Showing posts with label मोहम्मद रफ़ी. Show all posts
Showing posts with label मोहम्मद रफ़ी. Show all posts

Wednesday, February 3, 2016

रफ़ी साहब की दुर्लभ तस्वीर


कमाल की तस्वीर.
साल 1975.
शिकागो.
एक नहीं दो-दो मोहम्मद.

Monday, February 23, 2015

नज़ीर अकबराबादी का कलाम मोहम्मद रफ़ी की आवाज़


1956 में आई हिन्दी फिल्म मिस्टर चक्रम का यह गीत शुरू तो नज़ीर बाबा के आदमीनामा से होता है पर बाद के बोल फिल्म के हिसाब से बदले गए हैं. 

यह कॉमेडी पी. एस. बैनर्स ने बनाई थी और इसके निर्देशक थे जनाब शान्तिप्रसाद बख्शी. फिल्म में मुख्य किरदारों में थे चंद्रशेखर, श्यामा, जे. ओमप्रकाश और रंजना रणधीर. फिल्म के गीत लिखे थे जे. नख़्शब ने और संगीत दिया था हुस्नलाल भगतराम ने. गीतों को आवाज़ दी थी मोहम्मद रफ़ी साहब के अलावा आशा भोसले और लता मंगेशकर ने.

Wednesday, January 20, 2010

उठ जाग मुसाफ़िर! भोर भई



(आप में से कई लोगों ने बचपन में कभी न कभी प्रभातफेरी में "उठ जाग मुसाफ़िर भोर भई" ज़रूर गाया होगा. इस गीत के रचयिता थे श्री बंशीधर शुक्ल. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले शुक्ल जी का यह गीत राजेन्द्र सिंह बेदी ने अपनी फ़िल्म ’आंखिन देखी’ में इस्तेमाल किया था. मोहम्मद रफ़ी साहब ने गाया था इस कालजयी नग्मे को और जे.पी. कौशिक ने संगीतबद्ध किया था. शुक्ल जी के बारे में हमारे कबाड़ी साथी योगेश्वर सुयाल ने मुझे उनके बारे में एक मेल काफ़ी अर्सा पहले भेजी थी. मैं उस मेल को एक पोस्ट की सूरत में लगाना चाहता था लेकिन कुछ मेरा कुछ योगेश्वर भाई का आलस्य - यह काम हो न सका.

आज अभी भोपाल से योगेश्वर ने फ़ोन पर इत्तला दी कि आज यानी बसन्त पंचमी को बंशीधर शुक्ल जी का जन्मदिन पड़ता है. लीजिये आप भी जानिये उनके बारे में. उन्हें नमन. आलेख योगेश्वर सुयाल का है. वैसे योगेश्वर बाबू ने शुक्ल जी पर एक लम्बी पोस्ट लगाना अभी बाक़ी है.)


बात पुरानी ही है. तीस साल पहले की. तब, जब दादाजी भी थे. उनकी सुबहें अक्सर इसी गीत से होती थीं. मगर याद तो उन्हें भी नहीं रहा होगा पूरा. वह पहली चार पंक्तियां गाते-गाते चारपाई और चौखट छोड़कर बाहर निकल जाया करते थे. उस समय हम सोये होते थे. बरसों हो गए, यह गीत नहीं सुना.

दफ़्तर से निकलते ही एक रात अचानक शहामतगंज के एक नुक्कड़ पर लखनऊ के पत्रकार बन्धु संजय त्रिपाठी से गप्शप हो रही थी कि एक बन्दा गाता चला जा रहा था. उठ जाग मुसाफ़िर भोर भई ... हमारे लिए रात ही थी मगर उसके लिए भोर. गीत के साथ दादाजी भी याद आ गए ... बरसों बाद.

चीत पर चर्चा चला तो संजय भी चहक उठे - "देखा भाईसाहब! खीरी में लिखे गीत आज भी हिन्दुस्तान गा रहा है."

"इस गीत का खीरी से क्या मतलब भाई?"

तभी पता चला कि अवधी के कवि बंशीधर शुक्ल इसके जनक हैं. खीरी के निवासी. गीत संजय को भी याद नहीं था मगर इस चपल पत्रकार ने दूसरे ही दिन कविवर शुक्ल के घर से पूरा संग्रह मंगवा लिया.

आज़ादी के बाद विधायक भी रहे बंशीधर शुक्ल जी अस्सी के दशक में गुज़र गए थे. तीन साल पहले उनकी जन्मशती भी चुपचाप चली गई. गांधी और सुभाष ने जिस कवि के गीतों से आज़ादी की अलख जगाई, सुदूर गुजरात से गढ़वाल तक गाया गया. वो भी उस दौर में, उस स्रष्टा से हम अनजान ही थे.

बताते है साबरमती आश्रम की सुबह आज भी इसी गीत से होती है. बहुत कम लोग जानते होंगे कि आज़ाद हिन्द फ़ौज का तराना - कदम कदम बढ़ाए जा - भी इसी कवि की लेखनी से निकला था.

यूं कहना चाहिये - कवि के लिखे गीत को सुभाष ने आज़ादी के तराने के रूप में चुना.



उठ जाग मुसाफ़िर! भोर भई
अब रैन कहां तू सोवत है.
जो सोवत है सो खोवत है
जो जाफ़त है सो पावत है

टुक नींद से अंखियां खोल ज़रा
पल अपने प्रभु से ध्यान लगा
यह प्रीत करन की रीत नहीं
जग जागत है तू सोवत है

जो काल करे सो आज कर ले
जो आज करे सो अब कर ले
जब चिड़ियां खेती चुग डाली
फिर पछताए क्या होवत है

अब जाग जगत की देख उड़न
जग जागा तेरे बन्द नयन
यह जग जागृति का मेला है
तू नींद की गठरी ढोवत है

है आज़ादी ही लक्ष्य तेरा
उसमें अब देर लगा न ज़रा
अब सारी दुनिया जाग उठी
तू सिर खुजलावत रोवत है.

उठ जाग मुसाफ़िर! भोर भई
अब रैन कहां तू सोवत है.

Thursday, December 24, 2009

मिर्ज़ा ग़ालिब को सुनिये रफ़ी साहब की आवाज़ में



आज मोहम्मद रफ़ी साहब का जन्मदिन है. इस मौक़े पर सुनिये उनकी गाईं मिर्ज़ा असदुल्ला ख़ां याने चचा ग़ालिब की चन्द ग़ज़लें.



बाज़ीचा-ए-अत्फ़ाल है दुनिया मेरे आगे
होता है शब-ओ-रोज़ तमाशा मेरे आगे

इक खेल है औरंग-ए-सुलेमाँ मेरे नज़दीक
इक बात है ऐजाज़-ए-मसीहा मेरे आगे

होता है निहाँ गर्द में सहरा मेरे होते
घिसता है जबीं ख़ाक पे दरिया मेरे आगे

मत पूछ के क्या हाल है मेरा तेरे पीछे
तू देख के क्या रंग है तेरा मेरे आगे

ईमाँ मुझे रोके है जो खींचे है मुझे कुफ़्र
काबा मेरे पीछे है कलीसा मेरे आगे

गो हाथ को जुम्बिश नहीं आँखों में तो दम है
रहने दो अभी साग़र-ओ-मीना मेरे आगे



मुद्दत हुई है यार को महमाँ किये हुए
जोश-ए-क़दह से बज़्म चराग़ाँ किये हुए

माँगे है फिर किसी को लब-ए-बाम पर हवस
ज़ुल्फ़-ए-सियाह रुख़ पे परेशाँ किये हुए

इक नौबहार-ए-नाज़ को ताके है फिर निगाह
चेहर फ़ुरोग़-ए-मै से गुलिस्ताँ किये हुए

जी ढूँढता है फिर वही फ़ुर्सत के रात दिन
बैठे रहें तसव्वुर-ए-जानाँ किये हुए

"ग़ालिब" हमें न छेड़ कि फिर जोश-ए-अश्क से
बैठे हैं हम तहय्या-ए-तूफ़ाँ किये हुए



ज़िक्र उस परीवश का और फिर बयाँ अपना
बन गया रक़ीब आख़िर था जो राज़दाँ अपना

मंज़र इक बुलंदी पर और हम बना सकते
अर्श से इधर होता काश के मकाँ अपना

दर्द-ए-दिल लिखूँ कब तक, ज़ाऊँ उन को दिखला दूँ
उँगलियाँ फ़िगार अपनी ख़ामाख़ूँचकाँ अपना

हम कहाँ के दाना थे किस हुनर में यक्ता थे
बेसबब हुआ "ग़ालिब" दुश्मन आस्माँ अपना

*अपने शानदार कबाड़ी भाई संजय पटेल ने आज के मौके पर एक शानदार पोस्ट लगाई है. पढ़ें ज़रूर:

रफ़ी साहब के ड्रायवर अल्ताफ़ भाई की यादें

Saturday, June 6, 2009

कोई तो जान-ए-तसव्वुर हो जिसके हो लें

कुछ दिन पहले सुख़नसाज़ पर मेहदी हसन साहब की गाई जनाब कृष्ण अदीब की लिखी एक मशहूर ग़ज़ल पोस्ट की थी.
सुख़नसाज़ पर उनके बारे में यह लिखा गया था:

"उर्दू के शायर कृष्ण 'अदीब' साहब का जन्म जालंधर ज़िले में २१ नवम्बर १९२५ को हुआ था. पन्द्रह साल की आयु में घर छोड़ने पर विवश हुए - कुलीगिरी की, फ़ैक्ट्री में मज़दूर रहे.अपने जीवन का ज़्यादातर समय उन्होंने लुधियाना में बिताया. पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में वरिष्ठ फ़ोटोग्राफ़र के तौर पर काम करने के बाद वे १९८५ में रिटायर हुए. लम्बी बीमारी और आर्थिक कमी के चलते ७ जुलाई १९९५ को उनकी मृत्यु हुई. 'अदीब' साहब की मुख्य किताबों में 'आवाज़ की परछाइयां', 'फूल, पत्ते और ख़ुशबू' और 'रौ में है रख्शे उम्र' प्रमुख हैं."

इस पोस्ट की प्रतिक्रिया में मुझे सात समुन्दर पार से यह ग़ज़ल बतौर सौग़ात प्राप्त हुई. अदीब साहब की ही लिखी हुई है. गाया है सदाबहार मोहम्मद रफ़ी ने.



आप भी आनन्द लीजिए इस सुन्दर ग़ज़ल का:



तल्ख़ि-ए-मै में ज़रा तल्ख़ि-ए-दिल भी घोलें
और कुछ देर यहां बैठ लें पी लें रो लें

हर तरफ़ एक पुर असरार सी ख़ामोशी है
अपने साये से कोई बात करें कुछ रो लें

कोई तो शख़्स हो जी जान से चाहें जिसको
कोई तो जान-ए-तसव्वुर हो जिसके हो लें

आह ये दिल की कसक हाय ये आंखों की जलन
नींद आ जाए अगर आज तो हम भी सो लें

(डाउनलोड यहां से करें: तल्ख़ि-ए-मै में ज़रा तल्ख़ि-ए-दिल भी घोलें)

Monday, December 29, 2008

ज़िक्र उस परीवश का, और फिर बयाँ अपना







कल, या परसों था वो ..... सिद्धेश्वर भाई की पोस्ट पढ़-सुन कर मगन हो गया था.... तब से कुछ ग़ालिबमय भी हूँ.


"हमारे ज़ेह्न में इस फिक्र का है नाम विसाल
कि गर न हो तो कहाँ जाएँ, हो तो क्योंकर हो"



मुझे लिखना नहीं आता इस लिए सीधे मतलब की बात करुँ ...... पेश है एक ग़ज़ल ग़ालिब की ... आवाज़ रफ़ी की .... पेश कर रहे हैं कैफ़ी आज़मी .... पसंद आए तो बताइयेगा ....... एक और ग़ज़ल की गुंजाइश है ?






ज़िक्र उस परीवश का, और फिर बयाँ अपना
बन गया रकीब आख़िर, था जो राज़दाँ अपना

मय वो क्यों बहुत पीते, बज़्म-ए-गै़र में या रब
आज ही हुआ मंज़ूर, उन को इम्तिहाँ अपना

मंज़र इक बलंदी पर, और हम बना सकते
अर्श से इधर होता, काश कि मकाँ अपना

दे वो जिस क़दर ज़िल्लत, हम हँसी में टालेंगे
बार-ए-आशना निकला, उनका पासबाँ अपना

दर्द-ए-दिल लिखूँ कब तक, जाऊँ उनको दिखलाऊँ
उंगलियाँ फ़िगार अपनी, खा़मः खूँचकाँ अपना

घिसते घिसते मिट जाता, आपने अबस बदला
नंग-ए-सिज्दः से मेरे, संग-ए-आस्ताँ अपना

ता करे न गम्माज़ी, कर लिया है दुश्मन को
दोस्त कि शिक़ायत में, हम ने हमज़बाँ अपना

हम कहाँ के दाना थे, किस हुनर में यकता थे
बेसबब हुआ ग़ालिब, दुश्मन आसमाँ अपना

Sunday, December 2, 2007

मिर्ज़ा ग़ालिब की ग़ज़ल रफ़ी साहब की आवाज़ में









मुद्दत हुई है यार को मेहमाँ किये हुए
जोश-ए-कदः से बज्म चरागाँ किये हुए ...

(अवधि: ४ मिनट ४ सेकेंड)