंद ठाकुर लाख अपील करें, उदयप्रकाश क्यों माफी मांगेंगे।

कुछ लोग कह रहे हैं कि कौन किससे मिलता है और कौन किससे सम्मानित होता है ये उसका निजी मसला है। इस तर्क पर तो कल कोई बलात्कारी और हत्यारा भी ब्लाग बनाकर कबाड़खाने पहुंच जाएगा,तो क्या उसका स्वागत होगा। उदय प्रकाश जिसके हाथों सम्मानित होने को सफाई देने लायक बात नहीं समझते, वो क्या है, ये राजनीतिक लिहाज से मंदबुद्धि भी बता सकते हैं। जो लोग पूर्वांचल को सांप्रदायिक हिंसा की आग में झोंकने की साजिश रचने वालों को पहचान नहीं पा रहे हैं, उनके बारे में क्या कहा जाए।

तुर्रा ये कि उदयप्रकाश जातिवादी फासीवाद से लड़ने के लिए मैदान में उतरे हैं और सम्मानित हो रहे हैं योगी आदित्यनाथ के हाथों। ऐसी उलटबांसी क्या पहली सुनी गई है। दलित आंदोलन के नए पुरोधा का ब्राह्मणवादी सामंती झंडाबरदारों के हाथों सम्मान, किसी साजिश का इशारा तो नहीं।

इस पूरे मसले में मैं एक ख्वामखाह की तरह आया। आदत से मजबूर पूंछ उठा दी। सहज बुद्धि कहने लगी कि ऐसे लोगों से दूरी बनानी चाहिए सो उदयप्रकाश का ब्लाग कबाड़खाने से हटाने की मांग कर बैठा। क्या पता था कि ये मांग लोकतंत्र के खिलाफ है। इस लोकतंत्र में तो भेड़-भेड़िये एक घाट पानी पीते हैं। बेचारे भेड़ियों की बिना मेहनत भूख भी मिट जाती है और भेड़ों की प्यास। जय हो..फिर भी ये तो मानना ही पड़ेगा कि लोग थोड़ी देर के लिए ही सही, मेरे झांसे में आ जरूर गए। कबाड़खाने से उदय प्रकाश का ब्लाग हट गया। ये अलग बात है कि ऐसा करने वालों को जब बताया गया कि ऐसा करना तानाशाही और ब्राह्मणवाद है तो वे फिर से लोकतांत्रिक हो गए।

तो अब मैं, न पिद्धी न पिद्दी का शोरबा, इस कबाड़खाने से अलग होने का एलान करता हूं। ....मुझे नहीं लगता कि मैं किसी के भी साथ एक मंच पर रह सकता हूं। रक्त सने हाथों से सम्मानित होने वालों के साथ तो एकदम नहीं।.....

अरे, जरा ठहरिए, आप मुझे बिलकुलै बुड़बक समझते हैं का.... मैं ऐसा कुछ नहीं करने जा रहा हूं। मैं उदय जी भइया साहब कुंवर से अकेले क्यों बिगाड़ लूं। डटे रहो उस्ताद।

अब मैं सिर्फ किसी पेड़ से कहूंगा कि राजा के सिर में सींग जमी है।

उदय प्रकाश जी ने ऐसा किया ही नहीं होगा - आप झूठ बोल रहे हैं!

अविनाश

अरसा हुए, ब्‍लॉगिंग से कटे। कल दिलीप मंडल जी के फोन से कबाड़खाने पर चल रही बहस के बारे में ख़बर मिली। पूरी बहस देखे बिना ही मैंने उनसे कहा कि मसला गंभीर है - लेकिन उदय प्रकाश जी की दलील सुननी चाहिए। उदय प्रकाश जी ने दलील दी भी है, ऐसा उन्‍होंने बताया। पर वह संतोषजनक नहीं है। शाम में उदय प्रकाश के प्रिय और हमारे मित्र विश्‍वदीपक से आजतक के दफ्तर में मुलाक़ात हुई, तो उन्‍होंने डीटेल्‍स दी। कहा कि उदय प्रकाश जी ने बात की है, लेकिन वे मूल मसले से कट गये हैं। मसला ये कि वो कौन-सी मजबूरी रही कि योगी आदित्‍यनाथ के हाथों उन्‍हें पुरस्‍कार लेना पड़ा।

