Showing posts with label फ़र्नान्दो पेसोआ. Show all posts
Showing posts with label फ़र्नान्दो पेसोआ. Show all posts

Wednesday, July 27, 2011

कुशान्ति की किताब का पहला टुकड़ा

मुझे अंग्रेज़ी शब्द Disquiet के लिए हिन्दी में कोई उचित शब्द मिला ही नहीं. कोई एक साल से फ़र्नान्दो पेसोआ की डायरीनुमा किताब "The Book of Disquiet" का तर्ज़ुमा कर रहा हूं जिसे पेसोआ "एक तथ्यहीन आत्मकथा" कहता है. फ़िलहाल मैं डिस्क्वायट को कुशान्ति कहना पसन्द करूंगा बशर्ते भविष्य में कोई बेहतर शब्द मिल/सूझ गया. पहला टुकड़ा पढ़िये. फ़र्नान्दो पेसोआ कौन था यह जानने के लिए नैट खंगालिये, कबाड़ख़ाना खंगालिये -


एक तथ्यहीन आत्मकथा


इन बिखरी छवियों में, और मैं बिखरे होने के सिवा कुछ नहीं होना चाहता, मैं बेपरवाही के साथ अपनी तथ्यहीम आत्मकथा लिख रहा हूं, मेरा जीवनरहित इतिहास. ये मेरी स्वीकारोक्तियां हैं, और अगर मैं इनमें कुछ कहता हूं तो ऐसा इसलिए है कि मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है.

------------------

मैं ऐसे समय में पैदा हुआ था जब अधिकतर युवाओं ने ईश्वर पर से यक़ीन खो दिया था, ठीक उसी वजह से बूढ़े उस पर यक़ीन करते थे - बिना यह जाने कि क्यों. और चूंकि मानव आत्मा नैसर्गिक रूप से तर्क के बजाय भावना के आधार पर निर्णय किया करती है, इन अधिकतर युवाओं ने तय किया कि ईश्वर का स्थान मानवता ने लेना चाहिये. मैं अलबत्ता एक ऐसा आदमी हूं जो हमेशा उसकी सरहदों पर रहता हूं जिससे मेरा सम्बन्ध होता है, जो सिर्फ़ उस भीड़ को ही नहीं देखता जिसका वह हिस्सा होता है बल्कि उसके इर्द गिर्द की चौड़ी-ख़ाली जगहों पर भी उसकी निगाह जाती है. यही वजह रही कि मैंने उनकी तरह ईश्वर को पूरी तरह नहीं त्यागा और मैंने मानवता को कभी पूरी तरह स्वीकार नहीं किया. मैंने ईश्वर से बहस की, जिसका अस्तित्वमान होना असम्भव लगता है, कि यदि वह है तो उसकी पूजा की जानी चाहिये; जहां तक मानवता का सवाल है वह एक जैविक विचार मात्र है और जिस पशु प्रजाति के हम हिस्से हैं उस से अधिक कुछ नहीं, सो वह किसी भी अन्य पशु प्रजाति जितनी ही पूजा किये जाने की पात्र है. स्वतन्त्रता और समानता के अपने अनुष्ठानों के साथ मानवता का पंथ मुझे उन प्राचीन पन्थों को पुनर्जीवित करने जैसा लगता है जिसमें ईश्वर या उनके सिर पशुओं जैसे होते थे.

सो, ईश्वर पर और पशुओं के किसी समूह पर विश्वास करने में अक्षम मैं सरहदों पर रह रहे बाकी लोगों के साथ चीज़ों से एक दूरी बनाए रखता हूं, दूरी जिसे ह्रास कहा जाता है. ह्रास अचेतन की सम्पूर्ण हानि है, जिसके भीतर जीवन का सकल आधार होता है. अगर सोच सकता, तो दिल धड़कना बन्द कर देता.

