Tuesday, December 15, 2009

जब शुक्रवार की रात को तितलियाँ छोड़ देती हैं इस घर का बसेरा

'कबाड़ख़ाना' पर आप विश्व कविता के कोष से रू-ब-रू होते रहे हैं और कोशिश रहती है कि यह क्रम बीच-बीच में अपनी शक्ल दिखाता रहे और कविता प्रेमियों को पढ़ने के लिए कुछ बढ़िया मिलता रहे।अब तक आप बहुत - सी कविताओं के अनुवाद यहाँ देख-पढ़ चुके हैं , इसी कड़ी में आज अरबी की एक मशहूर युवा कवि ( कवयित्री कहना कहना जरूरी तो नहीं ?) फ़ातिमा नावूत की एक कविता 'स्केचबुक' प्रस्तुत है। हिन्दी में कविता का स्त्री स्वर या स्त्री कविता पर खूब लिखा गया और खास स्त्री कविताओं के संग्रह भी बहुत से आए हैं। उन सब कविताओं के समानान्तर इसे रख कर देखना एक जरूरी बात हो सकती है।
१९६४ में जन्मीं फातिमा जी कवि हैं , गद्य लिखती हैं, अनुवादक हैं , नील नदी के देश मिस्र में रहती हैं और कविता में प्रबल स्त्री पक्ष की हिमायती हैं। उनकी कुछ और कविताओं के अनुवाद जल्द ही ...


स्केचबुक

चालीस की उम्र में
औरतों के बैग थोड़े बड़े हो जाते हैं
ताकि उनमें अँट सकें
ब्लड प्रेशर की गोलियाँ और मिठास के डल्ले ।
नजर को ठीक करने के वास्ते
चश्मे भी
ताकि चालाक अक्षरों को पढ़ा जा सके इत्मिनान से ।

बैग की चोर जेब में
वे रखती हैं जरूरी टिकटें तथा कागजात
और ग्रहण के दौरान
हिचकी की रोकथाम करने का नुस्खा भी।
वे रखती हैं एक अदद मोमबत्ती
क्योंकि आग से दूर भागते हैं पिशाच
जो रात में चुपके से आकर
रेत देते है औरतों की गर्दनें ।
वे बैग में रखती हैं वसीयतनामा :
मेरे पास हैं 'रंगों के निशान'
( जो हाथों में आकर अटक जाते हैं
जब कोई तितली इन पर बैठ जाती है )
मेरे पास है एक स्केचबुक
और एक ब्रश
- एक अकेली औरत की तरह -
जिसे सौंपती हूँ मैं अपने मुल्क को ।

चालीस की उम्र में
मोजों से झाँकने लगते हैं घठ्ठे
और जब शुक्रवार की रात को
तितलियाँ छोड़ देती हैं इस घर का बसेरा
तब हृदय हो जाता है किसी खाली बरतन की मानिन्द
वे कहाँ जाती होंगी भला ?
शायद राजधानी के पूरबी छोर पर रहने वाली
किसी अच्छी मामी, चाची, फूफी, मौसी के कंधों पर
जमाती होंगीं अपना डेरा ।
एक ..दो ..तीन ..चार ..पाँच ..छह..
छह रातें..
एक चुप , उदास औरत
अपनी बालकनी में बैठकर
तितलियों की वापसी का करती है इंतजार ।

चालीस की उम्र में
एक औरत बताती है अपनी पड़ोसन को
कि मेरा एक बेटा है
जिसे नापसंद है बोलना - बतियाना ।

इससे पहले कि वह कहे -
अम्मी , तुम जाओ
अब मैं ठीक हूँ
अब मैं बड़ा हो गया हूँ..
हे ईश्वर ! मुझे थोड़ा वक्त तो दो खुद के वास्ते ।

------

फ़ातिमा नावूत की और एक कविता का अनुवाद यह भी है।

Monday, December 14, 2009

एक हिमालयी यात्रा: आठवां हिस्सा

(पिछली किस्त से जारी)



जौलिंगकौंग

अगली सुबह हम थोड़ा देर से उठते हैं. इगलू की नन्ही खिड़कियों से छन कर आए धूप के दो चमकीले आयत भीतर किसी सर्रियल पेन्टिंग का सा अहसास दे रहे हैं. मैं जयसिंह की खोज में निकलता हूं ताकि चाय की व्यवस्था की जा सके. बाहर आते ही अपने सामने फैले लैन्डस्केप की विराट सुन्दरता मुझे पत्थर जैसा कर गूंगा बना देती है.

दिन बेहद साफ़ है - लगातार तीसरा साफ़ शफ़्फ़ाफ़ दिन. मेरे ठीक सामने बर्फ़ से ढंकी चोटियों के मध्य अतुलनीय आदिकैलाश है. पलटकर देखता हूं - बेहद ऊंचे, बंजर, अकल्पनीय आकारों वालों हल्की भूरी रंगत वाले पहाड़. हरियाली का कोई नामो-निशान नहीं. हमारे कैम्प के बग़ल में शान्त कुटी यांगती बह रही है. खुले में पर्याप्त गरमी महसूस होती है.

मैं सबीने को जगाता हूं और हम काफ़ी देर तक लैन्डस्केप को देखते रहते हैं. हमारे पैरों पर मासूम दिख रहे छाले पड़े हुए हैं. हम कल के दुस्साहसिक अभियान की याद करते हैं - हमें हैरत होती है कि हम असल में इस काम को अंजाम दे सके. सबीने की तबीयत आज बेहतर है.

दोपहर के आसपास हम आई.टी.बी.पी. कैम्प जाते हैं. सिपाही हमें पहचान लेते हैं और उन में से एक हमें कमान्डैन्ट के तम्बू तक ले जाते हैं. कमान्डैन्ट के ऊपर भालू जैकेट और नीचे गांधी आश्रम वाला गन्दा पाजामा पहना हुआ है - उसके चेहरे पर मनहूसियत और क्षमायाचना पसरी हुई है.

"आइये सर!" वह अपनी ओर से दोस्ताना होने की पूरी कोशिश में है, "मैं कल रात के लिए शर्मिन्दा हूं". ऐसा कहता हुआ वह अपने तम्बू में बिखरी बेतरतीब चीज़ों को तरतीब में लगाने की जुगत करता रहता है.

मैं उसकी नकली दोस्ताना बातों पर ध्यान नहीं देता हुआ अपने काग़ज़ात उसे दिखाता हूं. वह काग़ज़ों पर उड़ती सी निगाह डालता है और कहता है - "मेरे ख़याल से अब इनकी कोई ज़रूरत नहीं. आप कॉफ़ी लेंगे या चाय?"

मैं अब भी काफ़ी अपसैट हूं और कल रात जयसिंह के साथ उसके सिपाहियों द्वारा किये गए दुर्व्यवहार के लिए उसकी ऐसीतैसी करना चाहता हूं लेकिन मेरा मन कहता है कि इतने शानदार लैन्डस्केप के बीच ऐसा करना ठीक नहीं. हम उठने को होते हैं कि एक सिपाही ट्रे में कॉफ़ी लेकर तम्बू के भीतर आता है. चीनी के शर्बत जैसी घटिया कॉफ़ी को ज्यूंत्यूं निबटा कर हम बाहर आते हैं. किसी भी तरह का वार्तालाप कर सकने की कमान्डैन्ट की सारी कोशिशों को मैं नज़र अन्दाज़ करता रहा.

बाहर कुछ भी नहीं बदला है. क्या शानदार नज़्ज़ारा है! कैम्प-मैनेजर ने हमें पार्वती सरोवर और उससे लगे मन्दिर की बाबत बतलाया हुआ है. हम बांई तरफ़ को जाकर एक छोटी सी पहाड़ी चढ़ते हैं जिसके ऊपर पार्वती सरोवर अवस्थित है. यहां से आदि कैलाश के आधार पर स्थित एक और झील नज़र आती है.

