Tuesday, March 24, 2015
फ्रान्ज़ रिचर्ड उन्टरबर्गर के चित्र - 1
ऑस्ट्रियाई पेंटर
फ्रान्ज़ रिचर्ड उन्टरबर्गर (1838-1902) वाटरस्केप, लैंडस्केप और वास्तुशिल्प में
दिलचस्पी रखते थे. इंस्ब्रुक में 15 अगस्त 1838 को तत्कालीन ऑस्ट्रो-हंगेरियाई साम्राज्य
के एक रईस बूर्ज्वा परिवार में जन्मे फ्रान्ज़ ने बहुत छोटी आयु में कला की शिक्षा
लेना प्रारम्भ कर दिया था. उन्होंने म्यूनिख में प्रोफेसर अलबर्ट ज़िमरमान से
ट्रेनिंग ली, जो जूलियस लैंग के साथ अकादेमी के लैंडस्केप पेंटर भी थे. अल्पाइन
लैंडस्केप्स के चित्रकार के तौर पर फ्रान्ज़ ने बड़ा नाम कमाया और उनके काम पर
ओसवाल्ड आसचेनबाख (1827-1905) का प्रभाव दिखाई देता है. वे 1870 के दशक में इटली
जा बसे थे.
इस पानी में हम नहीं देखेंगे अपने चेहरे - अरुंधती घोष की कविता - 4
सहधर्मी
ऐसा कहा था तुमने, सात
फेरों में -
गैरज़रूरी सवाल पूछे नहीं मैंने,
खुदकशी करते रहे पेड़ सारी रात, एक के बाद एक
एक निश्शब्द तालाब है शब्दों के दरम्यान
हम नहीं उतरे पानी में
लहरें टूटा करती हैं किनारे पर
चक्कर काटते बुलबुले उठते हैं
डूबती हुई एक सीढ़ी
पुकार लगाती है ...
हम दोनों चुप
इस पानी में हम नहीं देखेंगे अपने चेहरे
झुकती जाती है बालकनी,
मग़रूर रोशनी
निगलती जा रही है तमाम पत्तों का हरा
और हर कोई है
उसी जगह जहां वह था
वहीं हम भी.
Monday, March 23, 2015
रीपोस्ट - यह निशानी मिली भगतसिंह को भोजन कराने की
![]() |
| सरदार हरभंस सिंह |
फ़िरोज़पुर शहर के देहाड़ियागाँव में रहनेवाले
९६ वर्षीय सरदार हरभंस सिंह छोटे से घर में भरे-पूरे परिवार के साथ गुज़र-बसर करते
हैं. १९४७ से पहले हरभंस लाहौर से आठ मील दूर बांकड़ियागाँव में रहते थे. शहीद
भगतसिंह का परिचय दो मील दूरी के काछा गाँव के भोला सिंह नम्बरदार ने इनके परिवार
से कराया था. यह घटना १९२७ की है. तबसे भगतसिंह अक्सर इनके यहाँ आया करते थे और
भोजन कराने का काम हरभंस किया करते थे. इनकी उम्र उस वक़्त तकरीबन तेरह-चौदह साल की
होगी. यह सिलसिला १९२९ तक चला. “खबर थी कि ब्रितानी पुलिस गाँव पहुँच गयी. हमने
भगतसिंह से भाग जाने को कहा. पुलिस के दबाव में आकर हमारे नौकर बशीर ने मेरा नाम
बता दिया. बस पुलिस ने धर दबोचा और उलटा लेटा कर मारा. आज भी मेरे दाहिने हाथ की
उंगलियाँ टेढ़ी हैं और किसी काम की नहीं. यह निशानी मिली भगतसिंह को भोजन कराने की.”
“१९४७ की घटना ने हमें बांकड़ियागाँव
छोड़ने पर विवश किया. स्वतंत्रता सेनानी के लिए अर्जी कभी नहीं दी.”
