Wednesday, June 27, 2012

सिंध में सत्रह महीने - २


(पिछली कड़ी से आगे)

दो.

सत्राह महीने तक सिंध से मेरा संपर्क रहा. हैदराबाद की सारस्वत ब्राह्मण पाठशाला में प्रधानाध्यापक पद पर कुछ दिन, और कुछ दिन सिंध की राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मुख्य पत्रा ‘कौमी बोली’ के संपादक रूप में.

1941 की मर्दुमशुमारी के अनुसार सिंध प्रांत की जनसंख्या 45 लाख है, जिसमें 11 लाख हिंदू है. जनता की धार्मिक मनोवृत्ति सूफ़ी और नानकपंथी है. आठवीं सदी के शाहनमाह के अरबी लेख से पता चलता है कि उस समय वहां बौद्ध और ब्राह्मण दोनों ही संस्कृति के लोग रहते थे. सिंध पर अरबी आक्रमण मुहम्मद-बिन-कासिम द्वारा 692 ई. में हुआ. तब से इस भूमि में इस्लामी भावनाओं का प्राधान्य चला आ रहा है. मीरों, कलहारों और नवाबों की सामंतशाही से ऊबकर स्थानीय जनता राजपूताना, गुजरात और पंजाब में जा बसी और सिंधुनद के उपजाऊ इलाकों को आगंतुकों के लिए खाली कर गयी. उन्हें तलवार छोड़कर तराजू का सहारा लेना पड़ा. इसी से सिंध का नागरिक जीवन आज हिंदू-प्रधान हो गया.

गुरु नानक की संतवाणी यहां के हिंदुओं और दूसरे लोगों में काफ़ी लोकप्रिय है. सूफी संतों की परंपरा यहां ऐसी प्रबल रही है कि सभी सिंधी सूफ़ी धारणाओं से ओत-प्रोत हैं. किसी सिंधी हिंदू से आप मिलिये और पूछिये कि तुम क्या मानते हो, वह अवश्य गुरु नानक और शाह अब्दुल लतीफ़ के दो-चार पद सुना देगा. शाह अब्दुल लतीफ़ बहुत बड़े सूफ़ी कवि थे. सिंध में वह इतने लोकप्रिय हैं कि उन्हें वहां का तुलसीदास कहा जाता है. सिंधी मुसलमानों को बहुधा मैंने हिंदू मंदिर, वरुण चैत्य और गुरुद्वारों के सामने सिर झुकाते देखा है. हिंदुओं को पीरों की दरगाहों के समक्ष नतमस्तक पाया है. हिंदू हो या मुसलमान, सिंधी का हृदय प्रेम-मार्गी होता है. अठारहवीं सदी के मस्त फ़कीर सचल सरमस्त का यह दोहा कितना बढ़िया है –

 “आहि रूहु मुंही जो अरब जो ऐं खाकि हिंदूजी अहमद मिल्यों हुते त हिति श्याम मिल्यो अहि” (मेरी आत्मा अरब की है, तो शरीर हिंदू का; वहां अगर मुहम्मद मिले तो यहां श्याम मिले हैं.)

सांप्रदायिक दंगे सिंध में उतना उग्र रूप नहीं धारण करते, जैसा कि अन्य प्रांतों में. पीरों की दरगाहों पर होने वाले मेलों में मैं कई बार शामिल हुआ हूं. एकतारा पर पीरों के गुणगान करने वाले हिंदू भगतों को झूमते देखा है. मुल्तान कभी सिंध के अंतर्गत था. वर्तमान प्रांत-विभाजन के अनुसार मुल्तान कमिश्नरी पंजाब के अंदर है, परंतु औरतों की नाकों में पुखराजवाली नथ देखकर सहसा उनकी तुलना आप सिंधी महिलाओं से कर बैठेंगे. जल-पूजा मुल्तान में भी प्रचलित है. सिंध के महात्मा उडेरो (लाल) वरुण के अवतार माने गये हैं और वरुण असुर सभ्यता का उतना ही पूज्य देवता है, जितना कि इंद्र वैदिक सभ्यता का. असुर सभ्यता के अवशेष सिंध के मोहन-जोदड़ो और पंजाब के हड़प्पा में समान रूप से पाये गये हैं. तत्कालीन सभ्यता का यह चिद्द (जल-पूजन) भी मुल्तान के निकटवर्ती स्थानों तक प्रचलित है. और सिंध में तो जलपूजकों का एक संप्रदाय ही बन गया है, जिसे दरियापंथी कहते हैं.

(जारी)

तुम को क़सम महबूब मेरे, राह में छोड़ के जाना ना - मेहदी हसन


मेहदी हसन साहेब का गया एक फ़िल्मी गीत प्रस्तुत है. यह गीत फिल्म "टकराव" के लिए रेकॉर्ड किया गया था -

Tuesday, June 26, 2012

प्रो. रामकृष्ण मणि त्रिपाठी जसम की श्रद्धांजलि


कल २५ जून को लखनऊ के सहारा अस्पताल में प्रो. रामकृष्ण मणि त्रिपाठी का निधन हो गया.

