Monday, June 4, 2012

एक डग भीतर जाने के लिए सौ डग बाहर आना पड़ता है - २



(पिछली किस्त से आगे - आज समाप्य)

अपनी नई कविताओं की रोशनी में कवि लीलाधर जगूड़़ी -   दो

-शिवप्रसाद जोशी

इक्कीसवीं सदी का आम आदमी कैसा था ये उनकी कविता में हमने देखा अब ये सदी कैसी है इस पर भी जगूड़ी ने अपने रचनाकर्म के शुरुआती दिनों से एक तुलना करते हुए कविता लिखी है.

कमज़ोर आवाज़ को पहचान की हद तक उठाने का हल्ला था
...समय की कोई सांस्कृतिक सियासत थी कि
दो अकेले भी दोस्त हो जाते थे भले ही समूह झगड़ रहे हों
अब आवाज़ें बुलंद और सड़कें चौड़ी हैं
रुलाई की जगह गुस्सा है
सिसकने की जगह हल्ला नहीं हल्ला बोल है
शोक खानदानी बदले में बदल गये हैं...

नये नये प्रकार के गुरूर असहमति को घृणा में
घृणा को विचारधारा में बदल रहे हैं
समूहों में दोस्ती हो रही है
खुले विचारों वाले अकेले व्यक्तियों के ख़िलाफ़.


कई चीज़ें अजीब ढंग से नयी होती चली गयी हैं. एक नवधनाढ्य नव उदारवाद नव पूंजीवाद नव साम्राज्यवाद नव उपनिवेशवाद नव बाज़ारवाद उत्तरआधुनिकतावाद. नए नए प्रकार के गुरूर. एक दूसरे से टूटते एक दूसरे पर टूटते लोग- अपनी ही नफ़रतो और शंकाओं और नादानियों और ख़ुराफ़ातों को सहलाते हुए. एक नवबर्बरता, नवनात्सीवाद के हवाले ख़ुद को करते हुए. घृणा को ये विचारधारा बनाते हुए. धर्म और जाति के लाभ से झुके हुए. हालांकि ये दौर तत्काल प्रकट हुआ नहीं है. जगूड़ी अपने संघर्ष के दिनों से इन दिनों की तुलना करते हुए देख रहे हैं, निश्चय ही भयावह स्थिति है लेकिन ये मानने में उन्हें भी इंकार न होगा कि ये नौबत वहीं से बनती आई है. या उससे पहले से भी. अपनी अपनी आग के फूलों सहित हर चीज़ का आकार नए सिरे से खींचना पड़ता है अपनी यादों में.

और जगूड़ी की कविता में इधर जो नवगतियां आई हैं उनमें जो एक बाहर को निकलने की बेचैनी से भरी हुई युक्तियां आई हैं उनकी इस नवआवाज़ की उनके इस नएपन की एक प्रतिनिधि कविता कही जा सकती है तो वो है कला की ज़रूरत. यूं इस कविता में ऊपरी तौर पर लगता है कि ये जगूड़ी का अपने शिल्प का रिपीटिशन है उससे एक लगाव है जो खिंचा चला आ रहा है जबकि कविता उससे बाहर आना चाहती है. लेकिन ये कविता वाकई बाहर निकल आई है और वे दुहराव दरअसल उस खींच के निशान हैं. अपने को कुछ दरियाफ़्त कुछ आग्रह कुछ विनती में छुड़ाने के लिए जख़्मी होने के मद्धम निशान. बस कुछ इधर उधर की खरोंचे. ये हिंदी कविता में लीलाधर जगूड़ी की नई आवाज़ है जो कहती है

यह होने की कला
अपने को हर बार
बदल ले जाने की कला है
कला भी ज़रूरत है
वरना चिड़ियां क्यों पत्तियों के झालर में
आवाज़ दे-देकर ख़ुद को छिपाती है
कि यकीन से परे नहीं दिखने लगती है वह


जगूड़ी का ये नया काव्य दर्शन या उनका नया पोएटिक स्टेटमेंट कहा जा सकता है. उसे हम कुछ नीचे दर्ज उनकी कुछ कविता लाइनों के नमूनों से समझने की कोशिश करते हैं. यानी वो कुछ इसी तरह बना हुआ दिखता हैः -

-सिर्फ़ ताकने से नहीं नापा जा सकता आसमान
-विदाई की शांति के कुछ दिन बाद अपने ही किसी सुख की याद में नए पैरहन का प्रफुल्लित रस लेकर वही पेड़ भीतर से उल्लिसित हो उठता है
- मुझे थोड़ा बड़ा होना है पृथ्वी के साथ अगला पृष्ठ आकाश का जोड़कर
-बाहर मैं निकल आया हूं...मेरे साथ खड़ा है मेरा अन्तर्बाह्य
-तभी तो दिमाग कुछ रास्तों से सिर पर पैर रखकर भागने के लिए कहता है
- मगर सबको बाहर आज़ादी मिलनी चाहिए
-उनके मरे हुए शरीर में मौजूद है अपने को बचा न पाने की आखिरी ऐंठन जैसे वे अब भी पीछे की ओर जोर मारकर आगे की ओर सरक जाना चाहते हों
- जब मैं आया था तेज़ कदम झुके माथे के बावजूद संकरी गलियों और चौड़े रास्तों पर


बकौल जगूड़ी ये सही है कि “इस कोठरी इस बिस्तर और चीज़ों को छोड़कर काव्यभाषा भी बहुत दूर नहीं जा नहीं सकती” लेकिन वो लौटती है नई होकर. उपरोक्त लाइनों में आप देखते हैं वहां कैसी जाने की बेकली है, निकलने की उद्दाम आकांक्षा. बार बार. ख़ुद को बदलने की बदलते रहने की खु़द को भूल जाने और नया हो जाने की तीव्र लेकिन अंडरकरेंट उत्तेजना. एक नई मुक्ति की तलाश. यानी कई बार इस हद तक नई कि “अगली बार किसी और नए सिरे से पैदा होने को बताती हुई.” यही आज के लीलाधर जगूड़ी की कविता है. नई राजनीति नई अभिलाषा और नई खिन्नता से भरी हुई. अपनी चतुराई से आप ऊबी हुई.


Sunday, June 3, 2012

एक डग भीतर जाने के लिए सौ डग बाहर आना पड़ता है - १


अपनी नई कविताओं की रोशनी में कवि लीलाधर जगूड़़ी -   एक

-शिवप्रसाद जोशी

लीलाधर जगूड़ी अपनी ही कविता में एक नवागंतुक की तरह दाखिल हो रहे हैं और भीतर जितना पड़े हैं उससे कहीं ज़्यादा बाहर खड़े हो गए हैं, इसकी झलक असद ज़ैदी के संपादन में निकल रही जलसा के पहले अंक में ही दिख गई थी. 21वीं सदी का पहला दशक पूरा हो गया था जब वो अंक निकला था. और उसकी थीम थी- अधूरी बातें. उनके अलावा इधर उधर कुछ कविताएं और पढ़ लेने के बाद हाल में यानी सुमित्रानंदन पंत की मई में जयंती के देहरादून में हुए समारोह से एक दिन बाद ही जगूड़ी की कुछ नई कविताओं का एक छोटा सा पुलिंदा मेरे हाथ आया था.

कुछ इस तरह कि वो पुलिंदा लगभग खिन्नता और खीझ में भरकर उन्होंने कार की पिछली सीट पर फेंक दिया था. ये लो यार ये फोटोकॉपी. फिर हम लोग साथ एक दावत में चले गए थे. हमारे साथ जगूड़़ीजी के मित्र कवि मंगलेश डबराल भी थे. मैंने सोचा कि वे कविताएं मंगलेशजी के ले जाने के लिए थी, मैने मांग ली तो इससे जगूड़ीजी को थोड़ा अटपटा लगा होगा. घर पहुंचकर कविताएं पढ़ीं और उनकी शख़्सियत की आभा में उन्हें देखा तो जाना कि अब आप जब भी जाएंगें यक़ीनन एक नए जगूड़ी के पास जाएंगे.

