Showing posts with label लोक. Show all posts
Showing posts with label लोक. Show all posts

Thursday, June 6, 2013

अफ्रीकी लोक-कथाएँ : ३


अफ्रीकी लोक-कथाएँ : ३


सुन्दर जेब्रा और मगरमच्छ

बहुत समय पहले, ओकावाम्बो नदी में एक मगरमच्छ रहता था. वह अब भी वहीं रहता हा. एक दिन सुन्दर जेब्रों का एक झुण्ड मगरमच्छ के घर के नज़दीक पानी पीने आया. जब मगरमच्छ ने जेब्रों की सजावट भरी खाल देखी, वह अधिक गौर से इन सुन्दर जानवरों के देखने की नीयत से तैरता हुआ उनके नज़दीक आ गया.

उनमें से एक को देख कर मगरमच्छ बोला: “मोहतरिमा आप बहुत खूबसूरत हैं. आपका घर कहाँ है?"

“यहाँ से दूर. वहां झाडियों में.” उसने जवाब दिया.

“क्या मैं आप के साथ आ सकता हूँ? आप इतनी प्यारी हैं. मैं आप से शादी करना चाहता हूँ.” मगरमच्छ ने पूछा.

जेब्रा को मगरमच्छ से बहुत डर लगा और उसने जवाब दिया: “ओह! आपकी पसंद बहुत अच्छी है. लेकिन आप पानी में रहने वाले जानवर हैं. आप ज़मीन पर चल कर मेरे परिवार से मिलने कैसे आ सकेंगे?”

मगरमच्छ ने उस से कहा कि वः इस कदर खूबसूरत है कि वह हर कीमत पर उसके साथ चलने को तैयार है. चाहे कुछ भी हो जाए. सो दोनों नदी किनारे से होते हुए झाड़ी के भीतर की तरफ़ चल दिए. थका देने वाले कई घिसटते हुए क़दमों के बाद मगरमच्छ को भूख और प्यास लग गयी. उसे इस तरह सूखी धरती पर चलने को कोई तज़ुर्बा न था.

सुन्दर ज़ेब्रे ने मगरमच्छ को पीछे छोड़ा और सरपट दौड़ लगा दी. मगरमच्छ उसके पीछे नहीं जा सकता था.
इसी दौरान, हमेशा की तरह एक भूखा लकड़बग्घा झाडियों के बीच भोजन की तलाश में निकला हुआ था. वह मगरमच्छ तक पहुंचा जिसने सूरज की गर्मी से बचने के लिए अपने आप को रेत से ढँक लिया था.

“क्या तुम जिंदा हो या मरे हुए?” बेवकूफ लकड़बग्घे ने सवाल किया.

मगरमच्छ ने मरा होने का नाटक किया. उसे उम्मीद थी कि लकड़बग्घा उसे पानी के नज़दीक लेकर जाएगा क्योंकि लकड़बग्घे अपने शिकार को खाने से पहले पानी में भिगाना पसंद करते हैं. लकड़बग्घों को सूखे मांस से नफरत होती है. वे उसे निगल नहीं पाते और वह उनके गले में फंस जाया करता है.

लकड़बग्घे ने मगरमच्छ की पूंछ थामी और और उसे घसीटता हुआ पानी तक ले गया. इस समय तक मगरमच्छ को सुन्दर जेब्रा और मूर्ख लकड़बग्घे दोनों के व्यवहार पर भयानक गुस्सा आ चुका था. इसके अलावा वह भूखा और प्यासा भी था. अपना मुंह फाड़ कर उसने लकड़बग्घे को पानी में खींचा और उसे खा लिया.

जल्द ही यह खबर दूर दूर तक फ़ैल गयी. उस दिन के बाद से जानवरों ने मगरमच्छ से दूर रहना शुरू कर दिया. इसी लिए वह बिना किसी से बातें करे पानी के नीचे शांत लेटा रहता है और बस इस फिराक में रहता कि कोई जानवर नज़दीक आए तो उसे अपना भोजन बना ले.

यह कहानी आप को दो बातें बताती है : कभी भी किसी सुन्दर स्त्री के पीछे वहां कभी न जाएँ जो आपका इलाका हो नहीं सकता. दूसरे ओकावाम्बो नदी में मगरमच्छ हर जगह होते हैं. आप उन्हें नहीं देख सकते पर वे आपको देख सकते हैं. ओकावाम्बो नदी में कई लोग मगरमच्छों का शिकार बन चुके हैं.      

