Tuesday, August 4, 2009

इज़ ही अ ब्राउन बैड ऑ अ चाइना प्लेट

लोर्ना डून वाली पिछली पोस्ट में कॉक्नी अंग्रेज़ी का ज़िक्र करते हुए मुझे अपने ब्रिटिश दोस्त डेविड फ़ेयरब्रदर की याद आती रही थी. वह पिछले साल यहां था और उस के पिछले साल भी. उसका परिचय यह है कि वह भाषाशास्त्र पर पिछले बारह सालों से अनुसंधानरत है. यह पोस्ट उस से पाई गई सूचनाओं पर आधारित मानी जानी चाहिए.

इतिहास की दृष्टि से आमतौर पर मज़दूरों के साथ जोड़ कर देखा जाने वाला अंग्रेज़ी का यह संस्करण कहीं न कहीं पिछले सौ-पचासेक सालों से अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंची आधुनिक ब्रिटिश विट की जड़ों में है.

लन्दन के ईस्ट एन्ड इलाके में रहने वाले कामगारों की भाषा के तौर पर वि/(कु) ख्यात इस ज़बान की जड़ों तक जाने का रास्ता चौदहवीं सदी के विलियम लैंगलैन्ड और ज्यौफ़्री चॉसर जैसे लोगों की रचनाओं में खोजा जा सकता है. दीगर है कि 'कैन्टरबरी टेल्स' लिख चुके ज्यौफ़्री चॉसर को अंग्रेज़ी कविता का पितामह माना जाता है. कॉक्नी शब्द का उद्‍गम coken (यानी मुर्गा) और ey (यानी अंडा) में निहित माना जाता है. इसका अर्थ होता था एक बेडौल और छोटा अंडा यानी कम ज्ञानी इन्सान.

औद्योगिक क्रान्ति के ज़माने में शहर से आए लोगों को गांवों में बहुत खराब और अनपढ़ माना जाता था क्योंकि वे न तो अपनी जड़ों से किसी भी स्तर पर जुड़े रह सके थे न कुछ नया सीख सके थे जो उन्हें 'जीने' में मदद करता. वे भाषाई तौर पर भी दीवालिया हो चुके थे. 'अ क्लासिकल डिक्शनरी ऑफ़ द वल्गर टंग' में फ़्रान्सिस ग्रोस एक क़िस्सा बयान करते हैं: "लन्दन का एक बाशिन्दा गांव पहुंचकर एक घोड़े को हिनहिनाता हुआ सुनता है और कहता है - 'आप ने सुना किस तरह हंसा यह घोड़ा?' एक राहगीर ने उसे ठीक करते हुए बताया कि घोड़ा हंसता नहीं 'हिनहिनाता' है. अगली सुबह कौवे की कांवकांव सुनकर ये लन्दननिवासी साहब बोल उठे - 'अरे सुनो कौवा हिनहिना रहा है'"

हो सकता यह एक फ़ैब्रिकेटेड क़िस्सा हो पर लब्बोलुबाब यूं है कि शहरों और ख़ासतौर पर लन्दन में रहने वालों की भाषा का क़स्बाई और ग्रामीण इंग्लैंड में बहुत मज़ाक उड़ाया जाता था.

कालान्तर में लन्दन के कुछेक हिस्सों में सीमित कॉक्नी भाषा बोलने वाले लोग शहर के अन्य हिस्सों में भी बसे और बीसवीं सदी की शुरुआत से एक विशिष्ट तबके में, प्रमुखतः युवाओं में यह भाषा चल निकली.

इसका व्याकरण बहुत विचित्र है लेकिन इस में जिस तरह के भाषाई प्रयोग होते हैं वे बचपन से अंग्रेज़ी पढ़्ने को अभिशप्त लोगों(उसे एक अलग तरह से पसन्द करने वालों) के लिए बेहद मनभावन और मनोरंजक होते हैं.

कुछ उदाहरण देखिये:

१. Would you Adam and Eve it? (क्या तुम इस बात पर यक़ीन करोगे?)

२. He's half-inched me motah (motor). (उस ने मेरी गाड़ी चुरा ली है.)

३. You are in a right old two and eight. (तुम बुरे फंस गए हो गुरू!)

४. He is a bit Radio rental. (वह पिकनिक के वास्ते कुछ सैन्डविच बना लाया है.)

५. He's lost his marbles. (उसका दिमाग फिर गया है.)

६. Let's go Dutch. (यारी पक्की खर्चा अपना अपना.)

७. Lets have a butchers at the paper. (ज़रा कगज़ पत्तरों पर निगाह मार ली जावे.)

८. Mom-in-law is brown bread now! (सासू लपक लीं! यानी स्वर्ग सिधार गईं!)

९. Why do you become Brahms and Liszt everytime we chillout? (हमारी हर दावत-पार्टी में तू टल्ली
क्यूं हो जाता है यार?)

१०. Who's that China Plate? (ये नया कौन है बे?)

(ज़रा भी मौज आए तो जनाब डेविड फ़ेयरब्रदर को थैंक्यू कहें, मा डिया फ़ैलाज़!)

फ़ुटनोट:

१. अर्ल स्टेनली गार्डनर के पाठक यहां कुछ और ऐसे ही शब्द-समूहों के बारे में बता कर अहसान कर सकते हैं और जॉर्ज माइक्स (कुछ लोग माइक्स को जन्म के समय की उसकी नागरिकता के आधार पर मिकेश भी कहते हैं) को जानने वाले भी.

२. समूचे मॉन्टी पाइथन और पी जी वुडहाउस मिथक पर कॉक्नी का कितना प्रभाव है, जानकार लोग जानते ही होंगे.

३. अभी ज़रा जल्दी है. घन्टी बज रही है, I have to take a dog and bone, guys! (फ़ोन आया है यार कॉक्नी में.)




लोर्ना डून की याद है किसी को?



आर. डी. ब्लैकमोर का उपन्यास 'लोर्ना डून' जीवन में पढ़ी गई पहली पूरी किताब बना था. मैं आठवीं में था. इसी किताब का एब्रिज्ड वर्ज़न मेरे पास पहले से था. नायिका के नाम में कुछ ऐसा सम्मोहन था कि जब पहली बार मैंने इस किताब को नैनीताल के आर. नारायण बुकस्टोर में देखा तो बिना दोबारा सोचे खरीद लिया. किताब की कीमत महीने की मेरी पूरी पॉकेटमनी से थोड़ा ही कम थी.

१८६९ में छ्पा यह टिपिकल ऐतिहासिक रोमान्स जॉन रिड नाम के एक युवा किसान की दास्तान है जो स्कॉटिश मूल के डून परिवार से लड़ता है. डून परिवार हत्यारों और अपराधियों से अटा होता है. अपनी लड़ाइयों के दौरान ही जॉन की मुलाकात लोर्ना डून से होती है जिसके सौन्दर्य और सादगी पर वह मर मिटता है. जाहिर है उनके बीच प्रेम पनपता है. थोड़े शब्दों में कहा जाए तो 'लोर्ना डून' मोहब्बत, हत्या, प्रतिशोध और निहायत अतिड्रामाई अन्त जैसे तत्वों से भरपूर एक क्लासिक है जैसा कि उस काल के अंग्रेज़ी उपन्यास हुआ करते थे.