साम्प्रदायिकता और साम्राज्यवाद के खिलाफ जन-आन्दोलनों की एक सशक्त बौद्धिक आवाज़ हमारे बीच अचानक खामोश हो गयी. पिछले २३ मार्च को गोरखपुर फिल्म फेस्टिवल में प्रतिरोध के सिनेमा पर उनका उद्बोधन सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी अंतिम उपस्थिति के बतौर लोगों की स्मृति में दर्ज रह जाएगा.

२ नवम्बर, १९२९ को जन्मे प्रो. त्रिपाठी आजमगढ़ जनपद के मूल निवासी थे जहां शिबली कालेज से इंटरमीडियट तक की शिक्षा लेने के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद आए. इलाहाबाद में वे कम्यूनिस्ट पार्टी के भूतपूर्व महासचिव पी. सी. जोशी के संपर्क में आए और स्टूडेंट फेडरेशन की सदस्यता के रास्ते होते हुए भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी के सदस्य भी हो गए. राजनीति विज्ञान के मेधावी विद्यार्थी वे थे ही जिसके चलते उन्हें सन ५२-५४ में इलाहाबाद विश्विद्यालय में अध्यापन का अवसर मिला , लेकिन उस समय सरकार की कम्यूनिस्ट -विरोधी मुहीम के चलते विश्विद्यालय में उनकी नौकरी स्थायी नहीं हो सकी. कुछ ही दिनों बाद वे सी. एम्. पी. डिग्री कालेज में स्थायी प्रवक्ता नियुक्त हुए. १९५८ में गोरखपुर विश्विद्यालय खुला जहां वे राजनीति-विज्ञान विभाग में असिस्टंट प्रोफ़ेसर के पद पर नियुक्त हुए और सेवानिवृत्ति तक वे वहीं रहे.

गोरखपुर ही उनका स्थायी आवास और बौद्धिक कर्मभूमि बना. प्रो. त्रिपाठी न केवल राजनीतिक विचारों के इतिहास के अत्यंत लोकप्रिय शिक्षक थे , बल्कि छात्रों और बौद्धिकों के बीच सार्वजनिक जीवन में सकारात्मक हस्तक्षेप के रोल-माडल भी थे. वे यह मानते थे कि लोकतंत्र की हिफाज़त के लिए लगातार जनता के बुनियादी सवालों पर जन-आन्दोलन होते रहने चाहिए. गोरखपुर और पूर्वी उत्तर-प्रदेश के ऐसे बहुतेरे आन्दोलनों में वे प्रत्यक्ष भागीदारी भी करते थे, चाहे वह बन-टांगिया मज़दूरों के विस्थापन का सवाल हो या पूरे अंचल में साम्प्रदायिकता के उफान का विरोध करने का मसला हो. लम्बे समय से पूरे अंचल में मानवाधिकार, लोकतंत्र, भ्रष्टाचार-विरोध, साम्प्रदायिकता और साम्राज्यवाद- विरोध की कोई भी बौद्धिक पहलकदमी उनके बगैर शायद ही संपन्न होती रही हो. वे ऐसे हर आयोजन में अनिवार्य उपस्थिति थे. कम्युनिस्ट पार्टी की आतंरिक बहसों के कारण पार्टी सदस्यता छोड़ देने के बाद भी लगातार वामपक्षीय विचारों और जन-आन्दोलनों के साथ रहे. गांधी के लोक-संपर्क और जन-जागरण के भी वे कायल थे. दर्शन, राजनीति-शास्त्र और साहित्य के गंभीर अध्येता होने के साथ साथ वे तमाम समाज-विज्ञानों की नवीनतम शोधों के प्रति जागरूक विद्वान् थे. जीवन के आखिरी दिनों तक नौजवानों से उनकी दोस्ती, बहस-मुबाहिसे कभी ख़त्म नहीं हुए. एक सच्चे बौद्धिक की तरह वे खुले दिल-दिमाग के साथ ही आन्दोलनों और गोष्ठियों में शिरकत करते थे और अपनी बातें बगैर लाग-लपेट के लोगों के समक्ष रखते थे.
 
सन २००३ में जब योगी आदित्यनाथ की साम्प्रदायिक मुहीम के खिलाफ लोग बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे, उन्होंने पीपुल्स फोरम जैसी संस्था के संस्थापक अध्यक्ष बनकर योगी और उनकी साम्प्रदायिक कार्रवाइयों का सार्वजनिक विरोध किया. पिछले दिनों अन्ना आन्दोलन के समर्थन में भारी जुलूस में वे 'वाकर' के सहारे चलते हुए शामिल हुए. ये उनकी दुर्घर्ष प्रतिबद्धता का ही प्रमाण था. लेकिन वे समर्थन भी आँख मूँद कर नहीं करते थे. अन्ना आन्दोलन का समर्थन करते हुए भी उन्होंने उसके कई तौर-तरीकों और विचार-दृष्टि की आलोचना सार्वजनिक तौर पर की. 