मन्दिर के कैम्पस से तीन अधेड़ स्त्रियां बाहर आती हैं. उनमें से एक हमें इतनी देर तक घूरती रहती है कि मुझे खीझ होने लगती है. लेकिन मेरी खीझ बेमानी निकलती है जब वह हमारे पास आकर विनम्रता से पूछती है कि क्या हमीं लोग पिछले साल लम्बे समय तक उसके गांव गुंजी में लम्बे समय तक रहे थे. हमारा परिचय बाकी की दो महिलाओं से कराया जाता है. दरअसल ये तीनों बहनें हैं और क्रमशः गुंजी, गर्ब्यांग और नपल्चू गांवों से एक मन्नत मांगने इतनी दूर चलकर आई हैं.

वे हमें जॉलिंगकौंग के भूगोल से परिचित कराती हैं. आदि कैलाश के आधार पर मौजूद झील को राक्षस ताल कहा जाता है. दीगर है कि कैलाश पर्वत की बग़ल में अवस्थित झील भी इसी नाम से जानी जाती है. महिलाएं हमें पार्वती सरोवर तक लेकर जाती हैं. झील ठीकठाक बड़ी है. पास ही ज़मीन के एक टुकड़े पर हल्के धानी रंग की उंची घास उगी हुई है. सारा दृश्य किसी पिक्चर पोस्टकार्ड का भ्रम देता है. गुंजी से आई महिला पूछती है कि क्या हम इस खेत की कहानी से परिचित हैं. मेरे ना कहते ही वह इस खेत की कहानी सुनाना चालू कर देती है. दरअसल यह घास नहीं पवित्र धान के पौधे है.

"लेकिन इसमें धान पैदा नहीं होता" वह जोड़ती है.

पौधे वास्तव में धान के पौधे लग रहे हैं. लेकिन करीब सोलह हज़ार फ़ीट की ऊंचाई पर धान उगने की बात कल्पनातीत लगती है. मैं नकली आश्चर्य व्यक्त करता हूं ताकि उसकी भावनाओं को आहत न कर दूं.

वापस कैम्प की तरफ़ जाते हुए हम तमाम तरह की बातें करते जाते हैं. मैंने उनसे हमारे साथ चलकर चाय पीने का आग्रह किया है.

कैम्प पहुंच कर पार्वती सरोवर की दास्तान विस्तार में सुनाई जाती है.

कभी कुटी गांव में लीबेनह्या नाम का एक राजा रहता था. उसकी दो पत्नियां थीं. एक पत्नी तिब्बत की थी जबकि दूसरी नेपाल के मारमा इलाके की.

तिब्बती रानी किसी तरह की शिकायतें नहीं करती थी. कुटी जैसी ऊंचाई पर जो भी मोटा अनाज उगता था उसी से उसका काम चल जाया करता था. तिब्बत के बीहड़ पठारों में उपलब्ध ज़्यादातर खाद्य सामग्री इस अनाज के सामने भूसा लगने लगी थी उसे. नेपाली रानी को अपने मायके में स्वादिष्ट व्यंजनों की आदत पड़ी हुई थी और बहुत चाहने पर भी वह व्यांस घाटी के परम्परागत भोजन के साथ स्वयं को एडजस्ट नहीं कर सकी.

वह धर्मपारायण ब्राह्मण स्त्री थी और अपने देवताओं पर बहुत आस्था रखती थी. उसने फ़ैसला किया कि किसी भी कीमत पर इन ऊंचाइयों पर भी धान, जौ और मडवा उगा कर दिखाएगी. उसने एक सन्देशवाहक को अपने पिता के पास नेपाल भेजकर वहां से इन सब के बीज मंगवाए. जौलिंगकौंग में इस उद्देश्य हेतु एक खेत तैयार करवाया गया.

शौका परम्परा के मुताबिक नेपाली रानी ने संसार के तमाम कीड़ों से प्रार्थना की कि वे आकर उसके खेत को उपजाऊ बनाएं. इसमें एक तकनीकी अड़चन भी थी. स्थान की उंचाई की वजह से वहां सांपों का जीवित रह सकना असम्भव था. लेकिन चूहों और छछूंदरों से ग्रस्त उस खेत में सांपों का रहना ज़रूरी शर्त थी.

सो इस उद्देश्य की प्राप्ति हेतु नेपाली रानी ने शेषनाग की आराधना करने का निर्णय लिया.

इस दौरान तिब्बती रानी हालिया महीनों में राजा द्वारा नेपाली रानी पर दिए जा रहे अतिरिक्त ध्यान की वजह से डाहग्रस्त हो गई. इसी डाह में उसने तय किया कि वह कुटी गांव में नमक की खान पैदा कर देगी जैसा कि उसके मायके यानी तिब्बत में हुआ करती थीं. स्वयं उसके पिता के राज्य में कई नमक की खानें थीं जिनसे दुनिया का सबसे सफ़ेद नमक निकला करता था.

नेपाली रानी की आराधना से प्रसन्न हो शेषनाग ने दारमा घाटी से जौलिंगकौंग की यात्रा शुरू की - वे स्येला ग्लेशियर के रास्ते पन्द्रह किलोमीटर की दुरूह यात्रा करते हुए ऊपर की तरफ़ चढ़ने लगे.

तिब्बती रानी को यकीन था कि नेपाली रानी के प्रयत्न बर्बाद हो जाएंगे. लेकिन जब उसे शेषनाग की यात्रा का पता चला उसकी ईर्ष्या की कोई सीमा न रही. उसने गांव में रहनेवाली एक दुष्ट जादूगरनी को मदद के लिए बुलवाया. जादूगरनी और तिब्बती रानी स्येला ग्लेशियर से जौलिंगकौंग पहुंचने वाले पहाड़ की चोटी के उस तरफ़ पहुंचकर छिप गईं. जैसे ही शेषनाग ने नीचे की तरफ़ उतरना शुरू किया, इन दो दुष्ट औरतों ने कालीन बुनने में काम आने वाले तीखी धार वाले ’थल’ की मदद से शेषनाग का सिर काट डाला.

शेषनाग का सिर तीखी ढलान से होता हुआ नीचे कुटी यांगती के किनारे जा गिरा जबकि उसकी बाकी की देह ने चट्टानों पर अपना निशान छोड़ दिया.

इस अपराध के बाद राजा आगबबूला हो गया - राजा अपराधस्थल पर पहुंचा जहां उसके साथ तिब्बती रानी और जादूगरनी की जंग हुई. इस जंग के अन्त में तीनों की मृत्यु हो गई.

"आप कुटी गांव से शेषनाग के निशान देख सकते हैं. और अगर आप नीचे उतरकर कुटी यांगती नदी के किनारे तक जाएं तो आपको शेषनाग का सिर नज़र आएगा. पहाड़ी के आधार से दो पतली धाराएं बहती हैं - एक में सफ़ेद द्रव होता है दूसरी में काईदार भूरा. सफ़ेद वाला द्रव मृत राजा के दिमाग से बाहर आता है जबकि दूसरा वाला दुष्ट तिब्बती रानी के दिमाग से ..."
गुंजीनिवासिनी की आवाज़ में भरपूर आत्मविश्वास है.