जिसके पास न सिर्फ़ आधुनिक हिंदी जगत की पंत निराला मुक्तिबोध धूमिल के दौर से लेकर अब तक की यादें जमा हैं. जिनके पास शब्दों का शायद कभी न ख़त्म न होने वाला एक सिलसिला है, ठीक उस नदी की तरह जो उनके उत्तरकाशी शहर और गांव के पास से गुज़रती है जिसे भागीरथी कहते हैं और ठीक उस पानी के बहते जाने की ज़िद की तरह जगूड़ी भी अड़े हुए हैं और इस अड़ियलपन को वो अब भागीरथी को विकास से जोड़ने के आंदोलन तक खींच ले आए हैं. सत्तर पार जगूड़ी को गर्मी से भरी सुबह दिन दोपहर शामों में देहरादून हरिद्वार में गंगा और धर्म के नाम पर नकली आस्था के दुष्चक्र के ख़िलाफ़ धरना देते, भाषण देते, फटकार लगाते और नारा लगाते देखा जा सकता है. हिंदी की एक पीढ़ी के प्रतिनिधि कवि लीलाधर जगूड़ी उत्तराखंड में विकास की आकांक्षा वाले एक नए क़िस्म के आंदोलन में प्रमुख भागीदार बन गए हैं. कहां वो एक समय सरकार में एक भागीदार थे और कहां अब सत्ता सिस्टम को आगाह करने अपनी कविता की तरह बाहर निकल आए हैं.

वे अपने साथ जुड़े तमाम विवादों, बतकहियों को जैसे अतीत में टांग आए हैं. अब उन पर हम उनके कथित विवादों के हवाले से टिप्पणी नहीं करते रह सकते. एक डग भीतर जाने के लिए सौ डग बाहर आना पड़ता है. और जगूड़ी ये बता रहे हैं कि भीतर जितना पड़ा था उससे कहीं ज़्यादा बाहर खड़़ा हूं मैं. यानी आलोचकों के लिए और निंदकों के लिए और कुछ और अभियानपरस्त फ़जीहतवादी प्रचारकों के लिए जगूड़ी का ये निवेदन भी है और चुनौती भी और शायद एलान भी. भाषाओं से ही नहीं आशाओं से भी नापो मुझे.

वे कविताएं मेरे पास संयोगवश इधर जगूड़ी की शख़्सियत में आ रही खिन्नता हल्का सा गुस्सा चिढ़ कई तरह की छटपटाहटों और बेचैनियों की मिलीजुली रंगतों का इज़हार करते हुए आई हैं. ज़ाहिर है उनके कुर्ते के रंग भी हैं जो अब जगूड़ी को दूर से पहचाने जाने के लिए सबसे उपयुक्त प्रतीक हो गए हैं. जो जगूड़ी के काव्य से परिचित है वो इन कविताओं को देखकर चौंक सकता है और सुखद आश्चर्य में जा सकता है कि जगूड़ी अपने काव्य के इतने दशकों बाद भी कितनी ताज़गी और नई ज़मीनों को खोदने की सामर्थ्य से भरे हुए हैं.

इन कविताओं में उन्होंने एक जैसे बड़ी छलांग लगाई है. साहित्यिक राजनैतिक सांस्कृतिक छलांग. उम्र के इस पड़ाव पर ये छलांग उन्हें वर्तमान से भविष्य की ओर निकाल ले गई है जहां हिंदी कविता की एक नई बिरादरी का लेखन चल रहा है और नया लेखन और आएगा. एक नया समाज बनबिगड़ रहा है, एक नया समाज और बनेगा. और जगूड़ी की तरह कोई कह सकता है कि मेरे साथ मेरा दर्द है और मेरी मृत्यु. ये हमारे समय के संकटों पर शायद सबसे क़रीबी और सबसे माक़ूल वक्तव्यों में एक है. अपने सहित बहुत दूर निकल आना कहकर जगूड़ी ने एक चैलेंज की तरह अपने समकालीनों और इधर नई पीढ़ी के सामने एक ज़िद पेश कर दी है. अपनी नई रचनाओं में जगूड़ी इसलिए बहुत बाहर जाकर जैसे वहां से अपने शब्द फेंक रहे हैं. वे अब गुच्छे जैसे भी नहीं है. वे जैसे छिटककर निकल गई किरचियां हैं और उनमें चुभन है. फोड़े में ही भरा हुआ है फोड़े का दर्द. और जगूड़ी इतने जिद्दी हो गए हैं कि कह रहे हैं किः

अगर आंखों से न आ रहे हों
शब्द कानों से आ रहे हों
अर्थ का कोई रंग, मुंह का कोई स्वाद
कर्म की कोई कठिनाई ला रहे हों
रंग की ध्वनि और ध्वनि के रंग
को अलग अलग बतला रहे हों
तब अनुभूति के कागज के लिए
स्याही कम पड़़ जाती है
नये कर्मों के लिए शब्दों की उगाही
करते हुए पृथ्वी छोटी पड़ जाती है

मुझे थोड़ा बड़ा होना है
पृथ्वी के साथ अगला पृष्ठ आकाश का जोड़कर.


लीलाधर जगूड़ी की ताज़ा कविताओं में कुछ हिडन स्वीकारोक्तियों वाली उदासी भी है. उदासी का ऐसा फैलाव जगूड़ी की कविता में इधर कब कैसे चला आया इस पर और अध्ययन की ज़रूरत है. और तीसरी बात उनमें शब्दों की और अर्थों की अतिशयता से परहेज़ है और चौथी बात वे निस्पृह हैं. उनमें रूखापन है और एक ख़ुशी है और एक विह्वलता है. वे जैसे बनने से ज़्यादा न बनने की ओर उन्मुख हैं. उन्हें हड़बड़ी है और ये कोई विचारहीन हड़बड़ी नहीं जैसे सुनियोजित है. उनमें शोर नहीं है, आवाज़ें बहुत धीमी हैं और हाहाकार भी उस तरह से फाड़ता हुआ नहीं आता जैसा हम उनकी पुरानी प्रसिद्ध कविताओं में देख चुके हैं.

असल में जगूड़ी की नई कविताएं इसीलिए चौंकाती है कि उनमें अचानक एक चुप्पी ने भी जगह बनाई है. वो जैसे एक शर्मीलापन है एक संकोच. आवाज़ को ऊंचा न उठाने की हिचक. थोड़ा बड़ा होने की ज़रूरत. जैसे ये हमारे समय के धुरंधर कवि लीलाधर की नहीं किसी संकोची लेकिन तीक्ष्ण दृष्टि वाले नए कवि की कविताएं हैं. अपनी कविताओं में इस तरह आगंतुक की तरह आना वाकई हैरानी वाली और स्वागत वाली बात है. यानी आप जिस ज़मीन पर हल चला चुके, बीज बोकर फसल काट चुके, उन ज़मीनों पर आप एक नए हलवाहे की तरह लौटते हैं. बल्कि आप अन्य ज़मीनों की ओर भी बढ़ रहे हैं. वे जितना अपनी ज़मीनों की ओर जा रहे हैं उतना ही बाहर निकलने का न सिर्फ आह्वान कर रहे हैं बल्कि उनकी छटपटाहट हो गई है कि सबको बाहर की आज़ादी मिलनी चाहिए. पत्थर सा शोक में डूब कर भी बाहर चला आता हूं कुछ और बनने.

