Showing posts with label हिन्दी. Show all posts
Showing posts with label हिन्दी. Show all posts

Tuesday, October 16, 2012

बोल री हिन्दी कितनी हिन्दी?


श्री कर्ण सिंह चौहान का यह लेख उनके ब्लॉग से जस का तस लिया जा रहा है. लेख ज़रूरी है और उसकी प्रासंगिकता लम्बे समय तक बनी रहने वाली है. इसी वजह से मुझे लगता है  यह लेख अधिकाधिक लोगों द्वारा पढ़े जाने की दरकार रखता है. श्री कर्ण सिंह चौहान का आभार-


हिंदी हिंदी और फिर हिंदी - हिंदी का अंतर्राष्ट्रीय संदर्भ

[यह टिप्पणी जुलाई‚ 2007 को न्यूयार्क में हुए विश्व हिंदी सम्मेलन के अवसर पर लिखी गई. वैसे तो लेखक की यह धारणा रही है कि इस तरह के समारोही जमावड़े अधिकतर तिकड़मबाज लेखकों की सैरगाह रहे आए हैं. कुछेक सम्माननीय लेखकों को भी बुला लिया जाता है जिससे कि साख बनी रहे. इसके बारे में क्या लिखना! फिर भी एक पत्रिका जब बहुत ही पीछे पड़ गई और कहने लगी कि क्योंकि मैं वर्षों तक देश और विदेश में हिंदी और भारतीय विद्याएं पढ़ाता रहा हूं इसलिए विदेशों में हिंदी पर लिखने का अधिकारी विद्वान हूं. मैं उस समय हिमालय में था और फैक्स भेजने की सुविधा न होने के कारण काफी विलंब से और अत्यंत संक्षेप में ही यह भेज सका. फिर भी यह टिप्पणी ऐसे मंगलमय अवसर पर अमंगलकारी होने के कारण उनके गले की फांस तो हो ही गई. अपने यहां तो सब कुछ समारोहधर्मी सा हो गया है और बनी लीक पर मौकों के लिए लिखा जाता है. सब जानते हैं कि मातृभाषा के रूप में हिंदी चीनी मंडारिन के बाद दुनिया की दूसरे नंबर पर आने वाली भाषा है. फिर भी उसकी अंतर्राष्ट्रीय फॉरमों पर और स्वयं हमारे देश में जो बेकदरी है, वह आश्चर्य में डालने वाली है. इस पर थोड़ा गंभीरता से सोचने की जरूरत है.]

यह लेखक पिछले पैंतीस साल से भाषा‚ साहित्य और संस्कॄति के अध्ययन और अध्यापन से जुड़ा रहा है. यदि शिक्षण को भी इसमें जोड़ लिया जाय तो फिर पूरा जीवन इसी को समर्पित समझिए. यह अनुभव का एक व्यापक दायरा है और समय का अंतराल भी बड़ा है. इसलिए विषय पर कहे को गहन और प्रामाणिक तो मान ही लिया जाना चाहिए .

विदेशी भाषा अध्ययन : कुछ सामान्य तथ्य

शुरू में ही इस बात को रेखांकित करना जरूरी है कि हिंदी की चर्चा अक्सर हिंदी वाले ही करते हैं और वे भी उसे गौरवान्वित करने या उसकी कीर्तिपताका फहराने के लिए करते हैं. उस पर आज तो इस गौरवगान का विशेष अवसर उपस्थित है जहां सब विश्व हिंदी समुदाय इस वॄंदगान में शामिल होने जा रहा है. इसलिए तथ्यों को कहने में कुछ संकोच भी हो रहा है और कुछ डर भी लग रहा है. डर जो पत्थर हाथ में लिए खड़ी भीड़ को देख लगना स्वाभाविक है. लेकिन जब जिंदगी भर इसकी परवाह नहीं की तो अब क्या !

दिक्कत यह है कि हम हिंदी पढ़ने–पढ़ाने–लिखने वाले बुद्धि की जगह दिल से सोचते हैं इसलिए विचारों में भावनाओं का ज्वार-भाटा ज्यादा होता है और भावनाओं में विचारों का. ऊपर से राष्ट्र गौरव‚भाषा प्रेम‚ विश्व विजय का ज़ज्बा होता है. इस सब में असलियत गायब हो जाती है.
विदेशों में हिंदी के अध्ययन की स्थिति क्या है ? सरसरी तौर पर देखने को तो लग सकता है कि दुनिया के हर देश के कितने ही विश्वविद्यालयों में हिंदी का अध्ययन-अध्यापन होता है. यह जानकारी काफी है‚ इसके अलावा और क्या प्रमाण चाहिए हिंदी की महिमा के गीत गाने के लिए ?

लेकिन क्या यही पूरा सच है ?

विदेशों में हिंदी की पढ़ाई के तंत्र को समझने से पहले जरा अपने देश में विदेशी भाषाओं के अध्ययन की स्थिति पर गौर करें. अपने दायरे में पड़ने वाले महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय – दिल्ली विश्वविद्यालय – की ही बात करें तो पाएंगे कि अभी कुछ बरस पहले तक वहां विदेशी भाषाओं में दाखिला लेने वाले छात्रों के ‘मोटिव’ बहुत महत्तर नहीं हुआ करते थे. बड़ी संख्या होती थी ऐसे लोगों की जो या तो सिविल परीक्षाओं की तैयारी के लिए इन भाषाओं में दाखिला लेकर यहां बने रहते थे. कितने ही होते थे जो मात्र बस पास के लिए दाखिला लिए रखते  थे. पिछले दिनों इस स्थिति में कुछ परिवर्तन शुरू हुआ है जबसे कुछ देशों के साथ हमारे व्यापारिक संबंध घने हुए हैं और उन देशों से व्यापार–मंडल और यात्री आने–जाने लगे हैं. इस तरह यह अध्ययन कुछ व्यावहारिक रूप लेने लगा है. उसमें छात्र ऐसे देशों की भाषाओं में अधिक रुचि लेने लगे हैं जिनसे भविष्य में हमारे व्यापार के बढ़ने की संभावनाएं हैं.

कमोबेश यही स्थिति विदेशों में विदेशी भाषाओं के अध्ययन की रही है. हां‚ क्योंकि उनका व्यापार पहले से दुनिया के देशों में चलता था इसलिए इस अध्ययन में पहले से ही व्यावहारिकता का समावेश रहा. बस यही‚ इससे ज्यादा कुछ नहीं.