(जारी)

Sunday, December 13, 2009

एक हिमालयी यात्रा: सातवां हिस्सा





(पिछली किस्त से जारी)

हम अपने जूते उतारते हैं. पैरों में ज़रा ज़रा सनसनी महसूस होती है अलबत्ता बर्फ़ उन्हें पत्थर बना चुकी है. इगलू के भीतर एक बड़ा सा आईना है. सोलर लालटेन की मद्धम रोशनी में मैं अपना प्रतिविम्ब देखता हूं. ऐसा लगता है पिंडारियों के किसी गिरोह ने मेरी ज़बरदस्त ठुकाई की है.

सबीने मुझे खुद को आईने में देखता हुआ देखती है और हंसने लगती है: "नो चान्स फ़ॉर यू नाउ, चोको! नो मोर प्रेटी कुमाऊंनी वाइफ़ फ़ॉर यू! हू वुड मैरी सच एन अगली येती! ..."

"पहले तुम अपनी नाक देखो ..." चिढ़ाने की बारी अब मेरी है. दरवाज़े पर खटखट होती है और एक लड़का दो बाल्टियों में गर्म पानी लेकर भीतर आता है.

वह बाल्टी रखकर जाने ही को है जब बाहर हल्लागुल्ला सुनाई देता है. सुनाई दे रही आवाज़ों में एक आवाज़ जयसिंह की जैसी लगती है.

बाहर जाकर देखता हूं. जयसिंह को कोई आधा दर्ज़न सिपाही घेरे हैं - सारे के सारे धुत्त. आंखों में आंसू भरे जयसिंह भय से कांप रहा है. सिपाहियों ने बेबात जयसिंह को अपमानित और परेशान किया है. चरवाहों के तम्बुओं से वापस कैम्प की तरफ़ लौटते उसे इन टुन्न सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया और उससे परमिट वगैरह की बाबत फ़िज़ूल सवालात किए. जब तक बिचारा कुछ समझ पाता उसे गिरफ़्तार किए जाने का फ़रमान सुना दिया गया. मुझे पक्का यकीन है उन्होंने जयसिंह के साथ हाथापाई भी की होगी.

मैं सिपाहियों को सारे कागज़ात दिखाकर चेताता हूं कि वापस पिथौरागढ़ और दिल्ली जाकर मैं उच्चाधिकारियों तक इस वाकये की रपट लिखवाऊंगा. इसका असर फ़ौरी होता है और वे नकली माफ़ी मांग कर अपने रास्ते निकल जाते हैं. चलो आखिरकार सब सुलझ तो गया - मैं जयसिंह की पीठ थपथपाता हूं

इगलू के दरवाज़े पर एक बार फिर खटखट होती है. इस बार करीब एक दर्ज़न सिपाही अपने कमान्डैन्ट के साथ सामने हैं. कमान्डैन्ट का व्यक्तित्व इस कदर बेहूदा और मनहूस है ... वह कोई पचास-बावन साल का है और चालढाल में भारतीय सेना के फ़ील्डमार्शल की हज़ारवीं कार्बन कॉपी के ठसके का बदतमीज़ प्रदर्शन करने के कुटैव से पीड़ित है. इस कार्य को अंजाम देने के लिए सस्ती उबकाईभरी रम का प्रचुर इस्तेमाल भी किया गया है.

"क्या मैं आपके पेपर्स देख सकता हूं, सर?"

मेरी खीझ अपनी हद पार करने को है.

"ज़रूर. पर मुझे लगता है कि आप यह काम कल करते तो कहीं बेहतर होता." इस बार सबीने कमान्डैन्ट से ढिठाई से कहती है.

"देखिये यह एक वर्जित इलाका है और बगैर सही काग़ज़ात के यहां कोई नहीं घूम सकता."

"मुझे मालूम है सर और हम पिछले दो महीनों से इस इलाके में घूम रहे हैं. और रही बात काग़ज़ात की ..."

सबीने कागज़ात लेकर तैयार है. कमान्डैन्ट अफ़सर जैसा दिखने की भरपूर कोशिश कर रहा है.

"हम्म! कागज़ तो ठीक लग रहे हैं ... मगर ..." वह किसी न किसी बहाने से कुछ कमी निकालने की फ़िराक में लगा हुआ है ... "अपके परमिट में आपके पोर्टर का नाम दर्ज़ नहीं है."

"जयसिंह जी पांगला के नज़दीक दंदौला गांव के रहनेवाले हैं और नियमों के हिसाब से स्थानीय लोगों को किसी परमिट इत्यादि की ज़रूरत नहीं पड़ती. और आपको कोई और शंका है तो कृपा करके अपने उच्चाधिकारियों से बात करे. अभी हम थोड़ा आराम करना चाहेंगे. थैंक्यू सो मच."

खीझ और गुस्से में मैं पलटता हूं. वह सबीने से कह रहा है - "मैं चाहूंगा कि कल किसी वक्त आकर आप हमारे कैम्प में अपने नाम रजिस्टर करवाने आएं."

इतनी भीषण यात्रा के बाद इस गैरज़रूरी घटना ने जी खट्टा कर दिया है. मैं ज़ोर ज़ोर से कमान्डैन्ट और उसकी टुन्नटुकड़ी को करीब दस लाख गालियां समर्पित करता हूं. बीदांग में गिफ़्ट में मिली व्हिस्की की बची हुई बोतल इस सत्कर्म को अंजाम देने हेतु अनुप्रेरक का काम करती है.

(जारी)

Friday, December 11, 2009

ओ आमाजी मोर नी मारणा मोर नी गवांणा हो



’सिल्क रूट’ नामक बैन्ड की ’मोर नी’. यह अविस्मरणीय हिमांचली कम्पोज़ीशन मुझे हमारी कबाड़न विनीता यशस्वी के मार्फ़त मिली. आनन्द उठाइये.



अम्मा पुछदी सुन धिये मेरे ए
दुबड़ी इतणी तू किया करि होई हो

पारली बणिया मोर जो बोले हो
आमाजी इना मोरे निंदर गंवाई हो

सद लै बन्दूकी जो सद लै शिकारी जो
धिये भला ऐता मोर मार गिराणा हो

मोर नी मारणा मोर नी गवांणा हो
आमाजी ऐता मोर पिंजरे पुवाणा हो

कुथी जांदा चन्द्रमा कुथी जांदे तारे हो
ओ आमाजी कुथी जांदे दिलांदे पियारे हो

छुपी जांदा चन्द्रमा छुपी जांदे तारे हो
ओ धिये भला नईंयो छुपदे दिलांदे पियारे हो


भावानुवाद: (मां बेटी से पूछती है कि मेरी प्यारी तू इतनी उदास क्यूं है. बेटी कहती है कि अगले जंगल में मोर पुकारें लगा रहा है वह मेरी नींदें उड़ा ले जा रहा है. मां कहती है : शिकारियों को उनकी बन्दूकों समेत बुलवा लेंगे जो इस मोर को मार डालेंगे. बेटी कहती है : नहीं हम मोर को मारेंगे नहीं. मैं उसे पिंजरे में रख लूंगी.

"मां चांद कहां चला जाता है और कहां चले जाते हैं तारे? ओ मां हमारे दिलों में बसे लोग कहां चले जाते हैं?"

"चांद छिपने चला जाता है और छिपते चले जाते हैं तारे. ओ मेरी प्यारी बेटू, हमारे दिलों में बसे लोग कहीं नहीं जाते. वे रहते हैं हमारे दिलों में"
)

* १. अनुवाद की ख़ामियों के लिए मैं ज़िम्मेदार हूं.
** २. सुनने में आये आनन्द की ज़िम्मेदारी विनीता की है.


('सिल्क रूट’ का कुछ और संगीत और इन प्रतिभाशाली युवा संगीतकारों पर एक और पोस्ट जल्द ही.)