जगूड़ी की नई कविताएं एक और दिलचस्पी जगाती हैं. वो ये कि और ख़ासकर उनके लिए जो उन्हें कवि के रूप में और एक नागरिक के रूप में और इधर आंदोलनकारी और सरकारी गैरसरकारी कार्यक्रमों में धुआंधार शिरकत और धुआंधार उद्घाटन अध्यक्षता करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति के रूप में या फिर एक मित्र के रूप में जानते देखते आए हैं, उन्हें दिखेगा कि कैसे एक आदमी के भीतर इतने सारे आदमी हलचल कर रहे हैं. समय की सांस्कृतिक सियासत को सूंघता हुआ, उसमें टहलता भटकता और उसके बारे में बोलता हुआ. अब कुल मिलाकर ये सब कुछ इस तरह से घटित होता है कि क्या दुनिया को और दुनिया में रहने वाले व्यक्ति को अलग ढंग से सोचा जाए. “वैसे ही इस दुनिया को कुछ और तरह से भी सोचो कि तुम्हीं वह एलियन हो जो बाहर से आये और यहीं के होकर रह गए.” और जब ख़ुद से इस तरह बाहर निकलकर खड़ा हुआ और रहा जाए और फिर एक एक कर तमाम घटनाओं, हादसों, साज़िशों, शैतानियों और हिंसाओं और उनके प्रतीकों को उनकी विकरालता में समझने की कोशिश की जाए. यानी

धर्म की खोज में शुरू हुई इस दुनिया में
धर्मों की खामियों में सोचो
मनुष्य होने के धर्म को पृथ्वी
सहित कैसे बचाया जा सकता है
बटोरी हुई ख़ूबियों को और संजोए हुए मूल्यों को
ढहाकर बिखराने वाले संस्थाबद्ध धर्मो और ठेकाबद्ध आतंकों के बारे में सोचो
कोई और तरह का विस्फोटक ढूंढो जो धर्म न हो


जगूड़ी की ख़ुद से पीछा छु़ड़ाने की इस नई कोशिश के साए में ही उनका नया दुस्साहस देखा जा सकता है जो इधर भूमंडलीकरण की भयावह अतिशयता के बीच ताक़तवर और कई तरह की शक्तियों से लैस हो चुकी संत कही जा रही बिरादरी-लॉबी के ख़िलाफ़ गंगा के अविरल प्रवाह और निर्मलता शुद्धता के मामले पर सामने आया है. ऋषिकेश हरिद्वार और उससे आगे साधुओं की आलीशान विलासिताओं और भव्यताओं पर जगूड़ी ने खुलेआम तीखे हमले किए हैं. ये कविता से बाहर संभव हुआ है. वोट पॉलिटिक्स और संसदीय लोकतंत्र के समूह महिमा गान के किनारों पर खड़े होकर अरुंधति रॉय शायद हमारे समकालीन समय में सबसे पहली रचनाकार हैं जिन्होंने साहित्य से परे जाकर( उसे कमोबेश दांव पर लगाकर) खुलेआम आवाज़ उठाई है. बेशक हिंदी में (लेकिन कविता या चुनिंदा आलेखों-निबंधों में ही-) ये काम यूं उनसे पहले और आज भी होता रहा है. लेकिन रचना से बाहर हिंदी का कोई लेखक ऐसा कर पाएगा, फिलहाल तो लगता है जगूड़ी ने ये दरवाजा खोला है.

 जगूड़ी ने अपनी काव्यभाषा और शिल्पगत अनुभव में जो नई चीज़ तलाश की है या वो दरअसल अपनी कविता की पहचान को पुनर्परिभाषित करने की एक्सरसाइज़ है कि एक कविता हमें कई दरवाजों और कई खिड़कियों से होते हुए कई सच्चाइयों से रूबरू कराती है. एक कविता है मिसाल के लिए अंधेरा-उजाला. उसका हर स्टैंज़ा( पैरा) इस तरह से बुना गया है कि कविता चढ़ाइयों और ढलानों और फिर चढ़ाइयों और अंततः एक सार्थक लेकिन अधूरी उड़ान की ओर जाती है. क्योंकि उसे फिर लौटना होता है एक नई सार्थकता और एक अधूरी छूटी उड़ान को पूरा करने के लिए. दो भागों में विभक्त ये कविता इस आज़माइश का एक बेहतरीन नमूना कही जा सकती है.

मेरी ही परछाई में दुबका हुआ है सृष्टि का सारा अंधेरा
अपनी अनुपस्थिति का नाम उजाला सुनने के लिए


और जगूड़ी फिर लौट आए हैं अपनी चिरपरिचित सावधानियों और ज़रूरी छींटाकशियों के साथ. लेकिन अंदाज़ इस बार अलग है. क्योंकि बीसवीं सदी के आम आदमी जैसा नहीं रहा, इक्कीसवीं सदी का आम आदमी.

सड़क का चौड़ीकरण हो
चाहे आधुनिकीकरण नगदीकरण नहीं तो
यह बेगार भला क्यों फ़र्जीफ़िेकेशन होता रहे
और हम उफ़ भी न करें....

और कुछ इस तरह पतन हो गया है कि

इक्सीसवीं सदी का आम आदमी
भ्रष्टाचार में अपना हिस्सा मांग रहा है
परसों भारत माता क्यों रोई
कितनी दूर बिना ईंधन चल पायेगा कोई
हर कोई लोकतंत्र में अपना हिस्सा मांग रहा है.


तो हमारे समय में लोकतंत्र के दर्शन की फ़जीहत का उससे खिलवाड़ का और उसकी प्रासंगिकता सार्थकता और नैतिकता का ऐसा जुलूस निकला है कि सबकुछ गड्डमड्ड हो गया है. कहने का ही लोकतंत्र है क्यों न कह दिया जाय-पैसें बिन अब रहा न जाय.

(अगली किस्त में समाप्य)

Saturday, June 2, 2012

फैज़ की कहानी फैज़ की जुबानी - ४


(पिछली कड़ी से आगे अंतिम किस्त)

मुझे याद है, हम मस्ती दरवाज़े के अंदर रहते थे. हमारा घर ऊंची सतह पर था. नीचे नाला बहता था. छोटा-सा एक चमन भी था. चार-तरफ़ बाग़ात थे. एक रात चांद निकला हुआ था. चांदनी नाले और इर्द-गिर्द के कूड़े-करकट के ढेर पर पड़ रही थी. चांदनी और साये, ये सब मिलकर कुछ अजब भेद-भरा-सा मंज़र बन गये थे. चांद की इनायत से उस सीन पर भद्दा पहलू छुप गया था और कुछ अजीब ही क़िस्म का हुस्न पैदा हो गया था; जिसे मैंने लिखने की कोशिश भी की है. एकाध नज़्म में यह मंज़र खेंचा है जब शहर की गलियों, मुहल्लों और कटरों में कभी दोपहर के वक़्त कुछ इसी क़िस्म का रूप आ जाता है जैसे मालूम हो कोई परिस्तान है. ‘नीम-शब’, ‘चांद’, ‘ख़ुदफ़रामोशी’, ‘बाम्-ओ-दर ख़ामुशी के बोझ से चूर’, वगै़रह उसी ज़माने से संबंध रखती हैं. एम०ए० में पहुँचे तो कभी क्लास में जाने की ज़रूरत महसूस हुई, कभी बिल्कुल जी न चाहा. दूसरी किताबें जो कोर्स में नहीं थीं, पढ़ते रहे. इसलिए इम्तिहान में कोई ख़ास पोज़ीशन हासिल नहीं की. लेकिन मुझे मालूम था कि जो लोग अव्वल-दोअम आते हैं, हम उनसे ज़ियादा जानते हैं, चाहे हमारे नंबर उनसे कम ही क्यों न हों. यह बात हमारे उस्ताद लोग भी जानते थे. जब किसी उस्ताद का, जैसे प्रोफ़ेसर डिकिन्सन या प्रोफ्ऱेसर कटपालिया थे, लेक्चर देने को जी न चाहता तो हमसे कहते हमारी बजाय तुम लेक्चर दो; एक ही बात है! अलबत्ता प्रोफ़ेसर बुख़ारी बड़े क़ायदे के प्रोफ़ेसर थे. वह ऐसा नहीं करते थे. प्रोफ़ेसर डिकिन्सन के ज़िम्मे उन्नीसवीं सदी का नस्री अदब (गद्य साहित्य) था; मगर उन्हें उससे दरअस्ल कोई दिलचस्पी नहीं थी. इसलिए हमसे कहा दो-तीन लेक्चर तैयार कर लो! दूसरे जो दो-तीन लायक़ लड़के हमारे साथ थे, उनसे भी कहा दो-दो तीन-तीन लेक्चर तुम लोग भी तैयार कर दो! किताबों वग़ैरह के बारे में कुछ पूछना हो तो आके हमसे पूछ लेना. चुनांचे, नीमउस्ताद {आधे (अधकचरे) अध्यापक (नीमहक़ीम के वज़न पर)} हम उसी ज़माने में हो गये थे. शुरू-शुरू में शायरी के दौरान में, या कॉलेज के ज़माने में हमें कोई ख़याल ही न गुज़रा कि हम शायर बनेंगे. सियासत वग़ैरह तो उस वक़्त जे़ह्न में बिल्कुल ही न थी. अगरचे उस वक़्त की तहरीकों (आंदोलनों) मसल्न कांग्रेस तहरीक, खि़लाफ़त तहरीक, या भगतसिंह की दहशतपसंद तहरीक के असर तो जे़ह्न में थे, मगर हम ख़ुद इनमें से किसी क़िस्से में शरीक नहीं थे.