तो ख़बर ये है कि जुलाई 2009 के पहले हफ्ते में गोरखपुर में उन्‍होंने योगी आदित्‍यनाथ के हाथों पहला नरेंद्र स्‍मृति सम्‍मान पाया। सम्‍मान पाना बड़ी बात नहीं है। उदय प्रकाश हमारे समय के बड़े लेखक हैं - और यक़ीनन किसी भी सम्‍मान से बड़े। कई बार ऐसा होता है कि बड़ा लेखक बड़े सम्‍मान की जगह छोटे सम्‍मान को अपने से मोहब्‍बत करने वालों का मान रखने के लिए गहरी उदारतापूर्वक ग्रहण कर लेता है। हम मान सकते हैं कि नरेंद्र स्‍मृति सम्‍मान ऐसी ही कोटि का सम्‍मान रहा होगा। लेकिन योगी आदित्‍यनाथ? वह तो दलित और मुस्लिमविरोधी शख्‍सीयत के रूप में प्रचारित है और यह प्रचार कतई झूठा भी नहीं है। ऐसे योगी के साथ एक सार्वजनिक मंच पर खड़े होने का दुस्‍साहस भी उदय प्रकाश जी ने कैसे किया - यह हम जैसे उदय प्रकाश के प्रशंसकों के लिए एक दुख का प्रसंग है, क्षोभ का प्रसंग है।

क्‍या इस मंच शेयरिंग को हम उदय प्रकाश जी की महानता के रूप में देखें? या उन प्रशंसकों की आत्‍माओं पर हमले के रूप में देखें - जो उदय प्रकाश जैसे लेखकों को अपना आदर्श मानते रहे हैं? हज़ारों मुसलमानों का क़त्‍ल करने वाले योगी के साथ खड़े होने की पारिवारिक दुविधा और मजबूरी का तार्किक पक्ष भला क्‍या हो सकता है? नहीं हो सकता है, इसलिए उदय प्रकाश जी ने उस तर्क को रचा भी नहीं है बल्कि इस मसले की आड़ में खुद की हो रही आलोचना को समाज और साहित्‍य में जातिवादी गंठजोड़ की साज़‍िश बता कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की है। हमारी सदिच्‍छा भी है कि ये मामला रफा-दफा हो जाए और उदय प्रकाश हमारे लिए उतने ही बेदाग़ बनें रहें - जैसा कि वे रहे हैं। पर लेखकीय हठ इसके आड़े आ रहा है। आत्‍मस्‍वीकार एक बड़ा हथियार हो सकता था उदय जी के बेदाग़ बने रहने में - पर वे इससे बच रहे हैं। पटना में नब्‍बे के दशक में ग़रीब-मज़लूमों के नरसंहारों के दौर में तत्‍कालीन मुख्‍यमंत्री लालू यादव से पुरस्‍कार लेने के बाद बाबा नागार्जुन ने उन्‍हें दम भर गाली देकर खुद को पवित्र किया था।

बहरहाल, मेरे लिए विस्‍मयकारी प्रसंग ये है कि जो लेखक महाराष्‍ट्र के अमरावती में दलित आंदोलनकारियों के बीच नायक की तरह सम्‍मान पाता है, वह उत्तर भारत में एक दलित और मुसलमान विरोधी खलनायक के साथ खड़ा नज़र आता है! क्‍या कुछ हज़ार किलोमीटर की यात्रा में विचार और चिंतन का भी कायांतरण हो जाता है? नहीं ऐसा संभव नहीं है। मुझे तो नहीं लगता। यह सब झूठ है, जो लिखा जा रहा है। अख़बार की वो कटिंग भी झूठ है, जो कबाड़खाने पर चिपकायी गयी है। जितने लोगों ने लिखा है - सब झूठ है। एक सच की प्रतीक्षा में मैं खूब रोना चाहता हूं...

