Showing posts with label केदारनाथ. जून २०१३. Show all posts
Showing posts with label केदारनाथ. जून २०१३. Show all posts

Wednesday, June 19, 2013

इस बार हिमालय में सुनामी - काम करने और जुट जाने का समय आया



सरकारी आपदा राहत विभाग कह रहा है कि उत्तराखंड के वृष्टि-प्रभावित इलाकों में सुनामी की सी स्थिति बन गई है. केदारनाथ से घटनास्थल की जो भी तस्वीरें आई हैं वे हैलीकॉप्टर से खींची गई हैं और बाकी की तस्वीरें उन असल जगहों से खासी दूर की हैं जहां प्रकृति ने अपना रौद्रतम रूप दिखलाया है – सुदूर दुर्गम गाँवों और रास्तों पर क्या हुआ, अभी तक किसी को सही सही नहीं मालूम. बमुश्किल शुरू हुए राहत कार्य में तमाम अड़चनें आ रही हैं, और हालात इतने बुरे हैं कि राहत कार्य में लगे जवानों तक की जिंदगी सुरक्षित नहीं. एक आम नागरिक की तरह मुझे भी उतना ही पता है जितना आप को.

धीरज धरे रहने और अच्छी ख़बरों के आने की उम्मीद लगाए रखने के सिवा हम फिलहाल कुछ भी कर सकने से लाचार हैं. सब के काम करने और जुट जाने का समय आया ही चाहता है.

Tuesday, June 18, 2013

केदारनाथ में तबाही – इसे भी दर्ज़ किया जाए




एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लोग सो रहे थे, कुछ पूजा कर रहे थे, घूम रहे थे तभी अचानक बहुत भारी मात्रा में पीछे से पत्थर, मलबा, पानी आया. ये इतनी तेजी से आया कि कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही वे मलबे की चपेट में आ गए. ये मलबा बीच-बाजार से गुजरा. सिर्फ मंदिर दिख रहा है बाकी पीछे के होटल, लॉज, मंदिर का मुख्य द्वार सब पानी में बह गए. कई लोग मलबे के नीचे दबे और उनके बचने की कोई संभावना नहीं लगती.

बताया गया कि केदारनाथ एक श्मशान घाट में बदल गया है. मंदिर के आसपास लाशें पड़ी हैं. मंदिर के आसपास का बाजार, दुकान, घर, होटल सब तबाह हो गई हैं. वहां अब कुछ नहीं बचा है. हेलीकॉप्टर के जरिए जिन लोगों को बचाकर लाया जा रहा है वो रो रहे हैं क्योंकि किसी के मां-बाप नहीं हैं तो किसी के बच्चे. नुकसान का सिर्फ अंदाजा लगाया जा सकता है.

चश्मदीदों का दावा है कि केदारनाथ मंदिर के अलावा यहां कुछ नहीं बचा है. केदारनाथ में हुई तबाही का आकलन अभी तक नहीं किया जा सका है. केदारनाथ के बाद गौरीकुंड में भी भारी तबाही हुई है. केदारनाथ, गौरीकुंड और रामबाड़ा में जान-माल का कितना नुकसान हुआ है. इसका अंदाजा भले ही अभी नहीं लग पाया हो लेकिन यहां भारी तबाही हुई है. इससे कोई इनकार नहीं कर सकता.

(धाद की फेसबुक वॉल से)