मुझ जैसे कुछ उन लोगों के लिए जो नहीं जानते कैसे जिया जाए, जीवन क्या है सिवाय परित्याग की मदद से अपने भाग्य को स्वीकारने और उस पर विचार करने के? धार्मिक जीवन को न जानते हुए और जान सकने में अक्षम होने पर, चूंकि विश्वास को तर्क द्वारा नहीं पाया जा सकता, और मनुष्य की अमूर्तन अवधारणा पर विश्वास करने और उस पर प्रतिक्रिया तक करने में अक्षम, हमारे पास जीवन के सौन्दर्यबोधी विचार के अलावा कुछ नहीं बचता कि हमारे पास आत्मा के होने का कोई तर्क हो. किसी भी या सारे संसारों की गम्भीरता के प्रति उदासीन, दैवीय के प्रति बेपरवाह, और किसी भी मानवीय चीज़ से घृणा करते हुए हम किसी परिष्कृत एपीक्यूरियनिज़्म में विकसित की गई तर्कहीन सनसनियों के आगे अपने को फ़िज़ूल में समर्पित कर देते हैं जैसा हमारे मस्तिष्क की नसों के लिए उपयुक्त होता है.

विज्ञान से केवल उसका मूल सिद्धान्त लेकर - कि हर चीज़ जानलेवा नियमों से जुड़ी हुई है, जिस के खिलाफ़ हम कोई प्रतिक्रिया नहीं कर सकते क्योंकि स्वयं नियम ही प्रतिक्रियाओं को निर्धारित करते हैं - और यह देखते हुए कि कैसे यह सिद्धान्त चीज़ों की प्राचीन दैवीय घातक अवधारणाओं से मेल खाता है, हम किसी भी प्रयास को छोड़ देते हैं जैसे कमज़ोर देह वाला कोई बड़े शारीरिक कार्य करना त्याग दे, सो हम किसी भावनाओं के किसी कर्तव्यनिष्ठ छात्र की तरह सनसनियों की पुस्तक पर झुक जाते हैं.

किसी भी बात पर गम्भीरता से बात किये बग़ैर और अपनी सनसनियों को इकलौती निश्चित वास्तविकता के रूप में पहचान कर हम उन्हीं में शरण ले लेते हैं जैसे वे विशाल अनजाने देश हों. और अगर हम न केवल सौन्दर्यबोधी विचारों बल्कि उनकी अभिव्यक्ति के तरीकों पर मेहनत करते हैं तो ऐसा हमारी लिखी कविताओं और गद्य के लिए होता है - इन कविताओं और गद्य में किसी दूसरे की इच्छा या समझ को बदल देने की मंशा नहीं होती - यह फ़क़त ऐसा है जैसे जब एक पाठक कविता को सस्वर पढ़ते हुए पढ़ने के व्यक्तिगत अनुभव को पूरी तरह सार्वजनिक बना देता है.

हमें अच्छी तरह मालूम है कि हरेक रचनात्मक कार्य अधूरा होता है और यह भी कि हमारा सबसे संदिग्ध सौन्दर्यबोधी विचार वह होगा जिसकी मंशा लिखने की होगी. लेकिन सारी चीज़ें अधूरी हैं. कोई भी सूर्यास्त इतना सुन्दर नहीं हो सकता कि वह उस से सुन्दर न हो सके, नींद लाने वाली हवा का कोई भी झोंका ऐसा नहीं हो सकता कि हमें एक और दूसरी नींद न आ सके. सो मूर्तियों और पहाड़ों पर एक ही तरह से विचार करने वाले, किताबों और बीतते हुए दिनों का आनन्द उठाने वाले और हरेक चीज़ के बारे में सोचने वाले ताकि उन्हें हमारे अपने तत्वों में रूपान्तरित किया जा सके, हम ब्यौरों और आकलनों को भी लिखेंगे जो खत्म हो चुकने पर ऐसी असम्बद्ध चॊज़ें बन जाएंगी ताकि हम उनका ऐसे आनन्द उठा सकेंगे मानो वे एक दिन घटी थीं.