जन संस्कृति मंच की पहल पर प्रतिरोध के सिनेमा के फेस्टिवल की जो मुहीम गोरखपुर से चलकर अब कई राज्यों तक सार्थक सिनेमा की मुहीम के बतौर फ़ैल चुका है, उसके संरक्षक , प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक प्रो. त्रिपाठी शुरू से लेकर मृत्यु-पर्यंत बने रहे. बगैर किसी स्पांसरशिप के, जनता के सहयोग के भरोसे सिनेमा के ज़रिए प्रगतिशील मूल्यों के प्रचार के वे सूत्रधार रहे. साहित्य में प्रेमचंद और सिनेमा में चार्ली चैपलिन उनके आदर्श थे. पिछले एक दशक में उन्होंने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के कई कार्यक्रमों में शिरकत की.
आज जब वे नहीं हैं, तो उनकी कमी हमें बराबर खलेगी. इस विरले जनपक्षधर बुद्दिजीवी को जन संस्कृति मंच का सलाम. हम उनके परिजन, छात्र और ढेरों चाहने वालों के दुःख में शरीक हैं. वे हमें सदा याद रहेंगे.

( २६ जून, इलाहाबाद, प्रणय कृष्ण, महासचिव, जन संस्कृति मंच, द्वारा जारी)

सिंध में सत्रह महीने - १



बाबा नागार्जुन का यह संस्मरणात्मक यात्रावृत्त हुंकार में 23 एवं 30 दिसंबर 1945 को प्रकाशित हुआ  था.

एक.

गर्मी बेहद थी. ट्रेन में रेत उड़-उड़कर इतनी आ रही थी कि सभी आंख-मुंह ढके हुए थे. स्टेशनों पर पानी का मिलना असंभव था. कई जगह देखा, देहाती लोग पानी के लिए मिट्टी का बर्तन लेकर इंजन  की प्रतीक्षा में खड़े थे. पंजाब-सिंध सरहद के इस इलाक़े में पानी की इतनी कमी है कि लोगों को या तो शहर से पानी लाना होता है या रेलगाड़ी के ड्राइवरों की कृपा पर वे निर्भर रहते हैं. दो-तीन प्रकार के मरु-उम्दिदों के क्षितिजचुंबी जंगलों में सैकड़ों ऊंट चर रहे थे. बस ऊंट ही ऊंट और जानवरों का नाम तक नहीं. पथ और पगडंडियां जनशून्य थीं. सहयात्री एक मुसलमान फ़कीर था. पूछने पर जवाब मिला - "हूरों के उत्पात से छोटे-छोटे स्टेशन बंद हो गये हैं."

सुबह हम मुल्तान में गाड़ी पर चढ़े थे. समासहा जंक्शन तक तो पंजाबी वातावरण-सा रहा, उसके बाद हिंदुओं के परिधान में धोती के दर्शन होने लगे. तहमत और पाजामा पंजाब के साथ-साथ पीछे छूट गया. ट्रेन ज्यों-ज्यों सिंधु नद के कछार में आती गयी, त्यों-त्यों जंगल घना होता गया. यह जंगल  विराटकाय वनस्पतियों के नहीं थे, तो भी काफ़ी घने थे. रोहड़ी के पास उस महान सिंधु नदी की झांकी मिली कि जिसकी धारा में डूब लगाकर सिकंदर ने अपने देश-देवता जुपीटर को अर्घ्य दिये थे.

रोहड़ी सिंधु के किनारे अवस्थित एक प्राचीन नगर है. आजकल नार्थ-वेस्टर्न रेलवे का जंक्शन होने के कारण उसकी प्रसिद्धि है. पर पहले बड़े-बड़े सूफ़ियों की लीला-भूमि के रूप में ही यह स्थान विख्यात था. अभी भी सूफ़ियों के दो-चार अखाड़े वहां मौजूद हैं. सिंधु के उस पार सक्खर जैसा प्रसिद्ध नगर है. बीच में साधुबेला जैसा प्रसिद्ध टापू पड़ता है. पास में इंजीनियरिंग का महान चमत्कार वह महासेतु है. पंजाब से आनेवाली गाड़ियां यहां काफ़ी देर ठहरती हैं, फिर क्वेटा या करांची की ओर जाती हैं. 