मेरे लिए यह उपन्यास बहुत खास एक दूसरी वजह से भी है. उपन्यास का नायक ही कथावाचन का काम भी करता है. तो जॉन रिड स्वयं बताता है कि वह किस रोज़ पैदा हुआ था. इत्तफ़ाक़न ख़ाकसार भी उसी दिन पैदा हुआ था.

दरअसल दुछत्ती के पुराने सन्दूकों में कुछ खोजते हुए मुझे अपने बचपन की किताबों का अच्छा खासा संग्रह मिल गया जिसे वर्षों से मैं गुम हो गया मान रहा था. बाई द वे, लन्दन के कामगारों की विचित्र लेकिन कल्ट बन चुकी भाषा 'कॉक्नी' में लोर्ना डून का मतलब 'गुमशुदा' होता है.

पहला काम तो यह हुआ कि लोर्ना डून को आद्योपान्त पढ़ा गया. मुझे उम्मीद है आप में से कई लोगों ने इस किताब को देखा, पढ़ा होगा.

यह पोस्ट फ़क़त नॉस्टैल्जिया नामक असाध्य बीमारी को समर्पित है.



फ़ुटनोट्स:

१. 'लोर्ना डून' पर दस से ज़्यादा फ़िल्में और टीवी सीरीज़ बन चुके हैं.

२. इंग्लैंड के डल्वरटन में लोर्ना डून की प्रतिमा लगी हुई है, जिसे आप ऊपर देख सकते हैं.

३. बिस्कुट वगैरह बनाने वाली एक कम्पनी नेबिस्को के एक विशेष किस्म के बिस्कुटों के लोकप्रिय ब्रान्ड का नाम भी लोर्ना डून है. १९१२ से बनाए जा रहे इन बिस्कुटों के नामकरण के बारे में नेबिस्को के एक अधिकारी का बयान यूं है: "हमें सही सही तो नहीं मालूम कि यह नाम क्यों रखा गया लेकिन उन दिनों शॉर्टब्रैड बिस्किट्स को स्कॉटिश परम्परा से जोड़ कर देखा जाता था. और लोर्ना डून का नाम स्कॉटलैन्ड का प्रतिनिधित्व करता था."

Monday, August 3, 2009

मुझे अचानक दिखाई दिये कहीं खिले हुए कुछ फूल

कल की सीरीज़ को जारी रखते हुए आज पढ़वा रहा हूं आपको अनीता वर्मा जी के दूसरे संग्रह 'रोशनी के रास्ते पर' से एक और कविता.

अनिंदो दा के साथ

कल शाम अनिंदो दा आये थे
उनके साथ हमने बीते दिनों को याद किया
कैसे निवारणपुर का नाम पड़ा था निवारणचंद्र दासगुप्ता के नाम पर
जिन्होंने आजीवन स्कूल में ही पढ़ाने का व्रत लिया था
और उनकी बेटी बासंती देवीके पिता और भाई विभूतिभूषण के जेल जाने पर
उनके धर्मपिता बने थे राजेन्द्रप्रसाद और मां बनीं कस्तूरबा
वे वर्धा में रहीं 'बा' के पास, उन्हीं से सब कुछ सीखा
अभी कुछ समय पहले तक रहती थीं चांडिल के पास निमडी में
समाज सेवा करती थीं और उन्हें इस बुरे समय से कोई लेना-देना नहीं था
अनिंदो दा ने बताया, उनके नाना ने कभी पढ़ाया था इंदिरा गांधी को
एक बार जब उनकी चिट्ठी आई थी
तभी सबने इस बात पर विश्वास किया था
और उनके नाना ने तीस रुपये माहवार पाते हुए
अपने आश्रम में पढ़ाया था सात आदिवासी लड़कों को
वे सभी अनिंदो दा के मामा थे
और उनमें से एक उपेन किस्कू अभी हाल में मिले थे उनसे
पहचाना था उसी पुराने आत्मीय रिश्ते से

गांव में चार महीने पहले से होता था जात्रा का अभ्यास
दूर-दूर से इकट्ठे होते छोते-बड़े सभी दालान पर
अलग-अलग रिहर्सल होती, कहीं बकासुर वध
कहीं छोटे बच्चों का नाच गान
दोपहर होते ही घंटी बजती और सभी एक पांत में बैठकर खाते
मोटे चावल का दाल-भात और आलू-पोस्ते की सब्ज़ी
अगले इतवार फिर सब तैयार
तब तक कोई ब्रांड नहीं था
सभी सस्ता पहनते मामूली खाना खाते
एक दूसरे का संग-साथ निभाते ख़ुश रहते

एक लड़का था सुब्रतो बागची जिसके पिता छोटे अधिकारी थे
अब वह प्रबंधन का बड़ा अधिकारी है
उसने बताया प्रबंधन पास किये लड़कों को
कि उसने अपने पिता से कुछ बातें सीखी थीं
जिनमें एक था सबसे उम्र के अनुसार रिश्ते बनाना
चाहे वह घर में काम करने वाला नौकर हो या ड्राइवर
दूसरा, जिस घर में जाना वहां साफ़-सफ़ाई के बाद
द्वार पर मिट्टी ठीक कर उसमें फूल-पौधे लगाना
जैसे ही साल-भर में फूलों के खिलने का मौसम आता
पिताजी का तबादला हो जाता
अंततः सुब्रतो ने एक दिन कर दिया इन्कार
कहा क्या फ़ायदा इससे, हमें तो अब चले ही जाना है यहां से
तब पिता ने कहा, तुम अगर नयी जगह में दूसरे घर में जाओगे
और पाओगे उसे साफ़ और फूलों से भरा तो कैसा लगेगा तुम्हें

शाम गहरी हो गई थी जब हमारी बातें ख़त्म हुईं
मुझे अचानक दिखाई दिये कहीं खिले हुए कुछ फूल
और तभॊ कोई लालटेन का शीशा साफ़ कर
उसे जला कर रख गया था.

(कबाड़ख़ाने में अनीता जी की कविताएं यहां भी:

प्रभु मेरी दिव्यता में सुबह-सबेरे ठंड में कांपते रिक्शेवाले की फटी कमीज़ ख़लल डालती है
प्रार्थना
वान गॉग के अन्तिम आत्मचित्र से बातचीत
सभ्यता के साथ अजीब नाता है बर्बरता का)

Sunday, August 2, 2009

वे गाते हैं कई पुराने गीत, जिन में आज की कोई ख़ुदगर्ज़ आवाज़ नहीं

अनीता वर्मा की कविता 'झारखंड' दरअसल अकेले झारखंड की कविता नहीं है. यह हमारे स्वातंत्र्योत्तर समाज में आए एक व्यापक राजनैतिक-सामाजिक पतन का दस्तावेज़ है.