अब जरा अपने देश में हिंदी के अध्ययन के बारे में बात करें. यह हमारे आसपास की रोजमर्रा की सच्चाई है. सब जानते हैं कि देश के स्कूलों से लगाकर विश्वविद्यालयों तक मातॄभाषा की पढ़ाई सब जगह चलती है. हजारों–लाखों की संख्या है. हर तरह की हिंदी पढ़ते हैं. क्यों पढ़ते हैं ? भाषा प्रेम वश‚देशप्रेम वश‚ व्यावहारिक कारणों से या किस वजह से ?

हिंदी का अध्यापक जब पहले दिन बी ए हिंदी की कक्षा लेने जाता है और हिंदी लेने का कारण पूछता है तो बुझे चेहरों से जवाब मिलता है कि किसी भी दूसरे वांछित विषय में दाखिला लेने के लिए जरूरी अंक न होने के कारण मजबूरी में हिंदी में दाखिला लेना पड़ा. वे तो वे‚ हिंदी के इस दाखिले से उनके वे गरीब माता–पिता भी दुखी ही होते हैं जिन्होंने हिंदी के अलावा किसी भाषा का मुंह तक नहीं देखा. देश‚ भाषा‚संस्कॄति प्रेम के पीछे के उच्छवास की असलियत यह है.

इसलिए वे लोग जो हिंदी प्रेम के बारे में बहुत महत्तर भावों में सोचते हैं‚ वे इस स्थिति के बारे में आंखें मूंदे रहते हैं जबकि वस्तविकता हमारे इर्द-गिर्द सब जगह पसरी है.

अपने देश में ही ऐसा हो सो बात नहीं है. कोरिया का उदाहरण दूं जहां मैंने हाल तक पढ़ाया है. वहां विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए पूरे देश में एक केंद्रीय परीक्षा होती है जिसमें अंकों के आधार पर कंप्यूटर से तय होता है कि किस छात्र को कौनसा विश्वविद्यालय और उसमें कौनसा कोर्स मिलेगा. यानी कि छात्रों का पूरा भविष्य इसी परीक्षा से तय होता है. यही कारण है कि इस परीक्षा से पहले सब लोग बौद्धमठों‚ गिरजों या पहाड़ों में जाकर सघन प्रार्थना करते हैं. परिणाम निकलने पर बहुत रोना–पीटना मचता है. जो अंकों में सबसे निचले स्तर पर रह जाते हैं उन्हें ही हिंदी जैसे विषयों में धकेला जाता है. इसलिए वहां भी हिंदी लेना कोई गौरव या मनचाही बात नहीं‚ मजबूरी ही है. कक्षा में वहां भी पहले दिन बुझे चेहरों से ही सामना होता है. क्योंकि कम अंक पाने वालों की संख्या हमेशा ही बड़ी होती है इसलिए हिंदी में छात्रों की संख्या कुछ ज्यादा ही होती है. पिछले दिनों भारत और कोरिया के बीच संबंधों में घनिष्ठता और व्यापकता आई है और वहां छात्रों को लगने लगा है कि इससे हिंदी पढ़ाई बहुत काम आएगी. इसलिए पिछले कुछ वर्षों से हिंदी में छात्रों का आना गुणवत्ता और चुनाव से होने लगा है.

अब यदि मैं इस सब असलियत को छुपाकर केवल इतना ही बताऊं कि कोरिया की राजधानी सिओल के विश्वविद्यालय के दो कैंपसों में हिंदी पढ़ने वालों की संख्या दो–तीन सौ है या वहां हिंदी और भारत संबंधी ज्ञान के ७-८ विद्वान प्रौफैसर हैं जिन्होंने इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किया है, तो हिंदी वाले इसे बतंगड़ बनाकर पेश करेंगे और इससे भ्रामक निष्कर्ष निकालेंगे. कई ऐसे देशों में‚ जहां रोजगार की बहुत मारामारी नहीं है या आर्थिक हालत संपन्नता की है वहां केवल जिज्ञासा या ज्ञानपिपासा के लिए कुछ लोग हिंदी में आ सकते हैं. हालांकि दुनिया में अभी कोई देश भुक्कड़ स्थिति से निकल इतना संपन्न नहीं हुआ है कि मन से हिंदी पढ़ने की ‘लग्जरी’ का शौक पाल सके.

विदेशों में हिंदी : सरकारी प्रोत्साहन

दुनिया के जिन विश्वविद्यालयों में आज हिंदी पढ़ाई जाती है उसमें से अधिकांश की शुरूआत नेहरू के जमाने में हुए परस्पर के सांस्कॄतिक आदान–प्रदान समझौतों से हुई. नई आजादी थी‚ नया जोश था‚गुटनिरपेक्ष देशों में भारत की शान थी‚ भविष्य के उज्ज्वल होने की आशाएं थीं. लेकिन आज स्थिति बदल गई है. उन सपनों‚ उड़ानों की जगह तुच्छ व्यावहारिकताओं ने ले ली है. भाषाओं का अध्ययन बाजार से तय होता है कि किसमें कैरियर की कितनी संभावनाएं हैं.

लेकिन सरकारें समझौते करती चलती हैं और इस तरह विदेशों में हिंदी की पढ़ाई भी जारी रहती है. बस इतना ही. यूं जब अपनी सरकार का देश में हिंदी के प्रति रवैया साफ नहीं है तो विदेश में कैसे होगा. सरकार के प्रतिनिधि के रूप में भारतीय दूतावास के अधिकारी अपनी बोलचाल‚ चालढाल‚ लिबास‚रहन–सहन से इस बात का आभास कराए बिना नहीं रहते कि हिंदी सीखना कोई गौरव की बात नहीं‚ वह भारत में भी गंवारों की भाषा और संस्कॄति है. विदेश मंत्रालय के आधीन काम कर रही ‘भारतीय सांस्कॄतिक संबंध परिषद’ नाम की संस्था विदेशों के साथ हिंदी के इन समझौतों और हिंदी अध्यापकों के इंतजाम को गले में पड़ी हड्डी की तरह लेती है.

इसलिए दूतावास और सरकारी संस्थाएं हिंदी की पढ़ाई को हतोत्साहित करने में कोई कोर–कसर नहीं छोड़ते.