शुरू में ख़याल हुआ कि हम कोई बड़े क्रिकेटर बन जायें, क्योंकि लड़कपन से क्रिकेट का शौक़ था और बहुत खेल चुके थे. फिर जी चाहा, उस्ताद बनना चाहिए; रिसर्च करने का शौक़ था. इनमें से कोई बात भी न बनी. हम क्रिकेटर बने न आलोचक; और न रिसर्च किया, अलबत्ता उस्ताद (प्राध्यापक) होकर अमृतसर चले गये.

हमारी ज़िंदगी का शायद सबसे ख़ुशगवार ज़माना अमृतसर ही का था; और कई एतिबार से. एक तो कई इस वजह से, कि जब हमें पहली दफ़ा पढ़ाने का मौक़ा मिला तो बहुत लुत्फ़ आया. अपने विद्यार्थियों से दोस्ती का लुत्फ़; उनसे मिलने और रोज़मर्रा की रस्मो-राह का लुत्फ़; उनसे कुछ सीखने, और उन्हें पढ़ाने का लुत्फ़. उन लोगों से दोस्ती अब तक क़ायम है. दूसरे यह कि, उस ज़माने में कुछ संज़ीदगी से शेर लिखना शुरू किया. तीसरे यह कि, अमृतसर ही में पहली बार सियासत में थोड़ी-बहुत सूझ-बूझ अपने कुछ साथियों की वजह से पैदा हुई; जिनमें महमूदुज़्ज़फ़र थे, डॉक्टर रशीद जहां थीं, बाद में डॉक्टर तासीर आ गये थे. यह एक नयी दुनिया साबित हुई. मज़दूरों में काम शुरू किया. सिविल लिबर्टीज़ (जनता के मौलिक अधिकारों की स्वतंत्रता) की एक अंजुमन (संस्था) बनी, तो उसमें काम किया, तरक़्क़ीपसंद तहरीक शुरू हुई तो उसके संगठन में काम किया. इन सबसे जे़ह्नी तस्कीन (मानसिक-बौद्धिक संतोष) का एक बिल्कुल नया मैदान हाथ आया.

तरक़्क़ीपसंद अदब के बारे में बहसें शुरू हुई, और उनमें हिस्सा लिया. ‘अदबे-लतीफ़’ के संपादन की पेशकश हुई तो दो-तीन बरस उसका काम किया. उस ज़माने में लिखनेवालों के दो बड़े गिरोह थे; एक अदब-बराय-अदब (‘साहित्य साहित्य के लिए’) वाले, दूसरे तरक़्क़ी-पसंद थे. कई बरस तक इन दोनों के दरमियान बहसें चलती रहीं; जिसकी वजह से काफ़ी मसरूफ़ियत रही जो, अपनी जगह ख़ुद एक बहुत ही दिलचस्प और तस्कीनदेह तजुर्बा था. पहली बार उपमहाद्वीप में रेडियो शुरू हुआ. रेडियो में हमारे दोस्त थे. एक सैयद रशीद अहमद थे, जो रेडियो पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल (महानिदेशक) हुए. दूसरे, सोमनाथ चिब थे, जो आजकल (संभवतः सन् 1977 में) हिंदुस्तान में पर्यटन विभाग के अध्यक्ष हैं. दोनों बारी-बारी से लाहौर के स्टेशन डायरेक्टर मुक़र्रर हुए. हम और हमारे साथ शहर के दो-चार और अदीब (साहित्यकार) डॉक्टर तासीर, हसरत, सूफ़ी साहब और हरिचंद ‘अख़्तर’ वगै़रह रेडियो आने-जाने लगे. उस ज़माने में रेडियो का प्रोग्राम डायरेक्टर ऑफ़ प्रोग्राम्ज़ नहीं बनाता था, हम लोग मिलकर बनाया करते थे. नयी-नयी बातें सोचते थे और उनसे प्रोग्राम का ख़ाका तैयार करते थे. उन दिनों हमने ड्रामे लिखे, फ़ीचर लिखे, दो- चार कहानियां लिखीं. यह सब एक बंधा हुआ काम था. रशीद जब दिल्ली चले गये, तो हम देहली जाने लगे. वहां नये-नये लोगों से मुलाक़ात हुईं. देहली और लखनऊ के लिखनेवाले गिरोहों से जान-पहचान हुई. मजाज़, सरदार जाफ़री, जॉनिसार अख़्तर, जज़्बी और मख़दूम मरहूम से रेडियो के वास्ते से राबिता (संपर्क) पैदा हुआ; जिससे दोस्ती के अलावा समझ और सूझ-बूझ में तरह-तरह के इज़ाफ़े हुए.

वह सारा ज़माना मसरूफ़ियत (व्यस्तता) का भी था, और एक तरह से बेफ़िक्री का भी.

Friday, June 1, 2012

फैज़ की कहानी फैज़ की जुबानी - ३


(पिछली कड़ी से आगे)

अब हम मरे कालेज सियालकोट में दाखि़ल हुए, और वहां प्रोफ़ेसर यूसुफ़ सलीम चिश्ती उर्दू पढ़ाने आये, जो इक़बाल के मुफ़स्सिर (भाष्यकार) भी हैं. तो उन्होंने मुशायरे की तरह डाली. और कहा ‘तरह’ पर (दिये हुए साँचे पर) शेर कहो! हमने कुछ शेर कहे, और हमें बहुत दाद मिली. चिश्ती साहब ने मुंशी सिराजदीन से बिल्कुल उलटा मशविरा दिया और कहा फ़ौरन इस तरफ़ तवज्जुह करो, शायद तुम किसी दिन शायर हो जाओ!

गवर्नमेंट कॉलेज लाहौर चले गये. जहां बहुत ही फ़ाज़िल और मुश्फ़िक़ (विद्वान और स्नेही) उस्तादों से नियाज़मंदी हुई. पतरस बुख़ारी थे; इस्लामिया कालेज में डॉक्टर तासीर थे; बाद में सूफ़ी तबस्सुम साहब आ गये. इनके अलावा शहर के जो बड़े साहित्यकार थे इम्तियाज़ अली ताज थे; चिराग़हसन हसरत, हफ़ीज़ जालंधरी साहब थे; अख़्तर शीरानी थे उन सबसे निजी राह-रस्म हो गयी. उन दिनों पढ़ानेवालों और लिखनेवालों का रिश्ता अदब (साहित्य) के साथ-साथ कुछ दोस्ती का-सा भी होता था. कॉलेज की क्लासों में तो शायद हमने कुछ ज़ियादा नहीं पढ़ा; लेकिन उन बुज़ुर्गों की सुह्बत और मुहब्बत से बहुत- कुछ सीखा. उनकी महफ़िलों में हम पर शफ़क़त (स्नेहयुक्त आशीष की भावना} होती थी, और हम वहां से बहुत-कुछ हासिल करके उठते थे.

हमने अपने दोस्तों से भी बहुत सीखा. जब शेर कहते तो सबसे पहले ख़ास दोस्तों ही को सुनाते थे. उनसे दाद मिलती तो मुशायरों में पढ़ते. अगर कोई शेर ख़ुद पसंद न आया, या दोस्तों ने कहा, निकाल दो, तो उसे काट देत.। एम०ए० में पहुँचने तक बाक़ायदा लिखना शुरू कर दिया था. हमारे एक दोस्त हैं ख़्वाजा ख़ुर्शीद अनवर. उनकी वजह से हमें संगीत में दिलचस्पी पैदा हुई. ख़ुर्शीद अनवर पहले तो दहशतपसंद (क्रांतिकारी) थे, भगतसिंह गु्रप में शामिल. उन्हें सज़ा भी हुई, जो बाद में माफ़ कर दी गयी. दहशतपसंदी तर्क करके वह संगीत की तरफ़ आ गये. हम दिन में कॉलेज जाते और शाम को ख़ुर्शीद अनवर के वालिद ख़्वाजा फ़ीरोज़ुद्दीन मरहूम की बैठक में बड़े-बड़े उस्तादों का गाना सुनते. यहां उस ज़माने के सब ही उस्ताद आया करते थे; उस्ताद तवक्कुल हुसैन ख़ां, उस्ताद अब्दुल वहीद ख़ां, उस्ताद आशिक़ अली ख़ां, और छोटे गु़लाम अली ख़ां, वग़ैरह. इन उस्तादों के साथ के और हमारे दोस्त रफ़ीक़ ग़ज़नवी मरहूम से भी सुह्बत होती थी. रफ़ीक़ ला-कॉलेज में पढ़ते थे. पढ़ते तो ख़ाक थे, बस रस्मी तौर पर कॉलेज में दाखि़ला ले रक्खा था. कभी ख़ुशींद अनवर के कमरे में और कभी रफ़ीक़ के कमरे में बैठक हो जाती थी. ग़रज़ इस तरह हमें इस फ़न्ने-तलीफ़ (ललित-कला) से आनंद का काफ़ी मौक़ा मिला.