Thursday, December 10, 2009

क्या मेरा वक्त आ गया है ! / श्रद्धांजलि : दिलीप चित्रे

* याद करें आज से कई बरस पहले एक फिल्म आई थी 'गोदाम'। ....कुछ याद आया। इस फिल्म के लेखक / निर्देशक थे दिलीप चित्रे।

* याद करें आज से कई बरस पहले दिलीप चित्रे की कविताओं का अनुवाद हिन्दी में चन्द्रकान्त देवताले ने किया था।

दिलीप चित्रे :


मराठी व अंग्रेजी के एक कवि
एक फिल्मकार
एक चित्रकार
एक संपादक....
एक अनुवादक

दिलीप चित्रे :

एक आदमकद इंसान

आज सुबह उनका निधन हो गया। ***** आइए उन्हें याद करें।
'कबाड़खाना' की ओर से श्रद्धांजलि ! प्रस्तुत है उनकी एक कविता:





क्या मेरा वक्त आ गया है / दिलीप चित्रे
( अनुवाद: चन्द्रकान्त देवताले )

क्या मेरा वक्त आ गया है
यहाँ घड़ी नहीं है न है कोई कलेण्डर
पर जानता हूँ
कि पहुँच गया हूँ
पागलपन की स्तब्ध नोक पर
आईने ही दीवारे हैं कफन
कफन ही कैप्सूलें
अवकाश में तैरने वाली
क्या मेरा वक्त आ गया?

मैं हो रहा हूँ वहशी
निर्विकारता में धुँधआता
किसी संत‍-सा
अपनी ही आँखें उखाड़ता
अंधे आनन्द में नाचता
नापता कुद्ध फासले
मेरे और अपने बीच
करता
अपनी ही शव-चिकित्सा
अपनी ही अँतड़ियों और भेजे के द्रव्य
अपनी ही अस्तित्व के जोड़ और तुरवाई की--
चमड़े के बटुए की जिसमें
सुरक्षित रक्खा था मैंने ब्रह्माण्ड
क्या मेरा वक्त आ चुका है?

इस चीख के भीतर है
एक फैलती हुई खामोशी
स्मतिविहीन मुस्कान
वैश्विक पागलखाने की खिड़कियों के बाहर
झाँकते शब्दों की
पहियेवाली कुर्सी के
चक्करदार वक्तव्य
पिघल रहे हैं धूप में
स्वर्ग के अस्तपताल में हैं
आनन्द के ढलान
मैं पहले से ही फिसल रहा हूँ
ढलानों पर
क्या मेरा वक्त आ चुका है?
-----------

कविता 'कृत्या' से और चित्र 'मस्कारा लिटरेरी रिव्यू' से साभार !

Wednesday, December 9, 2009

काने तिवाड़ी के धानः अंतिम

(सात दिन लंबी दबोच, तैंतीस करोड़ देवता और पांच अप्रेंटिस, बैल की पूंछ, ग्यारह दिन दैत्याकार पहलवानों की कुलेल और धर्माथ निर्मित स्वीट डिश और प्राइवेट बलिदान की परंपरा। क्या ठाठ बांधा है धन्य कबाड़ी अशोक पांडे ने इस गल्प में। यहां परंपरा, पुरखे और लोकदेवता इस सहजता से पहाड़ की बदलती जिंदगी में आवाजाही करते हैं कि कहानी अपने समय का अतिक्रमण कर कहीं और ले जाती है। यह किस्सागोई मुझे कुछ बड़े लतीन अमरीकी लेखकों की याद दिलाती है, कह कर मैं अपनी ईर्ष्या का विस्तार नहीं करना चाहता। ...तो पढ़िए यह दूसरी किश्त)
















...धूलि छंटी तो सामने मार बड़े-बड़े चार दैत्याकार पहलवान निर्मित हो चुके थे. पंचदेवों ने उनसे कुश्ती खेलकर उनका मनोरंजन करने का आदेश दिया. पहलवानों का कद लगातार बढ़ता गया और ग्यारह दिन ग्यारह रात बिना खाए-पिये चारों पहलवान पंचदेवों का मन बहलाते रहे. और जब उनका मन बहल गया तो वे थैंक्यू कहकर जाने लगे जब चारों पहलवालों ने उनका रास्ता रोक कर कहा कि ग्यारह दिन भूखे प्यासे उनका मनोरंजन करने की फीस के एवज़ में कुछ खाने का प्रबन्ध तो किया जाना चाहिये. जब पंचदेवों ने अपनी थैलियों, पोटलियों का मुआयना किया तो उनमें समीर के अतिरिक्त कुछ न था.

वे सोच ही रहे थे जब आसमान तक पहुँचने को तैयार कद वाले पहलवानों ने धमकाते हुए कहा कि अगर भोजन नहीं मिला तो एक लंच के लिए उन्हीं को जीमने से भी हिचकेंगे नहीं. जान बचाने के चक्कर में पंचदेवों ने उन्हें भरपूर भोजन मिलने का आश्वासन देकर काणत्याड़ि के घर का रास्ता बता दिया. पहलवानों का जाना था और पंचदेव अपने अपने शॉर्टकटों से अपने अपने ठीहों को रवाना हुए.

काणत्याड़ि की बारहवीं पीढ़ी इन दिनों मन्दिर के मैनेजमैन्ट पर काबिज़ थी. पहलवान लम्बे रूट से आ रहे थे जबकि तब तक काफ़ी नाम कमा चुके पंचदेव उनसे कहीं पहले वहाँ पहुंच चुके थे. पंचदेवों ने काणत्याड़ि के वंशजों को पहलवानों का भय दिखाकर अपनी जान बचाने के वास्ते उनसे कुछ दिन कहीं और जाकर रहने को पटा लिया.

इधर काणत्याड़ि के वंशजों का जाना था उधर पंचदेवों ने काणत्याड़ि के खानदानी बक्से में से बैल की पूंछ निकाल ली. पंचचूली से गगास तक का लम्बा रास्ता तय करते हुए यदा-कदा यात्रियों वगैरह से अपनी मंज़िल का पता पूछते पहलवानों को काणत्याड़ि के बारे में जितनी बातें पता लगीं उन से वे इतना तो जान ही गए कि पंचदेवों ने उन्हें फंसा दिया है. एक जगह बहुत से लोग आराम कर रहे थे – बगल में उनके लिए खाना बन रहा था. खाने की खुशबू ने पहलवानों की भूख को ऐसा भड़काया कि वे इस भोजन पर टूट पड़े. आराम कर रहे लोगों ने जान गंवाने के बजाय चुपचाप पड़े रहना उचित समझा. सारा पका हुआ भोजन जैसे पहलवानों की ऐड़ियों में कहीं उतर गया. कच्चे अनाज की बोरियां उनके घुटनों तक पहुँच सकीं. और भूख के अतिरेक से क्रुद्ध पहलवानों ने एक एक कर सारे लोगों को भी खा लिया.

पहलवानों की भूख शान्त हो गई और काणत्याड़ि का पूरा कुनबा उजड़ गया.

जब तक पहलवान काणत्याड़ि के घर पहुंचे पंचदेवों को पता लग चुका था कि बालों का वह गुच्छा भिसौणे की चुटिया नहीं बैल की पूंछ थी. और यह भी कि पहलवान समूचे काणत्याड़ि वंश को सूत आए हैं. स्त्रियों का वेश धारण किए पंचदेवों ने पहलवानों का टीका लगाकर स्वागत किया और उनसे आंगन में बैठने का अनुरोध किया. भीतर रसोई में बड़े बड़े भांडों में हलवा पक रहा था जो पहलवानों को बतौर स्वीट डिश प्रस्तुत किया गया.

सुबह चारों पहलवान आंगन में चित्त मरे पाए गए – गले में बालों का गुच्छा अटकने से.