मुश्किल यह है कि बाहर के लोग समझते हैं कि हिंदी ही हिंदुस्तान की भाषा है और भारतीय साहित्य और संस्कॄति का ज्ञान उसी के माध्यम से हो सकता है. उन्हें क्या मालुम कि हिंदुस्तान का सरकारी और नौकरशाही तंत्र जितनी बेकद्री हिंदी की करता है उतनी और किसी चीज की नहीं.

यह असलियत विदेश में हिंदी पढ़ने वालों पर जल्दी ही उजागर होने लगती है. और देशों के छात्रों की तरह कोरिया के छात्र भी हिंदी को ही भारत की भाषा समझते हैं. जब कोरिया के साथ भारत का व्यापार बढ़ा तो उन्होंने समझा कि अब भारत में व्यापार करने वाली कोरिया की बड़ी कंपनियां – देवू‚ ह्यून्दे‚ सैमसंग‚ पास्को‚ एल जी‚ दुसान वगैरह – उन्हें अपने भारतीय दफ्तरों में नौकरियां देंगी क्योंकि वे भारत की भाषा के जानकार हैं. शुरू–शुरू में कंपनियों ने ऐसा किया भी. लकिन शीघ्र ही यह सिलसिला उलट गया. इन कंपनियों ने देखा कि जिन लोगों से इनके लोगों का सरोकार पड़ता है वे तो सब अंग्रेजी ही बोलते हैं. सारा पत्र–व्यवहार और लिखित कामकाज अंग्रेजी में ही होता है और अंग्रेजी बोलने और लिखने में कोरिया के ये छात्र अपने भारतीय हिंदी छात्रों की तरह ही कोरे हैं. सो जल्दी ही इन कंपनियों ने हिंदी के छात्रों को हटा अंग्रेजी जानने वाले अपने समाज–विज्ञानों के छात्रों को लेना शुरू कर दिया. हिंदी पढ़ने वालों को इस तरह भाषा की इस असलियत का ज्ञान हुआ.

जैसे-जैसे भारत की अर्थ-व्यवस्था और बाजार का प्रसार समृद्ध वर्गों तक सीमित रहने की जगह आम लोगों तक होगा और गांवों और कस्बों तक जाएगा, वैसे-वैसे कोरिया में हिंदी पढ़ने वाले या दुनिया के अन्य देशों में हिंदी पढ़ने वाले छात्रों की उपयोगिता बढ़ेगी. यह स्थिति पढ़ने वालों पर नहीं हमारी सरकार पर निर्भर करती है कि वह ५-६ दशक की काहिली से बाहर आ काम करना शुरू करेगी.

हिंदी हिंदी कितनी हिंदी

यह नहीं भूलना चाहिए कि किसी विदेशी भाषा को सीखना और उस पर कामचलाऊ अधिकार करना काफी मुश्किल काम है. तीन–चार साल की कड़ी मशक्कत के बाद जितनी हिंदी ये छात्र सीख सकते हैं वह कामचलाऊ ही हो सकती है. उसमें कोई गंभीर साहित्यिक काम करना संभव नहीं है. यह कामचलाऊ स्तर भी तभी बना रह सकता है जब हिंदी उनके जीवन व्यवहार और कामकाज से जुड़ी रहे. लेकिन होता बस यही है कि एकाध ऐसे लोगों को छोड़‚ जिन्हें हिंदी का काम मिल गया‚ बाकी लोग शीघ्र ही सब भूल जाते हैं. यानी कि उन्होंने हिंदी अध्ययन में जो तीन–चार साल बिताए वह सब व्यर्थ था. यह काफी दुखद है.
यह कहने में मुझे कोई संकोच नहीं है कि विदेशों में हिंदी के अध्ययन–अध्यापन को लेकर जो शानदार विवरण और विमर्श देश–विदेश में हिंदी से जुड़े लोगों द्वारा किए जाते हैं वे अधिकांश में वास्तविकता से अलग खुशफहमियों से परिचालित होते हैं. अधिकतर के लिए तो यह पापी पेट का सवाल है या उनके अस्तित्व‚ अस्मिता‚ महत्व और सार्थकता से जुड़ा है. वास्तविकता कटु यथार्थ को उजागर करने वाली है और गरिमामय झूठ पर पानी फेरने वाली है. इसलिए सभी जीवनभर गलतबयानी करते रहते हैं.

और फिर विश्व हिंदी सम्मेलन जैसे आयोजन इस अवास्तविकता को गौरवान्वित कर यथार्थ में बदलने की कोशिश करते हैं.

समापन

आज की दुनिया बहुत यथार्थवादी और व्यावहारिक है. उसने सब तरह के भावोच्छवास को निरस्त कर दिया है. किसी देश की भाषा और संस्कॄति में अब दूसरे देश की दिलचस्पी विशुद्ध ज्ञान के लिए नहीं हो सकती. उसके ठोस भौतिक कारण होने चाहिएं. मसलन दुनिया के तमाम देशों में चीनी भाषा के प्रति आकर्षण बढ़ा है तो उसके ठोस कारण हैं. भारत के प्रति वैसा आकर्षण अभी कहीं नहीं है. आकर्षण बढ़ाने के लिए उसे आर्थिक–वैज्ञानिक मानक बनाने होंगे. वैसे मानक केवल मंडी बन जाने से या दूसरों को सेवा मुहैय्या करने से नहीं बनते. वे बनते हैं नई खोजों‚ नए उत्पादों‚ नव्यताओं से. उसमें हमारा कोई योगदान नहीं.

एक तो भाषा की बेकद्री का कारण है यह.

दूसरा यह कि जब तक हिंदी या उसे बोलनेवाले अपने देश में सम्माननीय नहीं हो जाते तब तक उसे विदेश में भला कैसे सम्मान मिल सकता है. मातृभाषा के आंकड़ों के हिसाब से हिंदी विश्व में मंडारिन चीनी के बाद दूसरे नंबर पर आती है. लेकिन राष्ट्रसंघ से लेकर तमाम विश्व फॉरम्स पर उसकी कोई पूछ नहीं है. इन सवालों पर ध्यान देना चाहिए कि क्यों ऐसा है. देश की सरकार विश्व संस्थाओं की तरह उसकी बेकद्री क्यों करती है?