(मुम्बई से निकलने वाली पत्रिका 'चिंतन दिशा' के ताज़ा अंक में छपी गोपाल नायडू की यात्रा डायरी से साभार)
वर्गचेतना का सुन्दर रास्ता ही साम्प्रदायिक दंगे रोक सकता है
शहीद-ए-आज़म भगतसिंह की पुण्यतिथि पर उन्हीं का लिखा यह लेख प्रस्तुत
है. इसका पहला प्रकाशन जून १९२८ के ‘किरती’ में हुआ था.
साम्प्रदायिक दंगे और
उनका इलाज
-सरदार भगतसिंह
भारत वर्ष की दशा इस
समय बड़ी दयनीय है. एक धर्म के अनुयायी दूसरे धर्म के अनुयायियों के जानी दुश्मन
हैं. अब तो एक धर्म का होना ही दूसरे धर्म का कट्टर शत्रु होना है. यदि इस बात का
अभी यकीन न हो तो लाहौर के ताजा दंगे ही देख लें. किस प्रकार मुसलमानों ने निर्दोष
सिखों, हिन्दुओं को मारा है और किस प्रकार सिखों ने भी वश
चलते कोई कसर नहीं छोड़ी है. यह मार-काट इसलिए नहीं की गयी कि फलाँ आदमी दोषी है,
वरन इसलिए कि फलाँ आदमी हिन्दू है या सिख है या मुसलमान है. बस किसी
व्यक्ति का सिख या हिन्दू होना मुसलमानों द्वारा मारे जाने के लिए काफी था और इसी
तरह किसी व्यक्ति का मुसलमान होना ही उसकी जान लेने के लिए पर्याप्त तर्क था. जब
स्थिति ऐसी हो तो हिन्दुस्तान का ईश्वर ही मालिक है.
ऐसी स्थिति में
हिन्दुस्तान का भविष्य बहुत अन्धकारमय नजर आता है. इन ‘धर्मों’ ने हिन्दुस्तान का
बेड़ा गर्क कर दिया है. और अभी पता नहीं कि यह धार्मिक दंगे भारतवर्ष का पीछा कब
छोड़ेंगे. इन दंगों ने संसार की नजरों में भारत को बदनाम कर दिया है. और हमने देखा
है कि इस अन्धविश्वास के बहाव में सभी बह जाते हैं. कोई बिरला ही हिन्दू, मुसलमान या सिख होता है, जो अपना दिमाग ठण्डा रखता
है, बाकी सब के सब धर्म के यह नामलेवा अपने नामलेवा धर्म के
रौब को कायम रखने के लिए डण्डे लाठियाँ, तलवारें-छुरें हाथ
में पकड़ लेते हैं और आपस में सर-फोड़-फोड़कर मर जाते हैं. बाकी कुछ तो फाँसी चढ़
जाते हैं और कुछ जेलों में फेंक दिये जाते हैं. इतना रक्तपात होने पर इन ‘धर्मजनों’ पर अंग्रेजी सरकार का डण्डा बरसता है और
फिर इनके दिमाग का कीड़ा ठिकाने आ जाता है.
यहाँ तक देखा गया है, इन दंगों के पीछे साम्प्रदायिक नेताओं और अखबारों का
हाथ है. इस समय हिन्दुस्तान के नेताओं ने ऐसी लीद की है कि चुप ही भली. वही नेता
जिन्होंने भारत को स्वतन्त्रा कराने का बीड़ा अपने सिरों पर उठाया हुआ था और जो ‘समान राष्ट्रीयता’ और ‘स्वराज्य-स्वराज्य’
के दमगजे मारते नहीं थकते थे, वही या तो अपने
सिर छिपाये चुपचाप बैठे हैं या इसी धर्मान्धता के बहाव में बह चले हैं. सिर छिपाकर
बैठने वालों की संख्या भी क्या कम है? लेकिन ऐसे नेता जो
साम्प्रदायिक आन्दोलन में जा मिले हैं, जमीन खोदने से
सैकड़ों निकल आते हैं. जो नेता हृदय से सबका भला चाहते हैं, ऐसे
बहुत ही कम हैं. और साम्प्रदायिकता की ऐसी प्रबल बाढ़ आयी हुई है कि वे भी इसे रोक
नहीं पा रहे. ऐसा लग रहा है कि भारत में नेतृत्व का दिवाला पिट गया है.
