Monday, August 17, 2009

खतूबा...ऊ..ऊ...खतूबा ...!

हाल ही में कबाड़ पंथ के सरगना भाई अशोक पांडे की एक पोस्ट यहाँ नमूदार हुई थी जिसमें लैटिन-अमरीकी फ़न्कारा शकीरा की शान में मशहूर अफसानानिगार मार्खेज़ ने कसीदे काढ रक्खे थे . शकीरा के फन , दिलफेंक अदाओं और ठुमकों की मस्ती से कोई इनकार नहीं है दोस्तो ,बस एक मासूम शिकायत ज़ुरूर एक हूक बन के उठती है केहमारे अदीब क्यों कभी हिन्दोस्तानी फ़न पे अपनी कलम नहीं चलाते ............
, क्यूं हर वक़्त काऊं -काऊं का सा न थमने वाला एक शोर भर सुनाई देता है जिसमें महज़ शिकवे-शिकायतों के अलावे कुछ नहीं होता . हमारे यहाँ टैलेंट ने जिन बुलंदियों को चूमा है दोस्तो ,क्या खाकर शकीरा उनका मुकाबला करेगी मगर है कोई साहित्यकार जिसने मलका ऐ हुस्न ज़ीनत अमान की अदाओं पे कुछ लिखा हो ,इंटरव्यू किया हो ...उन्होंने एक ऐसी फिलिम में काम किया था साथियों जो विश्व-साहित्य की अनमोल विरासत 'अलीबाबा चालीस चोर' पे मबनी थी याने आधारित थी . आखिर ऐसा क्यूं है दोस्तो , क्यूं हमारे लेखक लोग इग्नोर करते हैं हिन्दोस्तानी टैलेंट को ...,जवाब नहीं मिले तो कहिये आप भी कहिये क्लिकियाते ही ---खातूबा .... ऊ ...ऊ.. ...........खतूबा !


Sunday, August 16, 2009

प्राग के भूतों के कुछ क़िस्से


भूत-प्रेत और उनके अस्तित्व और उनके बारे में प्रचलित बेहद रचनात्मक किस्से-कहानियां बचपन से ही मुझे बहुत आकर्षित करते रहे हैं. कथावाचन की परम्परा में इन महानुभावों का बड़ा ज़रूरी और महत्वपूर स्थान है. मेरे पैतृक गांव, अल्मोड़ा, नैनीताल, रानीखेत और रामनगर वगैरह जगहों में इनके कई किस्से बड़े चाव से सुने-सुनाए जाते रहे हैं. इन पर एक लम्बी पोस्ट जल्दी.

लेकिन जितना विषद अध्ययन और दिलचस्प शोध इस विचित्र संसार पर यूरोप और दक्षिण अमरीका में किया जा चुका है, वह मेरे भीतर काफ़ी ईर्ष्या (और सम्मान) पैदा करता है.

फ़िलहाल मैं आपको अपने प्रिय शहर प्राग के कुछ भूतों के बारे में बताने जा रहा हूं.

काफ़ी लम्बे समय से प्राग को यूरोप का सबसे भुतहा नगर भी कहा जाता है. यह अलग बात है कि अब ऐसा कहना उचित नहीं जान पड़ता. ऐसा नहीं कि प्राग के भूत किसी और जगह जा बसे हों पर आधुनिक सभ्यता उनके अस्तित्व को नकार के साथ देखने की हिमायती है सो प्राग के इतिहास के ज़रूरी हिस्सों के तौर पर जुआरियों, पागल नाइयों और मार डाले गए संगीतकारों वगैरह के प्रेत अब प्राग की टूरिस्ट गाइड्स के हिस्से बन कर रह गए हैं.

हर रात पौने आठ बजे आप प्राग के पुराने चौक पर मौजूद क्लॉक टावर के सामने पहुंच कर बाकायदा टिकट खरीदकर भुतहे मकानों के गाइडेड टूअर पर जा सकते हैं. करीब डेढ़ घन्टे चलने वाले इस टूअर में आप को आपका गाइड तमाम अभिशप्त इमारतों के बारे में बताएगा.

अपनी प्रेमिका पर बेवफ़ाई का सन्देह कर उसकी हत्या के बाद प्रायश्चित कर रहे सोलहवीं सदी के एक युवा तुर्क का प्रेत प्राग की पुरानी बसासत उन्गेल्त - ७ के टाइन कोर्ट में हर पूर्णिमा के दिन रोया करता है.

तीस साला युद्ध में मारे गए एक स्वीडन निवासी का भूत माला स्त्राना की गलियों में अपना कलम किया हुआ सिर टाट के एक बोरे में डाले घूमता रहता है.

पिछली बार माला स्त्राना में इसी घर के अहाते में देखा गया था स्वीड भूत


पुराने शहर की गलियों में कारोलियम के बाहर उस मिथकीय कंकाल के खड़खड़ाने की आवाज़ें आती हैं. इस लम्बे तड़ंगे नौजवान की देह को एक जन्तुविज्ञानी अपने संग्रह में रखना चाहता था. नौजवान को यकीन था कि वह अपने से चालीस साल बड़े जन्तुविज्ञानी प्रोफ़ेसर से ज़्यादा समय तक जीवित रहेगा, सो उसने अपनी सुदूर लगने वाली मौत के बाद अपना कंकाल फ़क़त तीस क्रोनर में बेच देना मंज़ूर कर लिया. उस रात उसने इन पैसों से ख़ूब शराब पी और उसके बाद हुए एक फ़साद में मारा गया. कहते हैं आज भी रातों को शराब में धुत्त घूमते लोगों को इस नौजवान का प्रेत पैसे मांगता मिल जाया करता है ताकि वह अपने कंकाल को वापस खरीद सके.

एक किस्सा घड़ीसाज़ के प्रेत का है तो एक काउन्टेस का जो अकाल के वक्त डबलरोटी के बने जूते पहन कर नृत्य किया करती थी. कीमियागरी, जादू, छल, छद्म जैसी शाश्वत थीम्स में लिपटी कहानियों में यहूदियों, कैथोलिकों, जादूगरनियों, सिरकटे पादरियों जैसे प्रेतों की अजब कहानियां प्राग के गली-कूचों में फैली हुई हैं.

टूअर के उपरान्त आप चाहें तो मिलोस्लाव स्वानद्रिलिक की लिखी 'प्राग घोस्ट्स' नामक किताब ख़रीद सकते हैं. मैंने आज तक कोई भूत नहीं देखा है अलबत्ता इस किताब को पढ़ना अब भी अच्छा लगता है.

