Tuesday, November 5, 2013

इतनी सारी रपटें, इतने सारे सवाल - बर्तोल्त ब्रेख़्त



पढ़ने वाले एक मजदूर के सवाल

-बर्तोल्त ब्रेख़्त

किसने बनाया सात फाटकों वाले थीब्स नगर को?
किताबों में आपको पढ़ने को मिलेंगे राजाओं के नाम
क्या राजाओं ने ढोया था उन चट्टानों को?

और बेबीलोन, कितनी ही बार ढहाया गया,
किसने खड़ा किया उसे हर बार?

सोने से जगमगाते लीमा को बनाने वाले
किन घरों में रहा करते थे?
जिस शाम चीन की महान दीवार पूरी हुई
कहाँ गए थे राजमिस्त्री उसके बाद?

विजय की मेहराबों वाला महान रोम.
किसने खड़ा किया उन्हें?

किन पर जीतें हासिल कीं कैसरों ने?
क्या कुस्तुनतुनिया में, जिसकी तारीफ़ में गाये गए हैं बेशुमार क़सीदे,
क्या वहां के निवासियों के रहने को सिर्फ़ राजमहल हुआ करते थे?

यहाँ तक कि गाथाओं वाले अटलांटिस में, जिस रात
समुन्दर ने डुबोया था उसे,
डूबते हुए लोग तब भी पुकार रहे थे अपने गुलामों को.

युवा सिकंदर ने हिन्दुस्तान फ़तह किया.
क्या अकेला था वह?

सीज़र ने पराजित किया था गॉलों को.
क्या उसके साथ एक भी रसोइया न था?

स्पेन का फ़िलिप रोया था अपने आर्मादा के डूबने पर.
क्या वह इकलौता था रोने वाला?

फ्रेडरिक द्वितीय ने जीती थी सात-साला जंग.
और किसने जीती थी वह जंग?

हर पन्ने में एक जीत.
विजेताओं के भोज के लिए किसने सम्हाली रसोई?

हर दस साल में एक महान आदमी.
बिल किसने भरा था?

इतनी सारी रपटें.

इतने सारे सवाल.


No comments: