Saturday, June 20, 2015

पर्याप्त मौसम नहीं होते आदमी के पास


आदमी के पास इतना समय नहीं होता
-येहूदा आमीखाई

आदमी के पास इतना समय नहीं होता
कि हरेक चीज़ के वास्ते समय हो सके
उसके पास पर्याप्त मौसम नहीं होते
कि हर उद्देश्य के लिए मौसम हो
धर्मोपदेशक ग़लत थे इस बारे में

आदमी को ज़रूरत होती है एक ही पल प्यार करने और नफ़रत करने की
एक ही आंख से हंसने और रोने की
एक ही हाथ से पत्थर फेंकने और उन्हें इकठ्ठा करने की
युद्ध में प्रेम और प्रेम में युद्ध करने की

और नफ़रत करने और माफ़ करने की, और याद रखने और भूल जाने की
व्यवस्थित करने और गड़बड़ा देने की, खाने और पचाने की -
जिसे करने में इतिहास को सालों-साल लग जाते हैं
समय नहीं होता आदमी के पास
जब वह खो देता है वह ढूंढता है
जब वह पा लेता है, भूल जाता है
जब वह भूलता है वह प्यार करता है
जब वह प्यार करता है वह भूलना शुरू करता है

और उस की आत्मा बहुत अनुभवी और पेशेवर है
केवल उसकी देह ही बनी रहती है शौकिया हमेशा
वह कोशिशें करता है,
हारता है
भटकता है
कुछ नहीं सीखता -
अपनी खुशियों और पीड़ाओं में
धुत्त और अंधा

वह शरद में मरेगा जैसे पत्तियां मरती हैं सिकुड़ी हुईं
और भरा होगा अपने आप से और मीठे से


मैदान पर पत्तियां सूख रही हैं
नंगी शाखें अभी से उस जगह की ओर इशारा कर रही हैं
जहां हर चीज़ के लिए समय है

एक मेरी ही नेकी से क्या होता है - पाकिस्तान से आधुनिक कवितायेँ - 10

१९१४  में झंग में जन्मे मजीद अमजद ने लाहौर में शिक्षा पाई. एक पत्रकार के रूप में उन्होंने अपना करियर शुरू किया. कुछ दिन तक उरूज का सम्पादन किया. फिर सरकारी नौकरी की और असिस्टेंट फ़ूड कंट्रोलर के पद से रिटायर हुए. चौथे दशक के उर्दू कवियों की फेहरिस्त में उनका नाम काफी ऊपर है. जीवनकाल में उनका एक संग्रह शबे रफ़्ता प्रकाशित हुआ. संकलित रचनाएं १९७४ में उनकी मृत्यु के बाद छप कर आईं.  

स्वीडिश चित्रकार पिया एरलांदसन के पेंटिंग


फ़र्द

-मजीद अमजद 

इतने कड़े वसीअ निजाम निज़ाम में सिर्फ़ एक मेरी ही नेकी से क्या होता है
मैं तो इससे ज़्यादा कर ही क्या सकता हूँ
मेज़ पर अपनी सारी दुनिया - काग़ज़ और क़लम और टूटी फूटी नज़्में 
सारी चीज़ें बड़े क़रीने से रख दी हैं
दिल में भरी हुई हैं इतनी अच्छी अच्छी बातें:
उन बातों का ध्यान आता है तो ये सांस बड़ी ही बेशबहा लगती है
मुझको भी तो कैसी कैसी बातों से राहत मिलती है
मुझको इस राह में सादिक़ पाकर
सारे झूठ मेरी तसदीक़ को आ जाते हैं
एक अगर मैं सच्चा होता 
मेरी इस दुनिया में जितने क़रीने सजे हुए हैं
उनकी जगह बेतरतीबी से पड़े हुए कुछ टुकड़े होते
मेरे जिस्म के टुकड़े, काले झूठ के चलते आरे के नीचे!
इतने बड़े निज़ाम से मेरी नेकी टकरा सकती थी 
अगर इक मैं सच्चा होता!

(फ़र्द: एक आदमी, वसीअ: फैला हुआ, बेशबहा: मूल्यवान, तसदीक़: पुष्टि)  

Friday, June 19, 2015

एंड्रू साल्गादो के चित्र

१९८२ में कनाडा के रेजीना में जन्मे एंड्रू साल्गादो फिलहाल सबसे तेज़ी से उभरते नौजवान कलाकारों में शुमार किये जाते हैं. सितम्बर २००७ में संसार की सबसे बड़ी विज्ञापन कंपनियों में से एक साची एंड साची ने उन्हें "One to invest today" वाली चित्रकारों की अपनी लिस्ट में खासी ऊपर जगह दी. 