हां, इस यात्रा पर निकलने से पहले यदि आपका गाइड आप को एब्सिन्थ नामक शराब के दो पैग हलक से नीचे उतारने का प्रस्ताव दे तो संकोच न कीजियेगा. आसमानी रंग की इस शराब के भीतर बला की आसमानी ताकतों से निबटने की ताकत होती है. क्या पता किसी गली के किसी कोने पर आप को वाक़ई में कोई साहब अपने कंकाल के लिए आप से तीस क्रोनर मांगते नज़र आ जाएं!

प्राग के होटल के कमरे में अपनी बार. जाहिर है आसमानी बोतल एब्सिन्थ की है. हरी वाली बोतल चेक देश में खूब पी जाने वाली औषधीय शराब बेखेरोव्का की है.



प्राग का सबसे बड़ा आकर्षण है व्रत्लावा नदी पर बना चार्ल्स ब्रिज. पुल पर दोनों तरफ़ सन्तों की पीतल की ऊंची ऊंची मूर्तियां ऐसा आभास देती हैं मानो किसी ऊंची जगह से आप पर निगाह रखी जा रही हो. समय बीत चुकने के साथ ये मूर्तियां काली पड़ चुकी हैं. मिथक है कि इन सन्तों में से एक ऐसे भी भी जिन्हें मूर्ति में बदले जाने से पहले वे पूरी तरह मृत नहीं हुए थे.

भोर में चार्ल्स ब्रिज


१४वीं सदी में सम्राट वेन्सेस्लास चतुर्थ की पत्नी महारानी ने सेन्ट जॉन ऑफ़ नेपोमूक के समक्ष एक बार कन्फ़ेशन किया था. जब सन्त ने वेन्सेस्लास को यह बताने से मना कर दिया कि महारानी ने उनसे क्या कहा था तो उन्हें पुल से नीचे नदी में फिंकवा दिया गया. बताते हैं कि तीन सौ साल तक उसकी आत्मा पुल पर भटकती देखी जाती थी. सत्रहवीं सदी में जाकर उनकी आत्मा को इस पुल की एक मूर्तियों में 'जम चुके' प्रेत की शक्ल में स्थापित कर दिया गया. अब यह कहा जाता है कि यदि आपने किसी बात को सब से छिपा कर रखना हो तो इस मूर्ति को छू देने से उस बत को कोई कभी नहीं जान सकता. इस बात की तस्दीक करने के लिए काले पड़े पीतल की मूर्तियों के समूह में सिर्फ़ इसी एक मूर्ति के एक हिस्से का चमकदार पीतल आज भी जस का तस है क्योंकि चार्ल्स ब्रिज आने वाला हर पर्यटक इस हिस्से को जिज्ञासावश ही सही एक बार छूता ज़रूर है सो इतने असंख्य स्पर्शों के कारण इस हिस्से पर लगभग रोज़ ही बढ़िया पॉलिश होती रही है.

चार्ल्स ब्रिज पर सेन्ट जॉन ऑफ़ नेपोमूक की मूर्ति छूती हमारी एक पारिवारिक मित्र डॉ. सूसाने लिन्ड.

सदियों बाद भी पीतल की वही चमक बरकरार है


एक मिथक यह भी है कि इस पुल पर मध्यकालीन समय में दस बड़े भूस्वामियों का सिर कलम कर दिया गया था. अब जो भी कोई आधी रात को इस पुल को पार करने की ज़ुर्रत करता है ये दस भूस्वामी एक डरावना कोरस गाते हुए उसकी ऐसी तैसी करने में कतई कोताही नहीं बरतते.

इतने सारे महान भूतों की उपस्थिति के बावजूद प्राग के सर्वप्रसिद्ध प्रेतों में अब भी रब्बी लोव और गोलेम माने जाते हैं. प्रेतों-भूतों का सबसे बड़ा ठिकाना अलबत्ता अब भी पुराना यहूदी कब्रिस्तान है जिस पर एक पोस्ट आप पहले इसी ब्लॉग पर देख चुके हैं.

Saturday, August 15, 2009

आजादी का इक लम्हा

आज सुबह - सुबह १५ अगस्त , स्वाधीनता के जश्न में शिरकत की और अपने बसेरे को लौटते हुए एक ही शब्द जेहन में गूँजता रहा - आजादी . कितना कुछ लिखा गया है , लिखा जाएगा इस अकेले शब्द के बारे में. आजादी बहुत बड़ी नेमत है . ख़लीक अंजुम और मुज़्तबा हुसैन द्वारा संपादित पुस्तक 'ज़ब्तशुदा नज़्में' से साभार प्रस्तुत है 'जोश' मलीहाबादी के चंद शब्द इस एक अकेले शब्द के बारे में जो सिर्फ शब्द भर नहीं है।



सुनो ऐ बस्तगाने -जुल्फ़ें गेती -
निदा क्या आ रही है आसमां से
कि आजादी का इक लम्हा है बेहतर
गुलामी की हयाते जाविदां से

- 'जोश' मलीहाबादी


बस्तगाने -जुल्फ़ें गेती = पृथ्वी के बाल - जाल में फंसे हुए
निदा = आवाज़
लम्हा = क्षण
हयाते जाविदां = अमर जीवन

Friday, August 14, 2009

नन्द घर बाजे बधइया

आज के मुबारक मौके पर सुनिये पंडित छन्नूलाल मिश्र जी की आवाज़ में यह कम्पोज़ीशन.



और श्री कृष्णजन्माष्टमी की बधाइयां भी लीजिये!

नीचे लगे वाटरकलर्स समकालीन कलाकार फाल्गुनी दासगुप्ता की हैं:









(छन्नूलाल जी की रचना डाउनलोड यहां से करें:
नन्द घर बाजे बधइया)


(पेन्टिंग्ज़ उमा महेश्वर के ब्लॉग से साभार)

Thursday, August 13, 2009

यारोस्लाव साइफ़र्त की दो प्रेम कविताएं

अपनी परवर्ती कविताओं में साइफ़र्त भीषण अकेलेपन का ज़िक्र करते हैं अलबत्ता उम्मीद हमेशा पार्श्व में एक लौ की मानिन्द जगमग करती रहती है. एक कविता में वे लिखते हैं:

सबसे बुरा समय मेरे पीछे रह गया
- मैं बताता हूं ख़ुद को - मैं अभी से बूढ़ा हो चुका हूं.
सबसे बुरा समय अभी आने को है,
मैं अब भी ज़िन्दा हूं.
लेकिन अगर तुम वाक़ई जानना चाहते हो, तो बताता हूं
मैं ख़ुश था
कभी कभी एक पूरे दिन, कभी एक पूरे घन्टे,
और कभी कुछ मिनटों के वास्ते.