रोहड़ी स्टेशन पर उतरते ही ‘पल्ला’ मछली के तले हुए बड़े-बड़े टुकड़ों ने मेरा ध्यान आकृष्ट किया. जन्मजात मत्स्य-लोलुपता पानी बनकर जीभ पर उतर आयी और मैंने अंदर-ही-अंदर अपने मैथिल पूर्वजों की स्वादवृत्ति को प्रणाम किया. तो क्या प्रणाम ही करके रह गया? नहीं, स्टेशन से बाहर निकलकर सराय  में ठहरा और गुरु नानक होटल में बैठकर इत्मीनान से भगवान के मत्स्यावतार की पूजा की. दूसरे दिन पुल पार करके सक्खर देखने गया. बाज़ारों में हिंदुओं को धोती ही पहने पाया. नौजवानों और बच्चों की बात छोड़ दीजिये. अभी कल सुबह तक मैं पंजाब में था, जहां धोती का पहनावा हिकारत  की निग़ाह से देखा जाता था. पाधा-पुरोहित, पूजा-पाठ, भोजन-भंडारा के समय धोती पहन लें, तो पहन  लें; वरना वे भी पंजाब का भद्र परिधान ही पहनते हैं. चुस्त पाजामा, अचकन या कोट और सिर पर साफ़ा. चादर हुई तो हुई. इस प्रकार पंजाब के दैनिक जीवन से धोती को हिंदुओं ने हटा दिया है. पंजाब ही क्यों, लखनऊ से हम यही हाल देखते आ रहे थे. सिंधु के किनारे-किनारे मीलों तक चली गयी है सक्खर बस्ती. ज़रा दूर हटकर नया सक्खर भी बस रहा है. उस दिन शायद पूर्णिमा थी. हज़ारों नागरिक सिंधुनद के दर्शन करने आये थे. दोने में कुंकुम और अक्षत डालकर दीप जलाकर उसे प्रवाह में छोड़ रहे थे. शत-सहस्र दीपिकाओं का वह समूह अरब सागर की ओर बहा जा रहा था. और मैं सिंधी जनता के श्रद्धा-निवेदन का वह मधुर प्रतीक देख-देखकर चित्र-लिखित-सा खड़ा था. एक वृद्ध सज्जन ने भावावेश  में पाकर मुझे छेड़ दिया - "कहां से आये महाराज?"

मैंने संक्षेप में बता दिया और पूछा - "नदी के किनारे इस प्रकार श्रद्धापूर्वक दीप बहाते तो मैंने कहीं नहीं देखा है, आपके देश में यह कौन-सी रीति है?"

वृद्ध सज्जन ने कहा - "हम सिंधी वरुण के उपासक हैं. जहां जायेंगे, आप इस देश में यही रीति पायेंगे."

उसी प्रसंग में उक्त सज्जन ने एक अनुष्टुप सुनाया-

"केचिदत्रा निराकाराः साकाराश्च तथाऽपरे.
वयं संसार संतप्ता नीराकारमुपास्महे."

अर्थात् - कुछ आदमी तो इस दुनिया में निराकार की उपासना करते हैं, कुछ साकार की; परंतु भव-ताप से संतप्त हम प्राणी निराकार यानी जलमय भगवान् की उपासना करते हैं.

मैं यह सुनकर दंग रह गया. आगे कई बार, कई जगह सिंध में इस प्रकार के दृश्य देखने को मिले. उन पर पृथक् ही एक लेख लिखा जा सकता है. प्रकारांतर वरुण की उपासना में यहां के मुसलमान भी भाग लेते हैं. सिंधुनद को ‘दरियाशाह’ जैसे महामान्य नाम से वे संबोधित करते हैं. उस दिन घूमघाम कर साधुबेला भी देख आया. उदासी साधुओं का बहुत बड़ा अखाड़ा है. पांच सौ बीघे का रकबा होगा. साधुओं का बगीचा ठहरा, हिंदुस्तान-भर से तरह-तरह के फलों की गुठलियां ला-लाकर यहां वे लगाते हैं. एक ही जगह आम, अमरूद, जामुन, कटहल, केला, लीची, संतरा, अंगूर, नासपाती, सेब, बेर आदि मैंने वहीं देखे.

(जारी)

मुझे खुद अपनी निगाहों पे ऐतमाद नहीं



बाबा मेहदी हसन की गई एक और गज़ल पेश है -

चराग-ए-तूर जलाओ  बड़ा अँधेरा है
ज़रा नकाब उठाओ  बड़ा अँधेरा है 

मुझे खुद अपनी निगाहों पे ऐतमाद नहीं
मेरे क़रीब न आओ बड़ा अँधेरा है

वो जिन  के होते हैं खुर्शीद आसमानों में
उन्हें कहीं से बुलाओ बड़ा अँधेरा है

अभी तो सुबह के माथे का रंग काला है
अभी फरेब न खाओ बड़ा अँधेरा है

Monday, June 25, 2012

लौह-ए-जहां पे हर्फ़-ए-मुक़र्रर नहीं हूँ मैं


मरहूम मेहदी हसन खान की गई मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़ल -

 

दायम पड़ा हुआ तेरे दर पर नहीं हूँ मैं
ख़ाक ऐसी ज़िन्दगी पे कि पत्थर नहीं हूँ मैं

क्यों गर्दिश-ए-मुदाम से घबरा न जाये दिल?
इन्सान हूँ, प्याला-ओ-साग़र नहीं हूँ मैं

या रब! ज़माना मुझ को मिटाता है किस लिये
लौह-ए-जहां पे हर्फ़-ए-मुक़र्रर नहीं हूँ मैं

हद चाहिये सज़ा में उक़ूबत के वास्ते
आख़िर गुनाहगार हूँ, काफ़िर नहीं हूँ मैं

(दायम - हमेशा, गर्दिश-ए-मुदाम - हमेशा की गर्दिश, लौह-ए-जहां - संसार का कागज़, हर्फ़-ए-मुक़र्रर - बार बार लिखी गयी इबारत, उक़ूबत - तकलीफ) 

Saturday, June 23, 2012

वो मेरी भूख को भी अब कुपोषण ही बताता है

ख्यात जनकवि बल्ली सिंह चीमा की एक नई गज़ल पेश है. इत्तेफाक है कि बल्ली भाई अभी हल्द्वानी में मेरे घर पर विराजमान हैं और  ये गज़ल उन्होंने बाकायदा डिक्टेट कर के लिखाई है. 