कुल मिलाकर भाषा के सवाल आर्थिक–सांस्कॄतिक विकास से जुड़े हैं. उन्हें केवल नारों से‚भावुकता से‚ वांछा से‚ हल नहीं किया जा सकता. हिंदी वालों को अपने सभा–सम्मेलनों–गोष्ठियों में हिंदी की विजय पताका फहराने की ‘गा गा’ से अधिक विमर्श इसका करना चाहिए कि हिंदुस्तान समकालीन दुनिया की दौड़ में कहां और क्यों पिछड़ रहा है‚ कि हिंदुस्तान में भी हिंदीभाषी कहां‚ कितना और क्यों पिछड़ रहा है.

हिंदी का भविष्य इन बुनियादी सवालों पर टिका है.

(फोटो - केन्द्रीय विद्यालय मुर्गीबाड़ी के ब्लॉग से साभार.)

Tuesday, August 3, 2010

शर्मसार हिन्दी

मुझे पता है अब लीपापोती का लम्बा सिलसिला चल निकलेगा और पूरे मसले को नित नए नए आयाम दिए जाएंगे - बड़े बड़े सूरमा तमाम तरह के विमर्शों में अपनी खोपड़ी घुसाए मिलेंगे और सब कुछ वैसे का वैसा हो जाएगा.

पता नहीं हिन्दी का साहित्य कब तक मतिभ्रष्ट अय्याशों के बयानों पर स्यापा करता रहेगा. म. गां. अं हि. वि. वि. के कुलपति राय साहब को मैं नहीं जानता, जानना भी नहीं चाहता. इन्टरव्यू के नाम पर जितना असंवेदनशील और घनघोर निन्दनीय बयान नया ज्ञानोदय में इन साहब के नाम से छापा गया है, उस पर कबाड़ख़ाना दोनों के प्रति अपनी आपत्ति दर्ज़ करता है.

मुझे उम्मीद है साहित्यकारों की नई पीढ़ी सामने आएगी और इस तरह के बड़बोले, दबंग और गैरज़िम्मेदार लोगों से रेवड़ियां लूटने की फ़िराक में लगे रहने के बजाय हमारी महान भाषा की मर्यादा को बचाए रखने में नए सिरे से सन्न्द्ध होगी.

Friday, July 24, 2009

'दिल्ली शहर तें पिशौर नुं जांदिए' उर्फ 'लुच्चों का गीत'



हिन्दी पढ़ने - पढ़ाने वालों की एक अलग दुनिया है जो इसी दुनिया में होते हुए भी अलग - सी है - बहुत कुछ एक बंद दुनिया की तरह . यहाँ संकेत हिन्दी रचनाकार और पाठक वर्ग से नहीं अपितु एक विषय के रूप में हिन्दी अध्ययन - अध्यापन की दुनिया से है जिस पर नामी गिरामी लेखक - संपादक - आलोचक अक्सर साहित्य विरोधी होने का आरोप लगाते रहते हैं और कालेजों - विश्वविद्यालयों के हिन्दी विभागों को हिन्दी साहित्य का कब्रगाह करार देने पर आमादा दिखाई देते हैं. इस मुद्दे पर बहुत लम्बी-लम्बी बहसे हो चुकी हैं और बिना किसी नतीजे के स्थगित हो गई दीखती हैं फिर भी इस बात से इनकर नहीं किया जा सकता है कि हिन्दी का जो भी छोटा -सा साहित्यिक संसार है उसमें उतर कर अतीत में झांकने पर कई दिलचस्प बातें मिल जाती हैं ( और इसमें हिन्दी विभागों की भूमिका को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है ) मसलन - 'उसने कहा था' का लुच्चों का गीत संबंधी विवाद .. आइए इस पर थोड़ा गौर करते हैं...

'उसने कहा था' चंद्रधर शर्मा 'गुलेरी' ( ७ जुलाई १८८३ - १२ सिसंबर १९२२) जिनके बारे में मशहूर है कि वे केवल तीन कहानियाँ - 'उसने कहा था', 'बुद्धू का काँटा' और 'सुखमय जीवन' लिखकर अमर हो गए, की एक कालजयी कहानी है जो महावीर प्रसाद द्विवेदी के संपादकत्व में निकलने वाली पत्रिका 'सरस्वती' के दिसंबर १९१५ के अंक में प्रकाशित हुई थी और तबसे विश्वविद्यालय स्तर के स्नातक और स्नातकोतार पाठ्यक्रमों में लगभग अनिवार्यत: जगह पाती रही है. यह कहानी कई कारणॊं से उल्लेखनीय है. पहली तो यह कि यह युद्ध की पॄष्ठभूमि पर लिखी गई पहली हिन्दी कहानी है. दूसरी यह कि हिन्दी कहानी के इतिहास में यह मील का पत्थर है ( कथाकार और नए 'हंस' के संपादक राजेन्द्र यादव इससे ही हिन्दी कहानी का विधिवत आरंभ मानते हैं) तीसरी बात यह कि इसमें टेकनीक के लिहाज से नयापन पहली बार सामने आया. पूर्वदीप्ति या फ्लैशबैक टेकनीक का ऐसा प्रयोग हिन्दी में पहली बार आया और अब तक ऐसा प्रयोग लगभग दुर्लभ ही है और चौथी बात यह की यह हिन्दी की पहली कहानी है जिस पर अश्लीलता का आरोप मढ़कर विद्वान प्राध्यापकों ने पाठ्यक्रम से बाहर का रास्ता दिखाने का सद्प्रयास (!) किया और यदि शामिल किया भी तो 'लुच्चॊं का गीत' को बाहर करने के बाद यह सदाशयता अपनाते हुए कि विद्यार्थी चरित्रवान बने रहे और प्रोफेसरान को बगलें न झाँकना पड़े. आइए देखते हैं उस गीत को जो विवाद का विषय बना रहा और एक ही कहानी अलग - अलग जगहों पर पाठान्तर के साथ पढ़ाई जाती रही और प्रतिनिधि संकलनों में शामिल होती रही -

दिल्ली शहर तें पिशौर नुं जांदिए,
कर लेणा लौंगां दा बपार मड़िए;
कर लेणा नादेड़ा सौदा अड़िए --
(ओय) लाणा चटाका कदुए नुँ।

कद्दू बण्या वे मजेदार गोरिये,
हुण लाणा चटाका कदुए नुँ।

( दिल्ली शहर से पिशौर / पेशावर को जाने वाली लौंगों का / लहँगों का व्यापार कर ले और नाड़े का सौदा कर ले. गोरिए , कद्दू बड़ा मजेदार बना है , चटखारे लेने का मन हो रहा है )