यह विनी सरीखे निराशावादियों का नज़रिया नहीं जिनके वास्ते ज़िन्दगी एक कारागार थी जिसमें व्यस्त रहने और भूल जाने के लिए वे घास-पात बुना करते थे.निराशावादी होने का मतलब हुआ हरेक चीज़ को त्रासद तरीक़े से देखना, जो अतिवादी और असहज कर देने वाला रवैया होता है. जहां यह सच है कि हम अपने द्वारा रचे गए काम को कोई महत्व नहीं देते और यह भी कि हम व्यस्त रहने के लिए रचना करते हैं लेकिन हम वैसे कैदी नहीं हैं जो अपने मुकद्दर को भूलने के लिए घास-पात बुना करता है; हम उस लड़की की तरह हैं जो खुद को व्यस्त रखने के अलावा और किसी भी कारण के बग़ैर तकियों के गिलाफ़ काढ़ा करती है.

मैं जीवन को सड़क किनारे बनी एक सराय की तरह देखता हूं जहां मुझे तब तक रहना है जब तक उसके आगे पाताल से आने वाली बग्घी न आ लगे. मैं नहीं जानता वह मुझे कहां ले जाएगीक्योंकि मैं कुछ नहीं जानता. मैं इस सराय को किसी कारागार की तरह देख सकता हूं क्योंकि मैं इसके भीतर इन्तज़ार करने को बाध्य हूं; मैं इसे किसी सामाजिक केन्द्र की तरह भी देख सकता हूं क्योंकि यहां मेरी मुलाकात औरों से होती है. लेकिन मैं न तो उतावला हूं न साधारण. मैं छोड़ता हूं उन्हें जो अपने कमरों में खुद को बन्द कर बिस्तरों पर पसरे इन्तज़ार करना पसन्द करते हैं, और छोड़ता हूं उन्हें जो बैठक में आ कर बातचीत करना पसन्द करते हैं जहां से उनकी आवाज़ें और उनके गीत सुविधापूर्वक तैरते हुए यहां मुझ तक पहुंच जाएंगे. मैं दरवाज़े पर बैठा हुआ हूं - लैण्डस्केप के रंगों और ध्वनियों से अपनी आंखों और कानों को निहाल करता, और मैं हौले से गाता हूं - केवल अपने वास्ते - इन्तज़ार करते हुए रचे गए अपने अस्पष्ट गीत.

रात उतरेगी हम सब पर और बग्घी आ पहुंचेगी. मैं लुत्फ़ उठाता हूं उस मुलायम हवा का जो मुझे दी गई है और उस आत्मा का जिसकी मदद से इस लुत्फ़ को उठाया जा सकता है, अब मैं न सवाल करता हूं न कुछ खोजता हूं. यात्रा की जो पुस्तक मैं लिखता हूं - अगर उसे पढ़कर भविष्य की किसी तारीख़ को यात्रा कर रहे दूसरे लोगों का भी मनोरंजन होगा तो अच्छी बात है. अगर वे उसे न पढ़ें या उनका मनोरंजन न हो सके तो वह भी अच्छी बात है.

Sunday, July 10, 2011

मैं अपनी योजना में समय को शामिल नहीं करना चाहता


"समझ सकने के लायक बनने के लिए मैंने ख़ुद को तबाह कर डाला." अपनी किताब "द बुक ऑफ़ डिस्क्वायट" में फ़र्नान्दो पेसोआ एक जगह लिखता है. आज फिर से दिन का आग़ाज़ कीजिए पेसोआ की एक और कविता से -

वर्तमान में जियो,
आप कहते हैं, वर्तमान में जियो
पर मुझे वर्तमान नहीं चाहिए
मैं वास्तविकता चाहता हूँ
मुझे अस्तित्वमान चीज़ें चाहिए
समय नहीं, जो उन्हें नापता है
क्या है वर्तमान
यह भविष्य और भूतकाल के सापेक्ष कोई चीज़ है
यह ऐसी चीज़ है
जो दूसरी चीज़ों के अस्तित्व के कारण अस्तित्व में है
मुझे केवल वास्तविकता चाहिए, समयहीनता के साथ चीज़ें