पराई कोठियों में रोज संगमरमर लगाता है
किसी फुटपाथ पर सोता है लेकिन घर बनाता है

लुटेरी इस व्यवस्था का मुझे पुरजा बताता है
वो संसाधन गिनाता है तो मुझको भी गिनाता है

बदलना चाहता है इस तरह शब्दों व अर्थों को
वो मेरी भूख को भी अब कुपोषण ही बताता है

यहाँ पर सब बराबर हैं ये दावा करने वाला ही
उसे ऊपर उठाता है मुझे नीचे गिराता है

मेरे आज़ाद भारत में जिसे स्कूल जाना था
वो बच्चा रेल के डिब्बों में अब झाड़ू लगाता है

तेरे नायक तो नायक बन नहीं सकते कभी 'बल्ली'
कोई रिक्शा चलाता है तो कोई हल चलाता है



पुनश्च - इस गज़ल का अंग्रेज़ी अनुवाद  हाल के दिनों में अखिल भारत शिक्षा अधिकार मंच के एक अंक के लिए किया गया है. उसे भी यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ. अनुवाद निशा थपलियाल, विकास गुप्ता और यमल गुप्ता का है.

Lays marble in strangers houses
Makes houses but sleeps on the footpath
He counts me as a tool of this predatory system;
He counts me only when he counts the resource.
He who claims that everyone is equal;
Pulls me down and elevates others.
He plays with words and meanings;
My hunger is only malnutrition to him now.
In my free India who was supposed to go to school;
That child now sweeps the floor in trains.
Your heroes will never be called heroes, Balli!
Some pull rickshaws and some heave ploughs.

Thursday, June 21, 2012

ग़ज़ल-गायकी के मीर को जसम का सलाम



ग़ज़ल-गायकी के मीर

(मेहदी हसन साहेब को जन संस्कृति मंच की श्रद्धांजलि )

-  प्रणय कृष्ण, महासचिव, जन संस्कृति मंच की और से जारी  

१८ जुलाई १९२७ को राजस्थान के झुंझनू जिले के लूणा गाँव में मेहदी हसन पैदा हुए. मेहदी साहब का बचपन तंगहाली में गुजरा पर संगीत के मामलेमें वे शुरू से ही धनी रहे. उनके परिवार की पन्द्रह पीढियां संगीत से जुडी थीं. संगीत की शुरुआती तालीम उन्होंने अपने पिता उस्ताद अजीम खान औरचाचा उस्ताद इस्माइल खान से ली. दोनों बढ़िया ध्रुपदिये थे. बंटवारे की टीस उन्हें हमेशा ही सालती रही. अपनी जमीन से विस्थापित मेहदी साहब का परिवार पाकिस्तान चला गया. पाकिस्तान जाने के बाद जिंदगी चलाने के लिए उन्हें काफी मेहनत मशक्कत करनी पड़ी. पर जिंदगी चलती रही.

१९५७ से १९९९ तक गज़ल के इस महान फनकार ने ग़ज़ल-गायकी के प्रतिमान स्थापित किए और हमारे उप-महाद्वीप में विकसित इस महान साहित्यिक विधा को लोकप्रियता के चरम तक पहुंचाया. उन्होंने सार्वजनिक स्तर पे पिछले १२ सालों से गाना छोड़ दिया था. उनका आख़िरी अल्बम २०१० में 'सरहदें' नाम से आया था. यह लता मंगेशकर के साथ उनका युगल एल्बम था. ८४ बरस की उमर में पिछले १३ जून को उनका निधन हो गया. इस महान कलाकार को जसम की श्रद्धांजलि !

मरुभूमि में बहुधा बहुत चटख रंग के फूल खिलते हैं. मेहंदी साहब की गायकी भी ऐसी ही थी. जब वे बात करते थे, तो एक शाइस्ता राजस्थानी आदमी का बोल -चाल का लहज़ा दिखता था. पाकिस्तान में बसने के छः दशक बाद भी पंजाबी के वर्चस्व ने उनके व्यक्तित्व के किसी भी हिस्से को प्रभावित नहीं किया था. न तलफ्फुज को, न लहजे को और न वेश-भूषा को ही. रहते भी वे कराची में थे, जहां आम-तौर पर मुहाजिर रहते आए हैं. ध्रुपदिये पुरखों के साथ-साथ मरुभूमि के विराट विस्तार में फैलता 'पधारो म्हारे देस' में मांड का दुर्निवार स्वर उन्हें बार बार अपनी जन्मभूमि की और खींचता था. क्लासकीय के साथ-साथ लोक की राग-रागिनियां भी उनकी गायकी के अहसास में शामिल रहीं.

मेहदी हसन ने जिस दौर में गाना शुरू किया, वह १९५० का दशक उस्ताद बरकत अली, बेगम अख्तर और मुख्तार बेगम जैसों का था. गज़ल गायकी के इन धुरंधरों के सामने अपनी जगह बना पाना काफी मुश्किल था. पर मेहदी साहब के पास कुछ और था, ध्रुपद की तालीम और ग़ज़लों का बेशकीमती खजाना. यह थोड़ा मुश्किल जोड़ था. ध्रुपद की बंदिशों से एकदम अलग गज़लें ख्याल की बंदिशों के रूप में इस्तेमाल होती रही है. मेहदी साहब ने अपनी ध्रुपद विरासत के आधार पर गज़ल गायकी की नयी आवाज़ विकसित की. बेगम साहिबा गज़ल की उस परम्परा से आती थीं, जो मुग़ल दरबार और दीगर रियासती दरबारों से निकली-बढ़ी थी. वे गज़ल की ख्याल गायकी के शीर्ष का प्रतिनिधित्व करती थीं. मेहदी साहब कहा करते थे कि जिस गज़ल को बेगम साहिबा ने छू लिया, उसे गाने का कोई मतलब नहीं. उनके प्रिय शायर मीर थे. मीर की शायरी जैसी ही क्लासिकीयता उनके गायन में भी आपको मिलेगी. मीर की ही तरह मेहदी हसन ने लोकप्रिय और शास्त्रीय के बीच की दीवार गिरा दी. वे खासपसंद भी हैं और आमपसंद भी. फिल्मों के लिए उनकीगाई गयी ढेरों गज़लें इसका सबूत हैं.

जब शायरी और गायकी की दो विधाएं मिलती हैं, तो एक अद्भुत कीमियागरी होती है. लिखी गयी ग़ज़लों को पढ़ना हमेशा ही उनके अर्थ को महदूद कर देता है. रिवायती ऐतबार से ग़ज़ल 'कही' जाती है, उसका सम्बन्ध ''वाचिक' से रहा, भले ही मुद्रण के साथ वो छपे अक्षरों में भी अपने जलवे बिखेरती रही. मेहदी हसन ने मौसीकी के ज़रिए सुनने वालों को अहसास कराया कि उसके कहे जाने में क्या जादू रहा होगा और है. वे शर्तिया ग़ज़ल का काव्यशास्त्र जानते थे, उसकी तालीम उनकी भले ही औपचारिक न रही हो. अकेले वे ही थे जो गाते वक्त ये विवेक रख सकते थे कि अगर किसी ग़ज़ल के भाव संश्लिष्ट हैं , तो उसका मुख्य भाव क्या है और कौन से भाव अंडरटोन में हैं. जब मीर की ग़ज़ल 'आ के सज्जादा-नशीं कैस हुआ मेरे बाद' हम मेहदी साहेब से सुनते हैं, तभी ये समझ में ज़्यादा आता है कि इश्क के विषाद से भी ज़्यादा इस ग़ज़ल में इश्क के मैदान में 'मीर' होने का भाव अव्वल है .'खुदी' को बुलंद करना अहम है. मेहदी साहब की अदायगी में 'इश्क के मैदान में बादशाहत ' की मीर की दावेदारी सम्पूर्ण अभिव्यक्ति पाती है.

ग़ज़लों को सुनना श्रोता को गायन के सहारे अर्थ की और गहरी और विस्तृत दुनिया तक ले जाता है. सलीम कौसर की एक गज़ल 'मैं ख्याल हूँ किसी और का मुझे सोचता कोई और है/ सरे आइना मेरा अक्स है पसे आइना कोई और है' को मेहदी हसन ने भैरवी ठाठ में गाया है. जब मेहदी साहब इसे अदा करते हैं तो बेहद सीधी-सादी दिखने वाली गज़ल इंसान के ऐतिहासिक संघर्षों का बयान बन जाती है. मानवीय संघर्षों के बावजूद हकीकतें 'मेरा जुर्म तो कोई और था, ये मेरी सज़ा कोई और है' की हैं. मेहदी साहब ने इस गज़ल को अदा करने के लिए उदास भाव वाला भैरवी ठाठ चुना जो कि पूरी गज़ल कीअदायगी में साफ़ है. पर एक बड़े गायक की तरह वे इस भैरवी ठाठ की उदासी को अकेला नहीं छोडते. मक्ते के शेर 'जो मेरी रियाजाते नीम शब् को सलीम सुबहो न मिल सके' में आयी सुबह को वे सुबह के राग में गाते हैं. शास्त्रीय संगीत के ठेठ बन्धो-उपबंधों के लिहाज से यह भले ही ठीक न हो, पर सुनने वाला इस उदास गज़ल के भीतर एक सुबह का तसव्वुर कर लेता है. परवीन शाकिर की गज़ल 'कू ब कू फ़ैल गयी बात शनासाई की' (दरबारी) भी इसी तरहकी एक गज़ल है जिसे मेहदी साहब ने अद्भुत स्वर और अर्थ दिए. 'रंजिश ही सही दिल ही दुखाने के लिए आ' (कल्याण) जैसी गज़ल की अपनी अदायगीसे उन्होंने उसके रूमानी और राजनैतिक दोनों अर्थों को बखूबी खोल दिया.  ग़ज़ल की अदायगी में किस राग का आधार लेना है, इसे मेहदी साहब ग़ज़ल के मानी के तर्क से चुनते थे. वे बता सकते थे कि 'प्यार भरे दो शर्मीले नैन' को राग काफी में या ' ज़िंदगी में तो सभी प्यार किया करते हैं ' को भीमपलासी में या ,'कोंपलें फिर फूट आईं ' को मेघ में, 'एक बस तू ही नहीं' को मियाँ की मल्हार में या 'शोला था जल बुझा हूँ' को किरवानी में गाना उन्हेंक्यों ठीक लगा. कभी-कभी इंटरव्यू में वे बताते भी थे.

उन्होंने हज़ारों सालों से प्रचलित राग-रागिनियों मालकौस , दरबारी, यमन, भैरवी , मल्हार आदि का निचोड़ लेकर ग़ज़ल के शब्दों की ढेरों अर्थ-छवियों की अदायगी जिस तौर पर की , वैसा पहले कभी न हो पाया था. ये हुनर उन्हें इस कदर सिद्ध था की कई दफा बगैर कम्पोजीशन पहले से बनाए वे सिर्फराग सोच लेते थे और गाते हुए तर्ज़ आप से आप बनती जाती थी.

उन्होंने माजी के महान शायरों मीर, ग़ालिब से लेकर अपने समकालीनों फैज़, फ़राज़, शहजाद और परवीन शाकिर तक को गाया, लेकिन मिजाज़ और तबीयत के लिहाज से उनका जैसा रिश्ता मीर से बना वैसा शायद ही किसी और से. लोगों का ख्याल है की ग़ालिब में वे वैसा नहीं रम पाए, लेकिन इसका क्या कीजिएगा कि ग़ालिब की एक ग़ज़ल 'अर्जे-नियाज़ इश्क के काबिल नहीं रहा, जिस दिल पे नाज़ था, वो दिल नहीं रहा' बहुतों ने गाई, लेकिन उसग़ज़ल के भाव के साथ न्याय सिर्फ मेहंदी कर पाए.

फैज़ साहब ने जब ग़ज़ल कहने की एक अलग राह निकाली तो मेहदी साहेब की गायकी ने ही उसकी विशेषता को सबसे पहले पकड़ा. ये अकारण नहीं कि जिस ग़ज़ल से सबसे पहले मेहंदी साहेब को मकबूलियत हासिल हुयी वह 'गुलों में रंग भरे बाद-ए-नौबहार चले' थी. फ़राज़ की अलग तेवर की रूमानी गज़लों की ख्याति के पीछे मेहंदी साहेब की अदायगी की भी करामात ज़रूर थी.

मेहदी साहब का आख़िरी वक्त तंगहाली में गुजरा. उनका बेहतरीन इलाज नहीं हुआ. भारत-पाकिस्तान और बांग्लादेश, तीनों मुल्कों की सरकारों को इस पर शर्म आनी चाहिए. उनका भारत में इलाज के लिए आना जैसा मुद्दा बनाया गया, वह अफसोसनाक था. नेता-उद्योगपति और धनियों-मानियों केलिए यह सीमा कभी रोक नहीं बनी पर कलाकार के लिए वीजा-पासपोर्ट के अनंत झंझट थे. तीनों मुल्कों को अपनी आवाज़ के धागे से गूंथता यह फनकार आज हमारे बीच नहीं है पर उसकी आवाज अभी भी इन मुल्कों के आम-अवाम के दिलो-दिमाग में गूँज रही है.

मेहंदी साहेब को सुननेवालों की ज़िंदगी में वे शामिल थे. वे सुनने वाले तमाम लोग राग-रागिनियों की बारीकियां भले न जानते हों, लेकिन हर सुनने वाले के पास मेहदी साहेब के सुरों के संस्मरण हैं. मेहदी साहेब की गायकी उनके दुखों, उनकी खुशी, उनके संघर्षों में साथ निभाती है, सिर्फ मनोरंजन नहीं करती, ज़िंदगी की तमीज विकसित करने में सहयोग करती है. कोई भी कला इससे ज़्यादा और क्या कर सकती है?

पाकिस्तान के निजाम ने भले ही उन्हें कितने ही तमगों से नवाज़ा हो, उन्होंने व्यवस्था-विरोधी शायरों को गाना कभी बंद नहीं किया. सामंती-फ़ौजी-धार्मिक- पूंजीवादी हुकूमतें जिन जज्बातों को प्रतिबंधित करना अपना फ़र्ज़ समझती हैं, मेहदी उन्ही जज्बातों के अनोखे अदाकार थे.उनकी सुरीली ज़िंदगी इस बात की गवाह है की नागरिकता (जो की किसी राष्ट्र की होती है) सभ्यता की स्थानापन्न नहीं होती.