...आइए हम, उदय प्रकाश के प्रशंसक, अपने आंसू बहा कर अपने लेखक की तरफ से प्रायश्चित करें।

Saturday, July 11, 2009

उदयप्रकाश पर दो-चार बातें खरी-खरी

- उदयप्रकाश मेरी राय में हमारे समय के सबसे सफल रचनाकारों में से हैं। हिंदी के इस समय के संभवत: अकेले सुपर स्टार। जैसे कि बॉलिवुड में अमिताभ बच्चन हैं या फिर मॉलिवुड में रजनीकांत। हिंदी साहित्य के दो कौड़ी के या महान कहे जाने वाले और ताल-तिकड़म से हासिल होने वाले पुरस्कारों से अलग एक कामयाब साहित्यकार।

- उदयप्रकाश किसी से भी पुरस्कार लें या न लें, ये उन्हें ही तय करना है। जैसे कि मुझे ये तय करने का अवसर मिला होता तो मैं आदित्यनाथ के हाथों कोई पुरस्कार लेना शायद स्वीकार नहीं करता। लेकिन चूंकि इसका अवसर आया नहीं है, इसलिए अपने आचरण के बारे में ये एक हायपोथेटिकल स्थिति ही है। मिसाल के तौर पर जब मै नौकरी नहीं करता था तो मुझे लगता था कि मैं किसी की नौकरी नहीं कर पाऊंगा। मुझे लगता है कि किसी को भी कांग्रेस के किसी नेता से कोई पुरस्कार नहीं लेना चाहिए क्योंकि वो देश में अब तक हुए ज्यादातर दंगों के पीछे यही पार्टी है। सिख विरोधी दंगा कांग्रेस का इतना बड़ा अपराध है कि उसके नेता पुरस्कार देने के लिए नाकाबिल ठहरा दिए जाने चाहिए। नरेंद्र मोदी ने जिस तरह गुजरात में दंगाइयों को भड़काया, वही काम तो राजीव गांधी ने अपनी मां की हत्या के बाद किया था (पेड़ गिरने पर धरती हिलने वाला बयान आपको याद होगा)। बुद्धदेव भट्टाचार्य और सीपीएम के नेताओं से तो सिंगुर, नंदीग्राम और लालगढ़ के कुकर्मों के कारण कोई पुरस्कार नहीं लेना चाहेगा। बेशुमार नरसंहारों में निजी सेनाओं के साथ षड्यंत्र में शरीक रहे लालू प्रसाद और उनकी पार्टी के नेताओं से भी पुरस्कार और सम्मान नहीं लिए जाने चाहिए। रामपुर तिराहा कांड की वजह से मुलायम सिंह यादव भी पुरस्कार देने के काबिल नहीं हैं। इन पार्टियों के सरकार में रहते समय क्या सरकारी नौकरी करना, सरकारी कमेटियों और पदों पर बैठना अनैतिक नहीं है? इस मामले में पत्थर फेंकने का अधिकार उन्हें ही होना चाहिए, जो किसी "पाप" में शरीक नहीं है। हम खुद तो सेठों की नौकरी करें, और दूसरों से क्रांति के लिए सबकुछ छोड़ देने की उम्मीद करें, ये गैरवाजिब है। खासकर तब जबकि सामने वाला कह भी न रहा हो कि वो क्रांति कर रहा है या क्रांति करना चाहता है।

- उदयप्रकाश के बारे में अनिल यादव की टिप्पणी तीखी है लेकिन मेरी राय में गलत नहीं है। अनिल यादव को पूरा हक है कि किसी रचनाकार से कैसे आचरण की अपेक्षा करें। रचनाकार का जीवन पूरी तरह निजी नहीं हो सकता। उदयप्रकाश के लेखन और उनके अब तक के व्यवहार के आधार पर अनिल यादव को लगता है कि उदयप्रकाश को आदित्यनाथ के हाथों पुरस्कार या सम्मान नहीं लेना चाहिए। तरुण विजय या किसी भाजपाई साहित्यकार से तो वो इसकी अपेक्षा नहीं कर रहे हैं। मेरी भी उदयप्रकाश से वैसी ही उम्मीद है, जैसी उम्मीद अनिल यादव को है। उदयप्रकाश की ये संघी या जातिवादी आलोचना नहीं है। अनिल यादव क्या इस बारे में इसलिए बात न करें कि वो पायोनियर मैं नौकरी करते हैं?