झारखंड

हमने अल्बर्ट एक्का को चौराहे का पहरेदार बना दिया है
वह देखता रहता है दिन-रात भीड़, जुलूस, धरने और प्रदर्शन
उसकी आत्मा वहीं ज़मीन पर बैठी सुनती रहती है
नेताओं के झूठे बोल और आश्वासन
धूल, गर्द, गर्मी और पसीने के बीच वह देखता है हमारी धरती का गौरव
बड़े-बड़े होर्डिंग्स और पोस्टर
लालची और बेईमान चेहरे
गांवों-जंगलों से हांक कर लाए गए आदिवासियों की भोली निष्पाप सूरतें
वे कुछ नहीं समझते उनके हक़ में क्या है
न्याय क्या है लड़ाई क्या है
वे तो बस हथियार और जयजयकार हैं
शाम होते लौट जाते हैं अपने गांव
दिन-भर गुड़, चना, सत्तू, दाल-भात खाकर
फिर सोचते भी नहीं कोई करेगा उनका भला

रोज़ रात वे सब मिलते हैं
एक जगह बैठते हैं सब
बिरसा मुंडा, अल्बर्ट एक्का,जतरा, बुधू भगत,
सिद्धू कान्हू, तिलकामांझी, नीलांबर पीतांबर
मशालों के बॊचोबीच बैठे करते हैं गुफ़्तगू
फिर धीरे-धीरे इकठ्ठे होते हैं ढेरों जा चुके लोग
अपने-अपने ताबूतों को उठाए तीर-धनिष हथियारों से लैस
गाते हैं कई पुराने गीत, जिन में आज की कोई ख़ुदगर्ज़ आवाज़ नहीं
वे सब अब लौट कर नहीं आएंगे
और हममें ऐसा कुछ नहीं रह गया
कि हम उनके गीतों के पीछे-पीछे जा सकें कुछ दूर तक.

(कबाड़ख़ाने में अनीता जी की कविताएं यहां भी:

प्रभु मेरी दिव्यता में सुबह-सबेरे ठंड में कांपते रिक्शेवाले की फटी कमीज़ ख़लल डालती है
प्रार्थना
वान गॉग के अन्तिम आत्मचित्र से बातचीत
सभ्यता के साथ अजीब नाता है बर्बरता का)

*अल्बर्ट एक्का चौक रांची की फ़ोटो www.ranchi.net से साभार.

Saturday, August 1, 2009

एक मछली, दो बातें


कलकत्ते में हिलसा या इलिश माछ पर इन दिनों बज्जर गिरा है। अंग्रेज इसे मैंगो फिश कहा करता था। यह नाम इसलिए पड़ा क्योंकि यह आम के सीजन में इसकी आमद हुआ करती थी। एक बंगाली दोस्त ने बताया कि इस भरमार वाले समय में भी ५०० ग्राम का खोका (बच्चा)इलिश पांच-छह सौ रूपये किलो बिक रहा है।....और यह कोई नयी बात नहीं है।

मछुआरे अपनी परंपरा का पालन करते हुए आमतौर पर खोका इलिश नहीं पकड़ते। मछलियां जब तक प्रजनन की उम्र को न पहुंच जाएं उनका शिकार वर्जित है। दूसरी बात कि खोका इलिश में 'वह' स्वाद नहीं होता और कांटे बहुत होते हैं। स्वाद होता है दो से तीन किलो की हिलसा में। जब यह भाव मिल रहा है और नौदौलतिया खरीदारों की कोई कमीं नहीं है तो मछुआरे भी रूपये की तीन अठन्नी क्यों न बनाएं। हिलसा बंगाल का रास्ता भूल गई है सो वे भी अरंपरा-परंपरा छोड़ खोका पकड़ते भए पूर्वी भारत की संस्कृति का हिस्सा बन चुकी इस शानदार मछली के सफाए में अपना महती योगदान दे रहे हैं।

दुनिया के बड़े मछली निर्यातकों में से एक बांग्लादेश ने पिछले साल पश्चिम बंगाल को २१ लाख किलो इलिश माछ बेची थी लेकिन कीमत का टंटा हो गया। प. बंगाल चौदह रूपये किलो दे रहा था और ढाका वाले तेजी से वहां भी खत्म हो रही हिलसा की कीमत थोक में १७ रूपये किलो मांग रहे थे। खुदरा बाजार में पांच-छह सौ रूपये किलो और उस पर भी मारामारी को देखते हुए, यह सौदा बेहद सस्ता था लेकिन सरकारें अपनी ही चाल चलती है। इस या उस पार बांग्ला के किसी मंत्री या अफसर की धोती या पतलून में फाइल फंसी होगी। वैसे हिलसा का नदियों में घटना और कीमत का चढ़ना बीस साल पहले शुरू हो गया था।

हिलसा, प्रजनन के दिनों में समुद्र से धारा के विपरीत तैरते हुए नदियों में आती है। कुछ दशक पहले जब गंगा की यह दुर्गति नहीं हुई थी, हिलसा बंगाल की खाड़ी से निकल कर सुंदरबन डेल्टा होते कलकत्ता फलांग कर एक हजार किलोमीटर की लांग स्विम (बतर्ज लांग ड्राइव) करते हुए इलाहाबाद में नमूंदार हुआ करती थी। गंगा की इलिश स्वादिष्ट कि पद्मा की- इस पर बांग्ला साहित्य में लंबी चखचख हुई है।

फरक्का बांध के बाद गंगा की एक धारा हुगली बन कर दक्षिण की तरफ निकल लेती है। एक धारा पद्मा का नाम लेकर दक्षिण-पूर्व दिशा में बांग्लादेश जाकर मेघना (ब्रह्मपुत्र) में मिल जाती है। मछुआरे या बंगाली भद्रलोक भी नदी किनारे खड़े होकर इलिश का नाम नहीं लेते। कहा जाता है इलिश के कान बहुत तेज होते हैं अपना नाम सुनकर यह उस इलाके से ही चंपत हो जाती है। झीसी या रिमझिम बारिश में यह सतह पर खिलवाड़ करने आती है इसी कारण बांग्ला में धीमी बारिश के लिए एक शब्द है इलिशगुड़ी बृष्टि।

पर्यावरण में बदलाव, सुंदरबन के मैंग्रूव वनों का सफाया, प्रजनन के इलाकों में जहाजों की बढ़ती आवाजाही और सारी नदियों में बढती सिल्ट के काऱण हिल्सा का यह हाल हुआ है। वैसे पूरे उत्तर-पूर्व, बंगाल और बांग्लादेश का इको सिस्टम चौपट हो रहा है। यही अपने यहां भी कई उलटबांसियों के रूप में सामने आ रहा है। आजकल दाल मंहगी है और मुर्गा सस्ता है।