इतना बहुत है.


हालांकि साइफ़र्त अपनी लम्बी कविताओं के लिए जाने जाते हैं जिनमें 'प्लेग स्तम्भ', 'रिले टावर' और 'चार्ल्स सेतु से' इत्यादि बहुत विख्यात हुई हैं, पर इतनी लम्बी कविताओं को यहां लगा पाना सम्भव नहीं होता.

आज इस सीरीज़ के अन्त में उनकी दो प्रेम कविताएं




लड़कियों के बारे में एक गीत

शहर से होकर गुज़रती है एक विराट नदी
सात पुल उस पर सवार.

किनारे किनारे टहलती हैं एक हज़ार सुन्दर लड़कियां
उनमें से कोई भी दो नहीं हैं एक जैसी.

प्रेम की महान ऊष्माभरी लपट में
अपने हाथों को गर्माते तुम गुज़रते हो एक दिल से दूसरे में.

किनारे किनारे टहलती हैं एक हज़ार सुन्दर लड़कियां
वे सारी हैं एक जैसी.

लड़कियों की शमीज़ों का नाच

तार पर झूल रही हैं
लड़कियों की दर्ज़नभर शमीज़ें -
सीनों पर कढ़े हुए फूल
किसी गोथिक गिरजाघर की खिड़कियों जैसे.

ईश्वर
मुझे बचाना सारी बुराइयों से!

लड़कियों की एक दर्ज़न शमीज़ें
- प्यार हैं वे
धूप से रोशन लॉन पर मासूम लड़कियों का खेल
तेरहवीं एक आदमी की कमीज़
- विवाह है वह -
समाप्त होता धोखे और पिस्तौल की गोली में.

हवा जो गुज़र रही है शमीज़ों से
- प्यार है वह
हमारी धरती उसके मीठे आग़ोश में
एक दर्ज़न हवादार शरीर
पतली हवा से बनी वे दर्ज़नभर लड़कियां
नाच रही हैं हरे लॉन पर
हवा बड़ी मुलायमियत से ढाल रही है उनकी देहों को
वक्ष, नितम्ब, वो वहां पेट पर नन्हा सा गड्ढा -
जल्दी खुलो, अरी मेरी आंखो!

उनके नृत्य में दख़ल ने देता हुआ
मैं आराम से चला गया उन शमीज़ों के घुटनों तले
और जब भी उनमें से कोई गिरती नीचे
मैं सूंघता था उसे दांतों से
काटता हुआ उसका वक्ष

प्यार,
जिसे हम सांस में लेते हैं और ज़िन्दा रहते हैं
टूटते जादु के साथ
प्यार,
जिसके भीतर ताले में बन्द हैं हमारे सपने
प्यार,
जो भागता है
हमारे उत्थान और पतन के पीछे-पीछे
- कुछ भी नहीं होता प्यार
तो भी वह निचोड़ होता है सारी चीज़ों का.

हमारी इस विद्युतीकृत दुनिया में
सनकें हैं, नाइटक्लब और बपतिस्मे हैं
और टायरों में भरा जाता है प्यार

ओ मेरी पापी माग्दालेना! रोओ मत
जला चुका आदमी अपनी सारी आगों को
रूमानी प्यार, विश्वासों,
मोटरसाइकिलों और उम्मीदों को.

'चरणदास चोर' की भूमिका का एक ज़रूरी अंश



वाणी प्रकाशन से प्रकाशित 'चरणदास चोर' (२००४ संस्करण) की हबीब तनवीर द्वारा लिखित भूमिका का एक अंश प्रस्तुत है, ताकि पाठक खुद निर्णय कर सकें कि हबीब साहब का सतनामी समुदाय से क्या रिश्ता था. जबसे सहमत, बहुरूप, जन संस्कृति मंच, इप्टा, प्रलेस, जलेस आदि ने प्रतिबंध का विरोध किया है, तबसे रायपुर से ब्लॉग दुनिया में रिपोर्टें आ रही हैं कि नाटक प्रतिबंधित नहीं हुआ है, किताब या उसकी भूमिका ही प्रतिबंधित है. बहरहाल इन रिपोर्टों में किसी आधिकारिक स्रोत का हवाला नहीं दिया गया है, जबकि हिंदुस्तान टाइम्स, टाइम्स अफ़ इंडिया आदि में नाटक खेलने पर भी प्रतिबंध की बात स्पष्ट रूप से कही गई है. बहरहाल यह उद्धरण उसी भूमिका से ही है -

" ... मैने दर्शकों से कहा कि 'हम एक नया नाटक तैयार करने जा रहे हैं. अभी यह दिमाग के कारखाने से पूरी तरह नहीं निकला है, और न ऐक्टरों की तैयारी अभी पूरी हुई है, फिर भी यह देखते हुए कि इस मंचन की आयोजक एक सतनामी संस्था है, और यहां सतनामी दर्शक हज़ारों की संख्या में जमा हैं, और हमारे नाटक का आधार 'सतनाम' धर्म है, अगर आप कहें तो हम इस अधपके नाटक को भी अभी प्रस्तुत कर दें!'. सबने एक आवाज़ हो कर कहा 'हो!, ज़रूर दिखाओ,हम मन ला कोई जल्दी नई है! अभी भोर कहां हुए है?' प्रतिबन्ध, विरोध

विजयदान ने अपनी कहानी में चोर को कोई नाम नहीं दिया है. हम नाम सोचने में लगे थे. पहले सोचा चोर मरने के बाद अमर हो जाता है, क्यों न उसका नाम 'अमरदास' रखें.पंथियों ने कहा, " ये नाम नहीं हो सकता, अमरदास नाम के हमारे एक गुरू गुज़रे हैं." हमने दूसरा नाम तज़वीज़ किया. ये दूसरे गुरू का नाम निकला. आखिर हमने भिलाई के शो के लिए 'चोर चोर' नाम रख दिया, और आगे चलकर 'चरणदास' रख दिया. नाचा पार्टियों में हमारे साथ वर्कशाप में धमतरी के अछोटा गांव की नाचा पार्टी भी थी, उसके लीडर थे रामलाल निर्मलकर. अच्छे कामिक ऐक्टर थे. उनसे कहा,चोर की भूमिका में खड़े हो जाओ.