अफ्रीकी लोक-कथाएँ : २


अफ्रीकी लोक-कथाएँ : २


अक्लमंद सियार की कहानी

“सुनो, सुनो, सुनो, मेरे बच्चो,” एक शाम गोगो ने बोलना शुरू किया. “जानते हो न, अक्लमंद होना बहुत ज़रूरी होता है! याद नहीं अक्लमंदी के कारण कितनी दफ़ा नोग्वाजा मरते मरते बचा है!”

“सियार भी बहुत अक्लमंद होता है, हैं न गोगो? नन्हे सीफो ने पूछा. सीफो को अपने दूसरे नाम म्पुंगगुशे (यानी सियार) पर बड़ा अभिमान था. दरअसल गोगो ने ही बचपन में सीफो को प्यार से म्पुंगगुशे कहना शुरू किया था क्योंकि जब वह छोटा बच्चा था रोते हुए सियार की सी दहाडें मारता रोया करता था. जबकि सीफो समझता था कि उसे यह नाम सियार की तरह अक्लमंद और चपल होने के कारण मिला था.

गोगो ने हंसते हुए अपने पैरों पर बैठे बच्चे को देखा, “हाँ, मेरे बच्चे! तुम सही हो! सियार बहुत चालाक होता है. कभी कभी तो कुछ ज़्यादा ही.”

“मुझे याद है कैसे उसने जाबू चरवाहे को बचाने के लिए बुबेशी को वापस जाल में पहुंचा दिया था. मुझे सियार के बारे में एक कहानी और सुनाओ न!” सीफो ने निवेदन किया.

“हां गोगो,” उसके बाकी के नाती-पोतों ने सुर सुर में मिलाया. “सुनाओ न ....”

“ठीक है बच्चो. लेकिन सुन कर कहानी से सीख ज़रूर लेना!” पेड़ के ठूंठ पर अपने गोलमटोल शरीर को अच्छी तरह व्यवस्थित करने के बाद गोगो ने कहानी शुरू की.

बहुत दिन पहले की बात है. एक सियार एक संकरे और चट्टानी रास्ते से जा रहा था. किसी अजनबी गंध को सूंघने की अपनी आदत के चलते वह अपनी नाक ज़मीन से तकरीबन चिपकाए हुए आगे बढ़ रहा था. “पता नहीं अगला भोजन कब मिलने वाला है मुझे ...” उसके सोचा, अलबत्ता यह असंभव जैसा ही था कि उसे इस दोपहरी में कोई चूहा भी शिकार के वास्ते मिल पाता. हाँ हो सकता था उसे एकाध छिपकलियाँ मिल जातीं.

अचानक उसे रास्ते पर आगे कुछ हलचल का सा आभास हुआ. “अरे! नहीं!” कहते हुए सियार ने कराह सी निकाली और अपने जहां था, पत्थर बन कर वहीं ठहर गया. शेर उसी की तरफ़ आ रहा था. यह समझते ही कि अब शेर से बच सकना संभव नहीं है, डर के मारे सियार की घिग्घी बंध गयी. महान शेर बुबेशी के साथ वह पहले ही इतनी चालाकियां कर चुका था. उसे पक्का मालूम था कि बदला लेने के लिए शेर हर हाल में इस मौके का फायदा उठाएगा. पलक झपकते ही सियार के दिमाग में एक तरकीब आई.

“बचाओ! बचाओ!” सियार चिल्लाया. चट्टानी रास्ते पर दुबक कर खड़ा वह ऊपर चट्टानों की तरफ़ देखने लगा.

अचरज में शेर ठिठक कर खड़ा हो गया.

“बचाओ!” अपने सीने के बीचोबीच उठ रहे दर्द को ज़बान देता हुआ सियार विलाप सा करने लगा. सियार ने नज़रें उठाकर बुबेशी को देखा. “अरे वाह क्या किस्मत है! बचाओ! खोने के लिए ज़रा भी वक़्त नहीं है हमारे पास! ऊपर उन चट्टानों को देखते हो? वे बस गिरने ही वाली हैं! हम दोनों उनके नीचे कुचल कर मारे जाएंगे!!! ओ पराक्रमी शेर, कुछ करो! हमें बचाओ!” सियार ने और भी नीचे दुबकते हुए पंजों से अपना सिर ढांप लिया.

बेहद सावधान होकर शेर ने ऊपर देखा. इसके पहले कि वह कुछ सोच पाटा, सियार उस से मिन्नतें करने लगा था कि वह अपनी सारी ताकत का इस्तेमाल करते हुए ऊपर से झुकी हुई चट्टान को थामे रहे. सो शेर ने अपने गठीले कन्धों को चट्टान से टिकाया और जोर लगाया.