हिन्दी के बहुत से विद्वान प्राध्यापकों की नजर मे यह यह एक अश्लील और द्विअर्थी गीत था जिसे 'बच्चों' (!) को नहीं पढना चाहिए था और इसी बिरादरी का एक खेमा इसे यथावत पढ़ने- पढ़ाने के पक्ष में था और इसी उठापटक में इस कहानी के कई पाठ आज भी प्रचलित हैं यहाँ तक की गीत में भी कुछ पंक्तियों में हेरफेर की गई है.साथ ही बहुत से ऐसे संकलन भी है जिनमें यह गीत और गीत से पहले और बाद का पूरा प्रसंग यथावत विद्यमान है-
“मेरा डर मत करो। मैं तो बुलेल की खड्ड के किनारे मरूंगा। भाई कीरतसिंह की गोदी पर मेरा सिर होगा और मेरे हाथ के लगाये हुए आँगन के आम के पेड़ की छाया होगी।”

वजीरासिंह ने त्योरी चढ़ाकर कहा - “क्या मरने-मारने की बात लगाई है? मरें जर्मनी और तुरक ! हाँ, भाइयों, कैसे?”
*****
कौन जानता था कि दाढ़्यों वाले, घर-बारी सिख ऐसा लुच्चों का गीत गाएंगे, पर सारी खन्दक इस गीत से गूँज उठी और सिपाही फिर ताजे हो गये, मानों चार दिन से सोते और मौज ही करते रहे हों!
असल बात तो यह है कि इस गीत को लेकर श्लील - अश्लील विवाद में न तो पहले कोई दम था और ही आज है यह हिन्दी की अकादमिक बिरादरी के एक बड़े हिस्से की उस मानसिकता को दर्शाता है जो शुद्धता और शुचिता की आड़ लेकर किसी रचना को अपने तरीके से तोड़ - मरोड़कर पेश करने में कोई गुरेज नहीं करती और स्वयं को रचना / रचनाकार से बड़ा मानने की जिद पर अड़ी दिखाई देती है. किसी रचना की एतिहासिकता और मूल पाठ से खिलवाड़ करना भी उसे बुरा नहीं लगता.

शुक्र है कि हिन्दी के अध्ययन - अध्यापन की आज की दुनिया थोड़ी व्यस्क हो गई है और इस तरह के विवाद बस 'हिन्दी साहित्य का इतिहास' जैसी किताबों में ही रह गए हैं शायद ! इतिहास भी क्या गजब चीज है !

( 'उसने कहा था' और गुलेरी जी पर एकाध पोस्ट और जल्द ही )

Monday, June 8, 2009

( हिन्दी की ) किताबों तुम कहाँ हो ?



आवाज दे कहाँ है ?

अभी कुछ ही दिन पहले म. गा. अं हि. वि. की पत्रिका 'पुस्तक वार्ता' का नया अंक आया है. किताबों की दुनिया से रू-ब-रू कराने वाली इस पत्रिका को पढ़ने के बाद से मन बेकल है. पचास करोड़ लोगो द्वारा बोली जाने वाली हिन्दी भाषा के संसार में किताबों की दखल का अंदाजा क्या इसी बात से किया जाय कि दिनों - दिन पुस्तकों के संस्करण क्षीणतर होते जा रहे हैं और हम मुगालता पाले हुए हैं कि 'दुनिया रोज बनती है'. अगर इस पचास करोड़ीय संख्या का एक प्रतिशत भी किताबें पढ़ने वाल जीवधारी है तो यह कितना होता है ? हिसाब लगा लें और अपने अगल - बगल झाँककर आवाज दें - ( हिन्दी की ) किताबों तुम कहाँ हो ?

पहले पाँच हजार , फिर तीन हजार , फिर ग्यारह सौ, फिर पाँच सौ, फिर तीन सौ और अब सुना है कि सौ पर मामला आ गया है. साल बीतते - बीतते महत्वपूर्ण किताबों की सूची बनने - बिगड़ने लगती है, लोकार्पण - विमोचन समारोहों में भी किताबों की खूब धाँय-धूम होती है, पुस्तक मेलों के दौरान जमावड़ा भी कम नहीं होता है. इधर कुछेक समय से पत्रिकायें भी खूब निकल रही हैं - पुस्तक समीक्षाओं से लबालब भरी हुई फिर भी बावरा मन है कि कहे जा रहा है - ( हिन्दी की ) किताबों तुम कहाँ हो ?

पाढ़ाई - लिखाई के संस्थानों में कुंजियों , रिफ्रेशरों , 'एक अध्ययन' नुमा ग्रंथों और गाइडों की बहार है और साहित्य की दुनिया में हल्ला - गुल्ला , हाहाकार है. लगभग हर लिक्खाड़ या तो सेलेब्रिटी है या बनने की जुगत में जी - जान से जुता हुआ दिक्खे है. बड़े - बड़े सेमिनारों संगोष्ठियों छुटभैये बड़भैयों को किताबें सादर भेंट करने की परम्परा को अक्षुण्ण रखे हुए हैं , दुकानों पर किताबें ग्राहकों की बाट जोहती हुई ध्यानस्थ हैं. पुस्तकालयों की खरीद के तंत्र का हाल बेहाल है. खरीद -फरोख्त की दुनिया में किताब और कुछ नहीं बस माल है. इधर अपना बुरा हाल है.

कुछ किताबें हैं जो अब भी धड़ाधड़ छप रही हैं और बिक रही हैं. आपने कभी सोचा है कि उनके सदाबहार होने / बने रहने का रहस्य आखिर क्या है ! वह कहाँ छिपा है - काम में, नाम में या फिर दाम में ? अब दाम का क्या कहें ! क्या ग़ज़ब है साहब एक गत्ता भर लगा देने से दुगना दाम ! इस करिश्माई करामात को नमस्ते - सलाम !

बहुत कुछ है जो मन में घुमड़ रहा है, बादल बनकर बरसने को तैयार है किन्तु - परंतु -लेकिन डर लग रहा है कि अगर सबकुछ लिख दिया गया तो एक किताब बन जायेगी , और अगर ऐसा हो गया तो उसे छापेगा कौन ? कितनी प्रतियों का संस्करण होगा ? पेपरबैक और हार्डबाउण्ड प्रतियों का दाम क्या होगा ? पुस्तकालयों में ठेलने की प्रविधि क्या -कैसी होगी ? पुरस्कार प्राप्त करने की तरकीब कैसी होगी ? ठीक है -ठीक है - पाठक भी कोई चीज है उस पर भी कभी बात कर लेंगे . अभी तो ....