मैनें दर्शकों से कहा, 'हो सकता है कि बीच में उठकर मुझे किसी अभिनेता की जगह ठीक करना पड़े या संवाद में मदद करना पड़े, तो आप लोग कृपया इस बात को नज़र अन्दाज़ कर दीजिएगा'. बिलकुल यही हुआ.मुझे न सिर्फ़ एकाध बार उठकर किसी सैनिक की मंच पर जगह ठीक करनी पड़ी क्योंकि आगे चलकर इसके कारण सीन में बाधा पड़ने का अंदेशा था, बल्कि बीच बीच में आर्केस्ट्रा के साथ बैठकर खुद गाने भी गाता रहा. गाने उस वक्त तक नहीं लिखे गए थे. मैनें पंथी गीतों की एक छोटी सी पुस्तक अपने पास रख ली थी. साजिंदे हमारे अपने साथ थे ही,बस मैं गाता रहा, कोरस में गाने वाले कलाकार दोहराते रहे, और इस तरह कोई ४५-५० मिनट में नाटक समाप्त हुअ तो मैदान तारीफ़ और तालियों से देर तक गूंजता रहा.

मुझे दर्शकों की राय मिल गई थी, उन्होंने नाटक को अपनी कच्ची शैली और बाकी सब कमज़ोरियों के बावजूद पसंद कर लिया था. दर्शकों में सभी लोग पंथी थे और पंथियों का बुनियादी उसूल है - 'सत्य ही ईश्वर है, ईश्वर ही सत्य है.' यही उसूल उनके रोज़मर्रा के पारंपरिक गीत में भी है, और उसी गीत पर हमने नाटक खत्म किया था. बाकी ये सब देख सुन कर उनकी भावुकता उबल पड़ी थी. इस भावुकता का एक कारण यह भी हो सकता है कि उन्ही के पंथ का एक व्यक्ति नाटक का नायक था जिसे नाटकों में पहले कभी नहीं देखा गया था. पंथ की स्थापना के पहले गुरू घासी दास स्वयं एक डाकू थे. शूद्र वर्ग के लोगों ने सतनामी धर्म अपनाया तो उन्होंने समाज में उनकी अत्महीनता दूर करने के लिए उन्हे जनेऊ पहनने का आदेश दिया. इन तमाम चीज़ों के बावजूद आज तक उनका मुकाम गांव के बाहर है. उनका कुआं, उनका पानी समाज से अलग है, इन्हीं कारणों से सतनामियों में अपने धर्म के प्रति जोश होता है. वे अपनी सुरक्षा के लिए लाठी चलाने में भी निपुण होते हैं और जहां तक अपने अधिकारों के लिए लड़ने का संबंध है, तो इतिहास सैकड़ों साल से उनके आंदोलनों, उनके संघर्ष से भरा पड़ा है."

(यह सामग्री मुझे मेल पर जसम से जुड़े मित्र मृत्युंजय के मार्फ़त प्राप्त हुई है. मेल के अन्त में वे लिखते हैं: "तो मित्रो, ये है हबीब साहब के खयालात सतनामी समुदाय के प्रति, ममता और सम्मान से ओत-प्रोत." मृत्युंजय का आभार.)

गाओ, वे तुम्हारा इन्तज़ार कर रहे हैं: यारोस्लाव साइफ़र्त की कविताएं -३



एक पुरानी कशीदाकारी से नज़्में

प्राग!
जो भी उसे देखेगा एक बार
गूंजता हुआ सुनेगा उसका नाम
हमेशा - अपने दिल के भीतर.

वह समय में बुना हुआ एक गीत है अपने आप में
और हम उससे मोहब्बत करते हैं.

सो, गूंजने दो उसे!

जब मैं युवा था
मेरे पहले प्रसन्न सपने
उसकी छतों के ऊपर चमके
उड़नतश्तरियों की मानिन्द
और जाने कहां खो गए.

एक दफ़ा मैंने गड़ा दिया था अपना चेहरा
क़िले के दरवाज़े के नीचे कहीं
उस पुरानी दीवार के पत्थरों पर
और अचानक मेरे कानों में पड़ी
एक दुःखभरी गूंज.

वह बीती शताब्दियों की दहाड़ थी
मेगर सफ़ेद पहाड़ की
नम मुलायम मिट्टी
बहुत कोमल स्वर में फुसफुसा रही थी मेरे कानों में.

जाओ, आगे बढ़ो
तुम जादू से बंध जाओगे.
गाओ, वे तुम्हारा इन्तज़ार कर रहे हैं.
और हां, झूठ मत बोलना!

मैं गया और मैंने झूठ नहीं बोला
और तुमसे, मेरे प्यार!
- मैंने थोड़ा सा झूठ बोला बस.

सिर्फ़ एक बार

सिर्फ़ एक बार देखा है मैंने
सूरज को इतना लाल - ख़ून जैसा
फिर कभी नहीं देखा

वह किसी अपसकुन की तरह डूबा क्षितिज में
- लग ऐसा रहा था जैसे
लात मार कर खोल दिया हो किसी ने नर्क के दरवाज़ों को
- मैंने वेधशाला में पता किया था

अब मुझे नहीं मालूम क्यों.

हम सब जानते हैं हर जगह है नर्क
चलता है दो पैरों पर
लेकिन स्वर्ग?
ऐसा हो ही नहीं सकता कि
स्वर्ग वह मुस्कान भर हो
जिसका हमें अर्से से इन्तज़ार था
और वे होंठ
जो फुसफुसाते हैं हमारे नाम

और फिर वह संक्षिप्त सनसनीभरा पल
जब हमें यह भूलने की इजाज़त मिलती है
कि नर्क का कोई अस्तित्व भी होता है.

रूपान्तरण

वसन्त में एक चरवाहा लड़का बदल गया एक झाड़ी में
एक झाड़ी चरवाहे लड़के में
एक पतला बाल इकतारे के तार में
बर्फ़ बर्फ़ की ऊंची ढेरि में

और शब्द बदलते हैं प्रश्नचिन्हों में
बुद्धिमत्ता और प्रसिद्धि बुढ़ापे की रेखाओं में
तार बदल जाते हैं पतले बालों में
लड़का बदल जाता है कवि में
कवि दोबारा से बदलता है
- वह एक झाड़ी बन जाता है जिस पर वह सोया था
जब वह सौन्दर्य को इतना प्यार करता था कि वह रोता था

जो भी सौन्दर्य से प्यार करता है
वह मरने के दिन तक उसे प्यार करता जाएगा
निरुद्देश्य घिसटता जाएगा उसकि तरफ़.
सौन्दर्य के पास लेस जैसे नाज़ुक पैर हैं
सैन्डिलों में - आकर्षण से भरपूर

और उसके इस रूपान्तरण में
कोई जादू उसे बांध देता है एक स्त्री के प्रेम से.
भाप की फुंफकार की तरह तत्पर
किसी कीमियागर का आदेश मानने को
एक इकलौता क्षण पर्याप्त होता है
- वह गिर पड़ता है शिकार किए गए फ़ाख़्ते की तरह

बुढ़ापा होता है बिना लाठी का, विकलांग
- इस अनन्त जादुई खेल में
किसी भी चीज़ में बदल जाती है लाठी
शायद किसी फ़रिश्ते के पंखों में
जो फिलहाल फैल रहे हैं, उड़ान भरने को तैयार -
देहहीन, पीड़ाहीन, हल्के!