पुनश्चः इलिश से जुड़ा एक और किस्सा। दूसरे विश्वयुद्ध के समय बर्मा से काफी अमीर बंगाली भाग कर कलकत्ता पहुंचे। वे बाजार में हिलसा के दाम पूछ कर खांटी गोरा साब वाले अंदाज में कहते थे, "डैम चीप।"
उन्हें आया देख कर मछली बेचने वाले घेर लेते थे। "मेरी मछली ले लो डैमची साहेब। मेरी मछली ले लो डैमची साहेब।" नए दौलतियों की प्रजाति का नाम ही डैमची साब पड़ गया।

Friday, July 31, 2009

हाल ऐसा नहीं के तुमसे कहें

पिछले कुछ महीने वेक्यूम में गुज़रे हैं और अगले कुछ और भी ऐसे ही कटेंगे। मैं सफ़ेद भालू भी नहीं कि जान सकूँ यह एकरसता कब ख़त्म होगी। सन्नाटा इतना भीषण है और उसपर ये बेआवाज़ तिरते बादल, जो बेहया की तरह बिन बरसे चले जाते हैं। न सूरज ही दीखता है न पानी ही बरसता है। उसपर काम; जितना काम उससे ज़्यादा काम की चिंता। आज ही मेरी एक क्लाइंट ने लिखकर भेजा है "I am starting to lose the will to live"। जब उनका ये हाल है तो अपनी क्या बिसात?

दो शेर दो अलग अलग मूड के:

"हो जाऊंगा पल भर में मादूम मुझे देखो
एक डूबती कश्ती हूँ, एक टूटता तारा हूँ"

और

"मर्ग इक मांदगी का वक़्फ़ा है
यानी आगे चलेंगे दम लेकर"

फिलहाल तो पिछले कुछ दिनों से फरीदा आप की शरण हूँ... आगे का आगे देखेंगे क्योंकि हाल ऐसा नहीं कि तुमसे कहें...




हाल ऐसा नहीं के तुमसे कहें
एक झगड़ा नहीं के तुमसे कहें

ज़ेर-ऐ-लब आह भी मुहाल हुई
दर्द इतना नहीं के तुमसे कहें

सब समझते हैं और सब चुप हैं
कोई कहता नहीं के तुमसे कहें

किससे पूछें के वस्ल में क्या है
हिज्र में क्या नहीं के तुमसे कहें

अब खिजां ये भी कह नहीं सकते
तुमने पूछा नहीं के तुमसे कहें

हम और हमारे आसपास प्रेमचंद की मौजूदगी

हम लोग उत्सव - धर्मी लोग हैं हर अवसर को उत्सव और समारोह में बदल देने के अभ्यस्त।

आज प्रेमचन्द जयंती है। आप सुविधा के लिए चाहें तो मुंशी प्रेमचंद ,उपन्यास सम्राट प्रेमचंद या कहानी सम्राट प्रेमचंद भी कह सकते हैं और अपने उत्सव- धर्मी मन को बहलाने के लिए आज के दिन कोई गोष्ठी, कोई मीटिंग , कोई रचना पाठ आदि - इत्यादि का आयोजन कर सकते हैं और जैसी की परंपरा है 'उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प' लेने की बात कर सकते हैं. जयन्तियों पर शायद / अक्सर ऐसा ही होता है. रास्ते बताए जाते हैं और उन पर चलने के संकल्प लिए जाते हैं. चलना तो अगला कदम है क्या हमें सचमुच पता होता है कि 'उनका ' बताया रास्ता क्या है ? कौन - सा है??

प्रेमचंद का बताया रास्ता क्या है ? कौन - सा है??

आज प्रेमचन्द जयंती है। कल शाम को ऐसा लगा कि कुछ लिखना चाहिए और लिखने के वास्ते जरूरी है कि कुछ पढ़ना चाहिए या पुराने पढ़े को गुनना - बुनना चाहिए. बहुत देर तक अपने निजी कबाड़खाने में किताबें ,पत्रिकायें, फाइलें पलटता रहा. 'कबाड़खाना' पर पिछले साल 'इसी अवसर पर लगाई अपनी पोस्ट का अवलोकन भी किया किया और समझ न सका कि ' प्रेमचन्द जयंती के अवसर पर' क्या लिखा जाय! पहले तो सोचा कि किसी किताब का कोई अंश ब्लाग पर लगा ( चेप !) दिया जाय या ' कहानी / उपन्यास कला के तत्वों के आधार पर' उनकी किसी कहानी / उपन्यास का जिक्र कर दिया जाय. अपन भी तो कुछ लिखते -पढ़ते हैं सो 'इस अवसर पर' अपना ही पहले का लिखा और हिन्दी की 'एक महत्वपूर्ण पत्रिका में प्रकाशित' आलेख / निंबंध / शोधालेख / समीक्षा / टिप्पणी को पुन:प्रकाशित कर दिया जाय ताकि सहृदय पाठकों के लाभ हेतु प्रेमचंद के 'व्यक्तित्व और कृतित्व ' पर कुछ प्रकाश पड़ सके ! 'शतरंज के खिलाड़ी' और 'सदगति' कहानियों पर सत्यजित राय द्वारा बनाई गई दो फिल्मों को याद किया और उनके बारे में लिखने की सोची परन्तु सोचता ही रह गया और खाया - पिया , टीवी देखा और सो गया . अपने तईं प्रेमचंद जयन्ती की पूर्वसंध्या पर अपना निजी समारोह ऐसे ही हो गया !

किताबें कुछ कहना चाहती हैं ।क्या हम सुनने को तैयार हैं ? क्या अवकाश है हमारे पास ??

हिन्दी में प्रेमचन्द के ऊपर / बारे में ( उनके द्वारा लिखे गए साहित्य को छोड़ दें तो ) इतना - इतना लिखा गया है कि क्या बतायें कितना लिखा गया है ! इसमें से ढेर सारा सामान तो विश्वविद्यालयों की एम। फिल , पी-एच. डी. आदि उपाधियों के लिए रचित शोध प्रबंध है , विद्यार्थियोपयोगी कुंजियाँ हैं, विद्वान प्राध्यापकों द्वारा समय - समय पर लिखे गए निबन्धों के संग्रह हैं और कुछ आलोचनात्मक पुस्तकें हैं. कुल मिलाकर हमारे पास प्रेमचंद इफरात में हैं और जब से उनकी रचनायें 'फ्री' हुई हैं तब से हिन्दी का लगभग हर प्रकाशक प्रेमचंद साहित्य को छाप - बेच - वितरित कर रहा है फिर भी आइए 'इस अवसर पर' तलाश / पड़ताल करें कि हमारे पास प्रेमचंद की उपस्थिति कितनी और कैसी है?

हमारे आसपास प्रेमचंद की मौजूदगी की मात्रा और परिमाण का प्रमाण क्या है ? कैसा है ?