हिन्दी अपनी प्यारी हिन्दी और उसका साहित्यिक संसार..... अहा ! हहा ! आह ! वाह !

अजी सुनती हो !
हिन्दी की किताबों तुम कहाँ हो ?

आवाज दे कहाँ है ? दुनिया मेरी जवाँ है !

Tuesday, April 21, 2009

हिंदी बोलेंगे ओबामा, गर ठान लें...

अजब हंगामा बरपा है। समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में अंग्रेजी की अनिवार्यता हटाने की बात क्या कही गई, तूफान मच गया। उन अंगरेजी अखबारों को तो छोड़िए, जिन्होंने 1857 के संग्राम को खुलेआम विरोध किया था या भारत की आजादी की खबर इस अंदाज में छापी थी जैसे कोई अनहोनी हो गई, हिंदी मीडिया का भी एक तबका छाती पीट रहा है। जैसे अंग्रेजी की अनिवार्यता खत्म करना गैरकानूनी बात हो, या पहली बार कही जा रही हो। बाकी हिंदी समाज में भी इस हमले को लेकर एक खास तरह की उदासीनता है। दिमागी गुलामी का इससे बेहतर उदाहरण मिलना मुश्किल है।

इसमें शक नहीं कि मुलायम सिंह यादव हिंदी के लिए उतने ही प्रतिबद्ध हैं जितने कि समाजवाद के लिए। तीन बार देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य के मुख्यमंत्री रहने के बावजूद दोनों ही मसलों पर उनकी ओर से कोई ऐसी रचनात्मक और सकारात्मक पहलकदमी नहीं हुई जिससे कोई गुणात्मक फर्क पड़ता। लेकिन हिंदी का मसला उनका भी है जो मुलायम की राजनीति से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। क्योंकि अंग्रेजी की अनिवार्यता खत्म करके मातृभाषा को स्थापित करने की लड़ाई भावना का नहीं, जनतंत्र का प्रश्न है।

अंग्रेजी की अनिवार्यता हटाना दरअसल संविधान का संकल्प है। आजादी के आंदोलन के दौरान हिंदी को अखिल भारतीय संपर्क और राजकाज की भाषा बनाने का सपना इसलिए देखा गया था क्योंकि गुलामी सिर्फ भौगोलिक और शारीरिक नहीं होती, सांस्कृतिक भी होती है। और आजाद भारत में हिंदी इसी सांस्कृतिक आजादी की अभिव्यक्ति के लिए चुनी गई थी। ध्यान देने वाली बात ये है कि ये हिंदी पहले से मौजूद नहीं थी। बल्कि लगातार बनाई जा रही थी। हिंदी क्षेत्र में भी मातृभाषा तो अवधी, भोजपुरी, मगही, बघेली, बुंदेली जैसी बोलियां थीं जिन्हें पीछे छोड़ हिंदी की प्रतिष्ठा की जानी थी। ये स्वाभिमान का प्रश्न था। इसीलिए आजादी के बाद महात्मा गांधी ने बीबीसी के संवाददाताओं से अंग्रेजी में बात करने से इंकार करते हुए कहा था-दुनिया से कह दो, गांधी को अंग्रेजी नहीं आती। बाद में अरसे तक डा.लोहिया हिंदी को लेकर जूझते रहे और अंग्रेजी की अनिवार्यता खत्म करना समाजवादी आंदोलन की प्रमुख मांग बनी रही

जाहिर है, आज जो अंग्रेजी की ओर उंगली उठने पर बौखला रहे हैं वे मन ही मन गांधी जी और डा.लोहिया को भी मूर्ख मानते होंगे। ये तबका बेहद शातिर है। उसने बड़ी चालाकी से अंग्रेजों की अनिवार्यता हटाने के वाक्य से "अनिवार्यता" शब्द को गायब कर दिया। और बताने लगे कि अंग्रेजी हटाने की बात करना 21वीं सदी में मूर्खता है। इससे देश पीछे चला जाएगा या फिर मुलायम के अपने बच्चे क्यों अंग्रेजी स्कूलों में पढ़े,वगैरह-वगैरह। वैसे तो, महात्मा गांधी और डा.लोहिया ने भी विदेश जाकर अंग्रेजी माध्यम से ही पढ़ाई की थी। क्या इस तर्क पर हिंदी के बारे में उनके विचार गलत ठहराए जा सकते हैं।

दरअसल, ये सारे तर्क मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए हैं। बात सिर्फ इतनी है कि करीब 50 करोड़ हिंदी भाषी, अंग्रेजी न जानने के बावजूद कैसे तरक्की कर सकें। कैसे डाक्टर, इंजीनियर, मैनेजर बन सकें। जिन्हें अंग्रेजी पढ़ना हो पढ़ें, पर जिन्हें अंग्रेजी न आती हो, उन्हें खामियाजा न भुगतना पड़े। आखिर रूस, चीन, जर्मनी, जापान, फ्रांस, स्पेन जैसे देश बिना अंग्रेजी के तरक्की कर सकते हैं, तो हिंदी वाले क्यों नहीं। ये हक हिंदी ही नहीं सभी भारतीय भाषाओं को मिलना चाहिए।

वैसे भी, सिर्फ अंग्रेजी जानना ही विकास की गारंटी होती तो अमेरिका में लाखों लोग खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर नहीं होते। इक्कीसवीं सदी का एक चेहरा ये भी है कि अंग्रेजी जिस आर्थिक व्यवस्था के केंद्र में थी, वो दिवालिया हो गई है और जिस आउटसोर्सिंग का फायदा उठाने के लिए अंग्रेजी जानना जरूरी माना जाता था, उसे बंद करने के लिए अमेरिका में जुलूस निकल रहे हैं। यानी, मनमनोहन सिंह का अंग्रेजी सिखाने के लिए आक्सफोर्ड जाकर अंग्रेजों को शुक्रिया कहना बेकार जा सकता है। वैसे भी, अंग्रेजी का सारा तूमार गलत तथ्यों के आधार पर बांधा गया है। अंग्रेजी पूरी दुनिया की नहीं, सिर्फ इंग्लैंड, अमेरिका, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया और आधे कनाडा की भाषा है। यानी साढ़े चार देश। बाकी इन देशों के पूर्व उपनिवेशों के एक-आध फीसदी लोग इस भाषा का व्यवहार करते हैं।