- अनिल यादव की टिप्पणी पर बिफरकर उदयप्रकाश ने कबाड़खाना और उसके मुख्य मॉडरेटर के बारे में जो लिखा है और जैसी भाषा का इस्तेमाल किया है, वो गलत है। उदयप्रकाश से मेरी अपेक्षा है कि वो अपनी उस टिप्पणी को दोबारा पढ़ेंगे और जो उन्हें अनुचित लगे, उन्हें वापस ले लेंगे। जिस उदयप्रकाश का मैं इतने साल से फैन हूं, उनसे मैं ऐसे ही व्यवहार की उम्मीद करता हूं। (यहां ये स्पष्ट करना जरूरी है कि उनसे मेरी अब तक मुलाकात नहीं हुई है और हम कहीं टकरा गए तो एक दूसरे को पहचान भी नहीं पाएंगे)। हालांकि वो ऐसा न करें तो कोई आसमान नहीं फट जाएगा। कबाड़खाना की एक लोकतंत्रिक मंच के रूप में अहमियत इससे कम नहीं हो जाएगी। कबाड़खाना की ये ताकत है कि कोई यहां आकर कबाड़खाना को गालियां दे सकता है और इसके बावजूद इस मंच का बना रह सकता है। मेरा निजी अनुभव मुझे ये मानने से रोकता है कि कबाड़खाना कोई जातिवादी मंच है। लोकतांत्रिक मंच होने के कारण मैं इसे जातिवाद विरोधी मंच मानता हूं। अनिल यादव की एक आलोचना भर से उदयप्रकाश को ये मंच जातिवादी लगने लगा, ये आश्चर्यजनक है।

- मैं उदयप्रकाश से ये भी उम्मीद करता हूं कि हिंदी साहित्य में जातिवादी सड़न पर वो वैसी ही खरी-खरी बातें करते रहेंगे, जैसा कि वो अब तक करते रहे हैं। हिंदी साहित्य में सड़ांध बहुत बढ़ गई है। हिंदी साहित्य के मठ अब टूटने ही चाहिए। इन मठों पर खास जातियों के महानुभावों का कब्जा है, जबकि उनका रचनाकर्म दो पैसे की औकात नहीं रखता। आम तौर पर 500 प्रिंट ऑर्डर के गणित पर चलने वाले हिंदी साहित्य की इस दशा के पापी वहीं हैं जो इन मठों पर जमे बैठे हैं। मैं उनकी चेलामंडली समेत विदाई की और उनके नाश की कामना करता हूं। हिंदी भाषा का मठाधीशी साहित्य मर चुका है। नया हिंदी साहित्य संभवत: ब्लॉग पर रचा जाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। हिंदी के पंडितों को न इसकी समझ है, न ही परवाह। हिंदी के ज्यादातर साहित्कारों का कंप्यूटर ज्ञान शून्य है। सामंती मिजाज के ये महानुभाव टाइपिंग करते नहीं, कराते हैं। मनोरंजन की दुनिया में हिंदी के विस्फोट से पैदा हुए अवसर उन्हें छुए बगैर निकल गए हैं। उदयप्रकाश कम से कम ब्लॉग पर तो हैं और इसी नाते हम उन्हें कोस भी सकते हैं और उनसे पूछे गए सवालों के जवाब की अपेक्षा भी करते हैं। वरना हिंदी के ज्यादातर पंडित तो अपने को इतना वलनरेबल बनाने को तैयार ही नहीं है।