स्कूल -कालेज के पाठ्यक्रमों में प्रेमचंद मौजूद हैं यह दीगर बात है उन्हें निकालने - हटाने - बदलने की भी कहानियाँ बनती - बिगड़ती रही हैं और इस मुद्दे पर भी खूब विमर्श , बहस , बतकही और झाँय - झाँय हुई है लेकिन क्या ऐसा नही लगता कि पाठ्यक्रमों में प्रेमचंद की मौजूदगी के कारण ( ही !) नई पीढ़ी में प्रेमचंद की मौजूदगी दिखाई दे रही है? हो सकता है यह बात गलत हो और इस 'मौजूदगी' का बायस केवल पाठ्यक्रम मात्र न हो और उन्हें खूब पढ़ा जा रहा हो क्योंकि जब वे खूब छप रहे हैं तो खूब पढ़े भी जा रहे होंगे !!

अभी कुछ देर पहले अखबार आया है जिसमें अवसरानुकूल प्रेमचंद पर कुछ सामग्री है जिसे पढ़ना फिलहाल मुल्तवी कर यह सब ( शायद प्रलाप / एकालाप / बकवास ) लिखने बैठ गया हूँ। बरसों पहले हमारी हिन्दी की किताब में एक निबंध था 'क्या लिखूँ ?' कल शाम से और आज अभी काम पर जाने से पहले अपनी भी हालत यही है कि 'क्या लिखूँ ?' अखबारों में प्रेमचंद जयंती के अवसर पर जो कुछ छपा है उसे पढ़ना है , नहाना - धोना है , काम पर जाना है और लौटती बेर बाजार से कुछ सामान वगैरह भी लाना है और हाँ, शाम को अगर फुरसत मिली तो दो - चार लिखने- पढ़ने वालों को इकठ्ठा कर गोष्ठी आदि करके प्रेमचंद जयंती भी समारोहपूर्वक मनाना है !

बुकशेल्फ में धरीं प्रेमचंद की / प्रेमचंद पर लिखी किताबें काँच की दीवार को चीरकर कुछ कहना चाहती हैं पर अपन को अभी फुरसत नहीं है। हम लोग उत्सव - धर्मी लोग हैं हर अवसर को उत्सव और समारोह में बदल देने के अभ्यस्त !
किन्तु ? परन्तु ?? लेकिन ??? ...........

Thursday, July 30, 2009

पतंगा: एक साझा कविता

पतंगा

दीये की रोशनी
आकार देती है
तुम्हारे चेहरे को
हौले से चूमती है उसे
असलियत से दूरी का कफ़न पहना देती है उसे

पतंगे की तरह नाबीना
मैं उस पर फड़फड़ाता रहता हूं
खोजता हुआ मेरे अपने सपने के भीतर वह गहरा अमृत
मैं जानता हूं वह वहां नहीं है

तब भी तुम वह हो
जिसे दे दी गई है
एक दूसरी आकृति!

जिस से आज़ाद
हो जाने के बारे में
मैं ख़ाब तक नहीं देख सकता!

-------

मूल अंग्रेज़ी पाठ यह रहा:

Moth

The lamplight,
figures
your face,
lightly kisses it,

Shrouds it from reality.

Moth-blind
I flutter to it
antennae-searching for the deep nectar of my dream ....

I know is not there

Yet, you're someone
have been transfigured ..
into someone !!

That I can't dream
of letting myself
fly free !!

Wednesday, July 29, 2009

बारिश के बाद : स्वर वर्षा

आज अभी
दो दिनों की बारिश के बाद मन बदराया है
कितनी लम्बी तपन के बाद यह
यह सुशीतल समय समीप आया है .
हर ओर हाजिर है हरापन है भरपूर
सचमुच का हरा और सुंदर

वनस्पतियों ने बुझाई है अपनी प्यास
धुले - नर्म - नीले दिख रहे हैं पहाड़
जिन पर बिखरी है अधमुँदे सूर्य की आभा
चहुँदिस फैला है जादुई उजास
आज का यह दिन विशिष्ट
सचमुच खास
क्या यही है सावन है
कवियों - गवैयों - कलाकारों का प्रिय चौमास ?

मैं क्या जानूँ
मुझे क्या पता
मेरे सामने बरसते हुए बादल हैं
और इर्दगिर्द शब्द - स्वर - सौन्दर्य की रसधार !



जा बैरी जा बदरा / ठुमरी मिश्र भैरवी
स्वर : शोभा गुर्टू
अलबम :पापी जिया नहीं माने
तबला :उस्ताद निजामुदीन खान
सारंगी : लियाक़त अली खान
हारमोनियम :पी. वलवलकर

Tuesday, July 28, 2009

लक्षणाओं का लाक्षागृह ...



लक्षणाओं का लाक्षागृह...

(शमशेरियत पे कुछ ग़ैर-सिलसिलेवार नोट्स)


एक निहायत सब्‍लाइम पोएट- गो के कई बुझे हुए ज़मानों ने कभी तसव्‍वुर किया हो, और जो तामीर हुआ, तो दोआबों के दरमियान उसकी आवाज़ हमारी अस्थियों के मौन में डूबी-सी लगी हो...

जिसे शमशेर बुलाते रहे फिर हम ज़मानों तलक ... ज़मानों बाद.

और उसकी संभले क़द वाली वो कविताएं, जो कहीं से भी तुर्श नहीं, तल्‍ख़ नहीं, सब्‍ज़ नहीं ... न कोई कच्‍चा-कसैलापन ... बस, एक बेतरह-सी ढलाई, दरियाओं-सी रवानी, मोम सरीखी छुअन, तांबई रंगतें ... औ' 'दाह का आलोक' ... फ़क़त!

...

हिंदी में शमशेर सरीखा आस्‍वाद का आत्‍मविश्‍वस्‍त और आत्‍मसंयत उद्यम शायद ही किसी ने किया होगा. लेकिन तब भी, वे 'सुख का एकालाप' रचने वाले कवि नहीं हैं. उनकी कविताओं का वो भवन फिर चाहे कितना ही आलीशान, बेमिसाल और अगम्‍य लगे, शमशेर कभी भी बहोत दूर नहीं होते. वे शामिल हैं. वे क़रीबतरीन हैं. इतने पास अपने ... जैसे के स्‍वप्‍न, या सिकता, या फिर सांसों का सूत.

...

शमशेर मिजाज़ी शा'इर हैं ... निखा़लिस मूड के पोएट. ये भी सच है के वो जां'फ़िशानी से ज्‍़यादह लुत्‍फ़ के शा'इर हैं ... एक मुसव्विर ... एक इंप्रेशनिस्‍ट आर्टिस्‍ट. फिर वे ऐंद्रिकता और संयम को एक साथ लेकर आते हैं ... जैसे सुक़ून के साथ आंच को ढाल रहे हों ... जैसे शीशा उतार रहे हों. उनकी कविता अक्‍सर पिघले मोम और पिघले शीशे की कविता लगती है. ढला हुआ रूपाकार और साथ ही संभलता-ठिठकता हुआ. ऐसी आइनेदारी और नज़रदारी (अशोक वाजपेयी के मुताबिक़ 'दृष्टिवत्‍ता') हमने पहले कहीं नहीं देखी. शमशेर जितना हाथ आते हैं, उससे ज्‍़यादा बाहर छूट जाते हैं और यही चीज़ उन्‍हें हमारे लिए और दिलक़श बनाती है. वे बेठोस हैं ... उनके यहां रंग से ज्‍़यादा 'रंगतें' हैं, उजालों से ज्‍़यादा 'उजास'. आहटें, अनुगूंजें हैं ... 'विलंबित-विपर्यस्‍त' ... प्रत्‍यक्ष या प्रत्‍यभिज्ञा से ज्‍़यादा आभासों का आभालोक ...