दिमागी गुलामी को स्वर्ग का सुख मान रहे वर्ग की चिंता ये है कि अंग्रेजी की अनिवार्यता हटते ही करोड़ों-करोड़ आम लोग तेजी से कुलीनतंत्र के शामियाने में घुसने की कोशिश करेंगे। तब आम और खास का फर्क ही मिट जाएगा। शासक वर्ग भी इस फर्क को बनाए रखना चाहता है। उसकी चिंता देश के दो-चार करोड़ अंग्रेजी जानने वालों को लेकर ही रहती है। ये वर्ग मुखर है और सत्ता प्रतिष्ठान के हर कोने में कब्जा जमाए हुए है।

देखा जाए तो, आग और पहिये के बाद भाषा मनुष्य का सबसे बड़ा आविष्कार है। और दुनिया भर के शिक्षाशास्त्री बताते हैं कि मातृभाषा में शिक्षा से ही मेधा निखरती है। मौलिक अभिव्यक्तियां मातृभाषा में ही संभव होती हैं। जनतंत्र का तकाजा ये है कि जनता और शासन की भाषा एक हो, पर हिंदी समाज में मुंसिफ और मुल्जिम, मुवक्किल और वकील, डाक्टर और मरीज, अफसर और क्लर्क की भाषा अलग है। अंग्रेजी में निष्णात होने के प्रयास में हिंदी वाला पैर में पत्थर बांधकर दौड़ता है और अक्सर पिछड़ जाता है। ऐसे में जरूरत नए महाप्रयास की है। ये सही है कि ज्ञान-विज्ञान के तमाम क्षेत्रों में हिंदी किताबे उपलब्ध नहीं हैं। पर ये कोई मुश्किल काम नहीं है। अगर ठान लिया जाए तो पांच साल में दुनिया का सारा ज्ञान हिंदी में उपलब्ध हो सकता है। वैसे भी, आईआईटी,कानपुर के वैज्ञानिक ऐसा साफ्टवेयर विकसित करने के करीब पहुच गए हैं जो बटन दबाते ही सटीक अनुवाद पेश करेगा। यानी तकनीक भी काम आसान कर रही है। जरूरत है, इरादे की। याद करिए, तुर्की के कमाल पाशा को। उसने विद्वानों से पूछा कि तुर्की लागू करने के लिए कितना वक्त चाहिए। जवाब मिला-दस साल। कमाल पाशा ने कहा-समझ लो दस साल इसी वक्त खत्म हो गए, और तुर्की भाषा लागू हो गई।

कवि त्रिलोचन शास्त्री कहते थे कि हिंदी वालों में अपनी भाषा को लेकर अनुराग नहीं है। बात सही है। अनुराग होता तो समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में अंग्रेजी की बात पर न कांग्रेस आलोचना करने की हिम्मत करती, न बीजेपी। लेकिन उन्हें पता है कि हिंदी के नाम पर वोट नहीं पड़ते। जाति और धर्म के नाम पर पड़ते हैं। सोचिए, हिंदी का मजाक उड़ाने वाले मराठी की बात आते ही कैसे मिमियाने लगते हैं। बड़ी बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियां रातो-रात अपने बोर्ड मराठी में कर लेती हैं और मैकडॉनल्ड की दुकानों में बटाटा बड़ा बिकने लगता है। क्योंकि उन्हें राज ठाकरे जैसों के लट्ठ का डर है। पर हिंदी को न राज ठाकरे चाहिए न जूता चलाने वाले जरनैल। उसे तो जामवंतों की जरूरत है जो हिंदी वालों को उनकी ताकत का अहसास करा सके। 50 करोड़ जाग्रत हिंदी भाषियों के बाजार में घुसने के लिए तो ओबामा भी हिंदी सीख लेंगे।

Thursday, January 8, 2009

भाषा का बहता नीर और मुहावरों की पतली गली

पिछले महीने ५ -६ दिसंबर को ( अब तो पिछले साल भी कहना पड़ेगा ) 'पहाड़' के रजत जयंती कार्यक्रम मे शामिल होने के सिलसिले में पिथौरागढ़ जाना हुआ था. उस कार्यक्रम की रपट अखबारों में प्रमुखता से छपी है . व्यकिगत रूप से यह मेरे वास्ते मित्र मिलन भी था. आयोजनकर्ताओं ने प्रतिभागियों की खूब आवभगत की. किसी किस्म की दिक्कत नहीं हुई. मेघना रेस्टोरेंट के भोजन का स्वाद अभी तक जिह्वा के कोर पर उतराया हुआ है. ६ तारीख को नगरपालिका सभागार में संपन्न ' पहाड़ सम्मान' के अवसर पर कई लोगों को टोपी पहनाई गई- मतलब कि टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया. मंच से घोषणा होती रही और लोग टोपी पहनाकर -पहनकर खुश होते रहे, मुस्कराते रहे. निश्चित रूप से यह सम्मान - सौजन्य के प्रकटीकरण का एक बेहद सादा कार्यक्रम था- खुशनुमा और गर्मजोशी से लबरेज- न फूल , न माला , न बुके.. बस्स आदर से दोनो हाथों में सहेजी गई एक अदद टोपी और अपनत्व से नत एक शीश. उसी समय मुझे लगा कि घर पहुँचकर फुरसत से मुहावरा कोश खँगालना पड़ेगा , यह जानने के लिए कि हिन्दी में टोपी पर कितने व कितनी तरह के मुहावरे हैं . आपको यह नहीं लगता कि 'टोपी पहनाना' वाक्यांश मुहावरे की तरह इस्तेमाल होता है और उसका वह अर्थ तो आज की हिन्दी में भाषा नहीं ही होता है जो 'पहाड़' के आयोजकों की नेक मंशा थी. यही कारण था कि सभागर में विराजमान दर्शक - श्रोता टोपी पहनाने के बुलावे की घोषणा होते ही मंद-मंद मुस्कुराने लग पड़ते थे. मुहावरा कोश में मुझे टोपी पर कुल चार मुहावरे और उनके अर्थ कुछ यूँ मिले -

१. टोपी उछालना - इज्जत उतारना / अपमानित करना
२. टोपी देना - टोपी पहनाना , कपड़े देना / पहनाना
३. टोपी बदलना - भाई चारा होना
४. टोपी बदल भाई - सगे भाई न होते हुए भी भाई समान

ध्यान रहे कि इन मुहावरों का संदर्भ पगड़ी से भी जुड़ा है क्योंकि टोपी के मुकाबले पगड़ी से हिन्दी के भाषायी समाज का रिश्ता निकटतर है / रहा है.