काणत्याड़ि का वंश समाप्त हो चुका था. काणत्याड़ि का मन्दिर पहलवानों की विराट देहों के बोझ से सपाट हो चुका था.

पंचदेवों में से एक ने वहीं रहने की इच्छा व्यक्त की तो बाकी चार ने उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए स्वीकार कर लिया और चम्पावत की तरफ़ निकल पड़े.

मुंड मुंडे-कान फड़ाए इन पंचदेव गुरुभाइयों को आजीवन ब्रह्मचारी रहने का कौल दिलाया गया था. सो बहादुरी और अक्लमन्दी का प्रदर्शन करते करते ही इनकी ज़िन्दगानियाँ कटीं. जाहिर है इस चक्कर में कई साधारणजन लाभान्वित भी हुए. पहलवान अलबत्ता उन्होंने फिर कभी नहीं बनाए. गगास किनारे रह रहे गुरुभाई की मृत्यु के बाद ग्रामीणों ने काणत्याड़ि की ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया और मृतक की याद में एक मन्दिर स्थापित कर दिया.

अब वहाँ दिन में काले बकरे की और रात को प्राइवेट में दारू की बोतल की बलि देने की अनूठी परम्परा चल निकली है. कहते हैं इस से इष्टदेव खुश रहते हैं. भूतहूत तो खैर अब भी नहीं आते. काने तिवारी के धान के खेत अब बंजर हो चुके हैं क्योंकि गगास में पानी हर दिन कम होता जाता है. गाँव में बचे खुचे ज़्यादातर लोगों के रिश्तेदार शहरों से आते हैं तो नॉस्टैल्जिया को खुजाने की रस्म के तौर पर झुंगरे के चावल या मडवे के आटे की डिमान्ड करते हैं.

“खेती पर कब का बजर गिर चुका” कहती हुई घर की बूढ़ी स्त्रियां पाव पाव भर आटा और चावल अहसान की तरह देती कहा करती हैं: “काणत्याड़ि के धान हैं बेटा. सम्हाल के ले जाना. इतने ही हैं बस. हमारा तो देवता बिगड़ा हुआ है इस साल.”

Tuesday, December 8, 2009

फुटबाल के मैदान पर ओस की बूंदे

संजय जी,
टन्न। गुल्लक में पहला चमकदार सिक्का डालने के लिए धन्यवाद। अच्छा
राइटअप बन पड़ा है।

प्रिय भाई;
पावती मिली.एक आपत्ति ...संबोधन के आगे 'स्वीकार्य' नहीं.
ब्रुरोक्रेटिक है ये शब्द .मैं सिर्फ़ संजय और संजय भैया,संजय भाई से कम
कुछ नहीं ले सकता. पैदाइश वर्ष १९६१ (यदि यह संबोधन तय करता हो तो).
अशेष शुभेच्छाएँ अनिल भाई.
संजय
30.8.2008

कुछ मामूली सी लगती बातें दिमाग में फंसी रह जाती हैं। न जाने कहां गुम हो जाने को रह-रह लौटती हैं। जैसे यही "सुर-पेटी" वाले संजय भाईsanjay patel की दो लाईनों की, साल भर से ज्यादा पुरानी एक चिट्ठी। "जी" ब्रुरोक्रेटिक कैसे हो गया। क्या सिविल सेवा की शुरूआत करने वाले अंग्रेजों ने गंगा जी, बाला जी, स्वामी जी या "मोरे राजा जी" कहना शुरू किया था।
अभी पंद्रह दिन पहले तक झेंप लगती थी। कौन सा तीर मार लिया है कि इसका जिक्र किया जाए। फिर पलटी मार गए तो। हुआ यह है कि पंद्रह साल की मुतवातिर शराबखोरी और सिगरेट के चस्के से बाहर निकल कर फुटबाल खेलना शुरू किया है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के ग्राउंड पर हर सुबह किसिम-किसिम के पेशे वाले लोग, जिन्होंने "सनराइज" नाम का एक क्लब बनाया है, हर सुबह खेलते हैं। कुछ दुकानदार हैं, कुछ पत्रकार, कुछ बेरोजगार, कुछ क्लर्क...कुछ संतोष या डुरंड खेले पुराने खिलाड़ी जो गोल पोस्ट के पास ही टूंगते- ताड़ते रहते हैं और एन वक्त पर शातिर लचक के साथ गोल दाग देते हैं।
पहला दिन ठीक-ठाक बीता। गेंद मिलती तो मन में पुरानी पुलक उठती। लेकिन जरा सी देर में लगता कि गेंद का वजन कुछ ज्यादा है। थोड़ा भागते ही बेलगाम धौंकनी और दिमाग में बजती सीटियों से पश्चाताप भरा संतोष होता कि भीतर कुछ टूट रहा है और उखड़ी सांस छब्बीस साल पहले के लड़के को झकझोर कर बुला रही है जो टाउन नेशनल इंटर कालेज, सैदपुर, (गाजीपुर) के मैदान पर और गांव के खलिहान में खेला करता था। जिसे फुटबाल का पंचर बनवाने के लिए भटकने में वही सुख मिलता था जो शायद किसी सच्चे साधु को बड़े मकसद के लिए भीख मांगने में मिलता होगा। उसके बाद मैं फुटबाल जमीन से ज्यादा अपनी कल्पनाओं में खेलता रहा हूं। रड गुलिट का हेडर लेता जटाधारी सिर, माराडोना की रबड़ की टांगे, बबीटो की शतरंज की चाल जैसी पेनाल्टी किक मेरे दिवास्वप्नों में निरंतर रहे हैं बस, उनके धड़ पर सर मेरा होता था। यही कारण रहा होगा कि बारिश की रातों में, सूनी सड़क पर पांच-सात मिनट के लिए अचानक शराबियों की दो टीमें बन जाती थीं और बीयर के केन या थर्मोकोल के टुकड़े पर अपना सारा नशीला कौशल निछावर कर देती थीं। पैवेलियन में बैठी आसमान की बिजली के लिए?
दूसरे दिन, मेरी टीम के पांच लोगों ने अलग-अलग पोजिशन से खेलने का लगभग आदेश दिया। आखिरी वाले सज्जन से मैने कहा भाईजान, पहले तय कर लो कि एक आदमी कितनी टांगे लेकर मैदान पर आया करे या एक ही आदमी उर्फ कप्तान फील्ड सजाए। उन्होंने जिस तरह से मुझे देखा मैं समझ गया कि अगर मुझे आदेश सुनने की आदत नहीं है तो यहां भी किसी को इस तरह के जबाब की तवक्को नही है।
ऐ हीरो..ऐ हीरो...। तीसरे दिन गोलपोस्ट से चिपके रहने वाले परमानेंट फुलबैक जेपी सिंह लगातार किसी को टेर रहे थे। थोड़ी देर बाद पता लगा कि वे मुझसे ही कह रहे थे कि विपक्षी टीम के फारवर्ड यानि उनके बहनोई नागेन्द्र सिंह को मार्क कर खेलूं। दो दिनों में टांगे चढ़ चुकी थीं और अचानक दौड़ना, दुनिया का कठिनतम काम हो चुका था और ऊपर से "ऐ हीरो...।" मैने उनसे जाकर कहा कि भाईसाहब, यह हीरो-हिरोईन कहना कृपया बंद कीजिए। कोई आरसेनल और बोका का मैच नहीं हो रहा है कि हम हार गए तो स्टेडियम में लाशें बिछ जाएंगी। उसके तुरंत बाद से मेरा नया नाम ऐ आरसेनल हो गया। ऊपर से यह तुरपाई कि इन्हें अपनी टीम के हारने की परवाह ही नहीं है। चौथे दिन तो जेपी सिंह ने मेरी बांह पकड़ ली और गोलपोस्ट के पीछे जाकर बैठने को कहा। कुछ सेकेन्ड सकते में रहने के बाद मैने हाथ झटकते हुए खुद को यह कहते पाया कि तुम कौन होते हो यार, मुझे बाहर बिठाने वाले। खैर एक परिचित सीनियर पत्रकार ने बीच-बचाव कर मामले को तुरंत रफा किया।
पांचवे दिन पूरी निष्ठा से टैकल करने की कोशिश की तो नागेन्द्र सिंह ने जबड़े पर कुहनी चिपका दी। बिलबिला कर रह गया। उसे रोक कर कहा कि खेल के बहाने मारोगे तो मैं बद कर मारूंगा। खांटी प्रोफेशनल की तरह पास आते रेफरी के दर्शनार्थ नागेंद्र ने अपना गाल आगे कर दिया मारोगे, लो मारो...मारोगे लो मारो। रेफरी जरा दूर हुआ तो भुनभुनाया...चूतिया कहीं के। साले कह दिया न कि रंगबाजी नहीं चल सकती..बिल्कुल नहीं चल सकती। इसके जवाब में गाली दोगे...तो गाली दोगे का कौआरोर।
सालों से उखड़ती सांसों के बीच होने वाली ऐसी झन्नाटेदार बतकही का अवसर नहीं मिला था और ईगो, मैदान की हरी घास पर चकनाचूर होकर ओस की बूंदों का भ्रम पैदा कर रहा था।
इसी बीच घुटने का रपचर्ड लिगामेंट टीस मारने लगा और हाकी वाले बुजुर्ग अशोक तिवारी जी की सलाह पर उसे ठीक करने के लिए फुटबाल खेलना छोड़ कर स्टेडियम के जिम जाने लगा। दो दिन बीत गए तो जिम की ओर जाते देख कोई बीस-बाईस के फारवर्ड नदीम ने आवाज लगाई... अबे आ...चला आ थोड़ी-बहुत तो लगती ही रहती है। तिवारी जी ने धीमे से कहा कि ये लालच बहुत खतरनाक होता है। घुटना चाहिए तो कतई मत जाना।
...लेकिन जाना तो है। बस घुटना फिर से काम चलाऊ हो जाए। इस खेल में अंतरात्मा से जुड़ी कोई बात है।
सोचता हूं उम्र बढ़ने के साथ हम खेलना क्यों छोड़ देते हैं। ईगो को पोसने के लिए या विशेषाधिकार के साथ जीने के भ्रम को स्थाई बनाने के लिए। या कोई और बात है आप सब बताएं।

एक सूटकेस में भरे प्रेम के सारे विशेषण

निज़ार क़ब्बानी की कुछ कवितायें आप पहले भी पढ़ चुके हैं। प्रेम और ऐंद्रिकता को उदात्त धरातल पर स्थापित कर उसे इसी दुनिया के मनुष्यों के बीच देखने , दिखाने और नए नजरिए से देखे जाने की राह का अन्वेषी यह कवि बार - बार अपनी ओर खींचता है तथा देश , दुनिया व दुनियादारी के पचड़ों से उपजी शुष्कता को कविता के मीठे जल से सींचता है। आइए, आज उनकी इस छोटी - सी इस कविता के बहाने अपने भीतर तनिक आर्द्रता को महसूस करें।


भाषा

प्रेम में डूबा हुआ आदमी
कैसे इस्तेमाल कर सकता है पुराने शब्द ?
कैसे बर्दाश्त कर सकती है कोई स्त्री
कि उसका प्रियतम
शयन करे
व्याकरणाचार्यों और भाषा वैज्ञानिकों के साथ।

कुछ नहीं कहा मैंने उस स्त्री से
जिससे करता हूँ प्रेम
बस इतना भर किया -
एक सूटकेस में भरे
प्रेम के सारे विशेषण
और उड़ चला सारी भाषाओं के पार।

Saturday, December 5, 2009

काने तिवाड़ी के धान 1

हमारे इधर पहाड़ों में तिवारी लोग तिवाड़ी कहे जाते हैं. गगास नदी के किनारे बसे एक गाँव में एक किसी तिवाड़ी का घर था. तिवाड़ी काना था यानी उसकी एक आँख फूटी हुई थी. सो गगास नदी के इस छोर से उस छोर तक के गाँवों में उसे काणत्याड़ि यानी काना तिवाड़ी के नाम से ख्याति प्राप्त थी. काणत्याड़ि बहुत साँवला था और हमारे इधर काले ब्राह्मण को बहुत ख़तरनाक माना जाता है. काणत्याड़ि खतरनाक ही नहीं झगड़ालू भी था. हर किसी से झगड़ा कर चुकने के बाद वह पूरी तरह से एकलकट्टू हो गया और गगास नदी से लगे एक खाली खेत में जा बसा. इस खेत में लम्बे समय से एक भूत रह रहा था और लोग उस से डरा करते थे.

लोग उस भूत से डरते थे ऐसा काणत्याड़ि ने भी सुन रखा था पर सारे गाँव से बैर ले चुकने के बाद उसके पास और कोई चारा नहीं बचा था. इस बेहद उपजाऊ खेत में किसी ज़माने में बढ़िया धान उगा करते थे पर कई पीढ़ियों से छोड़ा होने के कारण अब वह बंजर हो चुका था.

काणत्याड़ि ने मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ी और भूत ने उसे ज़रा भी परेशान नहीं किया. काणत्याड़ि ने सोचा कि भूत-हूत कुछ नहीं होता. गाँव के लोगों का भरम रहा होगा.

बारिशें आते ही बाकी के गाँववालों की तरह काणत्याड़ि ने भी अपने खेत में धान रोपे. सुबह उठकर वह क्या देखता है कि रात में धान के सारे पौध कोई उल्टे रोप गया है. काणत्याड़ि ने गाँववालों पर ही शक किया और बिना किसी तथ्य की तस्दीक किये एकाध लोगों पर हाथ साफ़ किया. धान दोबारा रोपने के बाद काणत्याड़ि उस रात देर एक पेड़ की ओट में छिपकर इन्तज़ार करता रहा कि कोई आए और उसे रंगे हाथों पकड़कर उसकी ठुकाई की जाए.

जब भोर होने को हुई तो काणत्याड़ि की आँख लग गई. आँख खुली तो सूरज चढ़ आया था और सारे पौध उलटे पड़े थे. यही क्रम कई दिनों तक चलता रहा.

अपनी मेहनत को यूँ व्यर्थ जाता देखना काणत्याड़ि की बरदाश्त से बाहर हो चुका था और उसने तय कर लिया कि किसी भी कीमत पर सोएगा नहीं. तब जाकर अगली भोर उसने देखा कि एक छहफुटा चुटियाधारी धान की पौधों को बिजली की गति से उलटाए दे रहा है. ग़ुस्से से आगबबूला काणत्याड़ि ने अचानक नोटिस किया कि चुटियाधारी के पैर उल्टी दिशा में मुड़े हुए थे. यानी चुटियाधारी और कोई नहीं गगास का भिसौण के नाम से कुख्यात वही भूत था जो उनके खेत को लगा हुआ था. एकबारगी तो काणत्याड़ि की हवा डर के मारे सरक गई पर अगले ही पल उसे पिछले कई महीनों की अपनी मेहनत याद आई और उसका नैसर्गिक गुस्सा फट पड़ा.

उसने पीछे से जाकर गगास के भिसौण की चुटिया थामी और कीचड़ में पटक डाला. भिसौण को मनुष्यों द्वारा इस प्रकार का व्यवहार किए जाने की आदत न थी. वे तो उसके सामने पड़ते ही सूखे पत्ते की तरह काँपने लगते थे और डर के मारे उनकी घिग्घी बंध जाती थी.