Wednesday, June 20, 2012

अनिल यादव की फेसबुक दीवार से


कबीर के छूते ही भाषा की लचक और मार दोनों बढ़ जाती है, तोपें झेंपने लगती हैं-


ऐसा लोग न देखा भाई, भूला फिरै लिए गफिलाई।
महादेव को पंथ चलावै, ऐसो बड़ो महंत कहावे।
हाट बजारे लावै तारी, कच्चे सिद्ध न माया प्यारी।
कब दत्ते मावासी तोरी, कब सुखदेव तोपची जोरी।
नारद कब बंदूक चलाया, व्यासदेव कब बंब बजाया।
करहि लराई मतिकै मंदा, ई अतीत की तरकस बंदा।
भए बिरक्त लोभ मन ठाना, सोना पहिरि लजावै बाना।

Tuesday, June 19, 2012

बहुत बड़ा लाल सूरज कितना धीरे-धीरे डूबता

सूर्यास्त


-  आलोक  धन्वा 

बहुत देर तक सूर्यास्त
लंबी गोधूलि
देर शाम होने तक गोधूलि

एक प्राचीन देश का सुदूर
झुकता हुआ
प्रशांत अंतरिक्ष
मैं बहुत करीब तक जाता हूं

एक महाजाति की स्मृति
मैं बार-बार वापस आऊंगा
दुनिया में मेरे काम
अधूरे पड़े हैं
जैसा कि समय है
कितनी तरह से हमें
निस्संग किया जा रहा है

बहुत बड़ा लाल सूरज
कितना धीरे-धीरे डूबता
विशाल पक्षियों के दुर्लभ
नीड़ उस ओर!

Monday, June 18, 2012

वह जो छुप-छुप कर एकांत ढूंढने के लिए छुपना

बचपन

-आलोक  धन्वा 

क्या किसी को पता है
कि कौन-सा बचपन
सिर्फ उसका बचपन है
उतने बच्चों के साथ
मैं भी एक बच्चा

क्या किसी को पता है
कि बचपन की बेला बीत गई
वे जो पीले नींबू के रंग के सूर्यास्त
जो नानी को याद करो
तो मामी भी वहीं बैठी मिलेगी
और दोनों के
नकबेसर का रंग भी पीला

जो गली से बाहर निकलो
तो खेत ही खेत
किसी में छुपा लेने वाली फसल
कहीं खाली ही खाली

अगर बाएं हाथ की पगडंडियां
दौड़ लो तो
जैतूनी रंग का तालाब
और तालाब के घाट की सीढ़ियां
उतरते  हुए यह महसूस होता
कि खेत ऊंचाई पर हैं
और तालाब का पानी
छूने के लिए आना पड़ता नीचे
बचपन की प्रतिध्वनियां
आती रहीं हर उम्र में
आती रहती हैं

किशोर उम्र की वासनाएं भी
शरीर में कैसी अनुगूंज
बारिश के बुलबुले
और लड़कियों की चमकती आंखें

वह जो छुप-छुप कर
एकांत ढूंढने के लिए छुपना
वह जो एकांत में बनी गरमाहट

हम किशोरों को
उन किशोरियों ने सिखाया
कि खाने-पीने और
लिखने-पढ़ने से अलग भी
एक नैसर्गिक सुख है
जो आजीवन भटकाएगा

उन दिनों दिन हमेशा छोटे
और रातें तो और भी छोटी
पेड़ों के बीच
हमारी पाठशाला
पढ़ने के लिए हमें
बुलाती
कभी हम वहां सिर्फ
खेलने के लिए भी जाते
उसके पास जो
मैदान था
याद करने पर आज भी
बिना कोशिश के याद आता है।

Sunday, June 17, 2012

आखिर मैं क्या कर पाऊंगा उनके बिना?

युवा भारत का स्वागत

- आलोक  धन्वा 

युवा नागरिकों से
भारत का अहसास
ज्यादा होता है

जिस ओर भी उठती है
मेरी निगाह
सड़कें, रेलें, बसें,
चायखाने और फुटपाथ
लड़के और लड़कियों से
भरे हुए
वे बातें करते रहते हैं
कई भाषाओं में बोलते हैं
कई तरह के संवाद

मैं सुनता हूं
मैं देखता हूं देर तक
घर से बाहर निकलने पर
पहले से अधिक अच्छा
लगता है

कितना लंबा गलियारा है
क्रूरताओं का
जिसे पार करते हुए ये युवा
पहुंच रहे हैं पढ़ाई-लिखाई के बीच

दाखिले के लिए लंबी कतारें लगी हैं
विश्वविद्यालयों में

यह कोई साधारण बात नहीं है
आज के समय में
वे जीवन को जारी रख रहे हैं
एक असंभव होते जा रहे
गणराज्य के विचार
उनसे विचलित हैं

उनकी सड़कें दुनिया भर में
घूमती हैं
वे कहीं भी बसने के लिए
तैयार हैं

यह सिर्फ लालच नहीं है
और न उन्माद
आप पुस्तकालयों में जाइए
और देखिए
इतनी भीड़ युवा पाठकों की

वहां कला होती थी
मैं डालता हूं उनकी भीड़ में
अपने को
मुझे उनसे बार-बार घिर जाना
राहत देता है

आखिर मैं क्या कर
पाऊंगा उनके बिना?