 




















पर झूठ के तो पांव थे - एदुआर्दो गालेआनो का गद्य - 3

गालेआनो का गद्य - 3

अनुवादः शिवप्रसाद जोशी

एदुआर्दो गालेआनो लातिन अमेरिका की ऐतिहासिक और समकालीन यातना को दुनिया के सामने लाने वाले लेखक पत्रकार हैं. वे जितना अपने पीड़ित भूगोल के दबेकुचले इतिहास के मार्मिक टीकाकार हैं उतना ही भूमंडलीय सत्ता सरंचनाओं और पूंजीवादी अतिशयताओं के प्रखर विरोधी भी. उनका लेखन और एक्टिविज़्म घुलामिला रहा है. इसी साल 13 अप्रेल को 74 साल की उम्र में कैंसर से उनका निधन हो गया.


प्रस्तुत गद्यांश एडुआर्दो गालेआनो की किताब, मानवता का इतिहास, मिरर्स (नेशन बुक्स) से लिया गया है. हिंदी में इसका रूपांतर गुएर्निका मैगज़ीन डॉट कॉम से साभार लिया गया है. अंग्रेज़ी में इनका अनुवाद मार्क फ़्राइड ने किया है.

----------------


3.
तस्वीरः दुनिया में सबसे उदास आंखें

प्रिंसटन, न्यू जर्सी, मई 1947

फ़ोटोग्राफ़र फिलिप हाल्समान ने उससे पूछाः क्या आपको लगता है कि शांति हो पाएगी.

और जब कैमरा क्लिक कर ही रहा था कि अल्बर्ट आइन्श्टाइन बोले, या शायद बुदबबुदाएः नहीं.

लोग मानते हैं कि आइन्श्टाइन को अपने सापेक्षता के सिद्धांत के लिए नोबेल मिला, या कि वो इस उद्धरण के जनक थेः हर चीज़ सापेक्ष है, और ये भी कि एटम बम का आविष्कार उन्होंने ही किया था.

सच्चाई ये है कि उन्हें सापेक्षता के सिद्धांत के लिए नोबेल नहीं दिया गया, और उन्होंने वे शब्द भी नही कहे थे. बम बनाने वाले भी वो नहीं थे. हालांकि हिरोशिमा और नागाशाकी नहीं होते अगर उन्होंने वो नहीं खोजा होता जो वे खोज पाए.

उन्हें बहुत अच्छी तरह पता था कि उनकी खोजें, जो जीवन के उत्सव से सृजित हुई थी, उसे ही निगल जाने के लिए इस्तेमाल की जाती रही थीं.

क्लर्क का नग्म-ए- मुहब्बत - पाकिस्तान से आधुनिक कवितायेँ - 9


क्लर्क का नग्म-ए- मुहब्बत 

- मुहम्मद सनाउल्लाह सानी डार 'मीराजी' 

सब रात मिरी सपनों में गुज़र जाती है और मैं सोता हूँ 
फिर सुबह की देवी आती है 
अपने बिस्तर से उठता हूँ, मुहँ धोता हूँ 
लाया था कल जो डबलरोटी 
उसमे से आधी खाई थी 
बाक़ी जो बची वो मेरा आज का नाश्ता है .

दुनिया के रंग अनोखे है 
जो मेरे सामने रहता है उसके घर में घरवाली है 
और दाएँ पहलू एक मंज़िल का है मकाँ, वो ख़ाली है 
और बाईं जानिब इक ऐयाश है जिसके यहाँ एक दाश्ता है 
और उन सबमें इक मैं भी हूँ, लेकिन बस तू ही नहीं 
हैं और तो सब आराम मुझे, इक गेसुओं की खुशबु ही नहीं .

फ़ारिग़ होता हूँ नाश्ते से और अपने घर से निकलता हूँ
दफ़्तर की राह पर चलता हूँ
रस्ते में एक शहर की रौनक़ है, इक ताँगा है, दो कारें हैं 
बच्चे मकतब को जाते हैं , और ताँगों की क्या बात कहूँ ?
कारें तो छिछलती बिजली हैं, ताँगों के तीरों को कैसे सहूँ .
ये माना इनमें शरीफ़ों के घर की धन-दौलत है, माया है 
कुछ शोख़ भी है, मासूम भी है 
लेकिन रस्ते पर पैदल मुझसे बदक़िस्मत, मग्मूम भी हैं 
ताँगों पर बर्क़े-तबस्सुम है 
बातों का मीठा तरन्नुम है 
उकसाता है ध्यान ये रह-रहकरकुदरत के दिल में तरह्हुम है ?