वह जब तक सम्हलता काणत्याड़ि ने अपने पिता से सीखी पहलवानी की कला का ज़ोर भिसौण पर आजमाने के साथ साथ उस पर लात घूंसों की बरसात चालू कर दी. भिसौण भी खासा ताकतवर था और किसी तरह काणत्याड़ि की दबोच से बचकर बग्वालीपोखर नामक गाँव की दिशा में भागा. काणत्याड़ि ने कुछेक मील उसका पीछा किया और दोबारा उसकी चुटिया थामकर ठुकाई कार्यक्रम चालू कर दिया.

काणत्याड़ि की दबोच से बच भागने का सिलसिला सात दिन सात रात चलता रहा और इस चक्कर में वे दोनों काली कुमाऊं के आधे इलाके का भ्रमण कर आए. सातवीं रात वे वापस काणत्याड़ि के खेत में थे. बुरी तरह पिट चुकने के बाद भिसौण पस्त पड़ चुका था और उसका अंग अंग दुखने लगा था. अन्ततः रोते हुए उसने छोड़ देने की मिन्नतें करना शुरू किया. छोड़ देने के ऐवज में काणत्याड़ि ने उससे वायदा लिया कि वह पलटकर उसके खेत का मुंह नहीं देखेगा. भिसौण ने जार जार रोते हुए यहाँ तक कह दिया कि काणत्याड़ि के खेत क्या अब तो वह उस पट्टी पल्ला अट्ठागुल्ली के किसी भी गाँव का रुख़ नहीं करेगा.

इतनी लम्बी कुश्ती के बाद काणत्याड़ि के खेत में उस साल धान बहुत कम उगा था पर उगा. और यह अलग बात है कि इस कुश्ती के प्रत्यक्षदर्शी गाँववालों ने काणत्याड़ि से अब भी बात करना बन्द ही रखा पर भीषण मेहनत से प्राप्त होने वाली किसी भी चीज़ को काने तिवाड़ी के धान कहने की परम्परा शुरू हो गई.

पट्टी पल्ला अट्ठागुल्ली के लोग अब किसी भी तरह के भूत प्रेत के सामने आने पर खुद को काणत्याड़ि का सगा सम्बन्धी बतलाने में किसी तरह का गुरेज़ नहीं करते थे. नतीज़तन सारी पट्टी सभी तरह के भिसौणों, टोलों और एड़ियों से मुक्त हो गई. टोलों में भूतों की पार्टी हाथों में मशालें लेकर मनुष्यों को रातों को डराने का काम किया करती थी जबकि एड़ि नाम से जाने जाने वाले भूत लोग स्वाभावतः कमीने और काइयां हुआ करते थे. उल्टे ही पैरों वाली अनिन्द्य सुन्दरी आंचरियां इस प्रेतसमुदाय में ग्लैमर का तड़का लगाने का काम किया करती थीं. आंचरियों के बाबत काणत्याड़ि और भिसौण के दरम्यान क्या महासन्धि हुई इस बाबत कोई आधिकारिक साक्ष्य नहीं मिलते.

यह दीगर है कि इतने भूत-प्रेतों का पट्टी पल्ला अट्ठागुल्ली में रह रहे देवता भी बाल बांका नहीं कर सके थे.

हिन्दू धर्म में बतलाए जाने वाले तमाम तैंतीस करोड़ देवता तो इस सो कॉल्ड देवभूमि में पहले से ही रह रहे थे पर जिस तरह गली-मोहल्ले में उत्पात मचाने वाले हर दुकड़िया नवगुंडत्वप्राप्त लौंडे को सीधा करने को माननीय रक्षामन्त्री या फ़ौज के जरनील नहीं आ सकते उसी तरह एड़ि-आंचरि जैसे छोटे टटपुंजिया भूतों की सुताई करने को भोले बाबा से रिक्वेस्ट थोड़े ही की जा सकती है कि बाबा पप्पू के भाई ने मेरा बल्ला चुरा लिया है. उसके लिए तो मुन्नन भाई या कल्लू दादा टाइप के देवताओं की ज़रूरत पड़ती है क्योंकि वे घटनास्थल की लोकेल और जुगराफ़िये से भली भांति परिचित होते हैं और समय और ज़रूरत के हिसाब से लोकल सपोर्ट भी जुटा सकते हैं.

गगास के भिसौण का आतंक ख़त्म हो जाने के बाद बहुत सालों तक शान्ति बनी रही. काणत्याड़ि का लड़का अपने बाप जैसा वीर तो न था चतुर और कामचोर ज़रूर था. उसने एक मरे बैल की पूंछ के बालों की लट बनाकर अपने ख़ानदानी बक्से में छिपा कर रख ली और एक बार गाँव में पंचायत लगने पर जब चोरी का एक आरोपी अपना अपराध स्वीकार करने से मुकर रहा था तो काणत्याड़ि के बेटे ने सरपंच से मुखातिब हो कर कहा: “पधानज्यू, अगर ये साला गगास के भिसौणे की चुटिया को छू कर कसम खा ले कि इसने चोरी नहीं की है तो आप इसे छोड़ दोगे ना!”

गगास के भिसौणे की चुटिया का ज़िक्र सुनते ही वहाँ मौजूद तमाम लोगों में झुरझुरी सी मची. काणत्याड़ि के कारनामे को अभी तक लोग भूले नहीं थे. सरपंच के जवाब की प्रतीक्षा किये बिना काणत्याड़ि के बेटे ने अपने घर का रुख किया. मरता क्या न करता, सरपंच और चोर और पंच और ग्रामीण सारे के सारे उसके पीछे आने लगे. तब बहुत ठेटर-नौटंकी के बाद काणत्याड़ि के बेटे ने बक्से से बैल की पूंछ निकाली और चोर से कहा: ” है हिम्मत तो इसको देखकर खा कसम कि तूने चोरी नहीं की है. झूठ बोलेगा तो गगास के मसाण से बुला लाऊंगा भिसौणे को.”

चोर का रोना, चोरी के शिकार ग्रामीण का काणत्याड़ि के बेटे के पैर पड़ना और “त्याड़ज्य़ू की जै हो” के नारे का लगना एक साथ हुआ. कालान्तर में काणत्याड़ि के नाम पर एक मन्दिर गगास किनारे प्रतिष्ठित हुआ और काणत्याड़ि के बेटे ने मन्दिर के आचार्य की गद्दी सम्हाली. यूं काणत्याड़ि के कामचोर कुनबे के लिए फ़ोकट की रोटी का जुगाड़ बैठा.

कई पीढ़ियों बाद तैंतीस करोड़ देवताओं की वार्षिक मीटिंग में जब इस वाकये के ज़िक्र का नम्बर लगा तो पाया गया कि हिमालय की पंचचूली चोटियों की गुरुस्थली में पाँच गुरुभाई देवतावृत्ति की अप्रेन्टिसशिप का फाइनल परचा पास कर चुके हैं और यह भी कि जहाँ तैंतीस करोड़ वहाँ तैंतीस करोड़ पाँच भी चल जाएंगे. राउन्ड फिगर में तो संख्या उतनी ही रहनी है. नियत यह किया जा चुका था कि गगास किनारे हो रही इस अनियमितता को यही पाँच गुरुभाई काबू में लाएंगे.

क्रमशः गोल्ल, गंगनाथ, भोला, हरू और सैम के नाम से जाने जाने वाले ये पाँच भाई अपनी बहादुरी और अक्लमन्दी के चलते अपने जीवनकाल में ही काली कुमाऊं पाली पछाऊं के पाँच लोकदेवताओं के तौर पर प्रतिष्ठित हुए. ऊपर से मिले हुए ऑर्डर अलबत्ता अब तक पूरे नहीं हो सके थे.