- और एक बात जिसका जिक्र पंकज श्रीवास्तव कर रहे हैं वो है हिंदी के बारे में उदयप्रकाश के विचारों को लेकर। देखिए हम सब अपने दिल पर हाथ रखकर पूछें कि क्या हिंदी को लेकर हममें दरअसल कोई रोमांटिसिज्म बचा भी है। मैं मेट्रो शहरों के किसी मध्यवर्गीय हिंदी सेवी या हिंदी प्रेमी को नहीं जानता, जो अपनी संतानों को हिंदी माध्यम में शिक्षा दिला रहा हो। जो भी "समझदार" हैं वो हिंदी के भविष्य के बारे में शंकाएं नहीं पालते और अपने बच्चों का भविष्य खतरे में नहीं डालते। देश के बाकी लोग हिंदी से प्यार करें लेकिन मैं अपने बच्चे को हिंदी माध्यम के स्कूल में नहीं पढ़ा सकता- ये दोहरापन नहीं चलने वाला। हिंदी की बात करने वालों के व्यवहार और व्यक्त किए जाने वाले विचारों में गहरा अंतर्विरोध है। मौजूदा पावर स्ट्रक्चर में हिंदी की ज्ञान और रोजगार की भाषा के रूप में स्थापना आसान नहीं है। इसलिए इस मामले में अब अपने द्वंद्व खत्म कर लेने का समय शायद आ गया है। मैं खुद इस बात का समर्थक हूं कि देश में शिक्षा का माध्यम अगर कुछ लोगों के लिए अंग्रेजी है, तो ये सरासर गलत है और बहुसंख्य आबादी के बच्चों को अच्छे रोजगार से वंचित रखने का षड्यंत्र है। उदयप्रकाश कुछ अलग तर्कों के आधार पर हिंदी सहित्य संसार को ब्राह्मणवादी और अंग्रेजी को प्रगतिशील मान रहे हैं। इस पर बहस होनी चाहिए। इस आधार पर किसी को खारिज नहीं कर देना चाहिए कि इतने समय तक हिंदी की रोटी खाने के बाद अब अंग्रेजी का गाने लगे।

बेईमानी का उदय और चुप्पी साधे हिंदी वीर

उदयप्रकाश को पखाने तक पहुंचना ही था। रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद अक्सर ऐसा ही होता है। उदय प्रकाश हिंदी के एक प्रतिभाशाली लेखक हैं। उन्हें दर्द है कि उन्हें लांछित किया गया, समझा नहीं गया। पर ये समस्या तो नब्बे फीसदी लोगों की है। इससे उनके धतकरम जायज नहीं हो जाते।

उदय प्रकाश किस कदर अपने पाठकों से बेईमानी कर रहे हैं उसे जानने के लिए उनके ब्लाग पर ही चले जाइए। जनाब ने पूर्वाचल से लौटकर 9 जुलाई को जो पोस्ट लिखी उसका नाम दिया "कुशीनगर से लौटकर।" बहुत अच्छे। इसमें एक-आध बार ये भी लिख दिया कि वे गोरखपुर भी गए थे। लेकिन ये नहीं बताया कि गोरखपुर में उनका सम्मान भी हुआ और वो भी योगी आदित्यनाथ के हाथों। कबाड़खाना में अनिल यादव की पोस्ट आने के पुनश्च लिखना पड़ा। आखिर ये इतनी ही सम्मानजनक बात थी तो छिपाई क्यों महाराज।

इसके बाद भी वे जो लिख रहे हैं, उसमें भी वे इस विषय पर कोई सीधी बात करने को तैयार नहीं हैं। प्रलाप यही कि उनके खिलाफ षड़यंत्र हो रहा है। बढ़ते-बढ़ते ये बात यहां तक पहुंचती है कि हिंदी पट्टी में कोई विभूति जन्मी ही नहीं। अब बुद्ध, महावीर की उन्हें याद दिलाना तो फिजूल है ही, कबीर की बात भी वे भूल गए। बहुत पुरानी बात है..?..तो प्रेमचंद क्या गऊपट्टी में नहीं नागपुर में पैदा हुए थे। जिन त्रिलोचन और नागार्जुन पर वे कभी फिदा रहे होंगे वो भी इसी माटी के बने थे। हां भगत सिंह नहीं पैदा हुए, पर चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल, अश्फाकउल्ला खां, रोशन सिंह जैसे उनके हमप्याला और हमनिवाला में जान इसी गोबरपट्टी ने फूंकी थी।

कितना बुरा लग रहा है कि एक कठपेलई पर उतारू लेखक की वजह से दुनिया को बदलने की समझ देने वालों के क्षेत्र पर विचार हो रहा है।

तुर्रा ये कि अब अशोक पांडेय के जवाब पर टिप्पणी करते हुए जनाब ये भी बता रहे हैं कि उनके साथ योगी आदित्यनाथ ने ज्यादा बेहतर व्यवहार किया। बेहतर व्यवहार तो हिटलर ने भी कइयों के साथ किया होगा तो क्या यहूदियों को गैस चैंबर में झोंकने का अपराध कम हो जाता है। हिटलर के हाथ क्या कोई संवेदनशील लेखक पुरस्कार ले सकता था।