हर चीज़ तो है मौजूद यहाँ ,इक तू ही नहीं, इक तू ही नहीं 
और मेरे आँखों में रोने की हिम्मत ही नहीं आँसू ही नहीं .

जूँ-तूँ रस्ता कट जाता है और बन्दीख़ाना आता है 
चल काम में अपने दिल को लगा, यूँ कोई मुझे सुझाता है
मैं धीरे -धीरे दफ़्तर में अपने दिल को ले जाता हूँ
नादान है दिल, मुरख बच्चा -इक और तरह दे जाता है 
फिर काम का दरिया बहता है, और होश मुझे कब रहता है .

जब आधा दिन ढल जाता है तो घर से अफ़सर आता है,
और अपने कमरे में मुझको चपरासी से बुलवाता है .
यूँ कहता है, वूँ कहता है, लेकिन बेकार ही रहता है .
मैं उसकी ऐसी बातों से थक जाता हूँ , थक जाता हूँ 
पल भर के लिए अपने कमरे में फ़ाइल लेने जाता हूँ 
और दिल में आग सुलगती हैं,
मैं भी जो कोई अफ़सर होता,
इस शहर की धुल और गलियों से कुछ दूर मिराफिर घर होता,

और तू होती !

लेकिन मैं इक क्लर्क हूँ, तू ऊँचे घर की रानी है 
ये मेरी प्रेम-कहानी है और धरती से भी पुरानी है .

(जानिब: तरफ ; दाश्ता : रखैल ; फ़ारिग़ :मुक्त ; मकतब :पाठशाला ; मग्मूम : दुखी ;बर्क़े-तबस्सुम : मुस्कान की बिजली ; तरह्हुम:रहम; जूँ-तूँ : ज्यों-त्यों ; तरह देना : ताल जाना, कतरा जाना)

-----------------

मीराजी का जन्म १९१२ में पश्चिमी पंजाब के गुजरांवाला में हुआ था. मीरा सेन नाम की एक युवती के प्रेम में आसक्त सनाउल्लाह सानी डार ने अपना यही नाम रख छोड़ा था. उन्होंने किसी तरह की औपचारिक शिक्षा नहीं पाई. उन्मुक्त जीवन जीने वाले मीराजी आल इण्डिया रेडियो, दिल्ली और अदबी दुनिया (लाहौर), साकी (दिल्ली) और ख़याल (मुम्बई) आदि पत्रिकाओं से थोड़े-थोड़े समय के लिए जुड़े. संस्कृत के कवि अमरु (अमरूशतक के कवि अमरूक) और फ्रेंच कवि बौदलेयर का उन पर गहरा असर था. उन्होंने दामोदर गुप्त और उमर खय्याम की कविताओं के अनुवाद भी किये. वे हल्कः-ए-अरबाब-ए-जौक नाम की संस्था से जुड़े रहे और उर्दू की नयी कविता के अगुओं में जाने गए. १९४९ में उनका निधन हो गया. मृत्यु के बाद उनके दो संग्रह छपे जबकि १९८८ में उनके समग्र काव्यकर्म का प्रकाशन कुल्लियात-ए-मीराजी नाम से किया गया.

कबाड़खाने के पाठको को याद होगा हमने मीराजी पर कुछ समय पहले सआदत हसन मंटो के संस्मरण लगाए थे. उनके और मीराजी पर छपे अन्य लेखों के लिंक ये रहे:

मंटो के मीराजी - 1, 2, 3, 4, 5
नगरी नगरी फिरा मुसाफ़िर घर का रस्ता भूल गया


कैरिन जूरिक के चित्र - 2

जब कैरिन जूरिक हाईस्कूल में पढ़ती थीं, उन्हें ट्रेन स्टेशनों और संग्रहालयों में जाने का शौक़ लग गया. वहां स्केचिंग करना भी उन्हें पसंद था – वे ख़ास तौर पर वहां आये लोगों के स्केच बनाती थीं. बाद में यह शौक़ ही उनका पेशा बन गया और उन्हें संग्रहालयों में मौजूद दर्शकों के चित्र बनाने में दक्षता हासिल हो गयी. समकालीन फिगरेटिव चित्रकारों में वे एक बड़ा नाम हैं.


आज देखिये कैरिन के कुछ शानदार चित्र-