देवता बन चुकने के बाद भी इनका मन एक जगह नहीं रमता था और अपनी वार्षिक यात्राओं के लिए ये लोग वसन्त के महीने में अलग अलग जगहों से पंचचूली की तरफ निकल जाया करते थे. तो ऐसे ही वसन्त के एक दिन जब मंजरियों, बौर, फूल, समीर, सुरम्य इत्यादि का ठाठ बंधा हुआ था ये पाँचों एक पूर्वनिश्चित स्पॉट पर मिले. हालचाल लेने के बाद सब ने अपने बैरागी मन में उठ रही मनोरंजन की तीव्र इच्छा के बाबत स्टेटमेन्ट जारी किए. आसपास पड़ी धूलि को मुठ्ठी में उठाकर उनमें से एक ने मन्त्रोच्चर किया और धूलि को पटककर वापस ज़मीन पर दे मारा.


(जारी)

Friday, December 4, 2009

इस संसार में लगा हुआ है पीड़ा का अथाह अंबार !

अन्ना अख़्मातोवा की कवितायें आप पहले भी कई दफा पढ़ चुके हैं। आज प्रस्तुत है उनकी एक और कविता:


अगर आसमान में परिक्रमा करना छोड़ दे चाँद

अगर आसमान में परिक्रमा करना छोड़ दे चाँद
मगर लुटाता रहे शीतलता
और चमकता रहे छापे की तरह.
मेरा मृत पति दाखिल होता है घर में
प्रेमपत्रों को पढ़ने के वास्ते.

वह याद करता है
आबनूस की काठ से बने संदूक को
जिस पर जड़ा है
अलहदा किस्म का गु्प्त ताला
वह बिखरा देता है तमाम चीजें
लौह -जंजीरों से जड़े पैरों की धमक से
धँसकता है फर्श.

वह देखता - परखता है मेल - मुलाकातों का बीता वक्त
और धुँधले पड़ते जाते हस्ताक्षरों की पाँत
उसके तईं कतई इकठ्ठी नहीं हैं पर्याप्त तकलीफें
और जबकि
इस संसार में
लगा हुआ है पीड़ा का अथाह अंबार !
---------
अन्ना अख़्मातोवा की कुछ कवितायें यहाँऔर यहाँ भी...

Wednesday, December 2, 2009

चौथाई सदी का विश्वासघात : इन नासूरों के निशान मेरी आत्मा पर हैं


आज पच्चीस साल हो गए...


एक दिन कोई लिखेगा आज पचास, आज सौ और फिर न जाने कितने और साल हो गए...


एक दिन लोग चुप भी हो जायेंगे... धरना,प्रदर्शन,विरोध सब बंद हो जाएगा..ज़ख्म हद से गुज़र जायेगा और फिर आदत बन जायेगा…


बंबई में जितने लोग मारे गये, अमेरिका के वर्ड ट्रेड सेंटर में या कहीं और उनसे कई गुना मरे थे भोपाल हादसे में। एक पूरी पीढी तबाह्…एक पूरा इलाक़ा विकलांग…पता नहीं कितने पागल…और क्या-क्या! परंतु सब ऐसे गुज़र गया जैसे मक्खन से छूरी। दूर की छोडिये पिछले दस साल में मैने मध्यप्रदेश के भीतर दूसरे शहरों में इस पर कोई विशेष हलचल नहीं देखी।


और सरकारों का क्या कहें? अगर आज के हिंदू में छपी रपट के हवाले से कहें तो सरकार ऐसे व्यवहृत कर रही है कि अपराध जितना पुराना होता जा रहा है उतना ही कम!एंडरसन अमेरिका के अपने शानदार बंगले में ऐयाशी कर रहा है और उसके भाई-बिरादरों के दबाव में सरकार उसके प्रत्यार्पण को भूले बैठी है।


हमें भी कितना याद है?

दीपक के जलने में आली , फिर भी है जीवन की लाली

आज सुबह जब 'कर्मनाशा' पर 'प्रेम कई तरह से आपको छूता है' शीर्षक से एक पोस्ट लगाई तो तो दुनिया जहान की और अपनी कई प्रेम कविताओं की याद हो आई। फिर सोचा कि क्या प्रेम सिर्फ कविताओं में है / कविताओं के लिए है? हमारी रोजमर्रा की जिन्दगी में प्रेम कहाँ, कैसा और कितना है? यह सब गुनते - बुनते काम पर निकल गया लेकिन भीतर ही भीतर 'एक विकल रागिनी' बजती रही। मौका मिलने पर बार- बार अपने भीतर झाँकता रहा और तमाम तरह की प्रतिकूलताओं के बावजूद अपने भीतर की नमी की मिकदार को आँकता रहा।

जैसा कि कह चुका हूँ कुछ कवितायें / कुछ और कवितायें आद आती रहीं और 'क्या भूलूँ क्या याद करूँ' वाली हालत होती रही। किशोरावस्था में पढ़ी गई एक कविता हमेशा संग- साथ रही है।आज उसे ही साझा करते हैं। अच्छी तरह याद है कि यह उसी तरह 'परिभाषा' ( प्रेम की ! ) की तर याद की गई थी जैसी उन दिनों अर्थशास्त्र की विभिन्न परिभा्षायें याद की गईं थीं। वक्त बहुत बीत गया है लेकिन अब भी लगता है कि इस 'परिभाषा' में कुछ न कुछ बात जरूर है ! खैर , आइए पढ़ते - देखते हैं हिन्दी की आधुनिक कविता के सर्वाधिक प्रसिद्ध हस्ताक्षरों में से एक और 'भारत- भारती' के रचयिता मैथिलीशरण गुप्त की यह कविता ' दोनो ओर प्रेम पलता है' और ऊर्दू कविता में सर्वाधिक व्यवहृत प्रतिकों 'शमा और परवाना' को 'दीपक और पतंग' के रूप में यहाँ देखते हुए अपनी अंदरूनी दुनिया की पैमाइश करें कि वहाँ की तरावट अब भी कुछ बची है कि 'वक्त ने किया क्या हसीं सितम' का आलम अवतरित हो गया है ? और हो सके तो यह पड़ताल भी करें कि प्रेम कवितायें वक्त के हसीं सितम को सोखने के वस्ते कितनी कारगर सोख्ते का काम करती है?



दोनो ओर प्रेम पलता है / मैथिलीशरण गुप्त

दोनों ओर प्रेम पलता है !
सखि पतंग भी जलता है हा ! दीपक भी जलता है !!

सीस हिलाकर दीपक कहता
बंधु वृथा ही तू क्यों दहता
पर पतंग पड़कर ही रहता
कितनी विह्वलता है!
दोनों ओर प्रेम पलता है !

बचकर हाय पतंग मरे क्या
प्रणय छोड़कर प्राण धरे क्या
जले नही तो मरा करें क्या
क्या यह असफलता है!
दोनों ओर प्रेम पलता है !

कहता है पतंग मन मारे
तुम महान मैं लघु पर प्यारे
क्या न मरण भी हाथ हमारे
शरण किसे छलता है!
दोनों ओर प्रेम पलता है !

दीपक के जलने में आली
फिर भी है जीवन की लाली
किन्तु पतंग भाग्य लिपि काली
किसका वश चलता है !
दोनों ओर प्रेम पलता है!

जगती वणिग्वृत्ति है रखती
उसे चाहती जिससे चखती
काम नही परिणाम निरखती
मुझको ही खलता है!
दोनों ओर प्रेम पलता है!