जब हमारे वालिद गुज़र गये तो पता चला कि घर में खाने तक को कुछ नहीं है. कई साल तक दर-ब-दर फिरे और फ़ाक़ामस्ती की. इसमें भी लुत्फ़ आया, इसलिए कि इसकी वजह से ‘तमाशाए-अहले-करम’ {पैसेवालों की कृपा का नाटक (ग़ालिब का शेर है : बनाकर फ़क़ीरों का हम भेस गा़लिब / तमाशाए-अहले-करम देखते हैं)} देखने का बहुत मौक़ा मिला, ख़ास तौर से अपने दोस्तों से. कॉलेज में एक छोटा-सा हल्क़ा (मंडली) बन गया था. कोयटा के हमारे दोस्त थे, एहतिशामुद्दीन और शेख़ अहमद हुसैन, डॉ. हमीदुद्दीन भी इस हल्क़े में शामिल थे। इनके साथ शाम को महफ़िल रहा करती. जवानी के दिनों में जो दूसरे वाक़िआत होते हैं वह भी हुए, और हर किसी के साथ होते हैं.

गर्मियों में कॉलेज बंद होते, तो हम कभी ख़ुर्शीद अनवर और भाई तुफ़ैल के साथ श्रीनगर चले जाया करते, और कभी अपनी बहन के पास लायलपुर पहुँच जाते. लायलपुर में बारी अलीग और उनके गिरोह के दूसरे लोगों से मुलाक़ात रहती. कभी अपनी सबसे बड़ी बहन के यहां धरमशाला चले जाते, जहां पहाड़ की सीनरी देखने का मौक़ा मिलता, और दिल पर एक ख़ास क़िस्म का नक़्श (गहरा प्रभाव) होता. हमें इनसानों से जितना लगाव रहा, उतना कु़दरत के मनाज़िर (सीन-सीनरी) और नेचर के हुस्न को देखने-परखने का नहीं रहा. फिर भी उन दिनों मैंने महसूस किया कि शहर के जो गली-मुहल्ले हैं, उनमें भी अपना एक हुस्न है जो दरिया और सहरा, कोहसार या सर्व-ओ-समन से कम नहीं. अलबत्ता उसको देखने के लिए बिल्कुल दूसरी तरह की नज़र चाहिए.

(जारी)

Thursday, May 31, 2012

फैज़ की कहानी फैज़ की जुबानी - २


(पिछली कड़ी से आगे)

एक और याद ताज़ा हुई. हमारे घर से मिली हुई एक दुकान थी, जहां किताबें किराये पर मिलती थीं. एक किताब का किराया दो पैसे होता. वहां एक साहब हुआ करते थे जिन्हें सब ‘भाई साहब’ कहते थे. भाई साहब की दुकान में उर्दू साहित्य का बहुत बड़ा भंडार था. हमारी छठी-सातवीं जमात के विद्यार्थी-युग में जिन किताबों का रिवाज था, वह आजकल क़रीब-क़रीब नापैद हो चुकी हैं, जैसे तिलिस्मे-होशरुबा, फ़सानए-आज़ाद, अब्दुल हलीम शरर के नॉवेल, वग़ैरह. ये सब किताबें पढ़ डालीं इसके बाद शायरों का कलाम पढ़ना शुरू किया. दाग़ का कलाम पढ़ा. मीर का कलाम पढ़ा. ग़ालिब तो उस वक़्त बहुत ज़ियादा हमारी समझ में नहीं आया. दूसरों का कलाम भी आधा समझ में आता था, और आधा नहीं आता था. लेकिन उनका दिल पर असर कुछ अजब क़िस्म का होता था. यों, शेर से लगाव पैदा हुआ, और साहित्य में दिलचस्पी होने लगी.

हमारे अब्बा के मुंशी घर के एक तरह के मैनेजर भी थे. हमारा उनसे किसी बात पर मतभेद हो गया तो उन्होंने कहा ‘अच्छा, आज हम तुम्हारी शिकायत करेंगे कि तुम नॉवेल पढ़ते हो; स्कूल की किताबें पढ़ने की बजाय छुपकर अंट-शंट किताबें पढ़ते हो.’ हमें इस बात से बहुत डर लगा, और हमने उनकी बहुत मिन्नत की कि शिकायत न करें; मगर वह न माने और अब्बा से शिकायत कर ही दी. अब्बा ने हमें बुलाया और कहा ‘मैंने सुना है, तुम नॉवेल पढ़ते हो.’ मैंने कहा ‘जी हां.’ कहने लगे ‘नॉवेल ही पढ़ना है तो अंग्रेज़ी नॉवेल पढ़ो, उर्दू के नॉवेल अच्छे नहीं होते. शहर के क़िले में जो लायब्रेरी है, वहां से नॉवेल लाकर पढ़ा करो.’

हमने अंग्रेज़ी नॉवेल पढ़ना शुरू किये. डिकेंस, हार्डी, और न जाने क्या-क्या पढ़ डाला. वह भी आधा समझ में आता था और आधा पल्ले न पड़ता था. मगर इस पढ़ने की वजह से हमारी अंग्रेज़ी बेहतर हो गयी. दसवीं जमात में पहुंचने तक महसूस हुआ कि बाज़ उस्ताद पढ़ाने में ग़लतियां कर जाते हैं. हम उनकी अंग्रेज़ी दुरुस्त करने लगे. इस पर हमारी पिटाई तो न हुई; अलबत्ता वो उस्ताद कभी ख़फ़ा हो जाते और कहते ‘अगर तुम्हें हमसे अच्छी अंग्रेज़ी आती है तो फिर तुम ही पढ़ाया करो, हमसे क्यों पढ़ते हो!’

उस ज़माने में कभी-कभी मुझ पर एक ख़ास क़िस्म का भाव छा जाता था. जैसे, यकायक आस्मान का रंग बदल गया है बाज़ चीज़ें कहीं दूर चली गयी हैं.... धूप का रंग अचानक मेंहदी का-सा हो गया है... पहले जो देखने में आता था, उसकी सूरत बिल्कुल बदल गयी है. दुनिया एक तरह की पर्दए-तस्वीर के क़िस्म की चीज़ महसूस होने लगती थी. इस कैफ़ीयत (भावना) का बाद में भी कभी-कभी एहसास हुआ है, मगर अब नहीं होता.

मुशायरे भी हुआ करते थे. हमारे घर से मिली हुई एक हवेली थी जहां सर्दियों के ज़माने में मुशायरे किये जाते थे.

सियालकोट में पंडित राजनारायन ‘अरमान’ हुआ करते थे, जो इन मुशायरों के इंतिज़ामात किया करते थे. एक बुज़ुर्ग मुंशी सिराजदीन मरहूम थे अल्लामा इक़बाल के दोस्त, श्रीनगर में महाराजा कश्मीर के मीर मुंशी, वह सदारत किया करते थे. जब दसवीं जमात में पहुंचे तो हमने भी तुकबंदी शुरू कर दी, और एक-दो मुशायरों में शेर पढ़ दिये. मुंशी सिराजदीन ने हमसे कहा ‘मियां, ठीक है, तुम बहुत तलाश से (परिश्रम से) शेर कहते हो, मगर यह काम छोड़ दो. अभी तो तुम पढ़ो-लिखो, और जब तुम्हारे दिलो-दिमाग़ में पुख़्तगी आ जाये तब यह काम करना. इस वक़्त यह महज़ वक़्त की बर्बादी है.’ हमने शेर कहना बंद कर दिया.