(फ़ोटो: प्राग के काफ़्का म्यूज़ियम की एक खिड़की से दिखता व्रत्लावा नदी पर बना चार्ल्स ब्रिज और प्राग की पुरानी बसासत माला स्त्राना की छतें)

Wednesday, August 12, 2009

एक और किताब


हमारे समय के मह्त्वपूर्ण युवा कवि पवन करण की नयी किताब '' अस्पताल के बाहर टेलीफ़ोन'' राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित हुई है। यहां प्रस्तुत है उसी संकलन से एक कविता।

चांद के बारे में
इस चाॅद के बारे में तुम कुछ भी नहीं जानते

एक नंबर का धोखेबाज है

ये एकदम बिगड़ा नबाब

इसकी संगत ठीक नहीं

ये तुम्हें भी कहीं का नहीं छोड़ेगा

कहीं भी फंसा देगा लंे

जाकर इसका तो काम ही है आवारागर्दी करना


ये तुम्हें रात भर घुमायेगा सड़को पर

बिठाये रखेगा मोहल्ले क ेबाहर पुलिया पर

ओैर लायेगा ऐसी ऐसी बातें ढूंढकर

तुम्हें लगेगा ही नहीं घर भी जाना है

अैार जब तुम नींद आने की कहोगे तब यह बोलेगा

काहे की नींद यार, चलो स्टेशन चाय पीकर आते हैं

जो लोग यह कहते है , रात सोने के लिये होती है

मूर्ख होते है रात आंखों में काटने के लिये होती हेेै

ये तुमसे तुम्हारी प्रेमिका के बारे में पूछ पूछकर ढेर कर देगा,

कहेगा क्या तुमने कभी अपनी प्रेमिका के कान के निचले हिस्से को

अपने दांतो के बीच दबाकर उसे अपने होठो से कुनमुनाया है

कभी उसके पैरों के तलुए के बीचों बीच घुमायी है अपनी जीभ ,

कितनी देर तक बिना पलक झपकाए झांकते रहे हो तुम उसकी आंखो में

यह खुद तो गायेगा नहीं और तुमसे लगातार जिद करेगा गाना सुनाने की

तुम्हारे मुंह से सुनते हुए कोई गीत

उड़ाते हुए अपने मुंह से धुंए के छल्ले खो जायेगा कहीं ,

और बड़ी सफाई से पोछ लेगा अपनी आखों में उतर आयी नमी

फिर हमेशा कही तरह कहेगा अच्छा यार

वो गाना तो सुनाओ जो सरस्वती चंद्र में नूतन गाती हेै

जिसमें एक जगह मेैं भी आता हूं

यह खुद ही छेड़ेगा राजनीति पर बातचीत

और बात बढ़ते ही जमीन पर थूक देगा खूब सारा

फिर कहेगा यार बहुत दिन हुए शराब नही पी

ना हीं किसी होटल में खाया अच्छा खाना

रोज वही घर की दाल, पालक,तोरई

नौकरी होती तो कितना अच्छा होता

कम से कम महीने में एक दो बार तो

छककर शराब पी जा सकती थी

अभी तो हाल यह है कि कोई दोस्त सिगरेट पीना शुरू करता है

तो हम उसके मुंह की तरफ देखना शुरू कर देते है ,

कि वह कब उसे हमारी तरफ बढ़ाये

कहेगा हां मानता हूुं यार कि अपराध बुरी चीज है

लेकिन क्या किया जाये आखिर में लगता हे

हमारे करने के लिये बस एक यही चीज बची है दुनिया में

आखिर इस दुनिया की नींद में से हमारा स्वप्न कहां उड़ गया

क्यों ध्वस्त हो गया हमारा मोर्चा

क्यों अंततः कुछ ही हाथ दिखाई देते हेै

जिन्हें या तो हम ललचाई हुई या फिर घणित नजरों से देखते हेै

विदा लेते हुए हमेशा की तरह कहेगा

हमारी इस फांका मस्ती को जो लोग आवारागर्दी कहते हैं

दरअसल वे जीवन के बारे में नहीं समझते कुछ भी

उन्हें नहीं पता वास्तविकताएं इन्हीं अंधेरो में आकर समय से टकराती हैं

मुझे पता है ठीक नहीं बताई जाती मेरी संगत

तुमसे भी यही कहा जाता होगा मेरे बारे में

ये चांद का बच्चा तुम्हें बरबाद कर देगा

लेकिन तुम्ही बताओं यार जिंदगी के अंधेरे को काटने के लिये

रात और ये आकाश कितना छोटा है

हम हमेशा लौट रहे होते हैं उम्मीद के साथ या उसके बिना - यारोस्लाव साइफ़र्त की कविताएं:२



गीत

विदा के समय
हम हिलाते हैं रूमाल
कुछ है जो हर रोज़ ख़त्म हो रहा है
कोई सुन्दर चीज़ नष्ट हो रही है

हवा को फड़फड़ाता है
लौटता हुआ हरकारा कबूतर
हम हमेशा लौट रहे होते हैं
- उम्मीद के साथ या उसके बिना

जाओ सुखा लो अपने आंसू
और मुस्कराओ, अलबत्ता आंखें तुम्हारीं अब भी जलती हुईं.
कुछ है जो हर रोज़ ख़त्म हो रहा है
कोई सुन्दर चीज़ नष्ट हो रही है

कभी कभी

कभी कभी हमें जकड़ लेती हैं स्मृतियां
और कोई कैंची भी उन्हें काट नहीं सकती
उन कड़ियल धागों को.

शायद रस्सियां होती हैं वे.

वो 'हाउस ऑफ़ आर्टिस्ट्स' के बग़ल में वो पुल देख रहे हो?
उस पुल से कुछ ही कदम पहले
सिपाहियों ने मार डाला था एक मज़दूर को
जो चल रहा था मेरे आगे-आगे

तब सिर्फ़ बीस का था मैं
पर जब भी उधर से गुज़रता हूं
याद आ ही जाती है वह याद
वह थाम लेती है मेरा हाथ और हम साथ चलते जाते हैं
यहूदी कब्रिस्तान के गेट तक
जहां बचता भाग रहा था मैं
उनकी राइफ़लों से

अनिश्चित, लड़खड़ाते कदमों से
बीतते गए साल
और बीता मैं भी.
उड़ते गए साल
जब तक कि थम नहीं गया समय.