दूसरे सज्जन जो
साम्प्रदायिक दंगों को भड़काने में विशेष हिस्सा लेते रहे हैं, अखबार वाले हैं. पत्रकारिता का व्यवसाय, किसी समय बहुत ऊँचा समझा जाता था. आज बहुत ही गन्दा हो गया है. यह लोग
एक-दूसरे के विरुद्ध बड़े मोटे-मोटे शीर्षक देकर लोगों की भावनाएँ भड़काते हैं और
परस्पर सिर फुटौव्वल करवाते हैं. एक-दो जगह ही नहीं, कितनी
ही जगहों पर इसलिए दंगे हुए हैं कि स्थानीय अखबारों ने बड़े उत्तेजनापूर्ण लेख
लिखे हैं. ऐसे लेखक बहुत कम है जिनका दिल व दिमाग ऐसे दिनों में भी शान्त रहा हो.
अखबारों का असली
कर्त्तव्य शिक्षा देना, लोगों
से संकीर्णता निकालना, साम्प्रदायिक भावनाएँ हटाना, परस्पर मेल-मिलाप बढ़ाना और भारत की साझी राष्ट्रीयता बनाना था लेकिन
इन्होंने अपना मुख्य कर्त्तव्य अज्ञान फैलाना, संकीर्णता का
प्रचार करना, साम्प्रदायिक बनाना, लड़ाई-झगड़े
करवाना और भारत की साझी राष्ट्रीयता को नष्ट करना बना लिया है. यही कारण है कि
भारतवर्ष की वर्तमान दशा पर विचार कर आंखों से रक्त के आँसू बहने लगते हैं और दिल
में सवाल उठता है कि ‘भारत का बनेगा क्या?’
जो लोग असहयोग के दिनों
के जोश व उभार को जानते हैं, उन्हें
यह स्थिति देख रोना आता है. कहाँ थे वे दिन कि स्वतन्त्राता की झलक सामने दिखाई
देती थी और कहाँ आज यह दिन कि स्वराज्य एक सपना मात्रा बन गया है. बस यही तीसरा
लाभ है, जो इन दंगों से अत्याचारियों को मिला है. जिसके
अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया था, कि आज गयी, कल गयी वही नौकरशाही आज अपनी जड़ें इतनी मजबूत कर चुकी हैं कि उसे हिलाना
कोई मामूली काम नहीं है.
यदि इन साम्प्रदायिक
दंगों की जड़ खोजें तो हमें इसका कारण आर्थिक ही जान पड़ता है. असहयोग के दिनों
में नेताओं व पत्राकारों ने ढेरों कुर्बानियाँ दीं. उनकी आर्थिक दशा बिगड़ गयी थी.
असहयोग आन्दोलन के धीमा पड़ने पर नेताओं पर अविश्वास-सा हो गया जिससे आजकल के बहुत
से साम्प्रदायिक नेताओं के धन्धे चौपट हो गये. विश्व में जो भी काम होता है, उसकी तह में पेट का सवाल जरूर होता है. कार्ल
मार्क्स के तीन बड़े सिद्धान्तों में से यह एक मुख्य सिद्धान्त है. इसी सिद्धान्त
के कारण ही तबलीग, तनकीम, शुद्धि आदि
संगठन शुरू हुए और इसी कारण से आज हमारी ऐसी दुर्दशा हुई, जो
अवर्णनीय है.
बस, सभी दंगों का इलाज यदि कोई हो सकता है तो वह भारत की
आर्थिक दशा में सुधार से ही हो सकता है दरअसल भारत के आम लोगों की आर्थिक दशा इतनी
खराब है कि एक व्यक्ति दूसरे को चवन्नी देकर किसी और को अपमानित करवा सकता है. भूख
और दुख से आतुर होकर मनुष्य सभी सिद्धान्त ताक पर रख देता है. सच है, मरता क्या न करता. लेकिन वर्तमान स्थिति में आर्थिक सुधार होेना अत्यन्त
कठिन है क्योंकि सरकार विदेशी है और लोगों की स्थिति को सुधरने नहीं देती. इसीलिए
लोगों को हाथ धोकर इसके पीछे पड़ जाना चाहिये और जब तक सरकार बदल न जाये, चैन की सांस न लेना चाहिए.
लोगों को परस्पर लड़ने
से रोकने के लिए वर्ग-चेतना की जरूरत है. गरीब, मेहनतकशों व किसानों को स्पष्ट समझा देना चाहिए कि तुम्हारे असली दुश्मन
पूँजीपति हैं. इसलिए तुम्हें इनके हथकंडों से बचकर रहना चाहिए और इनके हत्थे चढ़
कुछ न करना चाहिए. संसार के सभी गरीबों के, चाहे वे किसी भी
जाति, रंग, धर्म या राष्ट्र के हों,
अधिकार एक ही हैं. तुम्हारी भलाई इसी में है कि तुम धर्म, रंग, नस्ल और राष्ट्रीयता व देश के भेदभाव मिटाकर
एकजुट हो जाओ और सरकार की ताकत अपने हाथों में लेने का प्रयत्न करो. इन यत्नों से
तुम्हारा नुकसान कुछ नहीं होगा, इससे किसी दिन तुम्हारी
जंजीरें कट जायेंगी और तुम्हें आर्थिक स्वतन्त्राता मिलेगी.
जो लोग रूस का इतिहास
जानते हैं, उन्हें मालूम है कि
जार के समय वहाँ भी ऐसी ही स्थितियाँ थीं वहाँ भी कितने ही समुदाय थे जो परस्पर
जूत-पतांग करते रहते थे. लेकिन जिस दिन से वहाँ श्रमिक-शासन हुआ है, वहाँ नक्शा ही बदल गया है. अब वहाँ कभी दंगे नहीं हुए. अब वहाँ सभी को ‘इन्सान’ समझा जाता है, ‘धर्मजन’
नहीं. जार के समय लोगों की आर्थिक दशा बहुत ही खराब थी. इसलिए सब
दंगे-फसाद होते थे. लेकिन अब रूसियों की आर्थिक दशा सुधर गयी है और उनमें
वर्ग-चेतना आ गयी है इसलिए अब वहाँ से कभी किसी दंगे की खबर नहीं आयी.
इन दंगों में वैसे तो
बड़े निराशाजनक समाचार सुनने में आते हैं, लेकिन कलकत्ते के दंगों में एक बात बहुत खुशी की सुनने में आयी. वह यह कि
वहाँ दंगों में ट्रेड यूनियन के मजदूरों ने हिस्सा नहीं लिया और न ही वे परस्पर
गुत्थमगुत्था ही हुए, वरन् सभी हिन्दू-मुसलमान बड़े प्रेम से
कारखानों आदि में उठते-बैठते और दंगे रोकने के भी यत्न करते रहे. यह इसलिए कि
उनमें वर्ग-चेतना थी और वे अपने वर्गहित को अच्छी तरह पहचानते थे. वर्गचेतना का
यही सुन्दर रास्ता है, जो साम्प्रदायिक दंगे रोक सकता है.
यह खुशी का समाचार
हमारे कानों को मिला है कि भारत के नवयुवक अब वैसे धर्मों से जो परस्पर लड़ाना व
घृणा करना सिखाते हैं, तंग
आकर हाथ धो रहे हैं. उनमें इतना खुलापन आ गया है कि वे भारत के लोगों को धर्म की
नजर से-हिन्दू, मुसलमान या सिख रूप में नहीं, वरन् सभी को पहले इन्सान समझते हैं, फिर भारतवासी.
भारत के युवकों में इन विचारों के पैदा होने से पता चलता है कि भारत का भविष्य
सुनहला है. भारतवासियों को इन दंगों आदि को देखकर घबराना नहीं चाहिए. उन्हें यत्न
करना चाहिए कि ऐसा वातावरण ही न बने, और दंगे हों ही नहीं.
1914-15 के शहीदों ने
धर्म को राजनीति से अलग कर दिया था. वे समझते थे कि धर्म व्यक्ति का व्यक्तिगत
मामला है इसमें दूसरे का कोई दखल नहीं. न ही इसे राजनीति में घुसाना चाहिए क्योंकि
यह सरबत को मिलकर एक जगह काम नहीं करने देता. इसलिए गदर पार्टी जैसे आन्दोलन एकजुट
व एकजान रहे, जिसमें सिख
बढ़-चढ़कर फाँसियों पर चढ़े और हिन्दू मुसलमान भी पीछे नहीं रहे.
इस समय कुछ भारतीय नेता
भी मैदान में उतरे हैं जो धर्म को राजनीति से अलग करना चाहते हैं. झगड़ा मिटाने का
यह भी एक सुन्दर इलाज है और हम इसका समर्थन करते हैं.
यदि धर्म को अलग कर
दिया जाये तो राजनीति पर हम सभी इकट्ठे हो सकते है. धर्मों में हम चाहे अलग-अलग ही
रहें.
हमारा ख्याल है कि भारत
के सच्चे हमदर्द हमारे बताये इलाज पर जरूर विचार करेंगे और भारत का इस समय जो
आत्मघात हो रहा है, उससे
हमे बचा लेंगे.
उन्होंने शवों को सलामी दी, उन्होंने एक दूसरे पर शिष्टाचारों का ढेर लगाया
![]() |
| पिकासो की 'गुएर्निका' |
नोट- स्पानी गृहयुद्ध के दौरान २६ अप्रैल १९३७ को स्पेन के बास्के काउंटी के एक गाँव गुएर्निका पर जर्मन और इतालवी हवाई जहाज़ों ने स्पानी राष्ट्रवादी शक्तियों के उकसावे पर बमबारी की थी. आधुनिक सैन्य इतिहास में निहत्थे नागरिकों पर की गयी यह पहली बमबारी थी. सरकारी आंकड़ों के हिसाब से १६५४ लोगों की जान गई और कई घायल हुए. पिकासो की मशहूर पेंटिंग गुएर्निका इसी घटना की गवाह है जैसे पॉल एलुआर की यह कविता.
![]() |
| गुएर्निका के खंडहर |
गुएर्निका की जीत
१.
भला संसार मांद,
खदान और खेत का.
२.
जलाए जाने के लिए दुरुस्त चेहरे बर्फीले
जमाए जाने के लिए दुरुस्त
खंडित किये जाने लिए अँधेरे के लिए
तोहमत की चोटों के लिए.
३.
किसी भी चीज़ के लिए दुरुस्त चेहरे
यहाँ ख़ालीपन है जो घूरता है
तुम्हें
तुम्हारी मौत हमारे लिए मिसाल का
काम करेगी.
४.
मौत एक हताश दिल.
५.
वे तुमसे दाम वसूलते हैं रोटी का
सूरज धरती पानी नींद का
और तुम्हारी जिन्दगानियों की
ग़रीबी का.
६.
उन्होंने कहा वे चाहते हैं बेहतर
रिश्ते
उन्होंने राशनिंग की शक्तिशालियों
ने पागलों पर फ़ैसले सुनाये
उन्होंने भीख दी एक पैसे को तोड़ा
दो हिस्सों में
उन्होंने शवों को सलामी दी
उन्होंने एक दूसरे पर शिष्टाचारों
का ढेर लगाया
७.
उन्होंने मशक्कत की वे ज़रुरत से
ज़्यादा करते हैं इसे वे नहीं हैं हम जैसे
८.
स्त्रियों और बच्चों के पास वही
दौलतें हैं
हरी पत्तियों वसंत और निखालिस दूध
की
और
सहनशक्ति की
उनकी साफ़ सुथरी आँखों में.
९.
स्त्रियों और बच्चों के पास वही
दौलतें हैं
उनकी आँखों में.
पुरुष उनकी रक्षा करते हैं जितना
कर सकते हैं.
१०.