वैसे, हिंदीवालों के प्रति उदयप्रकाश जैसा व्यवहार कर रहे हैं, शायद वो उसी के लायक हैं। वरना इस विराट चुप्पी का अर्थ क्या है। क्यों नहीं तमाम संगठन और विचारधारा से जुड़े लेखक उदयप्रकाश के कृत्य की सार्वजनिक निंदा कर रहे हैं। ये कैसी गिरोहबंदी है जिसमें उदयप्रकाश से बैर लेने की हिम्मत नहीं पड़ रही है। मोर्चा लिया तो अनिल यादव ने जो पत्रकार के नाते उनका धर्म भी था। लेकिन उदयप्राश बताने लगे कि अनिल के अखबार के मालिक उनके जेएनयू के दिनों के दोस्त हैं। धमकी देने का क्या अंदाज है उदयप्रकाश का। करीने से बता दिया कि नौकरी ले सकते हैं। ज्याद चूं-पूं न करो।

अब अंदाजा ही लगाया जा सकता है कि बाकी नामवर लेखकों को क्या कहकर उन्होंने मुंह सिलने को मजबूर किया होगा।
और अशोक भाई, उदयप्रकाश तमाम किस्से गढ़ सकते हैं, लेकिन योगी आदित्यनाथ के हाथ सम्मानित होने के सीधे सवाल पर पखाने ही पहुंचेंगे। ऐसे गंधाते लोगों का कबाड़खाना में बना रहना कबाड़ियों का अपमान है। हटाओ इन्हें। कम से कम हम दोस्तों के चुनाव में तो सतर्क रहे।

पाखा़ने का फुस्कारा

उदय जी ने अनिल यादव की पोस्ट के जवाब में अपने ब्लॉग पर लिखा. (ध्यान रहे उदय जी ने मेरे ही इसरार पर कबाड़खा़ना जॉइन किया था):

इस बीच कई फोन और एस.एम.एस. आये कि गोरखपुर में अपने भाई नरेंद्र (जिनकी पिछले वर्ष अचानक हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गयी थी, उनके नाम पर सम्मान लेने के एक बिल्कुल पारिवारिक और वैयक्तिक कार्यक्रम को भा.ज.पा. के आडवाणी और हमारे जे.एन.यू. के पुराने दोस्त चंदन मित्रा (जो लंबे अर्से से हिंदुत्ववादी राजनीति के प्रबल समर्थक हैं) के अंग्रेजी अखबार 'Pioneer' के किसी कर्मचारी की पोस्ट एक 'मशहूर' ब्लाग में साया की गयी है और नियोजित तरीके से, मुझ पर आक्रमण करके बदनाम करने की घृणित जातिवादी कोशिश की जा रही है। मैंने अभी २ मिनट पहले ही उस ब्लाग को देखा। वह मेरा पसंदीदा ब्लाग 'कबाडखाना' निकला। दुख और आश्चर्य है। लेकिन इस ब्लाग पर बात करने का समय शायद आ गया है।

दरअसल, इस हिंदू जातिवादी समाज में विचारधाराओं से लेकर राजनीति और साहित्य तक जैसा छ्द्म और चतुर खेल खेला गया है, उसके हम सब शिकार हैं। मेरे परिवार में यह सच है कि कोई भी एक सदस्य ऐसा नहीं है (इनमें मेरी पत्नी, बच्चे, बहू और पोता तक शामिल हैं...और मेरे मित्र तथा पाठक भी) जो किसी एक धर्म, जाति, क्षेत्र, नस्ल आदि से जुड़े़ हों। लेकिन हिंदी साहित्य, मीडिया और अब ब्लागिंग में सक्रिय सवर्ण हिंदू उसी कट्टर वर्णाश्रम-व्यवस्थावादी mindset से प्रभावित पूर्व-आधुनिक, सामंती, अनपढ़ और घटिया लोग हैं जिनके भीतर जैन, बौद्ध, नाथ, सिद्ध, सरहपा, ईसाइयत, दलित, इस्लाम आदि तमाम आस्थाओं और identities के प्रति गहरी घृणा और द्वेष है। इसे वे भरसक ऊपर-ऊपर छिपाए रखने की चतुराई करते रहते हैं। मैंने अपने जीवन भर इनका दंश और ज़हर झेला है और अभी भी झेल रहा हूं। लेकिन इस अपमान और साजिश का शिकार मैं अकेला नहीं, बहुतेरे हैं।