तुम्हारी त्वचा

बर्फ़ की बूंद जैसी फ़ीकी है तुम्हारी त्वचा
पर मुंह तुम्हारा ग़ुलाब जैसा महकदार!
उबाऊ होते हैं प्रेम के शब्द
- अब मैं क्या करूंगा उनका
जबकि जल्दबाज़ी में, असमंजस की हालत है मेरी
और मैं तुम्हारे उत्तर की प्रतीक्षा कर रहा हूं

बर्फ़ की बूंद जैसी फ़ीकी है तुम्हारी त्वचा
पर मुंह तुम्हारा ग़ुलाब जैसा महकदार!

अन्त में यह कि तुम दग़ा मत देना -
देखो - ग़ायब हो जाने दो उस भय को
जो परदे की तरह खिंचा हुआ है तुम्हारी आंखों के ऊपर
-देखो ना-
वह खिंचा हुआ है उस बर्फ़ की मानिन्द जो गिरी थी पिछले बरस

बर्फ़ की बूंद जैसी फ़ीकी है तुम्हारी त्वचा
पर मुंह तुम्हारा ग़ुलाब जैसा महकदार!

Tuesday, August 11, 2009

हमारे आंसू जो नमक बनते थे हमारी रोटी के लिए : यारोस्लाव साइफ़र्त की कविताएं - १



यारोस्लाव साइफ़र्त (१९०१-१९८६) साहित्य का नोबेल सम्मान पाने वाले पहले चेकोस्लावाकियाई बने. उनकी कविताएं इस तथ्य का प्रमाण हैं कि उन्होंने अपने शहर प्राग और प्रकृति को अथाह प्रेम किया. साधारण भाषा का प्रयोग उनकी विशेषता है, और उनकी कविताओं में पाठकों को चमत्कृत कर देने की ताकत है. उनके अपने देश ने उन्हें कितना सम्मान दिया यह मशहूर उपन्यासकार मिलान कुन्देरा के इस वक्तव्य से जाहिर है: "१९६९ में जब हमारा नन्हा देश रूसी आतंक के ख़िलाफ़ लड़ रहा था और हार रहा था, हमें अपने अस्तित्व को न्यायोचित ठहराने के लिए तर्कों की ज़रूरत थी. ... सबसे बड़ा तर्क हमारे सामने था - अपनी मेज़ पर बेचैन झुका बैठा हमारा महाकवि साइफ़र्त - हमारे देश की महाप्रतिभा को अभिव्यक्ति देता हुआ.

कबाड़खाने पर आज और आने वाले कुछ दिनों में इस बड़े कवि की कविताओं की बानगी देखिये.


उन्नीस सौ चौंतीस

भला लगता है
युवावस्था की ख़ुशियों को याद करना.
बस नदियां ही नहीं होतीं बूढ़ी.
ढह चुकी पनचक्की
मनमानी हवाएं
निर्विकार बजाती हैं सीटियां.

सड़क के किनारे बची रह गई है एक मार्मिक सलीब
ईसामसीह के कन्धों पर पड़ा है
मकई का हार - बग़ैर चिड़ियों वाले घोंसले जैसा
और झाड़ियों में से ईश्वर को भला-बुरा कहता है एक मेढक

रहम करो हम पर
बहुत बुरा समय उतरा है नदियों के तट पर
दो साल से ख़ाली पड़े हैं कारख़ाने
और अपनी माताओं के घुटनों से लगे बच्चे
भूख की ज़बान सीख रहे हैं

तब भी
चांदी रंग वाले उदास पेड़ों के तले
गूंजती ही है उनकी किलकारी

शायद वे ही दे सकेंगे हमें उससे बेहतर बुढ़ापा
जैसा बचपन हम दे रहे हैं उन्हें.

दर्शनशास्त्र

याद हैं न वे अक्लमन्द दार्शनिक:
जीवन होता है एक पल जितना फ़क़त
और तब भी जब हम प्रतीक्षा किया करते थे प्रेमिकाओं की
वह होता था -
अनन्त!



प्राग के लिए

कितना प्यार किया तुझे मैंने, हालांकि सिर्फ़ शब्दों में ही!
मेरे सबसे प्यारे शहर - तुम्हारी पोशाक खुलने से
उघड़ गया था तुम्हारा हल्का बैंगनी सौन्दर्य
- उन लोगों ने बहुत अधिक कहा तुम्हारे बारे में जिनके पास हथियार थे.

हां बहुत अधिक थे रोज़ बहने वाले हमारे आंसू
जो नमक बनते थे हमारी रोटी के लिए
हमारे मृतकों की आवाज़ें गूंजती हैं हमारे कानों में
न्याय से भरे, धिक्कारते हुए हमारे मृतकों की आवाज़ें

वे पड़े हुए थे गलियों के फ़ुटपाथों पर
- मरते समय तक शर्म महसुस होती रहेगी मुझे
कि उस दिन नहीं था मैं उनके साथ.
तुम, बहादुर शहर! बहादुरों में सबसे बहादुर
स्थापित किये जा चुके तुम मानव-सभ्यता की कथा में:

उस दिन पाई पूर्णता
तुम्हारे सौन्दर्य और तुम्हारी गरिमा ने.

वे चुप हैं

हत्यारे की शाल की
गुनगुनी ग़र्मी के भीतर
वे चुप हैं

वे चुप हैं
गिनते हुए पुरस्कारों के मनके
कभी-कभी आदतन
बुदबुदाते हैं एक शहीद कवि की पंक्तियाँ

उस कविता से सोखते हुए आग
वे चुप हैं

वे चुप हैं
मन ही मन लगाते आवाज़ की कीमत
संस्थाओं की गुदगुदी गद्दियों में करते केलि
सारी आवाज़ों से बाखबर
वे चुप हैं

वे चुप हैं
कि उन्हें मालूम हैं
आवाज़ के ख़तरे
वे चुप हैं
कि उन्हें मालूम हैं
चुप्पी के हासिल

वे चुप हैं
कि धूप में नहीं पके उनके बाल

अनुभवों की बर्फ़ में ढालते
विचारों की शराब
वे चुप हैं

चुप्पी ख़तरा हो तो हो
ज़िन्दा आदमी के लिए
तरक्कीराम के लिए तो
मेहर है अल्लाह की

उसके करम से अभिभूत
वे चुप हैं

Monday, August 10, 2009

स्‍वप्‍न, स्‍मृति और समय की गुमी हुई सुइयां...