(जारी)

Wednesday, May 30, 2012

तो क्या हम मान लें कि कत्ल करना मजेदार काम है?


मसला
-वीरेन डंगवाल

बेईमान सजे-बजे हैं
तो क्या हम मान लें कि
बेईमानी भी एक सजावट है?

कातिल मजे में हैं
तो क्या हम मान लें कि कत्ल करना मजेदार काम है?

मसला मनुष्य का है
इसलिए हम तो हरगिज नहीं मानेंगे
कि मसले जाने के लिए ही
बना है मनुष्य.

फैज़ की कहानी फैज़ की जुबानी - १



फैज़ अहमद फैज़ की आपबीती का एक हिस्सा आप कुछ दिन पहले पढ़ चुके हैं. उस के आगे फैज़ साहब की इस दास्ताँ का उर्दू से लिप्यान्तरण शमशेर बहादुर सिंह का किया हुआ है.  ये पोस्टें अपने प्रिय गिर्दा की स्मृति को समर्पित हैं जिन्हें फैज़ की शायरी से बेपनाह मोहब्बत थी.


हमारे शायरों को हमेशा यह शिकायत रही है कि ज़माने ने उनकी क़द्र नहीं की। ... हमें इससे उलट शिकायत यह है कि हम पे लुत्फ़ो-इनायात की इस क़दर बारिश रही है; अपने दोस्तों की तरफ़ से, अपने मिलनेवालों की तरफ़ से और उनकी जानिब से भी जिनको हम जानते भी नहीं कि अक्सर दिल में हिचक महसूस होती है कि इतनी तारीफ़ और वाहवाही पाने का हक़दार होने के लिए जो थोड़ा-बहुत काम हमने किया है, उससे बहुत ज़ियादा हमें करना चाहिए था। यह कोई आज की बात नहीं है। बचपन ही से इस क़िस्म का असर औरों पर रहा है। जब हम बहुत छोटे थे, स्कूल में पढ़ते थे, तो स्कूल के लड़कों के साथ भी कुछ इसी क़िस्म के तअल्लुक़ात क़ायम हो गये थे। ख़ाहमख़ाह उन्होंने हमें अपना लीडर मान लिया था, हालांकि लीडरी के गुन हमें नहीं थे। या तो आदमी बहुत लट्ठबाज़ हो कि दूसरे उनका रौब मानें, या वह सबसे बड़ा विद्वान हो। हम पढ़ने-लिखने में ठीक थे, खेल भी लेते थे, लेकिन पढ़ाई में हमने कोई ऐसा कमाल पैदा नहीं किया था कि लोग हमारी तरफ़ ज़रूर ध्यान दें।

बचपन का मैं सोचता हूं तो एक यह बात ख़ास तौर से याद आती है कि हमारे घर में औरतों का एक हुजूम था। हम जो तीन भाई थे उनमें हमारे छोटे भाई (इनायत) और बड़े भाई (तुफ़ैल) घर की औरतों से बाग़ी होकर खेलकूद में जुट रहते थे। हम अकेले उन ख़वातीन के हाथ आ गये। इसका कुछ नुक़सान भी हुआ और कुछ फ़ायदा भी। फ़ायदा तो यह हुआ कि उन महिलाओं ने हमको इंतिहाई शरीफ़ाना ज़िंदगी बसर करने पर मजबूर किया; जिसकी वजह से कोई असभ्य या उजड्ड क़िस्म की बात उस ज़माने में हमारे मुंह से नहीं निकलती थी। अब भी नहीं निकलती। नुक़सान यह हुआ, जिसका मुझे अक्सर यह अफ़सोस होता है, कि बचपन के खिलंदड़ेपन या एक तरह की मौजी ज़िंदगी गुज़ारने से हम कटे रहे। मसलन यह कि गली में कोई पतंग उड़ा रहा है, कोई गोलियां खेल रहा है, कोई लट्टू चला रहा है; हम सब खेलकूद देखते रहे थे, अकेले बैठकर। ‘होता है शबो-रोज़ तमाशा मेरे आगे’ वाला मामला। हम उन तमाशों के सिर्फ़ तमाशाई बने रहते, और उनमें शरीक होने की हिम्मत इसलिए नहीं होती थी कि उसे शरीफ़ाना शग़ूल या शरीफ़ाना काम नहीं समझते थे।

उस्ताद भी हम पर मेहरबान रहे। आजकल की मैं नहीं जानता, हमारे ज़माने में तो स्कूल में सख़्त ¹ फ़ैज़ के काव्य-संग्रह ‘शामे-शहरे यारां’ का आरंभिक गद्य-भाग। संपादक पिटाई होती थी। हमारे वक़्तों के उस्ताद तो निहायत ही जल्लाद क़िस्म के लोग थे। सिर्फ़ यही नहीं कि उनमें से किसी ने हमको हाथ नहीं लगाया बल्कि हर क्लास में मॉनिटर बनाते थे: बल्कि (साथी लड़कों को) सज़ा देने का मंसब भी हमारे हवाले करते थे, यानी-फ़लां को चांटा लगाओ, फ़लां को थप्पड़ मारो। इस काम से हमें बहुत-कोफ़्त होती थी, और हम कोशिश करते थे कि जिस क़दर भी मुमकिन हो यों सज़ा दें कि हमारे शिकार को वह सज़ा महसूस न हो। तमाचे की बजाय गाल थपथपा दिया, या कान आहिस्ता से खींचा, वगै़रह। कभी हम पकड़े जाते तो उस्ताद कहते ‘यह क्या कर रहे हो! ज़ोर से चांटा मारो!’

इसके दो प्रभाव बहुत गहरे पड़े। एक तो यह कि बच्चों की जो दिलचस्पियां होती हैं उनसे वंचित रहे। दूसरे यह कि अपने दोस्तों, क्लासवालों और उस्तादों से हमें बेहद स्नेह आशीष, खुलापन और अपनाव मिला; जो बाद के ज़माने के दोस्तों और समकालीनों से मिला, और आज भी मिल रहा है।

सुबह हम अपने अब्बा के साथ फ़ज्र की नमाज़ पढ़ने मस्जिद जाया करते थे। मामूल (नियम) यह था कि अज़ान के साथ हम उठ बैठे, अब्बा के साथ मस्जिद गये, नमाज़ अदा की; और घंटा-डेढ़ घंटा मौलवी इब्राहीम मीर सियालकोटी से, जो अपने वक़्त के बड़े फ़ाजिल (विद्वान) थे, क़ुरान-शरीफ़ का पाठ पढ़ा-समझा; अब्बा के साथ डेढ़-दो घंटों की सैर के लिये गये; फिर स्कूल। रात को अब्बा बुला लिया करते, ख़त लिखने के लिए। उस ज़माने में उन्हें ख़त लिखने में कुछ दिक़्क़त होती थी। हम उनके सेक्रेटरी का काम अंजाम देते थे। उन्हें अख़बार भी पढ़कर सुनाते थे। इन कई कामों में लगे रहने की वजह से हमें बचपन में बहुत फ़ायदा हुआ। उर्दू-अंग्रेज़ी अख़बारात पढ़ने और ख़त लिखने की वजह से हमारी जानकारी काफ़ी बढ़ी।

(जारी)

Tuesday, May 29, 2012

लाइव आर्ट जैसे शहर में वान गॉग का बिंब


लाइव आर्ट जैसे शहर में वान गॉग का बिंब


-शिवप्रसाद जोशी

आम्सटर्डम. नीदरलैंड्स की राजधानी . रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते हुए सबसे पहले जो चीज़ें दिखाईदेती हैं वे हैं साइकिलें और नहर और नावें. आम्सटर्डम साइकिल का शहर या फिर नहरों का. यूं येविनसेंट वान(फ़ान) गॉग का शहर भी है. यूं ये सेक्स सिटी भी है. पूरा शहर समुद्र के बैक वॉटर्स से इकट्ठा कर बनाई गई झील से घिरा और फिर उससे निकाली गई नहरें. और नहर पर नावें. नहरें पूरे शहर को इस तरह से काटते हुए बहती हैं कि लगता है आप उन्हीं पर चल रहे हैं. सड़क भी नहर की है.