और रचना की गंभीर प्रयत्‍नसाध्‍य पवित्रता ऐसी के लगता है जैसे वो लक्षणाओं का कोई लाक्षागृह हो...यहां से वहां तक केवल कुंदन ही कुंदन. शायद, इसीलिए मुक्तिबोध को कहना पड़ा था- शमशेर की कविताओं के इस भवन में प्रवेश करते हुए डर लगता है.

लफ़्ज़ उनके यहां 'गौहर' हैं... मोती सरीखी नूर की बूंद. एक-एक लफ़्ज़- अपनी ख़ुदमुख्‍़तारी, अपने सुघड़ विन्‍यास में- अद्वितीय. और तमाम गेप्‍स और पॉज़ेस... अवकाश और अंतराल... उनके स्‍पर्शभर से स्‍पंदित होते, नई रोशनी में निथरते हैं. ऐसा सूक्ष्‍म और 'सजेस्टिव' पोएट हिंदी ने फिर नहीं देखा... ऐसा ज़बानों के दोआब को दिशा और परिष्‍कार बख्‍़शता कवि... जो, अगरचे देखा जाए तो, (और कुछ-कुछ असद ज़ैदी की कहन के मुहावरे में) फ़ैज़ से ज्‍़यादह फ़िराक़ की मेहफ़िल में नज़र आता है, कविता को ख़ामोशी और ख़ामोश-कहनी की तमीज़ सिखाता है, ख़लाओं तक के बारीक़ धागों को रंग और रोशनी बख्‍़शता है और इसके साथ ही जिंदगी और ख्‍़याल में अपनी पोज़ि‍शन साफ़ करने से नहीं कतराता... हिंदी कविता के इतने आग्रहों और आग्रहों के अतिचारों के बीच शमशेर ने जो सर्वमान्‍यता हासिल की है, वो भी कम महत्‍वपूर्ण नहीं है.

...

मूल्‍यांकन में मुक्तिबोध उनके सबसे क़रीब पहुंचे हैं... और उनके अलावा, काफ़ी हद मलयज उनकी नब्‍ज़ पर हाथ रख पाने में क़ामियाब हो पाते हैं.

...

लेकिन बलवे पे आमादा प्रोग्रेसिव पोएट शमशेर कभी नहीं रहे. उनमें एक ज़हानत है और एक समझ की परदेदारी भी. उनमें संकोच है. हिंदी के प्रगति रथ ने उन्‍हें अपने तीन मूर्धन्‍यों (नागार्जुन और त्रिलोचन समेत) में शुमार किया, फिर भी, कम से कम दो दफ़े ('प्‍लाट का मोर्चा' और 'चुका भी हूं मैं नहीं' की भूमिकाएं) में वे अपनी और अपनी रचना की 'प्रगतिशीलता' पर संकोच जता जाते हैं. ऐसा नहीं है के शमशेर शामिल नहीं हैं, लेकिन वे शोरगुल नहीं मचाते, दूसरे 'सम्‍बद्ध हूं, प्रतिबद्ध हूं' लिखकर बताने की भी ज़रूरत उन्‍हें महसूस नहीं होती. 'समय-साम्‍यवादी' के इस कवि ने अपनी कविता नारों के नुक्‍़ते जोड़कर नहीं बनाई. एक भरोसा रक्‍खा हमेशा अपने भीतर, एक ख़ुदगर्जी और एक पशेमानी. ज्‍़यादह तमगों की दरक़ार उन्‍हें न थी, सो टांगे नहीं. और तोहमतें? ख़ैर...वो हिंदी में किसके हिस्‍से नहीं आई हैं?

पोएटिक नज़रिया और क्रिटिकल रवैया कमोबेश यक़सी चीज़ें ही हुआ करती हैं, ये भी शमशेर ने बड़ी ख़ामोशी से साबित करके दिखा दिया. शमशेर को हिंदी में महत्‍वपूर्ण आलोचक कौन मानेगा, लेकिन क्‍या ये भी सच नहीं कि सप्‍तकों के बाद की हिंदी कविता पर सबसे ऑब्‍जेक्टिव कमेंट अगर किसी का मिलता है, तो वो शमशेर का है (राधाकृष्‍ण से शाया 'कुछ और गद्य रचनाएं' में संकलित). 'चांद का मुंह टेढ़ा है' की भूमिका क्‍या कभी भूली जा सकती है, जिसने मुक्तिबोध की बेचैनी और उनकी अंतरात्‍मा के आयतनों को हमारे सामने उघाड़ दिया था- ऐन चौंसठ के ही साल में. बाख़ के संगीत, पिकासोई कला और अरागां की अवांगार्द सोच वे हमारे सामने लेकर आते रहे. और हिंदी में जिस तासीर के स्‍केच (डायरी नहीं, स्‍केच) शमशेर ने लिक्‍खे हैं, वैसे शायद और कोई नहीं लिख पाया. जहां वे नज़ारे टांकते नहीं हैं, ख़ुद नज़र बन जाते हैं.

...

शमशेर के यहां एक दीर्घ समतल मौन है. सुदूरपन है लयगति. बहुत-बहुत दूर और बहुत-बहुत क़रीब की कोई बात. और फिर, एक अनन्‍य प्रत्‍यक्ष ऐंद्रिक बोध. संवेगों का एक पूरे का पूरा समंदर. रंगों को आंच, दिशाओं को दर्पण और चांदनी को बेठोस वे ही कह सकते थे. 'कवि घंघोल देता है व्‍यक्तियों के जल' वाला ख़याल भी उन्‍हें ही हो सकता था. त्रिलोचन की कविताओं में सरलता का अवकाश और 'नींद ही इच्‍छाएं' सरीखी चीज़ भी उन्‍होंने ही देखी और बयान की. फिर, 'तुम मुझे खोते गए हो/ यही अर्थ है/ समय की चाल का/ बस' और 'हम मिल नहीं सकते/ मिले कि खोए गए' जैसा औपनिषदिक निर्वेद (वैसे... कभी-कभी हिंदी वाले एक मीठी-सी दिल्‍लगी से उन्‍हें 'संत' भी कह लिया करते हैं!) भी वे ही हासिल कर सकते थे, जो के एक ख़ूब पहुंचा हुआ क़ाएनाती इल्‍मो-इलहाम है.

...

वो शमशेर हैं...उदास रंगीनियों और मुबारिक सायों के एक बेमिसाल शा'इर... हमेशा-हमेशा फ़तेहयाब... यक़ीनन!