(इंगमार बर्गमैन की 'वाइल्‍ड स्‍ट्रॉबेरीज़' को पढ़ने की एक कोशिश)


1.
''एक दिन/माफ़ी मांगना होती है/याददाश्‍त पर निर्भर करेगा/बहुत कुछ'' -चंद्रकांत देवताले

- - - - - - - - - - -

शुक्र है कि 57 के उस साल में इंगमार बर्गमैन को 'इतिहास वर्सेस स्‍मृति' और 'यथार्थ वर्सेस मिथक' के पॉलिमिकल झगड़ों की ख़बर नहीं थी. ऐन उसी साल 'सेवंथ सील' में मृत्‍यु से साक्षात्‍कार की आत्‍यंतिक इंटेंसिटी के बाद अब उनके सामने महज़ एक सवाल था, और वो था जीवन में लौटने की कोई सूरत. 'एक समझ, एक वापसी, एक पछतावा' (जैसा कि मदन सोनी ने निर्मल वर्मा के परिप्रेक्ष्‍य में कहा था.) बर्गमैन ख़ुद से पूछते हैं क्‍या स्‍मृति (या याददाश्‍त!) के ज़रिये भी कोई ऐसा दरवाज़ा खुलता है, जो ऐतिहासिक समय या समकाल की एकरैखिक गति को तोड़ते हुए, और उसका तक़रीबन प्रत्‍याख्‍यान करते हुए, आपको औदात्‍य या आत्‍मबोध तक ले जाए. एक सीमा के बाद 'वाइल्‍ड स्‍ट्रॉबेरीज़' में बर्गमैन इस सवाल से जूझते नहीं हैं, वे ऐसा पिक्‍चराइज़ करके दिखाने लगते हैं...और तब, वाक़ई सब कुछ के अंत में इसाक बोर्ग माफ़ी मांगता है, और ये माफ़ी याददाश्‍त पर निर्भर होती है. यहां याद के सफ़ेद दूधिया दरवाज़ों के बाहर जंगली स्‍ट्रॉबेरी का एक बाग़ समय के इधर और उधर पसरा हुआ है, सुबह है रुकी हुई, हवा में थमा हुआ किसी नाव का पाल... कुछ अफ़सोस हैं, कुछ मुर्दा शिकायतें... और अंत में एक ग्रैंड और विराट स्‍वीकार. एक रियलाइज़ेशन और एक साल्‍वेशन. स्‍मृति के ज़रिये अन्‍वेषित किया गया एक मोक्ष, जो अंतत: समकाल को भी परिष्‍कार और अर्थवत्‍ता बख्‍़श्‍ता है.

2.

इस पूरी फ़ि‍ल्‍म में बर्गमैन क़दम-क़दम पर समय, स्‍वप्‍न और स्‍मृति के प्रत्‍ययों का सामना करते हैं. फ़ि‍ल्‍म में कई जगह गहरे अस्तित्‍ववादी इशारे हैं और यह देखना हमेशा हैरान करता है किस तरह अस्तित्‍ववादी क्रायसिस हमेशा अंतत: मिथक और स्‍मृति में अपना मोक्ष तलाशने की कोशिश करता है. गहरे अर्थों में यथार्थवादी होते हुए भी (और बर्गमैन की सर्वाधिक यथार्थवादी फ़ि‍ल्‍मों में शुमार किए जाने के बावजूद) ये एक 'सर्रियल' फ़ि‍ल्‍म है. ये घड़ी की गुमी हुई सुइयों सरीखे किसी 'लॉस्‍ट टाइम' की तलाश भी है, जिसमें प्रूस्‍त और जॉयस के बाद फिर तमाम मॉडर्न लिट्रेचर और फ़लसफ़ा मुब्तिला रहा था. फ़ि‍ल्‍म की ऐन शुरुआत में ही यह 'सेट' क‍र दिया जाता है. इसका दूसरा दृश्‍य ही एक 'नाइटमेयर' है. इसाक बोर्ग कामू की किताब से निकले किसी गुमे हुए शहर, गुमे हुए चेहरे और गुमे हुए वक्‍़त (इसे बिना सुइयों वाले घड़ी के डायल के एक शॉट से सजेस्‍ट किया गया है और फिर यह डिवाइस पिक्‍चर के बीच में जाकर ख़ुद को एक दफ़े फिर दोहराती है, दर्शक को ये इलहाम देती हुई, कि डायरेक्‍टर ठीक-ठीक किस दिशा में बढ़ रहा है और क्‍या स्‍थापित करना चाह रहा है.) के बीच है और वो दुर्घटनावश उसके सामने आ गिरे एक ताबूत में अपनी ही मुर्दा देह देखता है. इस दु:स्‍वप्‍न से जागने पर उसे लगता है कि मौत उसका पीछा कर रही है, लेकिन अंत तक जाकर वो ये पूरी तरह से समझ से पाता है कि दरअसल मौत उसका पीछा नहीं कर रही, उसे दबोच चुकी है. इसाक बोर्ग की रीढ़ की हड्डी में बर्फ-सा सर्दीलापन है. यही सर्दीलापन उसके बरताव और उसके नज़रियों में भी ट्रांसलेट होता है. वो एक बदमिजाज़ और ख़ब्‍ती बूढ़ा है. लेकिन, केवल तभी तक, जब तक़रीबन किसी अप्रत्‍याशित घटना के चलते, उसके बचपन का संसार औचक उसके हाथ लग जाता है. एक स्‍वप्‍न से दूसरे स्‍वप्‍न में तैरते हुए, एक पराजय से दूसरे पछतावे तक लौटते हुए वो आखिरकार ख़ुद को अपनी आत्‍मकेंद्रितता के बाहर कहीं खोज पाता है, जब वो एक नॉ‍स्‍टेल्जिक दंश के साथ (जिसमें उसके अपनी पत्‍नी से अलगाव के संकेत छुपे हैं) वापस लौटता है, और आखिरकार अपने बेटे और अपनी बहू की जिंदगी में संवेदनात्‍मक दिलचस्‍पी लेता है, अपनी नौकरानी तक से माफ़ी मांगता है, सफ़र में साथ देने वाले युवा साथियों को खुली उत्‍फुल्‍लता से विदा करता है... और जंगली स्‍ट्रॉबेरी के उस बाग़ में और अपने पुराने दिनों में वापस लौट जाता है. रात की आखिरी रोशनियां इस वक्‍़त इसाक के चेहरे पर बुझ रही होती हैं और वो दो वक्‍़तों के बीच है... एक अजब-सी शांत तन्‍मयता के साथ... सिनेमा के इतिहास में इससे ज्‍़यादा लिरिकल एंडिंग्‍स कम ही फ़ि‍ल्‍मों की रही हैं.