आम्सटर्डम में साइकिलों की विशाल चार मंज़िला पार्किंग. किराए पर दी जाती हैं. आम्सटर्डम जैसे एक लाइव आर्ट है. आपके सामने रखा हुआ. एक ऐसी पेंटिंग जिसमें आप दाखिल हो जाएं और फिर उस कैनवस से बाहर निकल आएं. विरोधाभासों का शहर. पानी, साइकिल, कला और सेक्स. रहता है सुंदरियों के साथ और नया होता रहता है अपनी कला में पानी के साथ. स्कूल, रेस्तरां, गलियों, इमारतों, सड़कों, दुकानों, कॉलेज से होते हुए एक विशाल पार्क में पहुंचे और वहां से वान गॉग के संग्रहालय के लिए निकले. स्मृति के इतने नज़दीकी नज़ारे शायद ही कहीं मिलेंगे. गॉग के नाम पर अब पन्ने डायरी कलम से लेकर टीशर्ट किताब छाते छल्ले सब बिकते हैं. पेंटिंग्स तो जो हैं सो हैं. कैमरे की मनाही है.

गॉग के कला जीवन की व्यवस्थित सुरुचिपूर्वक और तरतीब से लगाई झांकी है ये. उस जीवन की जो कितना इररेगुलर इरैटिक क़िस्म का था. उसके जीवन के उत्पात वो अटपटापन वे ऊबड़खाबड़ वीरानियां और हाहाकार जैसे यहां क्रमपूर्वक लगे हैं. कैनवस को तहसनहस करने वाले रंग उकेरने वाला वो दीवाना पेंटर. वो सोचने वाला शख़्स. जो सिर्फ़ कला और प्रेम के बारे में सोचता था. उस उत्पात को देखने का हौसला तो चाहिए ही. वे सूरजमुखी वे आइरिस के फूल. लगता है कैनवस मिट्टी है और वहीं से वे उग उठें हैं और छलक कर हमारे सामने लहरा रहे हैं. अपनी उद्दाम उदासियों और रंगतों में. आलू खाता परिवार जैसे हमारे सामने एक घर है और हम उस उदास रोशनी में दाखिल हो गए हैं. बिन बुलाए मेहमान की तरह.

अपने कलाकार को सम्मानपूर्वक याद करने का ये अनुपम उदाहरण है. संग्रहालय की कमर्शियल वैल्यू भले ही हो लेकिन उसे डिज़ाइन बड़े कलात्मक ढंग से किया गया है. बहुत लंबी और थकान भरी लेकिन ये देखना जैसे एक यात्रा है. इंटेंस अविस्मरणीय यात्रा. गॉग के जैसे किसी लैंडस्केप पर बेचैनी और उत्सुकता और हलकी ख़ुशी में टहलना. और आख़िर में जैसे कांपते हुए आप उन दो कब्रों के पास से गुज़रते हैं. वे दो अद्भुत प्रेम में पगे भाई. थियो और विनसेंट. वहां रखने के लिए आपके पास दो फूल तक नहीं हैं. गीली आंखे एक हिचकी जैसी और स्तब्ध. आप यकायक भावुकता और बेचैनी में पहले उस लैंडस्केप से निकल आना चाहते हैं. संग्रहालय के उस फ़्लोर की सीढ़ी उतरते हैं. जल्द ही ये सब ख़त्म हो जाएगा. चमकता बाज़ार आपका इंतज़ार कर रहा है. वान गॉग वहां भी हैं. नाना उत्पादों में. आप ख़ुद को रिफ़्रेश कीजिए.

धरती मिट्टी का ढेर नहीं है अबे गधे


अकेला तू अभी 

वीरेन डंगवाल

तभी अकेला है जो बात न ये समझे
हैं लोग करोड़ों इसी देश में तुझ जैसे

धरती मिट्टी का ढेर नहीं है अबे गधे
दाना पानी देती है वह कल्याणी है
गुटरूं-गूं कबूतरों की, नारियल का जल
पहिये की गति, कपास के हृदय का पानी है

तू यही सोचना शुरू करे तो बात बने
पीड़ा की कठिन अर्गला को तोड़ें कैसे!

Monday, May 28, 2012

समय कठिन आंखें मत फेर


प्राण-सखा

-वीरेन डंगवाल


समय कठिन
प्राण सखा आंखें मत फेर

टोक-टोक जितना भी जी चाहे टोक पर आंखे मत फेर !

इन दुबले पांवों को
हाथों को
पकड़-जकड़
चढ़ी चली आती है अकड़ भरी
लालच की बेल
शुरू हुआ
इस नासपीटे वसन्‍ता का
सर्व अधिक कठिन खेल

आच्‍छादित हो जाएंगे खिड़की-दरवाजे
जहरीले नीले चित्‍ताकर्षक फूलों से
फूटेंगी दीवारें
सोच नहीं इससे क्‍या होना-जाना है
समय अभी
हेर-हेर-टेर
मुझे टेर
प्राण सखा !

हम जहां पहुंचे कामयाब आये - फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की आपबीती – ५




(पिछली कड़ी से आगे)

कैंप डेविड समझौते के बाद अरब के लोगों का यह अनुरोध था कि उसका दफ़्तर काहिरा से कहीं और स्थानांतरित कर दिया जाये. लोटस का मुख्य संपादक जो संगठन का सचिव भी था, उसकी साइप्रस में गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. अब लोटस का संपादन करने वाला कोई नहीं था. इस समय एफ्ऱो-एशियाई साहित्यकार संगठन का दफ़्तर कहीं नहीं था. इस पत्रिका के संपादन के लिए मुझे आमंत्रित किया गया और यह भी फैसला हुआ कि संगठन का दफ़्तर बैरूत में स्थानांतरित कर दिया जाये. मैं अफ्ऱीकी एशियाई साहित्यकारों के संगठन और उसकी पत्रिका लोटस से चार साल तक जुड़ा रहा और फिर हमें इससे फ़ुर्सत मिल गयी.

बैरूत पर आक्रमण के एक महीने बाद मैं किसी-न-किसी तरह वहां से निकलने में सफल हो गया और पाकिस्तान पहुंच गया. यहां आते ही मैं एक बार फिर बीमार हो गया. अब जो यह एलिस के बारे में आप लोग पूछ रहे हैं तो मैं बताऊं. जब मैं कॉलेज में पढ़ाने लगा था तो जैसा मैंने बताया, मेरे कुछ साथी आक्सफ़ोर्ड से वापस लौटे तो वे मार्क्सवादी विचारधारा के समर्थक थे. उसी में एक साथी जो मार्क्सिस्ट था उसकी पत्नी जो अंग्रेज़ थी वह भी मार्क्सिस्ट थी. एक दिन उसने मुझसे पूछा, तुम उदास और निराश क्यों रहते हो, फिर स्वयं ही बोली, तुम्हें इश्क़ हो गया है क्या? तुम बीमार लगते हो. उसने कुछ किताबें मुझे दीं और कहा कि उन्हें पढ़ूं उसने स्पष्ट किया, तुम्हारा दुख बहुत कुछ व्यक्तिगत ढंग का है. ज़रा पूरे हिंदुस्तान पर नज़र डालो, अनगिनत लोग भूख और बीमारी के शिकार हैं. तुम्हारा दुख तो उनकी तुलना में कुछ भी नहीं है.

और तब प्रेम के विषय से मेरा ध्यान हट गया और मैंने व्यापक संदर्भों में सोचना आरंभ कर दिया. मेरी नज़्म ‘मुझसे पहली सी मुहब्बत मेरी महबूब न मांग’ इसी बदलते हुए सोच का परिणाम थी. मेरे मित्र जिनकी पत्नी का उल्लेख मैंने किया वह एक अच्छे साहित्यकार थे और एक कॉलेज के प्रिंसिपल भी थे. उनके साथ शिक्षण के कार्य में व्यस्त हो गया. कोई तीन चार साल बाद मेरे मित्रा की अंग्रेज़ पत्नी की एक बहन उन लोगों से मिलने अमृतसर आयी, जहां मैं पढ़ा रहा था. मेरी उस महिला से जब मुलाक़ात हुई तो हम मित्र बन गये लेकिन उन्हीं दिनों युद्ध छिड़ गया और वह महिला अपने देश वापस न लौट सकी. मैं भी कैंब्रिज जाने वाला था मगर न जा सका और इस तरह हमारी मित्राता गहरी होती गयी और एक दिन हमने शादी कर ली. वह महिला एलिस थी.