“धन्यवाद, धन्यवाद, महान सम्राट!” सियार ने एक तीखी कराह निकाली. “मैं जल्दी से लकड़ी के उस कुंदे को यहाँ लाकर चट्टान के नीचे लगा देता हूँ. इस तरह हम दोनों बच जाएंगे!” इतना कहकर सियार नौ दो ग्यारह हो गया.

स्थिर चट्टान के बोझ तले जोर लगाता शेर अकेला रह गाया. हम कभी नहीं जान सकेंगे कि वह वहाँ कब तक खड़ा रहा जब उसे समझ में आया होगा कि यह भी सियार की एक चाल थी. लेकिन हमें इतना मालूम है कि अपनी अक्ल के दम पर सियार लम्बे समय तक जीवित रहा. 

Wednesday, June 5, 2013

अफ्रीकी लोक-कथाएँ : १


अफ्रीकी लोक-कथाएँ : १


कभी झूठ न बोलने वाले मोहम्मद की कहानी

बहुत पुरानी बात है मोहम्मद नाम का एक अक्लमंद इंसान था. वह कभी झूठ नहीं बोलता था. इलाके में दूर दूर तक लोग इस बात के लिए उसे जानते थे.

राजा ने मोहम्मद के बारे में सूना तो उसने अपने नौकरों को उसे अपने पास लाने का आदेश दिया. राजा ने अक्लमंद मोहम्मद की तरफ देखकर पूछा:

“क्या यह सच है कि तुमने आज तक कभी झूठ नहीं बोला है, मोहम्मद?”

“सच है महाराज.”

“क्या तुम पक्के यकीन से कह सकते हो कि तुम अपनी जिंदगी में कभी झूठ बोलोगे भी नहीं?”

“मुझे पूरा यकीन है.”

“ठीक है, सच बोला करो लेकिन सावधान रहना! झूठ बहुत चालाक होता है और आसानी से तुम्हारी जीभ तक पहुँच जाता है.”

कई दिन बीत गए. राजा ने मोहम्मद को फिर से बुलवाया. शिकार अभियान पर जाने को बड़ी भीड़ वहाँ तैयार खड़ी थी. राजा ने घोड़े की अयाल थाम रखी थी और उसका बायाँ पैर अभी से रकाब पर था. उसने मोहम्मद को आदेश दिया:

“मेरे महल में जाओ और वहाँ जाकर रानी से कहना कि मैं दोपहर के खाने के लिए आऊँगा. उसे कहना कि बड़ी दावत का इंतजाम किये रहे. तब तुम भी मेरे साथ खाना खाओगे.”  

मोहम्मद ने झुककर राजा को सलाम किया और महल की तरफ चल पड़ा. तब राजा ठठाकर हंसा और बोला:

“हम शिकार पर नहीं जाएंगे और अब मोहम्मद रानी से झूठ बोलेगा. कल हम उसकी मजाक बनाएंगे.”

लेकिन अक्लमंद मोहम्मद ने महल पहुंचकर रानी से कहा:

“शायद आपने कल दोपहर के लिए बड़ी दावत का इंतजाम कर लेना चाहिए, और शायद नहीं भी. हो सकता है राजा दोपहर तक आ जाएँ या शायद नहीं.”

“मुझे बताओ कि वे आएँगे या नहीं? – रानी ने पूछा.

“मुझे नहीं मालूम उन्होंने अपना दायां पैर रकाब पर रखा या मेरे वहाँ से आने पर बायाँ वाला भी ज़मीन पर धर दिया.”

हर किसी ने राजा का इंतज़ार किया. वह अगले दिन पहुंचा और उसने रानी से कहा:

“कभी झूठ न बोलने वाले मोहम्मद ने कल तुमसे झूठ बोला था.”

लेकिन रानी ने राजा को मोहम्मद के कहे शब्दों के बारे बताया. तब राजा को अहसास हुआ कि अक्लमंद आदमी खभी झूठ नहीं बोलता और सिर्फ वही कहता है जिसे उसने अपनी आँखों से देखा होता है.


Monday, August 11, 2008

म्हारे पायल रो झणकार रे: रेगिस्तानी संगीत का भरा दौंगरा

मेरा शहर बारिश की अति का शिकार है दो एक महीने से.

सब कुछ काई-काई.

आत्मा तक फफूंद.

थार मरुस्थल के जलते रेगिस्तान के लांगाओं और मंगणियारों के इलाक़ों से सुनिए दो बारिशें.

दो बारिशें जो किसी किसी की क़िस्मत पे मेहरबान होती हैं बस.

अपने को ख़ुशक़िस्मत जानिये कि हम तब पैदा हुए हैं जब इस पाये का संगीत यूं शेयर किया जा सकता है.


(आवे हिचकी)



(निम्बुड़ा निम्बुड़ा)