स्त्रियों और बच्चों के पास वही लाल
ग़ुलाब हैं
उनकी आँखों में.
उनमें से हरेक दिखलाता है अपना
रक्त.
११.
जीने का और मरने का डर और साहस
मौत इतनी मुश्किल और इतनी आसान.
१२.
पुरुष जिनके वास्ते इस दौलत की
प्रशस्तियाँ गाई गईं
पुरुष जिनके वास्ते इस दौलत को
नापाक बनाया गया.
१३.
सच्चे लोगो, जिनके लिए हताशा
उम्मीद की लपटभरी आग को भोजन देती
है
आओ मिलकर खोलते हैं भविष्य की
आखिरी कोंपल को.
१४.
बहिष्कृत मौत मैदान वीभत्स नज़ारा
हमारे दुश्मनों का सब पर है
हमारी रात का धुंधला रंग
उन सब के बावजूद फ़तह हमारी होगी.
१९३७
इस पत्र को इन तस्वीरों को साथ देखिये
पूज्य पिता जी,
नमस्ते.
मेरी जिन्दगी मकसदे आला
यानी आज़ादी-ए-हिन्द के असूल के लिए वक्फ हो चुकी है. इसलिए मेरी जिन्दगी में आराम
और दुनियावी खाहशात बायसे कशिश नहीं हैं.
आपको याद होगा कि जब
मैं छोटा था, तो
बापू जी ने मेरे यज्ञोपवीत के वक्त ऐलान किया था कि मुझे खिदमते वतन के लिए वक्फ
कर दिया गया है. लिहाजा मैं उस वक्त की प्रतिज्ञा पूरी कर रहा हूँ.
उम्मीद है आप मुझे माफ
फरमाएँगे.
आपका ताबेदार,
भगतसिंह
भगतसिंह ! इस बार न लेना काया भारतवासी की
![]() |
| सरदार सोभा सिंह का बनाया विख्यात चित्र |
भगतसिंह से
- शंकर शैलेन्द्र
भगतसिंह ! इस बार न लेना काया भारतवासी की,
देशभक्ति के लिए आज भी सज़ा मिलेगी फाँसी की !
मत समझो, पूजे
जाओगे क्योंकि लड़े थे दुश्मन से,
रुत ऐसी है आँख लड़ी है अब दिल्ली की लंदन से,
कामनवैल्थ कुटुम्ब देश को खींच रहा है मंतर से-
प्रेम विभोर हुए नेतागण, नीरा बरसी अंबर से,
भोगी हुए वियोगी, दुनिया
बदल गई बनवासी की !
सत्य अहिंसा का शासन है, राम-राज्य फिर आया है,
भेड़-भेड़िए एक घाट हैं, सब ईश्वर की माया है !
दुश्मन ही जब अपना, टीपू
जैसों का क्या करना है ?
शान्ति सुरक्षा की ख़ातिर हर हिम्मतवर से डरना है !
पहनेगी हथकड़ी भवानी रानी लक्ष्मी झाँसी की !
यदि जनता की बात करोगे, तुम गद्दार कहाओगे-
बम्ब सम्ब की छोड़ो, भाषण
दिया कि पकड़े जाओगे !
निकला है कानून नया, चुटकी
बजते बँध जाओगे,
न्याय अदालत की मत पूछो, सीधे मुक्ति पाओगे,
काँग्रेस का हुक्म; ज़रूरत
क्या वारंट तलाशी की !
गढ़वाली जिसने अँग्रेज़ी शासन से विद्रोह किया,
महाक्रान्ति के दूत जिन्होंने नहीं जान का मोह किया,
अब भी जेलों में सड़ते हैं, न्यू-माडल आज़ादी है,
बैठ गए हैं काले, पर
गोरे ज़ुल्मों की गादी है,
वही रीति है, वही
नीति है, गोरे सत्यानाशी की !
1948
Sunday, March 22, 2015
Subscribe to:
Posts (Atom)
























