उपर्युक्त ब्लाग में समूची सोची-समझी नीयत के साथ जिस तरह से इस पोस्ट को प्रस्तुत किया गया है, (इसमें माडरेटर एक्टिवेटेड है) वह उनकी ही कलई ही उद्घाटित करता है। इसका सरगना इलाकाई-जातिवादी नेक्सस का वह कुत्सित नाम है, जिसने देश और समाज की सारी नैतिकताओं के धुर्रे बिखेरते हुए अपनी कई हवसों को पूरा किया है। ये एक नहीं, कई हैं। दक्षिण से 'वाम' तक इनकी धर्म-ध्वजा फ़हरा रही है।

गनीमत यही है कि आने वाली नयी पीढी़ और जातिवादी ज़हर से मुक्त नव-आधुनिक युवा इनके चेहरे पहचान रहे हैं।
मैं ज़ल्द ही इन सबके बारे में लिखूंगा। (हालांकि ये इतने ताकतवर हैं और इस व्यवस्था में इनकी पैठ इतनी गहरी है कि हमेशा की तरह जीवन मेरा ही बिगड़ेगा)...शमशेर की वही पंक्ति फिर पेश है, जिसे मैं अक्सर दुहराता हूं :

'ज़माने में तो अपना जब तलक ये जीना होना है,
तुम्हारी चोटें होनी हैं, हमारा सीना होना है !'

हम अपनी रचनाओं, प्रतिभाओं, मेहनत और ईमानदारी से इन घृणित सवर्ण लुटेरों के साम्राज्य को ध्वस्त करेंगे।

अंत में एक शेर और जो किसी ज़माने में अपने युवा दिनों में हम गाते थे :

'हम मेहनतकश इस दुनिया से जब अपना हिस्सा मांगेंगे,
इक खेत नहीं, इक बाग नहीं, हम सारी दुनिया मांगेंगे !!'

ज़ल्द ही मिलेंगे। (एक खयाल आता है ; 'Right to Information' सिर्फ़ सरकार और सरकारी संस्थाओं पर ही क्यों लागू हो? क्या हम इन गिरोहों से इनकी योग्यताओं के प्रमाणपत्र और इनकी उपलब्धियों के दस्तावेज मांग कर उन्हें सार्वजनिक नहीं कर सकते?

अनिल ने टिप्पणी की:

"आडवाणी और हमारे जे.एन.यू. के पुराने दोस्त चंदन मित्रा (जो लंबे अर्से से हिंदुत्ववादी राजनीति के प्रबल समर्थक हैं) के अंग्रेजी अखबार 'Pioneer' के किसी कर्मचारी" वाह दादा वाह। हमला करने से पहले दूरी बनाने की क्या अदा है आपकी। इस कर्मचारी का आपसे तबसे स्नेहिल परिचय था जब वह, इस अखबार से पहले फ्रीलांसर हुआ करता था।
बहरहाल ठाकुर साहब, दलित चिंतन की लफ्फाजी छोड़िए और कबाड़खाने पर आकर जवाब दीजिए कि क्या योगी को आप किसी भी लेखक को सम्मान देने लायक पाते हैं आप। आपके भाई वहां नौकरी करते थे तब तो और भी अच्छी तरह आप सांसद योगी को जानते रहे होंगे।

कृपया माडरेटर का दुरूपयोग न करें। अगर आपने मेरे बारे लिखा तो मेरा पक्ष भी प्रकाशित होना चाहिए।


और ये रहा उदय जी का जवाब:

अनिल जी, मैं सचमुच आपसे कभी नहीं मिला हूं। मैं आपको ठीक से जानता भी नहीं। कृपया गलत बयानी ना करें। 'कबाड़्खाना' या कट्टर जातिवादियों और धूर्तों का 'पाखाना' कोई ऐसी अनिवार्य जगह नहीं है, जिसमें जाना मेरी मज़बूरी हो। हां, आपने सम्मान की 'रकम' के बारे में अपना कयास लगाया है तो वह बता देता हूं। गोरखपुर से चलने के पहले मेरी भाभी ( स्व.कुंवर नरेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी) ने एक सूती कुर्ता और एक सूती पाज़ामा अपने इस खानाबदोश बना डाले गये देवर को दिया था। क्या उसे भी लूटना चाहते हो?