इसी प्रसंग में मैंने जब अपने निकट की बोलचाल की हिन्दी को टटोलकर देखा तो पता चला कि कबीर ने सही कहा था कि 'भाखा बहता नीर'. कोश -थिसारस आदि किताबें हैं - दस्तावेज , प्रामाणिक संग्रह किन्तु इनकी सीमाओं के पार भाषा और उसकी प्रयुक्ति की एक ऐसी दुनिया है जो रोज बन रही है व बदल रही है. हमारी अपनी हिन्दी रोज नई चाल में ढल रही है और नए - नए मुहावरे अपनी नई नई अर्थछवियों के साथ नित्य उदित और उपस्थित हो रहे हैं. मैं कोई भाषाविद नहीं हूँ , इसलिए मेरे पास इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि बता सकूँ इनमें से कितने मुहावरा कोश ग्रंथों में सहेजे जा चुके हैं. आइए एक नजर उन दस मुहावरों पर डालते हैं जो हिन्दी के नये रंग में अपनी छटा बिखेर रहे हैं -

१. चिड़िया लगाना / चिड़िया बिठाना
२. चाय पानी करना / चाय पानी करवाना
३. सुविधा शुल्क देना / लेना
४. झंड होना / झंड करना
५. फंडे देना / फंडू होना
६. सेटिंग करना / सेटिंग करवाना
७. लाइन मारना / लाइन देना
८. गोली देना
९. सैट होना / टैट होना
१०. पतली गली पकड़ना / पतली गली से निकल लेना

ऊपर दिए गए मुहावरों का क्रम दस पर ही बस नहीं होता है.ऐसे ढेरों मुहावरे हैं / होंगे जिनका प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है. इसीलिए ऊपर जानबूझ कर उनके अर्थ भी नहीं दिए गए क्योंकि ये सब आज की बोलचाल की हिन्दी का हिस्सा हैं.शुद्ध हिन्दी ,मानक हिन्दी, परिष्कृत हिन्दी, परिनिष्ठित हिन्दी, संस्कारवान हिन्दी, चालू - चलताऊ हिन्दी, असली हिन्दी, हिंगलिश, जैसी कई तरह की हिन्दी हमारे निकट विद्यमान है. सवाल यह है कि हमें अपने जीवन संस्कार में भाषा के किस संस्कार को अपनाना है . जो भी हो मुहावरे हर तरह की हिन्दी में हैं .मैंने तो अपने आसपास सुनाई देने वाली हिन्दी से कुछ मुहावरेदार नमूने पकड़े और पेश किए हैं . अगर इनसे किसी को किसी तरह की असुविधा लगे तो क्षमा चाहते हुए इतना ही कहना है कि ये भाषा की परिधि में मौजूद हैं - ये आपकी, मेरी भाषा का अविभाज्य अंग बनें या न बनें यह चुनाव नितांत वैयक्तिक है परंतु उनकी सामाजिक उपस्थिति से कतई इनकार नहीं किया जा सकता.

खैर,आपने यह पोस्ट पढ़ी. आभार. अब तो भलाई इसी में है कि मैं पतली गली से निकल...नहीं नहीं फूट ही लेता हूँ

Sunday, September 14, 2008

हिन्दी के सुमनों के प्रति पत्र


( १४ सितम्बर ... आज हिन्दी दिवस है. अखबारों,पत्रिकाओं और नेट-टीवी-ब्लाग सब जगह हिन्दी-हिन्दी दिखाई दे रहा है.आह हिन्दी (!) और वाह हिन्दी (!),हाय हिन्दी (!) और बाय हिन्दी (!) दोनो ही तरह की बातें हर साल सितम्बर महीने में सुनाई देती हैं. भारतेन्दु के जमाने में हिन्दी नई चाल में ढ़ली थी, उसके बाद भी ढ़ली और अब इक्कीसवीं सदी के इस शुरुआती दशक में हिन्दी लगातार नई चाल में ढ़ल रही है.जरुरत है कि खुद को 'हिन्दी हैं हम' कहने वाले लोग इसकी चाल को पहचानें और अप्नी चाल बिगड़ने न दें.स्यापा करने के मुकाबले सचेत रहना हमेशा मुफ़ीद होता है.

आज सोचा था कि हिन्दी दिवस के 'उपलक्ष्य' में कोई छोटा-सा लेख लिखूंगा , पर लिख न सका या यों कहें कि लिखने का मन न हुआ. बिना मन के कलम घिसाई करने से आटा कम चोकर अधिक निकलता है. आज सुबह से ही निराला बहुत याद आ रहे हैं. सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' - 'हिन्दी के हित का अभिमान वह'. हां वही निराला,हिन्दी का महान कवि और गद्यकार जिस जिसके लिए 'दु:ख ही जीवन की कथा रही'. आज प्रस्तुत है निराला की कविता -हिन्दी के सुमनों के प्रति पत्र।)


हिन्दी के
सुमनों के प्रति पत्र /
निराला

मैं जीर्ण - साज बहु छिद्र आज,
तुम सुदल सुरंग सुवास सुमन
मैं हूं केवल पदतल - आसन,
तुम सहज विराजे महाराज .

ईर्ष्या कुछ नहीं मुझे, यद्यपि
मैं ही वसंत का अग्रदूत,
ब्राह्मण - समाज में ज्यों अछूत
मैं रहा आज यदि पार्श्वच्छवि.

तुम मध्यभाग के महाभाग !
तरु के उर के गौरव प्रशस्त,
मैं पढ़ा जा चुका पत्र, न्यस्त
तुम अलि के नव रस - रंगराग.

देखो, पर, क्या पाते तुम 'फल'
देगा जो भिन्न स्वाद रस भर,
कर पार तुम्हरा भी अन्तर
निकलेगा जो तरु का सम्बल.

फ़ल सर्वश्रेष्ठ नायाब चीज
या तुम बांधकर रंगा धागा;
फल के भी उर का, कटु, त्यागा,
मेरा आलोचक एक बीज.