जहां तक बैरूत में मेरे प्रवास का संबंध है तो मैं यह स्पष्ट कर दूं कि मैं फ़िलिस्तीनियों का समर्थक था जिन्हें एक षड्यंत्र द्वारा अपने देश से निकाल दिया गया था. यह अजीब बात थी कि इज़राइली जिन्हें नाज़ियों के हाथों कठोर यातना झेलनी पड़ी थी, वे भी अब फ़िलिस्तीनियों को इसी प्रकार कष्ट देने के लिए उतारू थे, जबकि फ़िलिस्तीनियों ने इज़राइलियों का कुछ नहीं बिगाड़ा था. लेकिन शायद इज़राइलियों के अत्याचारी व्यवहार के पीछे हिंसक मनोग्रंथि काम कर रही थी. शक्तिशाली का साथ तो सब देते ही हैं क्योंकि उसमें कोई हानि नहीं होती. कमज़ोर का साथ देने वाले कम होते हैं और उसमें केवल हानि ही हिस्से में आती है. मैंने बैरूत प्रवास के दिनों में कमज़ोर का साथ देने को अपना रचनात्मक धर्म स्वीकार किया था.

-----


मुझसे पहली मुहब्बत मेरी महबूब न मांग 
मैनें समझा कि तू तो दरख्शां है हयात  
तेरा गम है तो गमे - दहर का झगडा क्या है 
तेरी सूरत से है आलम में बहारों को सबात 
तेरी आँखों के सिवा दुनियां में रखा क्या हैं ?

       तू जो मिल जाये तो तकदीर निगूं  हो जाये 
        यूँ न था , मैने फकत चाहा था यूँ हो जाये 

और भी दुःख है जमाने में मुहब्बत के सिवा 
राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा 
अनगिनत सदियों के तारीक  बहीमाना  तिलिस्म 
रेशमो - अतलसो - कम ख्वाब में बुनवाये हुए 
जा - ब - जा बिकते कूचा - ओ - बाज़ार में जिस्म 
खाक  में लिथड़े हुए खून में नहलाये हुए 
        
       लौट  जाती है उधर को भी नज़र क्या कीजे 
       अब भी दिलकश है तेरा हुस्न , मगर क्या कीजे 

और भी दुख है जमाने में मुहोब्बत के सिवा 
राहतें और भी है वस्ल कि राहत के सिवा 
मुझसे पहली से मुहब्बत मेरे महबूब न मांग 

             
(दरख्शां - रौशन, हयात - जीवन, गमे दहर - जमाने का दुःख, आलम - दुनियां, सबात - ठहराव, निगूं होना- बदल जाना,  वस्ल की राहत - मिलन का आनंद, तारीक - अँधेरा, बहीमाना - पशुवत,  रेशमो - अतलसो - कमख्वाब - रेशम, अलतस और मलमल, जा - ब - जा  - जगह - जगह.)

Sunday, May 27, 2012

हम जहां पहुंचे कामयाब आये - फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की आपबीती – ४




(पिछली कड़ी से आगे)

मैं मास्को के बाद लंदन चला गया और लंदन में दो वर्ष तक रहा. मैं लंदन से लाहौर आने के बजाय कराची लौट आया. कराची में मैं मिस्टर महमूद हारून के निवास स्थान पर ठहरा. उनकी बहन जो डाक्टर थीं और मेरी मित्रा थीं, उन्होंने मुझे लिखा कि श्रीमाती हारून बीमार हैं और आपको देखना और मिलना चाहती हैं. मेरे आने पर श्रीमती हारून ने मुझे बताया कि उनका जो फ़लाही फ़ाउंडेशन है उसके अधीन स्कूल, अस्पताल और अनाथालय चल रहा है. उनके लड़के के पास फ़ाउंडेशन चलाने के लिए समय नहीं है क्योंकि वह व्यापार तथा राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहे हैं. अच्छा होगा कि फ़ाउंडेशन की व्यवस्था मैं संभाल लूं. मैंने फ़ाउंडेशन के स्थान पर उसकी गतिविधियों का निरीक्षण किया तो देखा कि वह गंदी बस्ती का इलाक़ा था, जहां मछुआरे, ऊंट वाले, नशीली दवाओं का व्यापार करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्ति रहा करते थे. मुझे यह इलाक़ा अच्छा लगा, और हमने इस क्षेत्र में अपनी गतिविधि तेज़ कर दी. स्कूल को कॉलेज में परिवर्तित कर दिया, एक तकनीकी संस्थान भी स्थापित किया और अनाथालय की भी व्यवस्था की. इस प्रकार कोई आठ साल तक मैं शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ा रहा. इस बीच 65 और 71 के युद्ध भी हुए. इन दोनों युद्धों के दौरान मैं अत्यधिक मानसिक तनाव से प्रभावित रहा. उसका कारण यह था कि मुझसे बार-बार देशभक्ति के गीत लिखने की फ़रमाइश की जा रही थी. मेरे इनकार पर यह ज़ोर दिया जाता कि देशभक्ति और मातृभूमि की मांग यही है कि मैं युद्ध के या देशभक्ति के गीत लिखूं. लेकिन मेरा तर्क यह था कि युद्ध अनगिनत व्यक्तियों के लिए मृत्यु का कारण बनेगा और दूसरे पाकिस्तान को इस युद्ध से कुछ नहीं मिलने वाला है. इसलिए मैं युद्ध के लिए कोई गीत नहीं लिखूंगा. लेकिन मैंने 65 और 71 के युद्धों के विषय में नज़्में लिखीं, 65 के युद्ध से संबंधित मेरी दो नज़्में हैं....

बांग्लादेश युद्ध के ज़माने में मैंने तीन-चार नज़्में लिखीं. लेकिन उन नज़्मों की रचना में युद्ध-गीतों का आग्रह करने वालों को मुझसे और भी निराशा हुई. परिणामस्वरूप मुझे सिंध में भूमिगत हो जाना पड़ा. युद्ध समाप्त हुआ तो पाकिस्तान के दो टुकड़े हो चुके थे.

चुनाव के बाद फ़ौजी सरकार समाप्त हो गयी थी और भुट्टो के नेतृत्व में पीपुल्स पार्टी की सरकार स्थापित हो चुकी थी. उनसे मेरे अच्छे संबंध थे उस ज़माने में जब वह विदेश मंत्राी थे और उस समय भी जब वह विपक्षी पार्टी के नेता थे. उन्होंने मुझे अपने साथ काम करने के लिए आमंत्रित किया. मैंने पूछा मेरा काम क्या होगा, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि मैं पहले से ही सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदार रह चुका हूं. क्यों न उसी क्षेत्रा में राष्ट्रीय स्तर पर कुछ काम करूं. मैंने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और नेशनल कौंसिल ऑफ़ आर्ट्स (राष्ट्रीय कला परिषद्) की स्थापना की. इसके अतिरिक्त मैंने ‘फ़ोक आर्टस’ जो अब ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ फ़ोक हेरिटेज’ है, की स्थापना की. मैं इन परिषदों की देख-रेख में चार साल तक व्यस्त रहा कि सरकार फिर से बदल गयी. इस अवधि में मेरा गद्य और पद्य लिखने का क्रम लगातार जारी रहा. इसी अवधि में मेरी शायरी का अंग्रेज़ी, फ्ऱांसीसी, रूसी तथा अन्य दूसरी भाषाओं में अनुवाद होता रहा. ज़ियाउल हक़ के शासन काल में मेरे प्रभाव को नकार दिया गया. वैसे भी इस सरकार में संस्कृति का महत्व पहले जैसा नहीं रहा था, मैंने सोचा मुझे कुछ और करना चाहिए .

मैं एशियाई और अफ़्रीकी साहित्यकार संगठन के लिए कुछ-न-कुछ करता ही रहता था. उनकी गोष्ठियों में भी भागीदारी होती रहती थी. उस संगठन का दफ़्तर काहिरा में था जहां से उस संगठन की पत्रिका लोटस (Lotus) का प्रकाशन होता था.

(अगली किस्त में समाप्य)