मैं अपनी योजना में समय को शामिल नहीं करना चाहता

मैं चीज़ों को समयबद्धता के साथ नहीं देखना चाहता
मैं उनके बारे में सिर्फ चीज़ों की तरह सोचना चाहता हूँ
मैं उन्हें उन्ही से अलग नहीं करना चाहता
जैसे वे वर्तमान में उपस्थित हों

मुझे तो उन्हें वास्तविक चीज़ें भी समझना चाहिए
मुझे उन्हें कुछ भी नहीं समझना चाहिए
मुझे उन्हें देखना चाहिए
बस देखना चाहिए,तब देखना चाहिए
जब तक कि मैं उनके बारे में सोच भी न सकूँ
उन्हें देखूं बिना स्थान और समय के देखूं
और जो देखने लायक है उसके अलावा सब कुछ हटा दूँ

यह है बोध का विज्ञान
जो कोई विज्ञान ही नहीं है

Saturday, July 9, 2011

दिखावा करते हैं सारे कवि

दिखावा करते हैं सारे कवि


-फ़र्नान्दो पेसोआ

दिखावा करते हैं सारे कवि
और इतना वास्तविक होता है उनका दिखावा
कि वे उस दर्द का भी दिखावा कर लेते हैं
जो उन्हें वास्तव में महसूस हो रहा होता है

और वे जो उनका लिखा पढ़ते हैं
पढ़ते हुए, पूरी तरह महसूस करते हैं
उसका वह दर्द नहीं जो दूना होता है
बल्कि उनका अपना,
जो पूरी तरह काल्पनिक,
सो इन पटरियों पर लगातार चक्कर काटती हुई
दिमाग के मनोरंजन के लिए चाबी लगी वह नन्ही रेलगाड़ी चलती जाती है
जिसे हम आदमी का दिल कहते हैं

Thursday, July 7, 2011

जानने की कोशिश न करना मेरा रहस्यवाद है


पुर्तगाली महाकवि फ़र्नान्दो पेसोआ की लम्बी कविता-सीरीज़ "भेड़ों का रखवाला" से कुछ अंश आप पहले भी यहां पढ़ चुके हैं. आज उसी से एक छोटा टुकड़ा और -

यदि वे चाहते हैं कि मेरे पास भी कोई रहस्यवाद हो
तो ठीक है, है मेरे पास भी एक
मैं रहस्यमय हूं, लेकिन केवल शरीर से
मेरी आत्मा साधारण है और सोचती नहीं है

जानने की कोशिश न करना मेरा रहस्यवाद है
यह जीवन भी है और जीवन के बारे में सोचना भी

मैं नहीं जनता प्रकृति क्या है
मैं उसे गाता हूं
मैं पहाड़ की चोटी पर
सफ़ेदी किए हुए एक घर में रहता हूं
जो सबसे अलग है
और यही मेरी परिभाषा है.

Thursday, February 24, 2011

मैं समय और अन्तरिक्ष से पुराना हूं

पुर्तगाली महाकवि-चिन्तक फ़र्नान्दो पेसोआ से कबाड़ख़ाने के पाठक अपरिचित नहीं. उनके सघन गद्य की बानगी एकाधिक बार इस ब्लॉग पर प्रस्तुत की जा चुकी है. हाल ही में उनकी पुस्तक द बुक ऑफ़ डिस्क्वायट मुझ तक मेरे एक मित्र के मार्फ़त पहुंची है. फ़िलहाल के वास्ते पेश कर रहा हूं इस अद्भुत पुस्तक के कुछ चुनिन्दा टुकड़े


१७२.

यह ढाल पनचक्की तक पहुंचता है लेकिन मेहनत कहीं नहीं पहुंचती.