पिछली पोस्ट में मेरी कविता 'उनका उनके पास' की अंतिम पंक्तियां हैं :

'जहां तक मेरा सवाल है तो धन्यवाद

बस मेरे कपडे़-लत्ते ही लौटा दें. तो गनीमत !'

(उम्मीद है यह कविता किसी बदले हुए समय में फिर पढी जाएगी, 'तिब्बत' की तरह। क्षोभ में और गुस्से में कुछ असंगत लिख गया होऊं तो आप सब माफ़ करेंगे। ढेरों शुभकामनाएं।


मैं तबाह हूं!

मेरी बहुत सारी और हवसें बची हुई हैं. टैम ना मिल्लिया सर जीज़. उन्नीस माह से अपनी इकलौती बच्ची को देखने नहीं जा पा रहा क्यूंकि अपने अधमरे बाप की मिजाज़पुर्सी के घृणित कर्म की हवस में लीन हूं. थैंक्यू उदय जी! ये नया विशेषण मुझे और इतनी आजिज़ी से बनाए गए 'जातिवादी और इलाक़ाई' ब्लॉग को बख़्शने के लिए. आपकी महानता का प्रताप इसे बचाए रखेगा उम्मीद है.

आपका अपना

Ashok Pande

(जातिवादी कबाड़ियों का सरग़ना. जो बकौल आपके,उदय जी, इलाकाई-जातिवादी नेक्सस का वह कुत्सित नाम है, जिसने देश और समाज की सारी नैतिकताओं के धुर्रे बिखेरते हुए अपनी कई हवसों को पूरा किया है।)

आन दो! आन दओ!

होर वेखी जा - छेड़ी ना!

आपकी महानता को नमन!

Friday, July 10, 2009

हमारी हिंदी

हमारी हिंदी
रघुवीर सहाय की कविता

हमारी हिंदी एक दुहाजू की नयी बीबी है
बहुत बोलनेवाली बहुत खानेवाली बहुत सोनेवाली

गहने मढ़ाते जाओ
सर पर चढ़ाते जाओ

वह मुटाती जाये
पसीने से गन्धाती जाये घर का माल मैके पहुंचाती जाये

पड़ोसिनों से जले
कचरा फेंकने को लेकर लड़े

घर से तो खैर निकलने का सवाल ही नहीं उठता
औरतों को जो चाहिए घर ही में है

एक महाभारत है एक रामायण है तुलसीदास की भी राधेश्याम की भी
एक नागिन की स्टोरी बमय गाने
और एक खारी बावली में छपा कोकशास्त्र
एक खूसट महरिन है जिसके प्राण अकच्छ किये जा सकें
एक गुचकुलिया-सा आंगन कई कमरे कुठरिया एक के अंदर एक
बिस्तरों पर चीकट तकिये कुरसियों पर गौंजे हुए उतारे कपड़े
फर्श पर ढंनगते गिलास
खूंटियों पर कुचैली चादरें जो कुएं पर ले जाकर फींची जायेंगी

घर में सबकुछ है जो औरतों को चाहिए
सीलन भी और अंदर की कोठरी में पांच सेर सोना भी
और संतान भी जिसका जिगर बढ़ गया है
जिसे वह मासिक पत्रिकाओं पर हगाया करती है
और जमीन भी जिस पर हिंदी भवन बनेगा

कहनेवाले चाहे कुछ कहें
हमारी हिंदी सुहागिन है सती है खुश है
उसकी साध यही है कि खसम से पहले मरे
और तो सब ठीक है पर पहले खसम उससे बचे
तब तो वह अपनी साध पूरी करे।