
एक शख़्स है जिसकी गहरी और कदाचित तीख़ी टिप्पणियों की भाषा मुझे अपने प्रिय मरहूम शायर हरजीत के एक शेर की याद दिला जाती है:
कुछ तो तुर्शी बयान में रखिये
एक लज़्ज़त ज़बान में रखिएउनके बारे में और जानने की उत्सुकता हुई तो उनसे सम्पर्क किया. जनाब कहते हैं कि अगर मेरे बारे में कुछ बताना ही लोगों को चाहें अपरिहार्य रूप से इस शेर का ज़िक्र किया जाए:
अपने गुनाहों की सज़ा ढूँढ़ता हूँ
दुनिया में अपना पता ढूँढ़ता हूँयह जानकर अच्छा लगा कि साहब कविताएं भी लिखते हैं. और बढ़िया कविताएं. इनकी दो कविताओं पर ज़रा ग़ौर करें. मुझे तो पसन्द आईं.:
इस जनम में सुहागहे कंत!
इस जनम में एक बार,
मुझे कोई शि़कायत कोई पछतावा नहीं
पिछले कई जनमों का,
पर इस जनम में एक बार, एक क्षण के लिए, क्षण के सौवें हिस्से के लिए
मुझे अपने पथ पर लिए चलना अपने साथ
एक बार टोकना मुझे कि मेरे वस्त्र अस्त-व्यस्त हैं
बस एक ही बार मेरे सुहाग की बिंदिया को ललाट के ठीक बीचों-बीच कर देना
मेरे हाथों से ग्रहण करते हुए अपने साजो-सामान
एक बार देख लेना मेरी ओर
बस एक ही बार इशारा कर देना मेरी आँखों के फैल गये काजल की ओर
इस जनम में तो झिड़क देना मुझे मेरी लापरवाही के लिए
हे कंत!
इस जनम में तो दिखाना एक झलक
अपनी प्यारी सूरत की
पिछले कई जनमों का तो कोई पछतावा नहीं
पर इस जनम में एक बार, एक क्षण के लिए, एक क्षण के सौवें हिस्से के लिए
मुझे सुहाग देना।
पत्नी से विदाजनम-जनम से मैंने तुम्हें कराया है इंतज़ार
तुमने ख़ामोशी से देखा-सुना है मेरा कारबार
अब एक उपकार और करो
मेरे क़रीब आओ और मेरे सीने से लगकर
मुझे एक बार और विदा करदो
मुझे चूमने दो अपनी पेशानी कि मेरी शक्ति क्षीण हो गई है
मुझे थोड़ी शक्ति और उठा लेने दो अपनी आँखो से
मुझे अभी और रहना है तुमसे दूर
शायद मेरा यह भटकाव भी आखिरी नहीं हो
अपनी आत्मा का आखिरी हीरा भी मुझे ही देदो तुम
मैं बढ़ रहा हूँ दुःलंघ्य पर्वत श्रृंगों की ओर
मैं गिरने जा रहा हूँ अनन्त में
अपनी झपकियाँ भी मेरे साथ करदो
कुछ मत रखो अपने पास
तुम खुद ही रख दो सब कुछ मेरे सामने
मुझे डर है
शायद मैं फिर तुमसे कुछ माँगने न आ सकूं
मेरे और करीब आ जाओ
मैं जा रहा हूँ हमेशा के लिए, अभी कभी नहीं लौटूँगा
लेकिन इसी उम्मीद के साथ जा रहा हूँ
कि तुम मेरा इंतज़ार करोगी और पलक तक नहीं झपकाओगी
मैं इसी विश्वास से भरा हुआ जा रहा हूँ
कि तुमने सब कुछ दे दिया है मुझे और कुछ नहीं बचा रखा है अपने पास
ओह! मेरे आगोश में समाओ पहली और आखिरी बार
तुम्हारे बालों को सहलाऊँ, देखो छूट ही रहा था अधरों में कुछ रस
इसे भी दे दो, अब तो मुझे तुम्हारी याद भी नहीं आयेगी
ना, अभी कुछ मत कहो
मुझे अभी वक्त नहीं है तुम्हारी बात सुनने को
किसी और के विषय में भी नहीं, तुम खुद ही सम्भालो सब
लो शीघ्रता करो, मुझे तिलक दो
बहुत विलम्ब हो रहा है तुमसे विदा लेने में
अभी मुझे यह भी तय करना है कि जाना कहाँ है!
अभी तो लेनी है तुमसे विदा
और तुमसे विदा लेने में भी इतना विलम्ब कि उफ्फ!....?
ये रचनाएं जयपुर में रहने वाले प्रीतीश बारहठ की हैं. अपने को "राजस्थान सरकार का एक छोटा सा कर्मचारी" बतलाते हैं और "अनपढ़ता की हद तक कम पढ़ा-लिखा". उन्हीं के शब्दों में: " साहित्य के प्रति झुकाव बचपन से ही है, लेकिन बहुत पढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता है। ग़ज़ल के प्रति अधिक झुकाव है। अपने खर्चे पर अपनी एक पुस्तक "सयानी बातें " ग़ज़ल संग्रह के रूप में छपवाई थी, लेकिन उसे देखने वाला मैं या मेरे एक-दो मित्र ही हैं। जयपुर से प्रकाशित लघु पत्रिका "समय माजरा" के किसी अंक में बहुत पहले एक कहानी "रणखेत" प्रकाशित हुई है। बस !
मेरी डायरियों में बहुत सी कवितायें ऐसी भी हैं जो आपत्तिजनक भी हो सकती हैं।
स्कूल, कॉलेज के दिनों में अभिनय भी किया करता था। आज भी यही समझता हूँ कि मैं कविता या कहानी के बजाय अभिनय अच्छा कर सकता हूँ।"
उम्मीद करनी चाहिये कि प्रीतीश अपनी रचनाओं को डायरियों की कैद से शीघ्र मुक्ति दिलाएंगे. और अपनी ग़ज़लें भी लोगों तक पहुंचाएंगे. उनकी अभिनय की आकांक्षा भी शीघ्र पूरी हो, हम कामना करते हैं.
(ऊपर लगी पेन्टिंग मार्गरेट फ़ेन की कृति 'फ़ेयरवैल')