3.

''स्‍वप्‍न एक किस्‍म का पागलपन है और पागलपन एक किस्‍म का स्‍वप्‍न.''- शॉपेनऑवर-
- - - - - - - - - -

वह उक्ति... जिस पर 'वाइल्‍ड स्‍ट्रॉबेरीज़' के अंतिम दौर में बुज़ुर्गवार फ़ादर जैकोब रिमार्क करते हैं- 'लेकिन क्‍या जीवन भी एक स्‍वप्‍न नहीं?'

4.

बर्गमैन ने एक दफ़े कहा था- ''मैंने सिनेमा को माध्‍यम के रूप में इसलिए भी चुना, क्‍योंकि सपनों के लिए जगह बनाने की इससे बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती थी''. बगैमैन से पहले लुई बुनुएल और उनके बाद आंद्रेई तारकोव्‍स्‍की सिनेमा और स्‍वप्‍न के इस सम्‍मोहक संसार की शिनाख्‍़त करने वालों में शुमार रहे हैं, लेकिन बर्गमैन की स्‍वप्निल इमेजरी, जो अभी बौद्धिकता, मृत्‍युबोध और सिनिसिज्‍़म से दूषित नहीं हुई है और अपने सृजन की अलसुबह में है, वाइल्‍ड स्‍ट्रॉबेरीज़' में चरम पर नज़र आती है. फ़ि‍ल्‍म का शुरुआती दु:स्‍वप्‍न दृश्‍य एक निहायत ख़ूबसूरत मिडशॉट के साथ आगे बढ़ता है और इसाक के चेहरे पर क्‍लोज़अप होते हुए ख़त्‍म होता है. जंगली स्‍ट्रॉबेरी के बीच मिले पुराने घर में फिर से जीवंत हुए उस छूटे हुए संसार की सारी तफ़सीलें मुस्‍तैदी के साथ बताई जाती हैं. पूरे वक्‍़त इसाक वहां एक तटस्‍थ 'ऑनलुकर' की तरह मौजूद रहता है और उसके साथ-साथ हम दो वक्‍़तों के एक साथ साक्षी होते हैं. पिक्‍चर के संवाद नुक़ीले हैं और पिक्‍चर की सर्रियल सिनेमैटोग्राफ़ी या फ़लसफ़ाई उठान के बावजूद अपने आपमें एक एंटी-रोमैंटिक लहज़ा लिए रहते हैं. कई दफ़े तो लगता है कि आप बर्नार्ड शॉ का कोई टेक्‍स्‍ट पढ़ रहे हों. पिक्‍चर की सेटिंग न जाने क्‍यों तुर्गेनेव के उपन्‍यासों में ले जाती-सी लगती है, जहां सांसे लेता हुआ-सा एक बेहद आत्‍मीय और अनन्‍य स्‍पेस है...जैसे पानी पर जहाज़ फिसल रहा हो... और एक बहुत मद्धम गूंजता हुआ समय... गुन्‍नार फ़ि‍शर के कैमरे की गति सीक्‍वेंस में समय का बोध कराती हुई आगे बढ़ती है, और वो बहुत 'स्‍मूद' है... स्‍याह और सफ़ेद छवियों के साथ, क्‍योंकि बर्गमैन का पुख्‍़ता ख्‍़याल था कि रंगीन तस्‍वीरें 'यथास्थितिवादी' हुआ करती हैं... ब्‍लैक एन वॉइट के साथ आप कभी भी शुरू हो सकते हैं- रहस्‍यपूर्ण संकेतों और बहुआयामी समय की पारे सरीखी पारदर्शी परतों के भीतर.

5.

पिक्‍चर का दूसरा 'दु:स्‍वप्‍न' दृश्‍य ज्‍़यादा 'फ्रायडियन' हुआ जाता है. एक कमाल की सिनेमाई ड्रमैटिक युक्ति के साथ बगैमैन इस दु:स्‍वप्‍न के सूत्र उस मिस्‍टर आलमेन के हाथों सौंप देते हैं, जिसे इसाक और मारियाना ने कुछ समय पहले तक़रीबन झुंझलाते हुए कार से उतार दिया था. पिटे हुए चेहरे वाला ये शख्‍़स दु:स्‍वप्‍न में बहुत ठोस और क्रूरतापूर्ण सधेपन के साथ सामने आता है. बर्गमैन दस्‍ते की स्‍थायी सदस्‍या बीबी एंडरसन अपनी दोनों भूमिकाएं बहुत ख़ूबसूरती से निभाती हैं, और सच में वे पिक्‍चर का सबसे राहतभरा हिस्‍सा हैं. बहुत मासूम और सहज. इसाक बोर्ग की मुख्‍य भूमिका में विक्‍तोर स्‍योनस्‍त्रोन ऐन शुरुआत में ही 'स्‍टोनफ़ेस' सरीखी मुद्रा लेकर आते हैं और आखिर तक आते-आते उस चेहरे को मोम बनते भी हम देखते हैं. स्‍वीडन के इस महान थिएटर कलाकार की ये आखिरी परफ़ॉर्मेंस है- और निश्चित ही सबसे यादगार. मारियाना मानसिक दृढ़ता के लिहाज़ से संभवत: पिक्‍चर की सबसे ताक़तवर किरदार है और उसकी भूमिका निभा रही इंग्रिड थुलिन अपनी स्‍वयं की भी इस निजी ख़ूबी के चलते हर उस फ्रेम को एक तरह से बैलेंस करती है, जिसमें वो मौजूद है. फ़ि‍ल्‍म का बहुआयामी देशकाल फ़ेलिनी की 'एट एंड हाफ़' के 'मल्‍टी-नैरेटिव्‍स' की याद दिलाता है. गलबहियां करता हुआ गुत्‍थमगुत्‍था वक्‍़त और स्‍पेस, जो रूई के फ़ाहों सरीखी सूनी सफ़ेद रोशनी में तैरता रहता है- नैतिक परिष्‍कार के गहरे संकेतों के साथ.

6.

एक ख़ामोश गूंज... 'वाइल्‍ड स्‍ट्रॉबेरीज़' के बाद बस यही याद रह जाता है. अतीत का एक आस्‍थागान- जैसा कि बर्गमैन ख़ुद उसके बाद फिर कभी हासिल नहीं कर सके... 'परसोना', 'विंटर लाइट' और 'क्राइज़ एंड विस्‍पर्स' में ख़ुद से भी आगे निकल जाने के बावजूद