...

उन्‍होंने हमें और गूंगा बना दिया है!


(चित्र सौजन्‍य : चंद्रकांत देवताले)

प्रचण्ड और भारतीय अख़बारों का सुर

मुद्दा थोड़ा पुराना ज़रूर है मगर अप्रासंगिक नहीं. इसीलिए कबाड़ख़ाने के पाठकों के लिए यहाँ प्रस्तुत किया जा रहा है. नेपाल में जिन परिस्थितियों में कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहाल 'प्रचण्ड' ने इस्तीफ़ा दिया उससे एक बड़ी बहस शुरू हुई. यहाँ आनंद स्वरूप वर्मा नेपाल में माओवादियों की सफलता या असफलता की बजाए आपका ध्यान दिल्ली के हिंदी अख़बार और उनके संपादकों की विद्वता की ओर खींचना चाह रहे हैं. पढ़ा जाए.

नेपाल की घटनाओं पर भारतीय मीडिया का रुख अत्यंत शर्मनाक और हास्यास्पद रहा. अखबारों और खास तौर पर हिन्दी अखबारों की संपादकीय टिप्पणियों को देखकर हैरानी होती है और विश्वास नहीं होता कि इतने साहस के साथ कोई कैसे अपनी अज्ञानता को जनता तक पहुंचाता है. आम तौर पर इन टिप्पणियों में यह कहा गया कि प्रचण्ड अपनी जनमुक्ति सेना के ‘लड़ाकुओं’ को नेपाली सेना में भर्ती कराना चाहते थे जिसे कटवाल ने मना किया और फिर प्रचण्ड ने उन्हें बर्खास्त कर दिया.

जाहिर है कि अगर किसी पाठक को यह बात बतायी जा रही हो तो वह कटवाल के पक्ष में खड़ा होगा और प्रचण्ड की इस बात के लिए भर्त्सना करेगा. उसे राष्ट्रपति द्वारा उठाया गया कदम भी अत्यंत तर्कसंगत और न्यायोचित लगेगा. इन संपादकों ने यह बताने की जरूरत नहीं महसूस की कि जनमुक्ति सेना के सैनिकों को राष्ट्रीय सेना में शामिल किए जाने का मामला प्रचण्ड अथवा उनकी पार्टी नेकपा (माओवादी) का मामला नहीं है बल्कि यह नवंबर 2006 में सम्पन्न उस विस्तृत शांति समझौते का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसके आधार पर राजनीतिक घटनाक्रमों का क्रमश: विकास होता गया.

कहने का अर्थ यह कि शांति प्रक्रिया का यह एक महत्वपूर्ण अवयव है. इन संपादकों ने यह भी बताने की जरूरत नहीं महसूस की कि माओवादियों और सरकार के बीच हुए इस शांति समझौते में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि न तो माओवादी और न सरकार तब तक अपनी सेनाओं में कोई नयी भर्ती नहीं करेंगे, जब तक दोनों सेनाओं का एकीकरण नहीं हो जाता. इसका उल्लंघन करते हुए कटवाल ने नेपाली सेना में 3000 लोगों की भर्ती की. दोनों सेनाओं की मॉनिटरिंग करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था ‘अनमिन’ (यूनाइटेड नेशन्स मिशन इन नेपाल) ने प्रधानमंत्री को लिखा कि सेना में नयी भर्तियों को वह रोकें. प्रधानमंत्री ने अपने रक्षामंत्री के माध्यम से कटवाल को इस आशय का निर्देश दिया जिसे मानने से उसने साफ तौर पर मना कर दिया. इस तरह की 5-6 घटनाएं हुई जहां कटवाल ने सरकारी आदेशों की अवहेलना की.

सबसे मूर्खतापूर्ण संपादकीय ‘जनसत्ता’ में देखने को मिला. इसमें बताया गया था कि चूंकि प्रचंड अपने ‘हथियारबंद दस्ते के लोगों’को सेना में शामिल नहीं करा सके इसलिए उन्होंने कटवाल को बर्खास्त कर दिया. इसमें आगे कहा गया है कि “सेना का स्वरूप अपनी मर्जी के मुताबिक ढालने की उनकी जिद को स्वीकार नहीं किया जा सकता था. वरना कल वे यह भी कहते कि वे जो ‘जन अदालतें’ चलाते थे उनके‘न्यायाधीशों’को न्यायपालिका में जगह मिले. राज्यतंत्र के अपने उसूल, नियम और तकाजे होते हैं. कोई पार्टी या सरकार जब इनकी अनदेखी करती है तो निरंकुशता का खतरा पैदा होता है.”

‘दैनिक हिन्दुस्तान’ ने 5 मई 2009 को इस घटना पर जो संपादकीय लिखा उसका शीर्षक था– ‘प्रचंड अराजकता’. इसमें उसने लिखा – “... इस घटनाक्रम ने यह जता दिया है कि गुरिल्ला लड़ाई के लिए अपनाये गये ‘प्रचंड’ उपनाम छोड़कर सौम्य जननायक बनने की उनकी कोशिश दिखावटी थी और चीन व माओवादी दबावों के चलते वे नेपाल को सही नेतृत्व दे पाने में नाकाम रहे हैं. हिंसा और अधकचरी राजनीतिक शिक्षा के साथ महज 20 साल में माओवादी क्रान्ति की महत्वपूर्ण मंजिल पा लेने का भ्रम उन्हें अपने देश और अड़ोस पड़ोस की जमीनी हकीकत समझने नहीं दे रहा था. वे हर कीमत पर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सदस्यों को सेना में भर्ती करने पर आमादा थे.” संपादकीय में यह तो स्वीकार किया गया है कि युद्ध विराम समझौते में दोनों सेनाओं का एकीकरण शामिल था और सेनाध्यक्ष इन बातों को मानने के लिए तैयार नहीं थे. बावजूद इसके सेनाध्यक्ष की बर्खास्तगी को संपादक ने प्रचंड की ‘अराजकता’ घोषित किया.

नेपाल के संदर्भ में काफी विचार विमर्श के बाद वहां की सरकार ने और सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर माओवादियों के साथ यह समझौता किया कि दोनों सेनाओं का एकीकरण किया जाएगा.


‘दैनिक जागरण’ ने लिखा कि “कोई भी सेनाध्यक्ष यह स्वीकार नहीं करेगा कि कल तक हिंसा और उपद्रव का खेल खेल रहे लोग सेना का अंग बन जायं.”

‘दैनिक भास्कर’ ने भी माना है कि “सेनाध्यक्ष ने इसका ठीक ही विरोध किया क्योंकि यह सेना के राजनीतिकरण की निकृष्ट कोशिश थी.”