शुरूआती शरद की दोपहर थी, आसमान में एक ठंडी, मृत ऊष्मा थी और बादल नमी के अपने कम्बल से रोशनी को कुचले दे रहे थे.

नियति ने मुझे फ़क़त दो चीज़ें दीं - बहीखातों का हिसाबकिताब रख सकना और सपने देखने की प्रतिभा.

१८६.

अगर नियति का कोई मतलब होता तो मेरा दिल देवताओं के पास चला जाता! अगर देवताओं की कोई नियति होती तो मैं नियति के पास चला जाता!

कभी कभी मैं रातों को जाग जाता हूं. मुझे अहसास होता है कि अदृश्य हाथ मेरी नियति को बुन रहे हैं.

यहां पड़ा है मेरा जीवन. मेरे भीतर की कोई भी चीज़ कहीं कोई ख़लल नहीं डालती.

१८८.

चाहे उसका जीवन कितना ही मुश्किलों भरा क्यों न हो, किसी भी साधारण इन्सान को कम से कम यह सुख तो है कि वह उस बारे में न सोचे. जीवन को जस का तस जीना, किसी कुत्ते या बिल्ली जैसे बाहरी तौर पर जीवित रहना - ज़्यादातर लोग इसी तरह जीते हैं, अगर हमारे भीतर कुते-बिल्ली जैसा सन्तोष आ जाए तो जीवन को ऐसे ही जिया जाना चाहिए.

सोचने का मतलब है विनाश. सोचने की प्रक्रिया में खुद विचार नष्ट हो जाता है, क्योंकि सोचने का मतलब होता ही क्षय करना है. अगर इन्सानों को पता होता कि जीवन के रहस्य के बारे में कैसे विचार किया जाए, अगर उन्हें पता होता कि किसी भी कार्य की एक-एक तफ़सील की आत्मा पर जासूसी करती हज़ारों जटिलताओं को कैसे महसूस किया जाए, तो वे कभी कोई काम नहीं करते - वे तो जीते भी नहीं. वे डर के कारण अपनी हत्या कर लेते, ठीक उन्हीं की तरह जो अगले दिन गिलोटीन पर गरदन काटे जाने से बचने के लिए आत्महत्या कर लेते हैं.

१८९.

बरसाती दिन

हवा नकाबपोश पीली है, जिस तरह ज़र्द पीला नज़र आएगा गंदले सफ़ेद से देखे जाने पर. सलेटी हवा में बमुश्किल कहीं पीला है, लेकिन सलेटी के ज़र्दपन की उदासी में एक पीला रंग है.

२१८

मैं समय और अन्तरिक्ष से पुराना हूं क्योंकि मैं चेतन हूं. चीज़ें मुझसे बनती हैं; प्रकृति मेरी सनसनियों की सन्तान है.

मैं खोजता हूं और मुझे नहीं मिलता. मैं इच्छा करता हूं पर वह मेरे पास नहीं हो सकता.

मेरे बिना सूरज उगता है और मर जाता है; मेरे बिना बरसात गिरती है और हवा दहाड़ती है. यह मेरे कारण नहीं है कि समय बीतता है, बारह महीने होते हैं, मौसम होते हैं.

पृथ्वी की ज़मीनों की तरह मेरे भीतर संसार का बादशाह, जिसे मैं अपने साथ ले कर नहीं जा सकता ...

Saturday, November 27, 2010

सपनों के बारे में दो उस्तादों के बयान



कार्य उन कार्यों का सपना भी नहीं देख सकते जिन्हें सपने पूरा कर सकते हैं.

-फ़र्नान्दो पेसोआ



यह सच नहीं है कि लोग सपने देखना इस लिए छोड़ देते हैं कि वे बूढ़े हो चुके. वे सपनों का पीछा करना छोड़ देने के कारण बूढ़े होते हैं.

-गाब्रीएल गार्सीया मारकेज़