जाहिर है कि इस संपादक को भी जानकारी नहीं है कि सेनाध्यक्ष जिस बात को मानने से इनकार कर रहे थे वह एक राजनैतिक फैसला था और शांति समझौते का महत्वपूर्ण हिस्सा था. ‘राष्ट्रीय सहारा’ का मानना है कि सेना में जनमुक्ति सेना के जवानों को समायोजित कराने के जरिये प्रचंड “अपना राजनीतिक लक्ष्य साध्ने” की उम्मीद कर रहे थे. इसके बाद संपादक ने एक चेतावनी दी है-“प्रचंड सहित सभी माओवादियों को यह समझना चाहिए कि लोकशाही में और वह भी मिली जुली सरकार में अपनी इच्छा लादना संभव नहीं और यह लोकशाही के सिद्धांतों के भी विपरीत है”.

5 मई को ही ‘आज समाज’ के संपादक मधुकर उपाध्याय का ‘नेपाल फिर बेहाल’ शीर्षक से एक लेख प्रकाशित हुआ जिसमें उन्होंने लिखा कि- “... सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दलों के विरोध के बावजूद दहाल ने अपनी पार्टी के कहने पर सेनाध्यक्ष के नाम यह आदेश जारी कर दिया कि पूर्व माओवादी लड़ाकों को सेना में भर्ती दी जाय. सेनाध्यक्ष ने, जाहिर है, इससे इनकार कर दिया और उसकी प्रतिक्रिया में दहाल ने उन्हें पद से हटा दिया...”. इसके आगे मधुकर जी ने बताया है कि किस तरह दुनिया में कहीं भी लड़ाई खत्म होने के बाद लड़ाकुओं को सेना में नहीं लिया जाता है. उन्होंने सुभाष चन्द्र बोस की आजाद हिंद फौज का भी उदाहरण दिया, जिसके सैनिकों को भारतीय सेना में नहीं शामिल किया गया. अब लेखक से कोई यह पूछे कि आपको इतना रिसर्च करने की जरूरत क्यों पड़ रही है. नेपाल के संदर्भ में काफी विचार विमर्श के बाद वहां की सरकार ने और सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर माओवादियों के साथ यह समझौता किया कि दोनों सेनाओं का एकीकरण किया जाएगा. जाहिर है कि लेखक को न तो इन समझौतों की जानकारी है और न नेपाल में दो सेनाओं के अस्तित्व की संवेदनशीलता से वह वाकिफ हैं.

‘नवभारत टाइम्स’ में संपादकीय टिप्पणी लिखने वाले को यह तो जानकारी थी कि शांति समझौते के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस शर्त को मान लिया था. इसमें यह भी लिखा गया है कि कटवाल पहले की तरह अपने लिए ‘विशिष्ट अधिकार’ चाहते थे और 'इसके लिए उन्होंने सरकार से टकराव लेने में भी गुरेज नहीं किया. यह एकमात्र ऐसा संपादकीय है जिसमें स्वीकार किया गया है कि “ कटवाल की आड़ में राष्ट्रपति और सारे राजनीतिक दलों ने माओवादियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.”

अधिकांश लापरवाह संपादकों के मुकाबले कुछ ने समस्या को गंभीरता से देखने और उसकी पृष्ठभूमि के अधययन का प्रयास किया है. ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के 5 मई 2009 के संपादकीय के इस अंश को देखें-“...हालांकि माओवादियों को इस बात के लिए दोष दिया जा सकता है कि उन्होंने जल्दबाजी में और एकतरफा ढंग से काम किया लेकिन जनरल कटवाल ने आम तौर पर नागरिक नियंत्रण तथा खास तौर पर शांति प्रक्रिया के संदर्भ में जिस गैर जनतांत्रिक रवैये का प्रदर्शन किया, वह रवैया इस संकट की जड़ में है... जिस समय राजा ज्ञानेन्द्र के खिलाफ संघर्ष अपने चरम पर था सभी राजनीतिक दलों ने सैद्धांतिक तौर पर यह स्वीकार किया कि जनमुक्ति सेना को एक सुधारी और जनतांत्रिक बनायी गयी राष्ट्रीय सेना में मिला दिया जाए. लेकिन अब, जबकि गणराज्य की स्थापना हो चुकी है और नेपाल के संविधान के बनाए जाने का काम आगे बढ़ रहा है, नेपाली कांग्रेस और यहां तक कि नेकपा (एमाले) इस मुद्दे पर पीछे हटने लगी हैं. लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान जनरल कटवाल के रुख से हुआ है.”

इसी संपादकीय में उन घटनाओं का जिक्र है जब जनरल कटवाल ने लगातार सरकारी आदेशों का उल्लंघन किया. संपादकीय ने लिखा कि “कोई भी जनतांत्रिक व्यवस्था सेना प्रमुख की इस अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं कर सकती.” इसमें इस खतरे की तरफ भी इशारा किया गया कि शांति प्रक्रिया धवस्त हो सकती है. संपादकीय ने आगे लिखा- “...एमाले और नेपाली कांग्रेस के नेता माओवादियों का विरोध करने के नाम पर इतने अंधे हो गए हैं कि उन्होंने राष्ट्रपति यादव के कृत्य की प्रशंसा की जिसने नेपाल के नवजात जनतंत्र में नागरिक-सैनिक संबंधों के लिए एक खतरनाक नजीर की शुरुआत की है.”

‘दि एशियन एज’ भी अपनी अज्ञानता का परिचय देते हुए वही राग अलापता हुआ नजर आता है जो अधिकांश हिंदी अखबारों के संपादक अलापते रहे हैं. इसने राष्ट्रपति के कदम की इसलिए सराहना की है “ क्योंकि एक सिद्धांत में मजे 20 हजार माओवादियों के सेना में प्रवेश से इस संस्था के अस्थिर होने का खतरा था.”

Monday, July 27, 2009

चलिये रायते पर रायता फ़ैलाया जाए


विभिन्न प्रकार के साधनों की सहायता से टुन्न होने का सत्कर्म करने वालों को रायते का महात्म्य भली भांति मालूम है।

'शहर की रात और मैं नाशाद-ओ-नाकारा फिरूँ' लिखने वाले मरहूम शायर मजाज़ साहब पैरोडियां बनाने में एक्सपर्ट की हैसियत रखते थे। एक दावत में उन्होंने रायते पर कई शेर कहे थे। अलग अलग शायरों की स्टाइल में कहे गए थे ये शेर। फैज़ साहब की ज़मीन पर शेर देखें:

"तेरी अन्गुश्त-ऐ-हिनाई में अगर रायता आए
अनगिनत जायके यल्गार करें मिस्ल-ऐ-रकीब"


(यानी अगर तेरी मेंहदी लगी उँगलियों पर रायता लग जाए तो तमाम स्वाद शत्रुओं की तरह आपस में आक्रमण करने लगें।)

ख़ुद अपने एक शेर को मजाज़ साहब ने इस तरह रायतामय बनाया:

"बिन्नत-ऐ-शब-ऐ-देग-ऐ-जुनून रायता की जाई हो
मेरी मगमूम जवानी की तवानाई हो"


फिराक साब की ज़मीन पर फकत एक मिसरा है। साब लोग उसे पूरा कर सकते हैं:

"टपक रहा है धुंधलकों से रायता कम कम ..."